Hot News अभी - अभी

रतनपुर में गाय पर हमला करने वाले युवक गिरफ्तार, रानीवाडा उपखंड की ताजा खबरों के आपका स्वागत।।

Wednesday, 8 December 2010

धोरों की धरती पर देश-विदेशी के परिंदे

रानीवाड़ा!
सुंधा पर्वत का आंचल इन दिनों कई विदेशी पक्षियों के कलरव से गूंज रहा है। इस बार हुई अच्छी बारिश ने इस इलाके को हरियाली से आच्छादित कर दिया और अब इसी हरियाली चादर में कितने ही पंछियों ने अपने आशियाने बना लिए हैं। इन मेहमान पक्षियों के आशियाने भी ऐसे होते हैं कि बस, देखते ही रह जाएं। कोई ऊंचे पेड़ पर मोटे से तने में तो कोई झाडिय़ों पर तिनके का बिछौना बनाए बैठा है। किसी किसी को धोरों की माटी से भी प्यार है तो उन्होंने छोटी छोटी घास में ही अपना डेरा डाला है। दिन भर यहां से वहां ऊंची उड़ाने भरने और चहकने के बाद ये पंछी रात को इन घोंसलों में जा दुबकते हैं।

विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों के मनभावक कलरव से इन दिनों रेतीले धोरे गुंजायमान हो रहे है। विशेषकर किंगफिशर चिडिय़ा यहां लोगों का मन मोह रही है। एक देश से दूसरे देश हजारों किलोमीटर की यात्रा, ना जाने कितनी ही सीमाओं, नदियों और जंगलों को पार कर ये नन्हें मेहमान इन दिनों सुंधा क्षेत्र के खास बने हुए हैं। परदेश से उड़कर सुंधांचल में आने वाले परिन्दों में एक है, पतिरंगा। लंबी चोंच वाली इस चिडिय़ा को अंग्रेजी में ब्लू चीवड बी इटर्स कहते हंै। इस चिडिय़ा की लम्बाई एक फीट होती है। काफी तादाद में ये चिडिय़ां मरुस्थल सहित सुंधांचल में सुकळ नदी के दोनों किनारों पर पड़ी मिट्टी में घोंसला बनाती हैं और अंडे देती हैं। यहां पाए जाने वाले कीड़े-मकोड़ों को ये अपना आहार बनाती हंै। इनमें से काफी प्रजातियां भारतीय हैं जो देश के विभिन्न हिस्सों से यहां आती है और एक विदेशी प्रजाति पतिरंगा विदेशों से यहां आती है। अभी भी यहां कई ऐसे पक्षी हैं जिनकी पहचान नहीं की जा सकी है।

कई जातियां हंै प्रवास पर

सुकळ नदी क्षेत्र में पतिरंगा चिडिय़ा के अलावा किंगफिशर चिडिय़ा काफी तादाद में देखने को मिल रही है। क्षेत्र में गर्मियों में आई बया चिडिय़ा अब यहां से उडऩे की तैयारी कर रही है। सुंधांचल में आने वाले अन्य प्रवासी पक्षी हंै- फ्लाईकेचर, गोल्डन औरियल, कामोरेंट, मोरहंस जैकाना, ग्रैट स्पोटेड ईगल, किंगफिशर हेरोइन, आइबिस और क्रेन। यहां आने वाले भारतीय पक्षियों में पनकौआ, कौआक, खेरा, काला बाज, जांघिल, घोंचिल, गिरिया, पिट्टो, नीलकण्ठ, छोटा बाबुई बटन, गजपाउन, जंगली मैना, व्यामिनी मैना और उल्लू प्रमुख हंै। इन पक्षियों में प्रकाश का अनुभव करने व वातावरण में फैली गंध से परिचय स्थापित करने की भी बेजोड़ क्षमता होती है। ये पक्षी महक की अनुभूति के सहारे अपने घोंसलों तक आसानी से पहुंच जाते हैं। ये बहुत मंद ध्वनि सुनने में निपुण होते हैं। इनसे परिचय स्थापित कर ये अपना मार्ग बिना भटके ढूंढ लेते हंै।

पर्यटन की भारी संभावनाएं

ञ्चजिले को गोडवाड़ टूरिज्म सर्किट में जुड़वाने की तैयारी शुरू कर दी है। बाद में जिले में देशी-विदेशी पर्यटकों का आना शुरू हो जाएगा। सुंधांचल में पर्यटन की विपुल संभावनाएं है। इसके और भी बढ़ावे के प्रयास किए जाएंगे।

- रतन देवासी, विधायक रानीवाड़ा

Tuesday, 7 December 2010

सड़कों के मरम्मत का कार्य स्वीकृत

विधानसभा क्षेत्र में कई नई सड़कों व पूरानी सड़कों के मरम्मत का कार्य स्वीकृत हुआ है। इस सड़कों के बनने से क्षेत्र में लोगों को आवागमन में सहुलियत महसूस होगी। वही विकास के कार्य भी नजर आने लगेंगे। ब्लॉक कांग्रेस प्रवक्ता गणेश देवासी ने बताया कि विधायक रतन देवासी की अनुशंषा पर कृषि मंडी विकास निधी योजना के तहत रानीवाड़ा क्षेत्र की चार मुख्य सड़कों को स्वीकृत कर निविदा जारी कर दी गई है। जिसके तहत राजीकावास सम्पर्क सड़क लागत 20 लाख, रोपसी सम्पर्क सड़क लागत 39 लाख, गांग सम्पर्क 7.२० लाख एवं बडग़ांव से रामपुरा सड़क ३९ लाख रूपए स्वीकृत हुए है। जिनकी निविदा जारी हो गई है। इन सड़कों के बनने से जहां किसानों को अपने फसली जिन्स को कृषि मंडी तक लाने में आसानी होगी, वही अन्य लोगों को भी आवागमन में सुगमता महसूस होगी। देवासी ने बताया कि जाखड़ी से गुजरात सीमा तक वाया रतनपुर की क्षतिग्रस्त डामर सड़क को भी 34 लाख रूपए खर्च कर नया रूप दिया जाएगा। इसी तरह जसवंतपुरा से रामसीन के बीच 11 किलोमीटर तक निर्माणाधीन डामर सड़क के कार्य को 3 किलोमीटर बढाकर 1४ किलोमीटर किया गया है। शेष सड़क के कार्य भी अतिशीघ्र स्वीकृत होने की संभावना है। जब तक उन पर पैच वर्क कर आवागमन में सुगमता लाने का प्रयास किया जाएगा।
देवासी ने बताया कि विधायक कोष से भी रानीवाड़ा कस्बे के सौंदर्यकरण का कार्य शुरू हो चुका है। जिसके तहत पंचायत समिति के सामने चल रहे प्रार्थनीय बस स्टेण्ड़ व टेक्सी स्टेण्ड़ को जोधपुर डिस्काम कार्यालय के पास ले जाया जाएगा। डिस्काम कार्यालय के पास पड़ी जमीन में नया स्टेण्ड़ बनाने के लिए विधायक कोष से ८.७० लाख रूपए की स्वीकृति जारी की गई है। नए स्टेण्ड़ को आधुनिक सुविधाओ से सुसज्जित किया जाएगा। आवागमन को नियंत्रित करने के लिए पंचायत समिति से भीनमाल तिराहे तक डीवाईडर लगाकर सड़क के दोनों ओर पैदल यात्रियों के चलने के लिए फुटपाथ बनाया जाएगा।
इसी तरह कस्बे के सामुदायिक स्वाथ्य केंद्र में रियायती दर में दवांईया उपलब्ध करवाने को लेकर विधायक ने स्वयं की निधि कोष से २.४९ लाख रूपए औषधी भण्ड़ार की दूकान के निर्माण के लिए स्वीकृत किए है। जसवंतपुरा पुलिस थाने की चार दीवारी का भी निर्माण विधायक कोष के तहत ४ लाख रूपए खर्च कर करवाया जाएगा।

Friday, 26 November 2010

कहीं खुशी तो कहीं कहर बनी मावठ

रानीवाड़ा
बे मौसम हुई बारिश ने क्षेत्र के किसानों में कहीं खुशी तो कहीं गम वाली स्थिति बना दी है। पकी हुई फसल को तैयार करने में जुटे किसान अब बारिश से हुए नुकसान पर आंसू बहा रहे हैं, तो जिन्हें सिंचाई को पानी चाहिए था वह खुश दिखाई पड़ रहे हंै। खेतों में खड़ी फसल आड़ी पड़ गई। पाटली कर बुवाई कर चुके किसानों का बीज पानी भरने से खेतों में ही दफन हो गया। सर्वाधिक खराबा बडग़ांव व रानीवाड़ा क्षेत्र में आंका जा रहा है। इन जगहों पर कई खेतों में धान की फसल कटकर रखी हुई थी। जो पानी भरने के बाद अब गलनेे लगी है। कृषि विभाग के अधिकारियों का मानना है शेष & पेज १३

कि जिन जगहों पर फसल कटकर रखी हुई थी उनके गलनेे की आशंका पैदा हुई है। शेष जगहों पर किसानों को बारिश से लाभ हुआ है।

प्रशासन कराए सर्वे

पूर्व सरपंच मैदाराम चौधरी ने फसलों में हुए खराबे का सर्वे कराने की मांग की है। कलक्टर को भेजे पत्र में बताया कि बरसात से क्षेत्र के कई किसान बर्बाद हो गए। खेतों में खड़ी फसल नष्ट हो गई तो बुवाई कर डाला बीज जमीन में ही दफन हो गया। पत्र में बारिश से हुए नुकसान का आकलन करा किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग की गई है। बडग़ांव गांव के किसान प्रताप मेघवाल ने बताया कि टमाटर, आलू, बैगन की फसल को भी तेज बारिश ने नष्ट कर दिया।

तारामीरा की बुवाई शुरू

तीन दिन पूर्व हुई मावठ की बारिश के बाद क्षेत्र में किसानों ने तारामीरा की बुवाई शुरू कर दी है। मावठ के बाद से किसान सुरक्षित फसल के रूप में तारामीरा फसल की बुवाई को ही बेहतर मान रहे हंै। क्षेत्र के करड़ा व खारा बेल्ट के गांवों में तारामीरा की बुवाई जोरों पर है। किसान आसूराम खींचड़ के अनुसार तारामीरा की फसल कम कीमत व कम पानी में तैयार होने के कारण किसानों में इसको लेकर खास रूचि है। करवाड़ा, दांतवाड़ा, कोड़का, कोटड़ा सहित कई एक फसली वाले क्षेत्र में इस पैदावार की ओर किसान आकर्षित हो रहे हंै।

मौसमी बीमारी से गायों की मौत

रानीवाड़ा
उपखंड क्षेत्र में मावठ से जन-जीवन प्रभावित हो रहा है, वहीं कई गांवों में पशुधन में बीमारी फैलने की आशंका है। जानकारी के अनुसार कस्बे में पिछले चार दिनों में आधा दर्जन गोवंश की मौत हो चुकी है। जिसकी पीछे मुख्य कारण मौसम में आए बदलाव को बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक तहसील क्षेत्र में मावठ के बाद गोवंश पर इसका व्यापक असर पड़ा है। गांवों में आवारा घूम रहे गोवंश की सर्दी व मावठ से मौत हो रही है। 

गोधाम पथमेड़ा के महाप्रबंधक गोविंद वल्लभ ब्रह्मचारी ने बताया कि गोधाम द्वारा संचालित दर्जनों गोशालाओं में चारे का संकट है। अधिकतर चारा मावठ की बरसात से नष्ट हो जाने से यह समस्या हो रही है, दूसरी ओर गोवंश के लिए छाया व बरसात से बचाव के उपाय नहीं होने से उनमें बीमारी फैल रही है। चिकित्सा विभाग भी इन गोवंश के उपचार में लाचार नजर आ रहा है। विभाग के पास पर्याप्त चिकित्सक नहीं होने से गोधाम पथमेड़ा को गुजरात से पशु चिकित्सक बुलाने पड़ रहे हंै। इसी तरह रानीवाड़ा तहसील के कागमाला, मालवाड़ा, आजोदर, धानोल व निकटवर्ती सिरोही जिले की नंदगांव गोशाला में आवारा गोवंशों की आवक भारी तादाद में शुरू हो गई है। यही नहीं चारे की कमी से जूझ रहे ग्रामीण अपने गोवंश को गोशालाओं ला रहे है, ताकि आवारा गोवंश को बचाया जा सके। मनोरमा गोतीर्थ नंदगांव के प्रबंधक सुमनसुलभ ब्रह्मचारी ने बताया कि सप्ताहभर से हजारों की तादाद में गायों को गोशाला में लाया जा चुका है, ताकि मावठ की बरसात से हुए मौसम के परिवर्तन से संभावित बीमारियों से गोवंश को बचाया जा सके। 



-बेमौसम बारिश से चारे का संकट खड़ा हो गया है। सरकारी मदद के अभाव में गोवंश को बचाना मुश्किल भरा कार्य है। फिर भी गोभक्तों की मदद से गोवंश को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार को भी गोधन को बचाने के लिए सकारात्मक पहल करनी चाहिए।

- स्वामी दत्तशरणानंद, संस्थापक गोधाम पथमेड़ा

-गोवंश को चारा उपलब्ध करवाने को लेकर अभी तक सरकार के निर्देश नहीं मिले हैं। गोशालाओं की ओर से चारे की समस्या के बारे में कोई सूचना मिलने पर सरकार को सूचना भिजवाई जाएगी।

-कैलाशचंद्र शर्मा, उपखंड अधिकारी, रानीवाड़ा

Wednesday, 3 November 2010

प्रतिभाओं का किया बहुमान

रानीवाडा
चौधरी छात्रावास में आंजणा चौधरी प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन जालोर सिरोही सांसद देवजी एम पटेल के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस मौके सूरजकुंड मठ बडगांव के महंत लेहरभारती का सान्निध्य रहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद देवजी पटेल ने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास का आधार है। पटेल ने कहा कि समाज आज किसी भी क्षेत्र में पीछे नही है। महंत लेहरभारती ने कहा कि शिक्षा के रास्ते पर चलकर सभी समाज विकास कर सकते हैं। कांग्रेस नेता नेता जगदीश चौधरी ने कहा कि बालिका शिक्षा के लिए आवासीय शिक्षण संस्थान का निर्माण रानीवाडा में करवा कर बालिका शिक्षा का एक नया अध्याय शुरू किया जाए। कार्यक्रम को शिक्षाविद भैराराम चौधरी, रानीवाडा के पूर्व विधायक रतनाराम चौधरी ने भी संबोधित किया। इस मौके छात्र दिनेशकुमार, अम्बाराम, भरतकुमार और छात्रा बगदीकुमारी को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर गोदाराम चौधरी, हरीशकुमार, प्रेमाराम चौधरी और सरक्षक हिन्दुराम चौधरी समेत कई लोग मौजूद थे।

Saturday, 30 October 2010

पौने दो घंटे में चौपाल पूरी


रानीवाड़ा
गांवों में आमजन की समस्या दूर करने और विकास कार्योंे के उद्देश्य से चल रहा रात्रि चौपाल का आयोजन जिले में औपचारिक बन गया है। गुरुवार रात को तहसील के डूंगरी गांव में आयोजित इस कार्यक्रम में कलेक्टर से लेकर उनके मातहत अधिकारी और कर्मचारी तक औपचारिकताएं बरतते नजर आए। आनन फानन में आए इन अधिकारियों ने मात्र पौने दो घंटे में रात्रि चौपाल पूरी कर दी। इस बीच यहां पहुंचे कलेक्टर केवल कुमार गुप्ता ने अपने भाषण में कहा कि राज्य सरकारी की इच्छानुसार यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम है और किसी भी हालत में इसे औपचारिक ना बनाएं और समस्याओं का हाथोहाथ समाधान करें।

मंच खचाखच, लोग नदारद : राजकीय माध्यमिक विद्यालय में आयोजित इस चौपाल में मंच पर तहसील स्तरीय अधिकारियों की तादात ज्यादा रही, जबकि नीचे जाजम पर मात्र ५०-60 लोग ही उपस्थित थे। ग्रामीणों ने बताया कि प्रचार-प्रसार कम होने की वजह एवं ग्रामीण अधिकतर ढाणियों में रहवास करने से संख्या कम रही। चौपाल में नाम मात्र की समस्याएं ही लोगों ने उठाई। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं के बारे में जानकारी देकर खानापूर्ति की। मात्र उपजिला प्रमुख मूलाराम राणा ने ही एक-दो योजनाओं के बारे में जानकारी चाही। बाद में विधायक रतन देवासी ने राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। विधायक देवासी ने गांव में शीघ्र ही जीएसएस स्वीकृत कराने का आश्वासन दिया। क्षेत्र में ३ जीएसएस बन चुके हंै, पांच स्वीकृत होने जा रहे हैं। मुख्यालय पर मॉडल स्कूल बनने जा रहा है। डूंगरी में बालिकाओं के लिए आवासीय विद्यालय स्वीकृत हो चुका है। देवासी ने कहा प्रशासन से मांग की कि चौपाल में देर रात्रि तक प्राप्त समस्याओं का त्वरित समाधान कराएं तथा भविष्य के लिए ऐसे प्रस्ताव बनाएं कि नरेगा, चिकित्सा, पानी, बिजली जैसी समस्याओं का सहजता से निराकरण हो सके। उन्होनें पेयजल एवं विद्युत समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सात दिन में व्यवस्थाएं सही करवाएं।

मात्र छह प्रकरण आए

चौपाल में मात्र 6 प्रकरण आए। जिस पर कलेक्टर गुप्ता ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों से तत्परता से कार्यवाही कर समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चौपाल में अधिकारी मौके पर पूरी तैयारी के साथ उपस्थित हों तथा यहां प्रस्तुत होने वाली समस्याओं का हाथो हाथ निराकरण कर ग्रामीणों को संतुष्ट करें। उन्होंने एक-एक कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस मौके एसडीएम कैलाशचंद्र शर्मा ने कहा कि नरेगा योजना के संबंध में किसी भी प्रकार की शिकायत हो तो जिला कार्यालय में हेल्प लाईन में सूचित किया जा सकता है। इसके अलावा एसडीएम कार्यालय में भी शिकायतों को लेकर पेटी लगाई गई हंै। उन्होंने बताया कि १० नवबंर से प्रशासन गांवों के संग अभियान शुरू हो रहा है। चौपाल में डिस्कॉम व जलदाय विभाग के अधिक्षण अभियंता, हरजीराम देवासी, बगदाराम पाल, अंबालाल जीनगर, भूराराम पुरोहित, पदमाराम पुरोहित, तहसीलदार खेताराम सारण, गवराराम राणा और कृष्णकुमार पुरोहित सहित कई जने मौजूद थे।

इनका कहना

-रात्रि चौपाल में पूरी रात तक ग्रामीणों से समस्याओं को लेकर चर्चा करनी चाहिए, ऐसे राज्य सरकार के निर्देश हंै, परंतु डूंगरी में ऐसा नही होना दूर्भाग्यपूर्ण है।

-मूलाराम राणा, जिला उपप्रमुख

-चौपाल को लेकर रात्रि प्रवास के दौरान सोने व खाने की पूरी व्यवस्था की गई थी, परंतु किसी अधिकारी ने प्रवास नहीं किया।

-पदमाराम पुरोहित, ग्रामीण डूंगरी

-राज्य सरकार के निर्देशों के अवहेलना हो रही है। प्रशासन को पूरी रात डूंगरी में ठहराव कर समस्याओं को सुनना था। साथ ही उनका समाधान भी करना था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

-शैतानसिंह राठौड़, भाटवास

Saturday, 23 October 2010

कस्बे का होगा शहरी तर्ज पर विकास

रानीवाड़ा।
कस्बे के सौंदर्यकरण, दुषित पानी की उचित निकासी सहित विद्युत व्यवस्था को सुचारु रुप देने को लेकर व्यापक रुप में कार्ययोजना बनाई गई हैं। जिले में किसी ग्राम पंचायत मुख्यालय को आधुनिक सुख-सुविधाएं प्रदान कर नया रुप देने का यह प्रथम प्रयास माना जा रहा हैं। 
जानकारी के मुताबिक रानीवाड़ा कस्बे की भौगोलिक बनावट को देखते हुए दुषित पानी की निकासी सुचारु रुप से कराने को लेकर लम्बे समय से लोगों की मांग को देखते हुए स्थानीय विधायक रतन देवासी ने कस्बे का सर्वे कराने के आदेश दिये थे, जिसको लेकर ग्राम पंचायत ने निविदा जारी कर योजना को अमलीजामा पहनाने का अंतिम निर्णय हैं। 
होगा प्लेन टेबल सर्वे:- सरपंच गोदाराम देवासी ने बताया कि निविदा की शर्तों के तहत  अब कस्बे का प्लेन टेबल सर्वे कराया जायेगा, जिसके तहत कस्बे की आबादी भूमि का खसरा क्रमांक बेस पर नक्शा बनाकर अलग-अलग गली मोहल्लों का प्लेन्थ लेवल बनाकर अलग-अलग वर्गीकृत किया जायेगा। साथ ही विद्युत पोल, टेलिफोन पोल, जलदाय विभाग की पाईपलाईन, दुषित पानी की निकासी के लिए नालियों को लेवल बेस बनाने सहित सिवरेज व ड्रेनेज व्यवस्था को अंतिम रुप दिया जायेगा। 
कहां से आएगा बजट:- ठेकेदार के द्वारा सर्वे रिपोर्ट बनाने के बाद पंचायतीराज विभाग व सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारी तकमीना बनाएंगे। ग्राम सेवक भाणाराम ने बताया कि तकमीना बनाने के बाद बजट की व्यवस्था केन्द्र व राज्य सरकार से करवाई जायेगी। इसके अलावा अतिरिक्त राशि सांसद या विधायक कोष से स्वीकृत कराने का प्रयास भी किया जायेगा।
चौराहें बनेंगे आकर्षक:- कस्बे का सौदर्यकरण करने के लिए कई भामाशाह आगे आ रहे हैं। बस स्टैण्ड पर सुन्दर व आकर्षक टिनशेड, सुलभ कॉम्पलेक्स, सांचौर व भीनमाल बाईपास सहित सेवाडिय़ा तीन रास्ते पर सर्किल का निर्माण करवाकर कस्बे को नया रुप दिया जायेगा।
इनका कहना:- 
गुजरात सीमावर्ती कस्बा होने की वजह से इसका सौंदर्यकरण करना आवश्यक है। कार्ययोजना बनाने के बाद बजट की स्वीकृति के लिए राज्य सरकार से प्रयास किए जाऐंगे। विकास के लिए विधायक कोष से भी राशि दी जा सकती है। काफी भामाशाह भी सहयोग के लिए तैयार है।
-रतन देवासी, विधायक रानीवाड़ा।
निविदा प्रक्रिया ग्राम पंचायत स्तर पर पूरी हो गई है, जोधपुर की तीन फर्मो ने निविदा भरी है। निम्र दर वाली फर्म को शीघ्र कार्यादेश पंचायत समिति कार्यालय से जारी किए जा रहे है।
-भाणाराम श्रीमाली, ग्रामसेवक रानीवाड़ा।

Thursday, 21 October 2010

गोशाला में शरदोत्सव कल से, तैयारियां जारी

रानीवाड़ा
निकटवर्ती केसुआ के पास गोधाम पथमेड़ा की ओर से संचालित श्रीमनोरमा गोलोक महातीर्थ नंदगांव में २२ व २४ अक्टूबर को गोभक्तों का अखिल भारतीय सम्मेलन स्वामी दत्तशरणानंद व बालव्यास राधाकृष्ण के सानिध्य में किया जाएगा। इस सम्मेलन में देशभर से संत-महात्मा व गोभक्त भाग लेंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हंै। इस बीच शुक्रवार को शरद पूर्णिमा की मध्यरात्रि बाद संस्था की ओर से पंचगव्य आरोग्य खीर की प्रसादी वितरीत की जाएगी। 

कामधेनु कल्याण परिवार की होगी बैठक : केसुआ के श्रीमनोरमा महातीर्थ में 23 अक्टूबर का राष्ट्रीय कामधेनु कल्याण परिवार के सदस्यों की अहम बैठक का आयोजन किया जाएगा। इसमें दस हजार गोवंश के रहने की सुविधाओं, गोपालन के लिए जालोर व सिरोही जिलों के गांव-गांव, घर-घर में जनजागृति के प्रयास, कामधेनु विश्वविद्यालय की स्थापना व कामधेनु टीवी चैनल शुरू करने के प्रयासों में तेजी लाने के महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।

तीन दिन तक होंगे कार्यक्रम : गोधाम पथमेड़ा द्वारा नवगठित गोवत्स फाउंडेशन से जुड़े देश के गोभक्त 22 से 24 अक्टूबर तक नंदगांव में रहकर गोसेवा से ओत-प्रोत सत्संग एवं धार्मिक, आध्यात्मिक कार्यक्रमों में बाल व्यास राधाकृष्ण महाराज के सानिध्य में धर्मलाभ लेंगे। युवा गोभक्त प्रत्यक्ष रूप से गोसेवा करके लाभान्वित होंगे। इस आयोजन में शरीक होने के लिए गोभक्त नंदगांव में आना शुरू हो गए हंै। कार्यक्रम में यज्ञ, हिंदूधर्म शास्त्र, संध्यावंदन, भारतीय परिवेश, पूजा अनुष्ठान, शास्त्रीय संगीत सहित कई कई अनुभव प्राप्त कर सकेेंगे।

-शरदोत्सव व गोवत्स फाउंडेशन के तहत चलने वाले तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। देशभर से गोभक्त गुरुवार शाम को आना शुरू हो जाएंगे। केसुआ गांव में इस कार्यक्रम को लेकर लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। गांव के लोग सहयोग कर धर्मलाभ ले रहे हैं।

-पूनम राजपुरोहित, 

Wednesday, 20 October 2010

भूखंड को लेकर हुए संघर्ष में तीन घायल

रानीवाड़ा
भीनमाल रेलवे क्रासिंग के पास एक भूखंड में कब्जे को लेकर दो गुटों में हुए खूनी संघर्ष में तीन जनें गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से मामले दर्ज करवाए गए हैं। पुलिस के अनुसार भीनमाल रेलवे क्रासिंग के पास एक भूखंड पर सुरेशकुमार पुत्र बाबूलाल कबाड़ी की दुकान चलाता था। सोमवार शाम 4 बजे दौलपुरा निवासी भगवानाराम पुत्र टीकमाराम पुरोहित सहित करीब ४० जनों ने हथियारों के साथ भूखंड में प्रवेश कर सुरेशकुमार, बाबूलाल, गुलाबाराम, गोविंद सहित दो महिलाओं पर हमला कर दिया। इस घटना में सुरेश व उसकी माता के हाथ व छोटे भाई गोविंद के पैर पर तथा गुलाबाराम की आंखों गंभीर चोटें आईं। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और अन्य लोगों ने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। थानाधिकारी दिनेश कुमार ने मौके से दोनों पक्षों के लोगों से समझाइश की। शेष & पेज १५

बाद में सीएचसी में घायलावस्था में भर्ती सुरेशकुमार पुत्र बाबूलाल खटीक ने ताराराम पुरोहित सहित ३० जनों के विरूद्ध उसके प्लोट में प्रवेश कर हमला करने व जाति सूचक शब्दों से अपमानित करने को लेकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसी तरह दूसरे पक्ष के भगवानाराम पुत्र त्रिकमाराम पुरोहित ने रिपोर्ट देकर बताया कि सुरेश, गोविंद, बाबू सहित अन्य लोगों ने उसके प्लोट में अनधिकृत रूप से प्रवेश कर चोटें पहुंचाईं। इस बीच डीएसपी देवेंद्र शर्मा ने घटना स्थल का मुआयना किया।

कार्यशाला में दी जानकारी

रानीवाड़ा. निकटवर्ती सांईजी की बैरी दरगाह पर अल्प संख्यक समुदाय के मुखियाओं की एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन मंगलवार को किया गया। सर्व शिक्षा अभियान की ओर से प्रायोजित इस कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में एसडीएम कैलाशचंद्र शर्मा, समाजसेवी हरजीराम देवासी, विशिष्ट अतिथि के रूप में विकास अधिकारी ओमप्रकाश शर्मा, हुसेन भाई मिस्त्री व रहमान भाई उपस्थित थे। बीआरपी भंवरसिंह राव ने इस योजना के तहत अल्प संख्यक छात्रवृति, शैक्षणिक भ्रमण, एक्सपोजल विजिट, मदरसों का पंजीयन सहित 17 बिंदूओं पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन चमनाराम देवासी ने किया। इस अवसर पर ईकबाल नागोरी, हनीफभाई, मोईनुद्दिन खां, हुसेन खां पाल, अल्लाबक्स खां, रफीक खां, मकबूल कूरेसी, सरदार खां पिंजारा, छोटु भाई मिस्त्री, वल्लुभाई, कालूभाई मुसला सहित कई जने उपस्थित थे।

स्काउट शिविर का समापन

रानीवाड़ा ! राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाईड उपसंघ मालवाड़ा के वार्षिक कार्यक्रम अनुसार द्वितीय व तृतीय सोपान प्रशिक्षण शिविर मंगलवार को सिलेश्वर महादेव मंदिर, सिलासन में संपन्न हुआ। शिविर संचालक हंजारीमल माली ने इस दौरान स्काउट नियम, प्रतिज्ञा, स्टे्रचर सहित अन्य गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर उकसिंह परमार, पुखराज जीनगर, वरदाराम माली, बुद्धाराम विश्रोई, डॉ. वागाराम सुथार, चौथाराम सोलंकी, मुकेशकुमार सहित कई जनों ने भाग लिया।

Tuesday, 19 October 2010

रंजिश में अधेड़ की हत्या

रानीवाड़ा! निकटवर्ती भाटवास में पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों द्वारा एक व्यक्ति की हत्या कर देने का मामला पुलिस थाने में दर्ज किया गया है। थानाधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि भवंर पुत्र जवार राव ने रिपोर्ट देकर बताया कि बुधवार रात को गांव के पास नागणेशी माता मंदिर में भजन कीर्तन के लिए जा रहे वेनाराम पुत्र जवार और भूर पुत्र देवा पर गांव के पास भाटवास निवासी भूर पुत्र उका, कमलेश पुत्र भूर व बबीदेवी पत्नी भूर राव ने लाठियों व धारियों से दोनों भाइयों पर हमला कर दिया। जिससे वे दोनों घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए रानीवाड़ा सीएचसी में भर्ती करवाया गया। जहां इनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने गुजरात रेफर कर दिया। गुजरात ले जाते समय बीच रास्ते में ही वेनाराम पुत्र जवार की मौत हो गई। गुरुवार सवेरे डीएसपी देवेंद्र शर्मा ने मौके का मुआयना कर मामला धारा 302 के तहत दर्ज कर आरोपियों को दस्तयाब कर दिया है।

बाजारों में त्योहारों की तैयारी शुरू

रानीवाड़ा
नवरात्रा आते ही बाजार में चारों तरफ लोगों की भीड़ नजर आने लगी है। कस्बे के सदर बाजार सहित सांचौर सड़क मार्ग पर लोग खरीददारी करने के लिए पहुंच रहे हैं। आने वाले माह में सावों की भरमार होने के कारण लोग शादी-विवाह के लिए सोना-चांदी के आभूषण भी खरीद रहे हंै। फसल अच्छी होने से सावों और त्यौहारों पर खरीददारी ज्यादा होगी। व्यापरियों को भी उम्मीद है कि इस बार ग्राहकी अच्छी होगी। इसीलिए उन्होंने इसकी तैयारी कर दी है। ग्राहकों के लिए व्यापारी इस बार बहुत कुछ नया लेकर आए हैं।

सामान का किया स्टॉक : दुकानदारों ने आने वाले त्योहारी व शादी के माहौल को देखते हुए दुकानों में ज्यादा से ज्यादा माल का स्टाक करना शुरू कर दिया है। दुकान के अंदर जगह कम होने पर माल को बाहर सजाया जा रहा है ताकि ग्राहकों की नजर आसानी से पड़ सके। खास बात यह है कि इस बार बाजार में लोगों के लिए बहुत कुछ नया है। 

इलेक्ट्रॉनिक आइटम से लेकर फर्नीचर और कपड़ों से लेकर घर के साजोसामान तक बहुत कुछ नया है। घरेलू साजोसामान के विक्रेता रमेश महेश्वरी ने बताया कि इस बार ग्राहकों के लिए काफी कुछ नया लेकर आए हैं। इसके अलावा कपड़ा व्यवसायी कांतिलाल प्रजापत ने बताया कि कपड़ों में कई नई वैरायटी आई हैं जो लोगों को काफी पसंद भी आ रही है। इन व्यापारियों को उम्मीद है कि इस बार दीपावली पर बाजार में अच्छी ग्राहकी होगी।


रेडीमेड गारमेंट्स की हुई बिक्री

दीपावली नजदीक आने के साथ ही कपड़ों की खरीद भी शुरू हो गई है। लोग अपनी पसंद के कपड़े खरीद रहे हैं। इसके साथ ही दीपावली के बाद आने वाले शादी के सीजन की भी अभी से खरीद हो रही है। कस्बा निवासी ललिता बोहरा ने बताया कि बाद में बाजार में भीड़ अधिक होगी। इसलिए अभी से खरीदारी कर रहे हैं। इसी प्रकार अशोक चौधरी ने बताया कि कई सालों बाद बाजार में तेजी आई है। कपड़ों समेत अन्य सामान में नई वैरायटी आई है। जिससे खरीदारी का भी मजा आ रहा है।

सांसद को गुहार

रानीवाड़ा ! क्षेत्र में मानव रहित रेल क्रॉसिंग पर संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए लोगों ने सांसद देवजी पटेल को पत्र लिखकर अपने कोटे से जरूरत वाले मानव रहित क्रॉसिंग पर चौकीदार लगवाने की मांग की है। कस्बे के समीपवर्ती सेवाडिया व रानीवाड़ा खुर्द मानव रहित रेल क्रॉसिंग पर यातायात के दबाव के चलते यहां पर चौकीदार लगाने की आवश्यकता है। जानकारी के मुताबिक रेलवे ने अगले पांच साल में सभी मानव रहित क्रॉसिंग को बंद कर उन पर चौकीदार, आरयूबी, सब-वे और राज्य सरकार की मदद से आरओबी बनाने की योजना पर काम शुरू किया है। इस बीच, रेलवे ने सांसदों को अपनी योजना से जोड़ते हुए कहा है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में विकास योजना से पैसा खर्च कर चौकीदार लगवा सकते हंै। पूर्व जिला प्रमुख नारायणसिंह देवल ने बताया कि आए दिन मंडल के ऐसे क्रॉसिंग पर वाहनों की ट्रेनों से टक्कर होती रहती है और कई लोगों को जान गंवानी पड़ती है। इसलिए क्रॉसिंग पर चौकीदार लगाना जरूरी हो गया है।

Tuesday, 12 October 2010

एलोवेरा की खेती से मिल रहा लाभ

रानीवाड़ा
आयुर्वेद चिकित्सा सहित सौन्दर्य प्रसाधन सामग्री के बढ़ते उपयोग से आर्थिक लाभ कमाने की दृष्टि से सुणतर में भी अब एलोवेरा की फसल लहलहाने लगी है। 

रानीवाड़ा कस्बे के कृषक प्रेमाराम चौधरी के अनुसार जोधपुर व बीकानेर से एलोवेरा के 50 हजार रोप लाकर करीब 35 बीघा में इसकी खेती की है। वर्तमान में पौधे लहलहाने लगे हैं। चौधरी के अनुसार एलोवेरा की फसल को पानी की जरूरत कम होती है।

इसी तरह गोधाम पथमेड़ा द्वारा संचालित केसुआ गो मंडल में भी ३०० बीघा भूमि पर एलोवेरा की खेती की जा रही है। बाजार में बढ़ती मांग को देखते हुए क्षेत्र के इस खेती को अपनाने लगे हैं। एक पौधे से करीब 8 से 10 किलो तक एलोवेरा प्राप्त होती है। इसकी पत्तियां काटकर बेची जाती है। रास आने लगी आबो हवा घृत कुमारी और ग्वारपाठे के नाम से ख्यात एलोवेरा मूलत: मरू प्रदेश की उपज है। 

कम पानी तथा भौगोलिक परिस्थितियों के कारण यह रेतीले भागों में बहुतायत से पाया जाता है। बदलते मौसम चक्र के कारण इसे अब सुणतर की आबोहवा रास आ रही है। किसान इसकी खेती करके अच्छा लाभ कमा सकते है। घृतकुमारी की फसल से किसान प्रति हेक्टेयर 65 से 70 हजार रुपये बचत कर सकते हैं। इसकी खेती अनुपजाऊ भूमि में भी की जा सकती है।

क्या है खूबी

घृतकुमारी का वैज्ञानिक नाम एलोबार्बाडेसिस है। भारतीय चिकित्सा पद्धतियों आयुर्वेद और यूनानी में घृतकुमारी नाम से प्रयुक्त होने वाला यह प्रमुख एवं विशिष्ट महत्व का औषधिय द्रव्य है। इसका उपयोग विभिन्न औषधीय एवं प्रसाधन सामग्रियों के निर्माण में किया जाता है। औषधिय और सौन्दर्य प्रसाधन निर्माण में इसकी मांग काफी बढ़ी है। इसकी फसल की खूबी यह है कि इसे कैसी भी भूमि में लगाया जा सकता है। इसकी फसल को सिंचाई की कम आवश्यकता होती है। फसल 10-12 महीने में तैयार हो जाती है। लागत को निकालकर किसान 70 हजार प्रति हेक्टेयर शुद्ध आय प्राप्त कर सकते हैं।

सर्वोदय के प्रधान कार्यालय का हुआ उद्घाटन

रानीवाड़ा 
बडग़ांव सड़क मार्ग पर सोमवार को लेटा महंत रणछोड़ भारती के करकमलों से सर्वोदय के्रडिट कॉ आपरेटिव सोसाईटी के प्रधान कार्यालय के नवीन भवन का उदघाटन किया गया। इस अवसर पर सूरजकुंड मठ के महंत लहर भारती, एसडीएम कैलाशचंद्र शर्मा व तहसीलदार खेताराम सारण भी उपस्थित थे। संस्थापक हीरसिंह जाड़ी ने बताया कि जिले में सबसे अधिक शाखाओं के साथ सर्वोदय संस्था ने डेढ साल के भीतर सराहनीय कार्य किया है। ग्राहकों के सहयोग से आज इस संस्था ने करोड़ों की डिपोजिट के साथ ऋण सुविधा भी उपलब्ध करवाई है। डीजीएम बीएस राठौड़ ने समिति द्वारा ग्राहकों को दी जाने वाली विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। एसडीएम कैलाशचंद्र शर्मा ने सरकारी नियमों के तहत संस्था को संचालित करने एवं ग्राहकों का विश्वास जीतने की बात कही। मुख्य अतिथि रणछोड़भारती व लहरभारती ने भी आशीर्वाद स्वरूप संबोधन दिया। इस अवसर पर सरपंच गोदाराम देवासी, जिला परिषद नरेंद्र विश्रोई, रघुवीरसिंह, राघवेंद्रसिंहा, नवलसिंह देवड़ा, जोगराजसिंह जाड़ी, सरदारसिंह सोलंकी, श्रवणसिंह देवड़ा सहित कई गणमान्य नागरीक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन किशनसिंह द्वारा किया गया।

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा प्रोत्साहन : देवासी

रानीवाड़ा 
निकटवर्ती दौलपुरा में 25 वीं चुकारा केंद्र स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का का समापन मंगलवार को विधायक रतन देवासी के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रानीवाड़ा तहसील में खेल सुविधाओं के विस्तार के प्रयास किए जा रहे हैं। जिसके तहत जिला स्तरीय स्टेडियम और उसमें बेहतर सुविधाओं के लिए ५० लाख रुपए स्वीकृत भी किए गए हैं। इसी तरह जिला स्तरीय खेल मैदान बनाने को लेकर मालवाड़ा चार रास्ते पर ४५ बीघा भूमि खेल विभाग के नाम आरक्षित करवाई गई है। इस मौके उन्होंने गांव की प्राथमिक विद्यालय को क्रमोन्नत कर मिडिल स्कूल बनाने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में एसडीएम कैलाशचंद्र शर्मा ने खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजन से छात्र-छात्राओं को होने वाले फायदों के बारे में बताया। दानदाता सुनील पुरोहित ने गांव की प्रस्तावित उच्च प्राथमिक विद्यालय का भवन निर्माण करने की घोषणा की। प्रतियोगिता में भोजन, स्मृति चिन्ह व पारितोषिक वितरण दानदाता सुनील पुरोहित द्वारा किया गया। शेष & पेज २३

इस अवसर पर तहसीलदार खेताराम सारण, हरजीराम देवासी, परसराम ढाका, गंगाराम खींचड़, भाणाराम बोहरा, गणेश देवासी, कृष्ण पुरोहित, बगदाराम घांची, मानसिंह काबा, मफाराम पुरोहित, चमनाराम देवासी सहित कई जने उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन शंकरलाल पुरोहित ने किया।

किसानों ने जताया विरोध

रानीवाड़ा
बडग़ांव जीएसएस पर पांच एमवीए के ट्रासंफार्मर के दो दिन में ही जल जाने को लेकर दर्जनों गांवों के किसानों ने बुधवार को कस्बे के सूरजकुंड में धरना प्रदर्शन कर राज्य सरकार के विरुद्ध रोष जाहिर किया। भारतीय किसान संघ के प्रांतीय मंत्री सोमाराम चौधरी ने बताया कि प्रशासन की लापरवाही के कारण ११ सितंबर को पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर जल गया था। १५ दिन बाद नया ट्रांसफॉर्मर स्थापित किया गया, लेकिन दो दिन बाद वह भी जल गया जिससे कई गांवों की कृषि विद्युत आपूर्ति सहित बडग़ांव कस्बे में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। किसानों ने प्रशासन व राज्य सरकार के विरूद्ध नारेबाजी कर विरोध जताया। मौके पर पहुंचे तहसीलदार खेताराम सारण व सहायक अभियंता तरूण खत्री ने किसानों को बताया कि तीन दिन में इस ट्रांसफार्मर को दुरुस्त कर बिजली व्यवस्था यथावत कर दी जाएगी। बाद में कस्बे में विरोध स्वरूप रैली का आयोजन भी किया गया। प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया। इस मौके बड़ग़ांव सरंपच बाबूराम चौधरी, धामसीन सरपंच बलवंत पुरोहित, मफतसिंह गोयल, अमराराम पुरोहित, जयंतीलाल मेघवाल, रणजीतसिंह, हड़मतसिंह व रूपाराम सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।

सांसद ने किया गांवों का दौरा

 रानीवाड़ा
जालोर-सिरोही सांसद देवजी पटेल एवं पूर्व जिला प्रमुख नारायणसिंह देवल ने बुधवार को विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों गांवों का दौरा कर आम जन की समस्याओं से रूबरू हुए। इससे पूर्व सांसद पटेल द्वारा पंचायत समिति सभा भवन में अधिकारियों की बैठक लेकर क्षेत्र में चल रहे कार्यों एवं राजीव गांधी सेवा केंद्रों लेकर चर्चा की। बैठक के दौरान सांसद पटेल ने विभिन्न कार्यों में अनियमितता पाए जाने पर अधिकारियों को उचित कार्रवाई के लिए निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत समिति के अंदर निर्माणाधीन राजीव गांधी सेवा केंद्र का निरीक्षण कर अनियमितता पाई जाने के कारण अधिकारियों को लताड़ भी लगाई। बाद में सांसद पटेल, पूर्व जिला प्रमुख देवल एवं जिलाध्यक्ष अमीचंद जैन सहित पीडब्ल्यूडी एईएन अमृतलाल वर्मा द्वारा जाखड़ी-धानोल मार्ग का अवलोकन किया गया। पटेल एवं देवल द्वारा सड़कों की जांच करने पर जगह-जगह पर गड्ढे तथा डामर का कम उपयोग देखा गया। क्षेत्रीय दौरे में पटेल के साथ भाजपा मंडल अध्यक्ष भीखाराम चौधरी, जिला प्रवक्ता मुकेश खंडेलवाल, रतनसिंह कोडिटा, किरणकुमार माली, मकनाराम चौधरी, प्रागाराम पुरोहित सहित कई भाजपा कार्यकर्ता एवं विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

शिक्षकों के तबादले रद्द

रानीवाड़ा& राजस्थान प्रगतिशील शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष पूनमाराम विश्नोई ने द्वितीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण में संशोधन करवाकर शिक्षकों को राहत पहुंचाने पर विधायक रतन देवासी का आभार जताया है। विश्नोई ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व कुछ शिक्षकों का तबादले दूर-दराज स्थानों पर हो गए थे, बाद में संघ के प्रतिनिधि मंडल ने विधायक रतन देवासी से मुलाकात कर तबादले रद्द करने की मांग की थी।