Hot News अभी - अभी

रतनपुर में गाय पर हमला करने वाले युवक गिरफ्तार, रानीवाडा उपखंड की ताजा खबरों के आपका स्वागत।।

Friday, 10 September 2010

यूथ कांग्रेस के चुनाव संपन्न

रानीवाड़ा !(10.09.2010) यूथ कांग्रेस के चुनावों के चौथे दिन गुरुवार को 9 ग्राम पंचायतों की इकाइयों के चुनाव हुए। एईओ परसराम ढाका ने बताया कि रानीवाड़ा खुर्द में नामांकन पत्र जमा नहीं होने से वहां चुनाव नहीं करवाया गया। आत्मानंद सेवा संस्थान में चल रहे चुनावी दौर में आज पूरे दिन लोगों का लवाजमा रहा। शुक्रवार को सरनाऊ, दाता, सांकड़ एवं नैनोल ग्राम पंचायतोंं के चुनाव करवाए जाएंगे। एआरओ मृगेश मेहता के साथ जिला उपाध्यक्ष गणेश देवासी, हरजीराम मारूवाड़ा, जिला महासचिव गंगाराम खींचड़, ब्लॉक अध्यक्ष कृष्ण पुरोहित, सर्जनसिंहऔर पुनमाराम सहित कई कार्यकर्ता चुनावों में सहयोग कर रहे है।

आवासीय विद्यालय के लिए प्रस्ताव भेजे

रानीवाड़ा ! विधानसभा क्षेत्र में विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले क्षेत्रों में अनाथ, बेघर व असहाय बच्चों को शिक्षा के प्रति जागृत करने को लेकर सरकार अतिशीघ्र कस्तुरबा गांधी विद्यालय की तर्ज पर आवासीय विद्यालय खोलने जा रही है। एसएसए के बीआरपी भंवरसिंह राव ने बताया कि विधायक रतन देवासी की अनुशंषा पर रानीवाड़ा तहसील के मेड़ा व डूंगरी तथा जसवंतपुरा पंचायत समिति के राजपुरा ग्राम में आवासीय विद्यालय की स्वीकृति को लेकर विभाग को प्रस्ताव प्रेषित कर दिए गए हैं। इसी माह में इन विद्यालयों के लिए किराए पर भवन की व्यवस्था कर प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि मेड़ा की प्रस्तावित आवासीय विद्यालय में विषम र्भाैगोलिक परिस्थितियों के क्षेत्र से सौ से एक सौ बीस छात्र-छात्राएं प्रवेश लेगी, इसी तरह डूंगरी में भी ११५ से १५० तक प्रवेश संख्या बढऩे की संभावना जताई जा रही है। विधायक रतन देवासी ने बताया कि सरकार की यह योजना वैकल्पिक शिक्षा व सर्वशिक्षा अभियान के तहत शुरू की गई है।

Wednesday, 8 September 2010

जसवंतपुरा-रामसीन सड़क कार्य स्वीकृत, विधायक का जताया आभार

रानीवाड़ा।
कई बरसों से जर्जर सड़क रामसीन जसवंतपुरा के नवीनीकरण का कार्य विधायक रतनदेवासी की अनुशंषा पर स्वीकृत हो गया है। लोगों ने विधायक का आभार जताया है।
पीडब्ल्यूडी विभाग के सहायक अभियंता अमृत वर्मा ने बताया कि नाबार्ड योजना के तहत स्वीकृत इस सड़क का कार्य अतिशीघ्र शुरू करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभागीय नियमों के तहत कोई भी सड़क एक बार बनने के बाद १० वर्षो के बाद ही पुन: बनाई जा सकती है परंतु इस सड़क के पूर्व में ही क्षतिग्रस्त होने को लेकर नया कार्य स्वीकृत नही हो रहा था। विधायक रतन देवासी के प्रयासों से इसको नाबार्ड योजना के तहत १०७ लाख रूपए स्वीकृत कराए है। फिलहाल किमी ५ से १६ तक का कार्य ही स्वीकृत हुआ है, जिसके लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शेष सड़क के कार्य हरित सड़क योजना के तहत तकमिना बनाए जा रहे है।
साथ ही कोडि़टा तीन रास्ते से गजीपुरा गांव के २ किमी सड़क के निर्माण के लिए भी १९.५१ लाख स्वीकृत किए गए है। यह मार्ग भी बरसों से जर्जर हालात में था।

इनका कहना:-

जसवंतपुरा को जोडऩे वाली यह सड़क मुख्य है, बरसों से हालात खराब होने से लोग परेशान थे। तकनीकी कारणों से इसका निर्माण खटाई में पड़ा था। काफी प्रयासों के बाद कार्य को स्वीकृत कराया गया है।

- रतन देवासी, विधायक रानीवाड़ा।  

मतदान में दिखाया उत्साह


रानीवाड़ा
क्षेत्र के गांव-गांव में नेता बनने की होड़ युवाओं के सिर चढ़कर बोल रही है। युवक कांग्रेस की कमेटियों के चुनाव में जहां प्रत्याशी पूरी ताकत लगा रहे हंै, वहीं मतदाताओं का जोश भी देखते बन रहा है। युवतियां भी इस कड़ी में पीछे नहीं हैं। क्षेत्र में सोमवार से गुरुवार तक चलने वाले इस चुनावों में रानीवाड़ा विधानसभा की ४९ ग्राम पंचायतों के चुनाव हो रहे हैं। रानीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र की ४९ ग्राम पंचायतों में सावीदर, चांदूर, पावली व रानीवाड़ा खुर्द में नामांकन नही आने से वहां पर चुनाव नही करवाए जा रहे है। क्षेत्र में सर्वाधिक नामांकन कोटड़ा से 12, गुंदाऊ से 11, सरनाऊ से 11 व करवाड़ा से 10 दर्ज किए गए है। रानीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में कुल ९३२० में यूथ कांग्रेस के पंजीकृत सदस्य हंै। इन चुनावों के परिणाम वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। इनके लिए होगा चुनाव : फिलहाल युवक कांग्रेस के प्रथम फेज के चुनाव हो रहे हैं। प्रत्येक ग्राम पंचायतों में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष सहित पांच-पांच लोगों की कमेटी बनेगी। इसी तरह प्रत्येक ग्राम पंचायत में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व तीन जनरल सेकट्री (अजाजजा, ओबीसी व महिला) चुने जाएंगे।

अंतिम समय तक मशक्कत

उपखंड मुख्यालय पर स्वामी आत्मानंद सेवा संस्थान में सुबह से लेकर शाम चार बजे तक युवा मतदाताओं की लम्बी कतार लगी रही। हालत यह थी कि निर्धारित समय शाम चार बजे समाप्त होने के बाद भी बाहर सौ से अधिक युवाओं की भीड़ थी। बाद में लाइन में खड़े सभी मतदाताओं को एक-एक पर्ची देकर अंदर किया और फिर मुख्य द्वार बंद कर दिया। यहां ४९ ग्राम पंचायतों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व जनरल सेक्रेट्री के लिए नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। अन्य चुनावों की तरह इसमें भी मतदाता पहचान पत्र को लेकर कई बार उलझन व टकराव की स्थिति आई। राशन कार्ड व मार्कशीट के साथ अधिकांश युवा मतदान करने आए। निर्धारित समय के बाद मतदाताओं के अलावा कोई व्यक्ति वोट नहीं दे, इसके लिए लाइनिंग के लिए एकबारगी रस्सियों का सहारा भी लिया गया।

इनका कहना

यूथ कांग्रेस की ग्रामीण इकाई के चुनावों में कम से कम 20 प्रतिशत मतदान करवाना अनिवार्य है। इससे कम मतदान होने पर वह चुनाव रद्द माना जाएगा। प्रत्याशी को कम से कम दो वोट लेना आवश्यक है। चुनाव रद्द होने पर दोबारा चुनाव नहीं करवाए जाएंगे।

-प्रणय शुक्ला, लोकसभा प्रभारी, जालोर-सिरोही

गूंजे रामापीर के जयकारे

रानीवाड़ा! लोक देवता बाबा रामदेव को धोक लगाकर घर परिवार के कल्याण की कामना करने के लिए जिले से जातरुओं की पैदल यात्राएं शुरू हो गई हंै। जगह-जगह से जातरुओं के जत्थे रामदेवरा के लिए रवाना होने लगे हैं। जातरूओं में बाबा रामदेव के प्रति आस्था और विश्वास उनके उत्साह के साथ देखते बनता है। रास्ते में कई जगहों पर बाबा रामदेव के जयकारों की गूंज सुनाई देती है। किसी के हाथ में सफेद रेशमी वस्त्र से बनी ध्वजा तो किसी के हाथ में गोटे व रंगीन सतरंगी वस्त्रों से बनी ध्वजा दिखाई देती है। कस्बे से भी मंगलवार को एक दल रामदेवरा के लिए रवाना हुआ। जिसमें काफी तादात में पैदल जातरूओं ने भाग लिया। जलाराम सेवा संस्थान के अध्यक्ष सज्जनसिंह राव ने बताया कि रानीवाड़ा मार्ग से रोजाना दो सौ से ज्यादा जातरू जलारामधाम के रामरसोडे पर विश्राम कर धर्मलाभ ले रहे हैं।

बच्चों में वायरल

रानीवाड़ा& क्षेत्र में अच्छी बरसात होने के बाद मौसमी बिमारियां देखने को मिल रही है। अब बच्चों में वायरल ब्रोंकाइटिस रोग फैल रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के आउटडोर में वायरल ब्रोंकाइटिस और बुखार के आने वाले बच्चों की संख्या प्रतिदिन करीब सौ तक पहुंच गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में हालात और भी खराब है। कस्बे की सीएचसी में शिशु रोग विशेषज्ञ की सेवाएं उपलब्ध नहीं होने से ग्रामीण बच्चों को उपचार के लिए गुजरात के डीसा सहित अन्य शहरों में ले जा रहे हंै। चिकित्सक इसकी वजह मौसमी बदलाव को मान रहे है। सीएचसी प्रभारी डॉ. आत्माराम चौहान ने बताया कि वायरल बुखार और ब्रोंकाइटिस से पीडित बच्चों की संख्या बढ़ी है। जिसके बाद आने वाले मरीजों का इलाज किया जा रहा है।

चिकित्सक बढ़ाने की मांग

रानीवाड़ा& पूर्व जिला प्रमुख नारायणसिंह देवल ने रानीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में मोबाइल टीमों की सुविधा शुरू करने और चिकित्सकों की संख्या बढ़ाए जाने की मांग की। देवल ने कहा कि रानीवाड़ा, मालवाड़ा, करड़ा, सूरजवाड़ा, रोड़ा, कैर, बडग़ांव, जसवंतपुरा क्षेत्र में बीमारियों का प्रकोप फैला है। मलेरिया व वायरल बुखार से पीडि़त लोगों की संख्या बढ़ रही है। वहीं चिकित्सा विभाग निष्क्रिय बना हुआ है। गांवों व ढाणियों में मलेरिया व मौसमी बीमारियों के बढ़ते प्रकोप के बावजूद डीडीटी छिड़काव नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में वर्ष 1991 व 1998 में इसी तरह बीमारियों का प्रकोप बढ़ा था, तब राज्य सरकार ने स्वास्थ्य के लिए गांव व ढाणियों में मोबाइल सेवाएं प्रदान की थी। उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य कमेटी बनाकर पंचायत स्तर पर मोबाइल टीमों के साथ बीमारियों की जांच करवाने की व्यवस्था करने की मांग की है।

निकाली मशाल रैली

रानीवाड़ा& कस्बे में हीरो होंडा कंपनी के सौजन्य से कॉमनवैल्थ गैम्स के आयोजन को लेकर मशाल रैली का आयोजन किया गया। कंपनी के स्थानीय डीलर हीरेन्द्र चौधरी ने बताया कि रविवार को हीरो होंडा की 51 मोटरसाइकिलों के साथ दर्जनों चार पहिया वाहनों की रैली को एसडीएम कैलाशचंद्र शर्मा ने झंडी बताकर रवाना किया। यह रैली कॉमनवैल्थ खेलों में आपसी सौहार्द तथा खेल भावना को विकसित करने को लेकर कंपनी द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर शुरू की गई है। इस अवसर पर कांग्रेस नेता प्रेमाराम चौधरी, थानाधिकारी दिनेशकुमार, उम्मेदसिंह, जब्बरसिंह, मोटाराम चौधरी, महिपाल चौधरी, राहुल वैष्णव, नारणाराम चौधरी, जगदीश त्रिवेदी, सोनाराम चौधरी सहित कई लोगों ने भाग लिया।

बीएसएनएल नेटवर्क हुआ बाधित

रानीवाड़ा & कस्बे में लंबे समय से बीएसएनएल के सिटी टॉवर की बैटरियां खराब होने से उपभोक्ताओं को नेटवर्क की समस्याओं से गुजरना पड़ रहा है। समाजसेवी अंबालाल चितारा ने बताया कि पिछले तीन माह से यह समस्या जारी है। समस्या के समाधान को लेकर उन्होंने विभागीय अधिकारियों को कई बार लिखित में सूचित किया परंतु बैटरियों की खराबी व नई बैटरी उपलब्ध नहीं होने का बहाना बनाकर कोई समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बीएसएनएल के उपभोक्ता मजबूरन अन्य नेटवर्क का सहारा ले रहे हैं।

तीन माह की सजा

रानीवाड़ा& तहसील क्षेत्र के रामपुरा गंाव में आम रास्ते पर अवैध अतिक्रमण करने के आरोपी को नायब तहसीलदार गोपालसिंह राजपुरोहित ने बुधवार को तीन माह के सिविल कारावास से दंडित किया है। राजपुरोहित ने बताया कि रामपुरा गांव में खसरा नंबर ६७६ व ६७८ में गैर मुमकिन रास्ते पर अतिक्रमण की शिकायत करने पर पटवारी से जांच करवाई गई। इसके बाद बुधवार को उसे भौतिक रूप से बेदखल करने व ५० रुपए के अर्थदंड सहित तीन माह के सिविल कारावास की सजा सुनाई है।

घी के भावों में कमी

रानीवाड़ा& जालोर-सिरोही जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा संचालित जसमूल डेयरी ने बुधवार को घी के भावों में कमी कर उपभोक्ताओं को राहत पहुंचाई है। डेयरी के प्रबंध निदेशक एम.एल. गरवा ने बताया कि जसमूल घी के टीन पैक के भाव में प्रतिलीटर १५ रुपए की कमी की गई है। इसी तरह टीन पैक घी के भाव ३७५० की जगह ३५२५ रुपए किए गए हैं। गरवा ने बताया कि यह भाव सिर्फ टीन पैक पर ही लागू होंगे, अन्य पैकिंग की दरें यथावत रहेगी।

Sunday, 29 August 2010

देवड़ा व चौधरी एक मंच पर, देवासी व देवल असमंझस में

रानीवाड़ा।
कस्बे के सांचौर सड़क मार्ग पर जसमूल डेयरी के पास आज पूर्व मंत्री अर्जुनसिंह देवड़ा व पूर्व विधायक रतनाराम चौधरी ने रामदेवरा पैदल यात्रियों के लिए रामरसोडे का विधिवत रूप से उदघाटन किया। इस अवसर पर देवड़ा ने कहा कि जीवन में धर्म, दान व पुण्य का समागम रहता है, लोगों को इस पुनित कार्य में यथासंभव सहयोग देकर पुण्य कमाना चाहिए। पूर्व विधायक चौधरी ने भी आयोजकों का आभार जताते हुए इस कार्य में आर्थिक रूप से सहयोग देने की घोषणा की। इस अवसर पर एसडीएम कैलाशचंद्र शर्मा, तहसीलदार खेताराम सारण व सरपंच गोदाराम देवासी ने भी विचार प्रकट किए। रामरसोड़े में नि:शुल्क भोजन, चाय, नाश्ता व विश्राम करने की व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर राघवेंद्रसिंह देवड़ा, सज्जनसिंह राव, भवंरसिंह दाता, ऊकसिंह परमार, मकनाराम वागड़ा, अमृत पटेल, विंदाराम राजनट, बलवंतसिंह परमार, मुकेश खंडेलवाल, किशनलाल विश्रोई, रणछोडाराम हिरपुरा, मांगीलाल जैन, हनीफभाई, वगताराम चौधरी, मफाराम चौधरी, बाबूलाल मैत्रीवाड़ा सहित कई जने उपस्थित थे।
चर्चा हुई शुरू - कई वर्षों तक विधानसभा चुनावों में आमने-सामने लडने वाले रतनाराम चौधरी व अर्जुनसिंह देवड़ा के एक मंच पर आने पर लोगों में कई प्रकार की चर्चाए सुनने को मिल रही है। गत विधानसभा चुनावों में रतनाराम चौधरी निर्दलिय प्रत्याशी हीरालाल विश्रोई के साथ रहे, वही अर्जुनसिंह देवड़ा ने निर्दलिय प्रत्याशी के रूप में रतन देवासी व नारायणसिंह देवल के विरूद्ध चुनाव लड़ा था। पंचायत चुनावों में नारायणसिंह देवल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर रतनदेवासी को पटकनी दिलाने का प्रयास करने वाले पूर्व विधायक चौधरी के एकाएक देवड़ा खेमे में चले जाने से देवल व उनके समर्थकों में मायूसी देखी जा रही है। वहीं पूर्व मंत्री देवड़ा व विधायक रतनदेवासी का गठबंधन भी जगजाहिर है। देवासी ने अभी तक एक भी देवड़ा समर्थक सरकारी अधिकारी या कर्मचारी को हटाया नही है। परंतु आज देवड़ा के अचानक चौधरी के साथ एक मंच पर आ जाने से विधायक देवासी की आंखे भी चौड़ी हो गई है। रानीवाड़ा क्षेत्र के राजनैतिक गलियारों में बनती बिगड़ती स्थितियों के चलते लोगों में देवड़ा व चौधरी के एक साथ आने पर अफवाहों का बाजार गर्म दिख रहा है। क्षेत्र के राजनैतिक जगत में भूचाल आने की संभावना जताई जा रही है।

Saturday, 28 August 2010

क्षत्रिय युवक संघ का शिविर सम्पन्न

रानीवाड़ा
क्षत्रिय युवक संघ का प्राथमिक प्रशिक्षण शिविर पतालेश्वर शिव मंदिर सेवाड़ा में सम्पन्न हुआ। इस चार दिवसीय शिविर में भाग ले रहे स्वयंसेवकों को जीवन जीने की प्रणाली को व्यवहार में उतारने को लेकर प्रशिक्षित किया गया। साथ ही युवाओं में देश प्रेम की भावना का संचार करते हुए आदर्श नागरिकता के बारे में बताया गया। 
शिविर प्रमुख महेंद्रसिंह गुजरावास ने क्षत्रिय के दायित्वों, संस्कार व मानव मात्र के प्रति संभाव के बारे में स्वयंसेवकों को बताया। शिविर में रानीवाड़ा, भीनमाल, सांचौर सहित आसपास के गांवों से ८० स्वयंसेवकों ने 
भाग लिया। मंडल प्रमुख फूलसिंह जाखड़ी ने बताया कि शिविर व्यवस्था तथा खान-पान सेवाड़ा गांव के लोगों द्वारा गई। शिविर के समापन पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

बालोत निर्विरोध निर्वाचित

रानीवाड़ा।
जालोर-सिरोही जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लि. द्वारा संचालित जसमूल डेयरी के चुनाव में आज जोगसिंह बालोत निर्विरोध चैयरमैन पद पर चुने गए। निर्वाचन अधिकारी सोहनलाल लखानी ने बताया कि आज शुक्रवार को चुनावी प्रक्रिया के तहत एक मात्र बालोत का नामांकन रहने पर उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। घोषणा होते ही उनके समर्थकों ने नारेबाजी कर खुशी जाहिर कर उन्हें फुलमालाएं पहनाकर स्वागत किया। बाद में उन्होंने चैयरमैन पद के लिए शपथ ग्रहणकर विधिवत तरीके से कार्यभार संभाला। संचालक मंडल के सभी सदस्यों का भी मालाओं से स्वागत किया गया। इस अवसर पर वगताराम पाल, जलालखां, समंदरदेवी, शंकरलाल व ऐलचीदेवी सहित एमडी एम.एल.गरवा, दिलीपकुमार सहित डेयरी के समस्त स्टॉफ ने भी भाग लिया।

Wednesday, 25 August 2010

मेल नर्स लगाने की मांग

रानीवाड़ा!
निकटवर्ती धानोल के लोगों ने कलेक्टर को पत्र प्रेषित कर गांव में मौसमी बीमारियों को देखते हुए मेल नर्स लगाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि सात हजार की आबादी वाली ग्राम पंचायत में वर्तमान में सिर्फ एएनएम कार्यरत है। मजबूरन मरीजों को इलाज के लिए गुजरात की ओर जाना पड़ता है। गांव में मेल नर्स होने पर सभी बीमारियों का इलाज यहीं पर हो सकेगा।

ग्रामसेवकों व सरपंचों का धरना आज से

रानीवाड़ा
पंचायत समिति कार्यालय के सामने बुधवार को ग्रामसेवक अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना देंगे। जिलामंत्री भाणाराम बोहरा ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार समिति के समस्त ग्रामसेवक सामूहिक उपार्जित अवकाश लेकर ग्यारह सूत्री मांगों को मनवाने के लिए आंदोलन कर रहे हैं। परिणामस्वरूप समिति क्षेत्र में नरेगा के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसी तरह सरपंच संघ के तहसील अध्यक्ष गणेशाराम देवासी ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर बताया कि २६ अगस्त को ग्रामसभा के दौरान होने वाले सामाजिक अंकेक्षण का समस्त सरपंच बहिष्कार करेंगे। उन्होंने बताया कि सरपंचों की काफी मांगें सरकार के द्वारा विचाराधीन चल रही हंै।

Sunday, 22 August 2010

खरपतवार के खिलाफ मित्र बैल


रानीवाड़ा
क्षेत्र में खरीफ की फसल में खरपतवारों की रोकथाम को लेकर किसानों ने परम्परागत तरीके अपनाने शुरू कर दिए है। इस वर्ष अच्छी बरसात होने से किसानों के खेत सोना उगल रहे है, परंतु फसल में खरपतवार की अधिकता के चलते भूमि में पोषक तत्वों की कमी होने की संभावना जताई जा रही है। इन दिनों गांव-गांव ढाणी-ढाणीं में किसान अपने खेतों में खरपतवार की रोकथाम के कई तरीके प्रयोग में लेते दिखाई दे रहे हंै। 
जानकारी के मुताबिक, फसलों के पौधे अपनी प्रारंभिक अवस्था में खरपतवारों से मुकाबला नही कर पाते हैं। किसान खरपतवारों को तब तक बढऩे देते ह़ै जब तक की वह हाथ से पकड़कर उखाडऩे योग्य नहीं हो जाए, लेकिन उस समय तक खतपतवार फसलों को काफी नुकसान कर चुकी होती है। ऐसे में किसान इस खरपतवार को निकालने के लिए कई पारंपरिक और रोचक तरीके अपनाते हैं। इनमें से ही एक है बैलों की मदद से इसे निकालना।खेतों में खड़ी फसल को बैल नुकसान नही पहुंचाए व सीधी लाईन में चाल बनी रहे। उसके लिए किसान बैलों के मुंह पर खरणीया या खीपड़ा का पौधा बांध देते है, जिससे बैल सही दिशा में सही समय पर चलता रहता है। वह किसान के दिए गए निर्देशों की पालना करता है। यह तरीका परम्परागत रूप से कई वर्षों से क्षेत्र में प्रचलित है।

क्या है तरीके : किसान फसलों में खरपतवार की रोकथाम को लेकर कई तरीके अपनाते है। जिसमें मुख्यत: हाथ से निराई गुड़ाई है। इस तरीके के तहत बुवाई के 15 से ४५ दिनों के मध्य खुरपी से खरपतवार को निकाला जाता है। बैलों द्वारा गहरी जुताई करने से भी खरपतवार पर रोकथाम लगती है। हाथ से चलने वाले गुड़ाई यंत्र से भी खरपतवार को काफी सीमा तक नियंत्रित किया जा सकता है। इसके अलावा रसायनों के प्रयोग से भी खरपतवार को समाप्त किया जा सकता है।

इनका कहना

खरपतवार की रोकथाम में परम्परागत तरीके किसानों के लिए अभी भी लाभदायी है। थोड़ी मेहनत की जरूरत पड़ती है, परंतु परिणाम किसान के पक्ष में रहता है।

- गोदाराम देवासी, किसान एवं सरपंच, रानीवाड़ा

खरपतवार की रोकथाम को लेकर किसानों को समय-समय पर विभाग द्वारा जानकारी दी जाती है। इस बार भी किसानों को पर्याप्त मात्रा में खरपतवार की रोकथाम को लेकर रसायनिक दवाओं की जानकारी दे दी गई है। 

-कन्हैयालाल विश्रोई, सहायक कृषि अधिकारी, रानीवाड़ा

हाड़ेचा. कस्बे सहित आस-पास के इलाकों में इस बार अच्छी बारिश के बाद किसानों ने बंपर बुवाई की है। खरीफ की अच्छी फसल होने के कारण किसानों ने अपनी अलग-अलग तकनीकों द्वारा खेतो में खरपतवार शुरू कर दी है। इसको लेकर किसान अपने खेतो में बैल, ऊंट एवं टै्रक्टरों से बाजरे की फसल में खरपतवार करने में जुट गए हैं।

नुकसान

कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार खरपतवार से 25 से 70 प्रतिशत तक उत्पादन घट सकता है। इनके द्वारा भूमि की उर्वरा शक्ति को प्रभावित किया जाता है। भूमि में उर्वरक, नाईट्रोजन, फास्फोरस तथा पोटाश की मात्रा घटने से फसलें प्रभावित होती हैं। इन दिनों खेतों में निराई गुडाई का काम भी जोरो पर हंै। किसान द्वारा सही समय पर खरपतवार नही निकालने पर काफी नुकसान होने की संभावना होती है।

नजर आने लगे कपड़े के थैले

रानीवाड़ा 
प्रदेश में पॉलीथिन कैरी बैग पर प्रतिबंध लगाने के बाद अब कई उपभोक्ताओं ने कपड़े के थैले लेकर बाजार जाना शुरू कर दिया है। रानीवाड़ा क्षेत्र की दुकानों पर कागज की थैलियां भी मिलनी शुरू हो गई है। कुछ कपड़ों के व्यापारियों ने भी अपनी ओर से बनवाए गए थैले देना शुरू किया है।इनके अलावा कस्बे के कई व्यवसायियों ने गत्ते, मोटे कागज व अन्य सस्ते थैलों के लिए आर्डर किया हुआ है। प्रशासन का कहना है कि उपभोक्ता व व्यवसायी सेल्युलोज से निर्मित थैले, कागज के थैले, केनवास बैग, जुट बैग अथवा कॉयर मेटेरियल से बने थैले व कपड़े के थैलों आदि को कैरी बैग के विकल्प के रूप में उपयोग में ले सकते हंै।

हो रहा इस्तेमाल : एक अगस्त से पॉलीथिन कैरी बैग पर सख्ती के प्रतिबंध लगाए जाने से अधिकांश व्यवसायियों के पास पूर्व से खरीदे हुए पॉलीथिन कैरी बैग रखे हुए है। ऐसे कुछ दुकानदारों का कहना है कि जितने कैरी बैग रखे हुए है उनको तो निकालेंगे ही सही। वही आज भी कई जगहों पर प्लास्टिक कैरी बैग का धडल्लें से इस्तेमाल होता दिखाई दे रहा है।

ग्रामसेवकों के समर्थन में आए सरपंच

रानीवाड़ा. 
पंचायत समिति के तहत समस्त ग्रामसेवकों के सामूहिक उपार्जित अवकाश पर चले जाने व नरेगा कार्यों का बहिष्कार करने के निर्णय में सरपंच संघ ने भी सहमति जताई है। राजस्थान सरपंच संघ उपशाखा रानीवाड़ा के अध्यक्ष गणेशाराम देवासी ने बताया कि ग्रामसेवकों की मांगों को जब तक राज्य सरकार नहीं मान लेती तब तक सरपंच भी उनके साथ पंचायतीराज कार्यों का बहिष्कार करेंगे। उपाध्यक्ष बलवंत पुरोहित व झमका कंवर ने भी सरकार की हठधर्मिता की आलोचना कर अतिशीघ्र ग्रामसेवकों की मांगों को मानने की बात कही है। उन्होंने बताया कि विभिन्न मांगों को लेकर 25 अगस्त से पंचायत समिति कार्यालय के सामने धरना शुरू किया जाएगा। इधर, पंचायत समिति क्षेत्र की समस्त ग्राम पंचायतों के ग्राम सेवकों के सामूहिक उपार्जित अवकाश पर चले जाने से पंचायतों में सभी कार्य ठप हो गए है। लोगों को रोजाना के कार्य करवाने में असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। अब सरपंचों ने भी ग्रामसेवकों की मांगों में सहमति जता देने से समस्याएं बढ़ती जा रही है।

Friday, 20 August 2010

पांच डायरेक्टर निर्विरोध निर्वाचित

रानीवाड़ा
जालोर-सिरोही जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लि. द्वारा संचालित जसमूल डेयरी में चल रही चुनावी प्रक्रिया के तहत गुरुवार को कई उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र वापस लेकर चुनावी तस्वीर को स्पष्ट कर दिया है। निर्वाचन अधिकारी सोहनलाल लखानी ने बताया कि बुधवार शाम तक 11 निदेशक पद के चुनाव को लेकर २५ नामांकन पत्र दाखिल हुए। नामांकन के अंतिम दिन वार्ड संख्या 1 से जोगसिंह बालोत, वार्ड संख्या 3 से केसाराम विश्रोइ, वार्ड संख्या 5 से मुकनाराम चौधरी, वार्ड संख्या 6 से रणजीतसिंह देवड़ा व पिछड़ा वर्ग से वगताराम देवासी पाल निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। 

इस तरह कुल ५ प्रत्याक्षी निर्विरोध निर्वाचित हुए हंै। उन्होंने बताया कि वार्ड संख्या 2 में जलालखां व ईश्वरसिंह, वार्ड संख्या 4 में जेठाराम व तगसिंह, वार्ड संख्या 7 से महेंद्रसिंह व करणसिंह, महिला आरक्षित वार्ड में नैनुदेवी रूपावटी व ऐलसीदेवी, अनुसूचित जाति आरक्षित वार्ड से लखमाराम व समंदरदेवी एवं अनुसूचित जनजाति आरक्षित वार्ड से जुआराराम व शंकरलाल चुनावी मैदान में है। निदेशक पद के लिए २६ अगस्त को चुनाव करवाए जाएंगे तथा चेयरमैन पद का चुनाव २७ अगस्त को होगा।