Hot News अभी - अभी

रतनपुर में गाय पर हमला करने वाले युवक गिरफ्तार, रानीवाडा उपखंड की ताजा खबरों के आपका स्वागत।।
Showing posts with label pwd. Show all posts
Showing posts with label pwd. Show all posts

Saturday, 23 October 2010

कस्बे का होगा शहरी तर्ज पर विकास

रानीवाड़ा।
कस्बे के सौंदर्यकरण, दुषित पानी की उचित निकासी सहित विद्युत व्यवस्था को सुचारु रुप देने को लेकर व्यापक रुप में कार्ययोजना बनाई गई हैं। जिले में किसी ग्राम पंचायत मुख्यालय को आधुनिक सुख-सुविधाएं प्रदान कर नया रुप देने का यह प्रथम प्रयास माना जा रहा हैं। 
जानकारी के मुताबिक रानीवाड़ा कस्बे की भौगोलिक बनावट को देखते हुए दुषित पानी की निकासी सुचारु रुप से कराने को लेकर लम्बे समय से लोगों की मांग को देखते हुए स्थानीय विधायक रतन देवासी ने कस्बे का सर्वे कराने के आदेश दिये थे, जिसको लेकर ग्राम पंचायत ने निविदा जारी कर योजना को अमलीजामा पहनाने का अंतिम निर्णय हैं। 
होगा प्लेन टेबल सर्वे:- सरपंच गोदाराम देवासी ने बताया कि निविदा की शर्तों के तहत  अब कस्बे का प्लेन टेबल सर्वे कराया जायेगा, जिसके तहत कस्बे की आबादी भूमि का खसरा क्रमांक बेस पर नक्शा बनाकर अलग-अलग गली मोहल्लों का प्लेन्थ लेवल बनाकर अलग-अलग वर्गीकृत किया जायेगा। साथ ही विद्युत पोल, टेलिफोन पोल, जलदाय विभाग की पाईपलाईन, दुषित पानी की निकासी के लिए नालियों को लेवल बेस बनाने सहित सिवरेज व ड्रेनेज व्यवस्था को अंतिम रुप दिया जायेगा। 
कहां से आएगा बजट:- ठेकेदार के द्वारा सर्वे रिपोर्ट बनाने के बाद पंचायतीराज विभाग व सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारी तकमीना बनाएंगे। ग्राम सेवक भाणाराम ने बताया कि तकमीना बनाने के बाद बजट की व्यवस्था केन्द्र व राज्य सरकार से करवाई जायेगी। इसके अलावा अतिरिक्त राशि सांसद या विधायक कोष से स्वीकृत कराने का प्रयास भी किया जायेगा।
चौराहें बनेंगे आकर्षक:- कस्बे का सौदर्यकरण करने के लिए कई भामाशाह आगे आ रहे हैं। बस स्टैण्ड पर सुन्दर व आकर्षक टिनशेड, सुलभ कॉम्पलेक्स, सांचौर व भीनमाल बाईपास सहित सेवाडिय़ा तीन रास्ते पर सर्किल का निर्माण करवाकर कस्बे को नया रुप दिया जायेगा।
इनका कहना:- 
गुजरात सीमावर्ती कस्बा होने की वजह से इसका सौंदर्यकरण करना आवश्यक है। कार्ययोजना बनाने के बाद बजट की स्वीकृति के लिए राज्य सरकार से प्रयास किए जाऐंगे। विकास के लिए विधायक कोष से भी राशि दी जा सकती है। काफी भामाशाह भी सहयोग के लिए तैयार है।
-रतन देवासी, विधायक रानीवाड़ा।
निविदा प्रक्रिया ग्राम पंचायत स्तर पर पूरी हो गई है, जोधपुर की तीन फर्मो ने निविदा भरी है। निम्र दर वाली फर्म को शीघ्र कार्यादेश पंचायत समिति कार्यालय से जारी किए जा रहे है।
-भाणाराम श्रीमाली, ग्रामसेवक रानीवाड़ा।

Sunday, 30 May 2010

खेल प्रतिभाओं में आएगा निखार


रानीवाड़ा

क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं के लिए कस्बे के राउमावि खेल मैदान में जालोर व भीनमाल की तर्ज पर स्टेडियम निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं का विकास हो सकेगा।

यह कार्य विधायक रतन देवासी की अनुशंसा पर नरेगा योजना के तहत किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार खेल मैदान के प्रस्ताव को नरेगा योजना के तहत स्वीकृति मिली है। मैदान के चारों तरफ फुट ट्रैक भी बनाई जा रहा है। स्टेडियम निर्माण का शुभारंभ 1 जून को विधायक देवासी के आतिथ्य में होगा। खेल मैदान का सर्वप्रथम समतलीकरण कर सड़क से एक फीट ऊंचाई तक रेती डालकर रोलर से आधार को मजबूत बनाया जाएगा। मैदान के चारों तरफ ट्रैक का निर्माण किया जाएगा। स्कूल भवन की ओर पेवेलियन बनाया जाएगा, जहां दर्शक बैठ सकेंगे। खेल मैदान के चारों ओर घास भी लगाई जाएगी। वर्तमान

चार दीवारी को ऊंची उठाकर सुंदर रूप दिया जाएगा। राजकीय अस्पताल के सामने स्टेडियम का गेट बनाया जाएगा।

आकर्षक होगा स्वरूप

नरेगा योजना के तहत २२.७१ लाख रुपए इस कार्य के लिए स्वीकृत किए गए हैं, जिसके तहत ट्रैक, समतलीकरण, मिट्टी की भराई व दीवार का कार्य करवाया जाएगा। विधायक मद से अतिरिक्त राशि का आवंटन कर पैवेलियन निर्माण व सौंदर्यकरण का कार्य किया जाएगा। इस कार्य में केंद्रीय खेल प्राधिकरण यानि पायका योजना की राशि को भी सही कार्य में

लगाया जाएगा।

नरेगा योजना के तहत इस स्टेडियम को सुंदर व सुविधायुक्त बनाया जाएगा, क्षेत्र में अभी तक एक भी स्टेडियम नहीं होने के कारण खेलप्रेमियों को इसकी कमी खल रही है। राशि कम पडऩे पर विधायक मद से पक्के निर्माण को लेकर धन की कमी नहीं आने दी जाएगी।

-रतनदेवासी, विधायक रानीवाड़ा।

नरेगा योजना के तहत जिले में पहली बार ऐसा कार्य विधायक देवासी के प्रयासों से स्वीकृत हो पाया है। निर्माण कार्य में पीडब्ल्यूडी इस कार्य को अतिशीघ्र पूरा करने करने का प्रयास करेगा।

अमृतलाल वर्मा, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी, रानीवाड़ा।

Thursday, 22 April 2010

पेयजल आपूर्ति को लेकर माहौल गर्माया

रानीवाड़ा।
नवगठित पंचायत समिति की साधारण सभा की पहली बैठक विधायक रतन देवासी की देखरेख व प्रधान श्रीमती राधादेवी देवासी की अध्यक्षता में हुई । बैठक में सदस्यों ने पेयजल, सड़क, नरेगा जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए। इस दौरान माहौल भी गर्मा गया। विधायक देवासी ने क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं कर पाने के लिए पीएचईडी के एईएन की जोरदार खिंचाई की। सरपंचों ने पेयजल की गंभीर समस्या के समाधान हेतु टेंकरों से पानी उपलब्ध कराने की मांग को लेकर विधायक को अवगत कराया। इस बैठक में उपखंड अधिकारी कैलाशचंद्र शर्मा, उपप्रमुख मूलाराम राणा, तहसीलदार खेताराम सारण भी मौजूद थे। बैठक का शुभारंभ विकास अधिकारी ओमप्रकाश शर्मा ने गत बैठक की कार्रवाई को लेकर किया।

विधायक ने बताया - रतन देवासी ने कहा कि कस्बे के सौंदर्यकरण को लेकर डीजाईन का कार्य पूरा हो चुका है। तीन चौराहै का निर्माण प्रथम चरण में होगा। समिति परिसर में शोपिंग कॉम्पलेक्श की डिजाईन का कार्य प्रगति पर है। परिसर में ही भव्य दरवाजा व सुलभ शौचालय का निर्माण करवाया जाएगा। उक्त निर्माण कार्य प्रसिद्ध आर्किटेक्ट के दिशा निर्देशन में नई आकर्षक डिजाईन में करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पेयजल समस्या प्राकृतिक है। जिसके समाधान के लिए राज्य सरकार संवेदनशील है। कन्टेजेन्सी प्लॉन में ज्यादा से ज्यादा राशि आंवटित की गई है। शीघ्र ही ग्राम पंचायत के माध्यम से गांव गांव ढाणी ढाणी टंैंकर की व्यवस्था शुरू करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि पेयजल की समस्या अधिकतर गांवों में एवजी लाईनमेन के कारण पैदा हुई है। उनकों हटाने के लिए राज्य सरकार को पत्र लिखा जाएगा। देवासी ने कहा कि पानी का दुरूपयोग रोकने के लिए फ्लाईंग की टीम गठित की गई है। जिसमें एसडीएम, एईएन, सरपंच व पुलिस विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई करेंगे। वणधर में ऑपनवेल स्वीकृत हो चुका है, शीघ्र ही कार्य शुरू होगा। जीएलआर में जलापूर्ति सूचारू रूप से करवाने के लिए अवैध कनेक्शन कटवाने के लिए शीघ्र ही अभियान शुरू किया जाएगा। नर्मदा से पेयजल लाने के लिए हमने मुख्यमंत्री से मिलकर निवेदन किया है, आशा है कि उक्त योजना शीघ्र ही स्वीकृत हो जाएगी। देवासी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में घरेलू विद्युत आपूर्ति अब दोपहर 12 से 6 व शाम ६ से सुबह ६ बजे तक की जाएगी। प्रधानमंत्री मद से वंचित ढाणियों व गांवों को डामर सड़कों से जोड़ा जाएगा। इस सत्र में सात राउप्रावि को क्रमोन्नत किया गया है। साथ ही मालवाड़ा में विज्ञान संकाय व रानीवाड़ा कस्बे की बालिका विद्यालय में वाणिज्य संकाय शुरू किया गया है। सर्व शिक्षा अभियान के तहत पौशाक वितरण व अग्रिशमन यंत्र की खरीद में पारदर्शिता नही होने से जांच करवाई जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के द्वारा अवैध प्रेक्टिस कर गरीब मरीजों को सीएचसी तक नही पहुंचने के मसले को गंभीरता से लेकर एसडीएम को जांच करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला व बालविकास विभाग के द्वारा 19 आंगनवाड़ी केंद्र व 14 मिनी आगंनवाड़ी केंद्र स्वीकृ त करवाए है, जिनमें कार्यकर्ताओं की भर्ति अतिशीघ्र की जाएगी। देवासी ने कहा कि पंचायत समिति परिसर में विकास वाटिका के रूप में सुंदर बगीचा बनाया जाएगा। साथ ही प्रधान के लिए नया भवन व सभा भवन में सभी सदस्यों के लिए माईक की व्यवस्था शीघ्र ही करवाई जा रही है। समिति की नीजि आय बढाने के लिए शौपिंग कॉम्पलेक्श बनाया जा रहा है।

बाद में एसडीएम कैलाशचंद्र शर्मा ने कहा कि फोटो पहचान पत्र का अभियान शुरू किया गया है। विभिन्न पंचायत मुख्यालय पर तय तिथि पर फोटो पहचान पत्र से वंचित लोग इसका लाभ ले सकते है। पंचायत मुख्यालयों पर राजीवगांधी ई केंद्र के भवन अगस्त से पूर्व निर्वित करने के निर्देश दिए। शर्मा ने कहा एसएसएफसी के द्वारा सभी पंचायतों को जनसंख्या अनुपात में राशि जारी की गई है। उक्त राशि को सरपंच पेयजल योजनाओं में ही खर्च कर सकते है। सरपंच चाहे तो उक्त राशि से हैडपंप, पाईप लाईन, हैडपंप पर मोटर लगाने जैसे कार्य कर सकते हैं। उन्हानें कहा कि एसडीएम की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया गया है। जोकि ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम पंचायत के माध्यम से टैंकर के द्वारा पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करेगी।

पेयजल का मुद्दा गरमाया - जलदाय विभाग के सहायक अभियंता रामनिवास यादव ने पेयजल की समस्या व समाधान को लेकर ग्राम पंचायत वार विस्तार से जानकारी सदन को अवगत करवाई। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 11 ट्युबवेल व 34 हैडपंप तैयार करवाए गए है, जो सुचारू रूप से चल रहे है। इस दौरान पेयजल की समस्या को लेकर रानीवाड़ा सरपंच गोदाराम देवासी ने कस्बे के बाईपास पर ऑवर हैडटंैक, बडग़ांव रोड़ की भील बस्ती में पेयजल समस्या के बारे में जानकारी दी। जालेराकलां के डेलीगेट वागाराम ने तावीदर में पेयजल संकट का मुद्दा उठाया। रानीवाड़ा खुर्द सरपंच करमीराम ने सांईजी की बैरी के जीएलआर में लंबे समय से जलापूर्ति नही होने की बात कही। गांग सरपंच भूराराम ने गांग में एवजी लाईनमैन की शिकायत बताई। उन्होंने हिरपुरा, चिमनगढ लाईन पर अवैध कनेक्शन को हटाने की गुहार लगाई। कोटड़ा सरपंच सहीराम विश्रोई ने मौखातरा में एवजी लाईन मैन लगाने की शिकायत की। करवाड़ा डेलीगेट छगनाराम ने ढाणियों में पेयजल संकट के बारे में सदन को जानकारी दी। जाखड़ी सरपंच शांतादेवी दर्जी ने रेबारियों की ढाणी व चारणवास में पेयजल समस्या के बारे में कहा। जोडवास डेलीगेट पूरणसिंह देवड़ा ने नर्मदा का पानी उपलब्ध करवाने के लिए शीघ्र योजना स्वीकृत करवाने को लेकर सदन में सर्वसम्मति से प्रस्ताव लेने की बात कही। धानोल सरपंच भीखाराम ने आठ स्कूलों में पेयजल संकट होने की बात कही। मालवाड़ा डेलीगेट दिवाली काबा ने मालवाड़ा कस्बे में ऑवर हैंड टैंक स्वीकृत करवाने की मांग रखी। आखराड़ में रेलवे स्टेशन के पास भीलों की ढाणी हैंडपंप खुदवाने की गुहार लगाई।

विद्युत पर छिडी बहस - विद्युत विभाग के कनिष्ठ सौरभसिंह ने विभाग के द्वारा चल रहे कार्यो के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष २०५ सामान्य श्रेणी के कनेक्शन, १८ एससी, ५७० कुटीर ज्योति व 4 जलदाय विभाग के नए कनेक्शन दिए गए है। मारूवाड़ा, सेवाड़ा व रानीवाड़ा खुर्द में 33केवी स्टेशन की प्रक्रिया चल रही है। बडग़ांव में 132 केवी स्टेशन 2 महिने में शुरू होने की संभावना है। धामसीन सरपंच बलवंत पुरोहित ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में सिर्फ रात्री को ही घरेलू विद्युत आपूर्ति दी जा रही है, जिससे दिन को गर्मी के मौसम में लोगों को परेशान होना पड रहा है। धानोल सरपंच भीखाराम चौधरी ने जायद की फसल में पर्याप्त मात्रा में कृषि विद्युत आपूर्ति कराने का निवेदन किया। रानीवाड़ा सरपंच गोदाराम देवासी ने बीपीएल कनेक्शन के लिए नई फाईलें जमा कराने का मुद्दा उठाया, उन्होंने बताया कि विभाग के द्वारा नही ली जा रही है।
पीडब्ल्यूडी एईएन अमृतलाल वर्मा ने नरेगा सहित अन्य योजनाओं के तहत चल रहे कार्यो के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि कस्बे के राउमावि खेल मैदान में 25 लाख रूपयें की लागत से स्टेडियम बनाया जाएगा। कृषि विभाग के कन्हैयालाल विश्रोई सरकार की योजनाओं के बारे में बताया। एसएसए के बीआरसीएफ तेजाराम ने विभाग की गतिविधियां, कम्प्यूटर शिक्षा, पौशाक वितरण, अग्रिशमन यंत्र, शौचालय निर्माण व छात्रवृतियों के बारे में जानकारी दी। सीडीपीओं संतोष शर्मा ने सुपरवाईजर की कमी की बात कही।

ऐतिहासिक बैठक - पंचायत समिति सभा भवन में आयोजित आज की बैठक
को ऐतिहासिक माना गया है। यह बैठक दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक आयोजित की गई। विधायक देवासी के दिशा निर्देशन में आयोजित इस बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों को भारी कसरत करनी पडी। उन्होंने हर विभाग के अधिकारी को ग्राम पंचायत वार समस्या के समाधान को लेकर सवाल-जवाब किए। जलदाय विभाग पर चर्चा लगभग तीन घंटे तक चली। बैठक में महिला सदस्य घुंघट धारण किए चुपचाप बैठी रही।

सरपंच अंदर, प्रतिनिधि बाहर - बैठक में ऐसा पहली बार देखा गया कि इसमें किसी भी महिला जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि को प्रवेश नही दिया गया, सभी प्रतिनिधि सभा भवन के बाहर खडे रहे। कुछ ने विरोध भी जताया, परंतु सभाध्यक्ष ने उनकों प्रवेश नही दिया।

Thursday, 15 April 2010

ग्रेवल सड़क बनाने की मांग

रानीवाड़ा!गुंदाऊ के ग्रामीणों ने कलेक्टर को पत्र प्रेषित कर कोटड़ा से सरनाऊ वाया मांजूओं की ढाणी, बावरला नाड़ा व कबोली की ढाणी के आम रस्ते पर ग्रेवल सड़क निर्माण करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि सड़क का प्रस्ताव व तकमीना काफी समय पूर्व ग्रामसेवक द्वारा स्वीकृति के लिए भेज दिया गया था, परंतु अभी तक स्वीकृति नही हो पाई है। जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी समस्या का सामना पड़ रहा है।

Thursday, 8 April 2010

सड़क किनारे उगी कंटीली झाडियां

रानीवाड़ा। रानीवाड़ा से सांचौर जाने वाले मार्ग के दोनों तरफ घनी कंटीली झाडियां उग गई हैं। जिससे हादसे की आशंका बनी हुई है। टेक्सी चालक प्रकाश खिलेरी और आसुराम भाट ने बताया कि बबूल की झाडियों में से अचानक नीलगाय, सूअर और अन्य जानवर सड़क पर दौड़कर आ जाते हैं। ऎसी स्थिति मे वाहन चालक के संतुलन खोकर दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका रहती है।

झाडियों के कारण कई बार सामने से आ रहा वाहन भी नजर नहीं आता है। ग्रामीण रिड़मा भाट व वी.पी.सिंह का कहना है कि सड़क पर लगे दिशा सूचक बोर्ड भी धुंधले पड़ गए हैं। इन पर लगे चिह्न और गांवों के नाम तक मिट गए हैं। जिससे वाहन चालकों को संकेतों का पता नहीं चलने के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।