Hot News अभी - अभी

रतनपुर में गाय पर हमला करने वाले युवक गिरफ्तार, रानीवाडा उपखंड की ताजा खबरों के आपका स्वागत।।
Showing posts with label sewadia fair. Show all posts
Showing posts with label sewadia fair. Show all posts

Friday, 22 April 2011

राजीवगांधी का सपना हुआ साकार - डॉ. सिंह


रानीवाड़ा।
पंचायत समिति मुख्यालय पर आज लोकार्पण होने जा रहे भारत निर्माण राजीव गांधी सेवाकेंद्र स्वर्गीय प्रधानमंत्री राजीवगांधी की देन है। आज उनका सपना साकार हो रहा है। यह रानीवाड़ा के लिए ऐतिहासिक घटना है। यह बात ऊर्जा मंंत्री डॉ. जितेंद्रसिंह ने सेवाकेंद्र के उदघाटन समारोह में कही। उन्होंनें कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत को जयपुर से जोडऩे के बीच यह केंद्र सेतु का काम करेगा। भवन में टच स्क्रीन लगाई जाएगी, जिस पर कलेक्टर व मुख्यमंत्री विडिय़ों कोन्फ्रेसिंग कर सकेंगे। इसी तरह की व्यवस्था प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर होने जा रही है। अब भविष्य में प्रदेश का कोई भी नागरीक, जन्म, जाति, मूल-निवास सहित कई प्रकार के प्रमाण-पत्रों, खेत की जमाबंदी, पेंशन प्रकरण, विद्युत, जलदाय, टेलीफोन सहित अन्य विभागों के बिल भी जमा किए जा सकेेंगे। उन्होंनें बताया कि राज्य सरकार का कुल बजट २८ हजार करोड़ है। जिसमें से मुख्यमंत्री ने 13 हजार करोड़ रूपए विद्युत विभाग को आंवटित किया है। विभाग को पैसों की कोई कमी नही है। विद्युत संबंधित कोई भी विकास का कार्य आसानी से नियमानुसार करवाया जा सकता है। रानीवाड़ा क्षेत्र में भी विधायक रतन देवासी की अनुशंषा पर बारह 33केवी जीएसएस स्वीकृत किए है। अतिशीघ्र अन्य कार्य भी स्वीकृत करवाए जाएंगे। उन्होंनें बताया कि सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक तीन ग्रामपंचायतों के बीच एक 33केवी का जीएसएस बनाने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि हर गांव को अच्छी वॉल्टेज की बिजली मिल सके। राजस्थान सरकार अन्य राज्यों की तुलना में किसानों को आधी दर में विद्युत आपूर्ति कर रही है। पूरानी सरकार ने विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में शून्य उपलब्धी हासिल की थी, जबकि गहलोत सरकार विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में भी कई कारखाने स्थापित किए है। इस समय दिसम्बर 2008 तक जिन किसानों ने विद्युत कनेक्शन के लिए आवेदन किया है, उनका निस्तारण अतिशीघ्र कर दिया जाएगा। जिससे सरकार को 63 हजार नए कनेक्शन करने पड़ेंगे। मुख्यमंत्री के प्रयासों से बीपीएल को मुफ्त ईलाज की व्यवस्था की गई है। अब कोई भी बीपीएल या एपीएल परिवार सरकार के निर्देशानुसार अपना ईलाज अच्छे से अच्छे सरकारी अस्पताल में करवा सकता है।
इस अवसर पर विधायक रतन देवासी ने कहा कि देश में तकनीकी क्रांति का सूत्रपात राजीव गांधी ने किया था। आज घर-घर में मोबाईल, इंटरनेट सहित कम्प्यूटर देखे जा रहे है। यह सब राजीव गांधी की ही देन है। उन्होंनें कहा कि सेवा केंद्र किसानों के लिए मददगार साबित होगा। इन केंद्रों पर किसान अपने फसल का वास्तविक मूल्य मालुम कर सकेेंगे तथा देश की किसी भी मंडी में अपनी फसल बेच सकेंगे। केंद्रों पर रेल व बस के टीकट भी बनाए जाएंगे। देवासी ने कहा कि रोहिट से रानीवाड़ा वाया भीनमाल तक ४० फीट चौड़ा डामर मार्ग बनाया जाएगा। जिसको राज्य सरकार ने हरी झंडी दे दी है। उन्होंनें डॉ. जितेंद्रसिंह की तारीफ करते हुए कहा कि गुर्जर आंदोलन का शांतिपूर्वक ढंग से समाधान करने में आपकी अहम भूमिका रही है। उन्होंने मंत्रीजी से बडग़ांव व जसवंतपुरा में एईएन व करड़ा में जेईएन कार्यालय स्वीकृत करवाने का निवेदन किया है।
इस अवसर जिला कलेक्टर केवलकुमार गुप्ता ने कहा कि जिले में ८ राजीवगांधी सेवाकेंद्र स्वीकृत है। जिनमें से चार को लोकार्पण हो चुका है। अन्य का कार्य प्रगति पर है। उन्होंनें उपखंड़ अधिकारी को निर्देशित कर कहा कि आज लोकार्पित हो रहे इस सेवाकेंद्र में आज से ही महानरेगा का कार्यालय शुरू किया जाए। केंद्र पर अतिशीघ्र सोलर सिस्टम लगाया जाएगा। उन्होंनें ऊर्जा मंत्री से राजीव गांधी ग्रामीण विद्युत वितरण योजना के तहत 111 करोड़ की योजना को स्वीकृत करवाने का निवेदन किया, ताकि जिले की ५० हजार ढाणियों का विद्युतिकृत किया जा सके।
इससे पूर्व विकास अधिकारी ओमप्रकाश शर्मा ने सेवाकेंद्र के बारे में बताते हुए कहा कि इस केंद्र के निर्माण पर २५ लाख रूपए महानरेगा योजना के तहत खर्च किए गए है। जिसके तहत सोलर सीस्टम भी सम्मिलित है। कार्यक्रम को वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुखराम विश्रोई, प्रदेश सचिव पुखराज पारासर ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला उपप्रमुख मूलाराम राणा, कार्यवाहक एसडीएम खेताराम सारण, भीनमाल नगरपालिका अध्यक्ष हीरालाल बोहरा, प्रधान देराम विश्रोई, प्रधान दीपाराम भील, दरगाराम देवासी, परसराम ढाका, सुरेश सियाक, गणपत करवाड़ा, फगलूराम खिंचड़, जीवाराम देवासी, भाणाराम बोहरा, ललिता बोहरा सहित कई जने उपस्थित थे।

Wednesday, 20 April 2011

प्रसिद्ध सेवाडिय़ा मेले का हुआ समापन


रानीवाड़ा।
प्रसिद्ध आपेश्वर पशु मेला सेवाडिय़ा का आज राजस्थान सरकार के ऊर्जा मंत्री डॉ. जितेंद्रसिंह व स्थानिय विधायक रतन देवासी ने विधिवत ढंग से समापन किया। इस अवसर पर भव्य रंगारंग कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। विजेता पशुपालकों को स्मृति चिन्ह व प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला कलेक्टर केवल कुमार गुप्ता, पूर्व सांसद पारसाराम मेघवाल, प्रदेश कांग्रेस सचिव पुखराज पारासर, पूर्व प्रधान सुखराम विश्रोई सहित कई जने उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री डॉ. सिंह ने कहा कि कुछ वर्षों पूर्व गोवंश की हर घर में महत्वपूर्ण भूमिका हुआ करती थी, परंतु समय के साथ अब तकनीकी व मशीनी क्रांति आने के बाद गोवंश की महत्ता कम होने लगी है, फिर भी आने वाले समय में गोवंश को लेकर मेलों का भविष्य सुनहरा होगा। उन्होंनें कहा कि जिस घर में बैलों की जोड़ी हुआ करती थी, उस घर का समाज में मान, सम्मान व प्रतिष्ठा हुआ करती थी। पशुपालन को प्रोत्साहित करने के लिए रानीवाड़ा डेयरी की अहम भूमिका हो सकती है। सभी पशुपालक सहकारिता आंदोलन में सहयोग कर इस डेयरी में सहभागिता कर सकते है। जिससे उनका आर्थिक स्तर भी सुधर सकता है। जिस घर में दो भैंस या गाय होती है तो डेयरी से जुडऩे पर उनके घर पर मासिक दस हजार की आय हो सकती है। उन्होंने कहा कि बीकानेर में ऊंटनी के दूध पर कई चिकित्सक शौध कर रहे है। ऊंटनी का दूध स्वास्थ्य के लिए लाभदायक माना जाता है। इस दूध के सेवन से शरीर में मधुमेह की बीमारी नही होती है। अत: पशुपालन को सभी पशुपालक ज्यादा से ज्यादा अपनाए, जिससे मेले का भविष्य भी सुधर सके।
सिंह ने बताया कि राज्य सरकार ने विशेष पिछड़ा वर्ग के उत्थान के लिए दो सौ करोड़ का पैकेज निर्धारित किया है। जिले में विधायक रतन देवासी की अनुशंषा पर अतिशीघ्र आवासीय विद्यालय शुरू किया जाएगा। जिस पर दस करोड़ रूपए खर्च किए जाएंगे।
विधायक देवासी ने कहा कि प्रसिद्ध मेले को सफल बनाने के लिए उन्होनें व्यवस्थाओं में सुधार करने का प्रयास किया है। अगले वर्ष आयोजित होने वाले इसी मेले में ओर भी सुधार किए जाएंगे। व्यवस्था में सुधार को लेकर नागरिकों से सलाह ली जाएगी। इस वर्ष यह मेला सफल हुआ है, जिसके पिछे समिति के कर्मचारियों व अधिकारी का जनप्रतिनिधियों से टीम वर्क की भावना से काम करना है। मेले में ठेके पे देने से पंचायत समिति को दो वर्षों में 10 लाख की आय हुई है, जो कि एक उपलब्धि है। इस आय से मेला परिसर में जीएलआर एवं ट्यूबवेल तैयार किए जाएंगे। ताकि आने वाले मेलों में पंचायत समिति प्रशासन को पेयजल की समस्या से निजात मिल सके। सूरक्षा व्यवस्था को सुदृढ करने के लिए मेला परिसर के चारों तरफ महानरेगा योजना के तहत चारदीवारी का निर्माण कर वृक्षारोपण किया जाएगा। ताकि भविष्य में पशुपालकों को वृक्षों की छाया मिल सके।
मेलाधिकारी ओमप्रकाश शर्मा ने प्रतिवेदन पढकर मेले की आय-व्यय व ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला, उन्होंनें कहा कि इस वर्ष बैलों की जोड़ी सर्वाधिक ६५ हजार में बिकी है, जो कि मेले के लिए एक उपलब्धी है। जिला कलेक्टर गुप्ता ने मेले की प्रगति को लेकर अपनी बात कही। पूर्व सांसद पारसाराम मेघवाल ने पशु पालन को बढ़ावा देने की बात कही। पूर्व प्रधान सुखराम विश्रोई ने मेले की व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर विधायक देवासी की प्रसंशा की। प्रदेश सचिव पुखराज पाराशर ने ग्रामीण संस्कृति व परंपराओं के संरक्षण में मेले की अहम भूमिका के बारे में कहा। इस अवसर पर सभी पंचायत समिति सदस्यों, जिला परिषद सदस्यों, सरपंचों सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। मुख्य डॉ. सिंह को विधायक ने पट्टु ओढाकार व तलवार भैंट कर सम्मान प्रदान किया गया। सभी अतिथियों को विशेष स्मृति चिन्ह भी प्रदान किए। विजेता पशु पालकों को स्मृति चिन्ह के साथ प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Friday, 15 April 2011

विविधताओं से भरा पशु मेला सेवाडिया, दूसरे दिन बाजार हुआ गरम


रानीवाड़ा।
कस्बे के श्री आपेश्वर महादेव मंदिर सेवाडिया में शुरू हुए पशु मेले में शुक्रवार सायं तक ग्यारह हजार से अधिक पशु बिक्री के लिए पहुंचे है तथा उनके आने का सिलसिला जारी है। आज शुक्रवार को इस मेले का विधायक रतन देवासी ने जायजा लेकर पशुपालकों की समस्याएं सुनी एवं उनका समाधान कराने को लेकर मेला ठेकेदार के कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पंचायत समिति द्वारा भराए जाने वाले इस पशु मेले का विधिवत शुभारंभ गुरूवार से हुआ। यह मेला २० तारीख तक चलेगा। मेले को इस बार पंचायत समिति ने ठेकेदार को 5.८५ लाख रुपए में ठेके पर दिया है। मेले में अब तक मिट्टी, लौहे व स्टील के बर्तन, कृषि यंत्रों, कपड़ों, गलीछों, खाने-पीने, खिलौना व घरेलू उपयोग में आने-वाले व पशु श्रंगार सामगी सहित कई प्रकार के सामान की दुकानें भी लगी है।
मेले में विविधता का रंग:- कार्तिक ग्यारस के अवसर पर सेवाडिया में लगने वाला यह मेला, देश में आयोजित होने वाले पशु मेलों में एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है। प्रदेश में विभिन्न अवसरों पर लगने वाले मेले, आध्यात्मिक संतुष्टि तो देते ही हैं, मनोरंजन के क्षण भी प्रस्तुत करते हैं, और इस पशु मेले में विविधता का रंग देखने को मिलता है। मेले में माल ढोने एवं खेती के लिए काम में आने वाले पशुओं, जैसे ऊंट, बैंल, दुधारू पशु तथा सवारी के काम आने वाले पशुओं का क्रय-विक्रय यहां का मुख्य आकर्षण है। ऊंटों को आकर्षक वेशभूषा में, बोली लगा कर बेचने का नजारा देखने को मिलता है। दुधारू पशुओं के गुणों एवं दूध देने की क्षमता का मूल्यांकन खरीदार ठोक बजा कर करते हैं। सेवाडिया के ओरण के पास रेतीले मैदान में हजारों पशुओं का अपने-अपने बाड़े में बंधे देखने का दृश्य तथा उन का शोर मेले के उत्साह को दुगना कर देता है। मेले में आये यात्रियों के ठहरने के लिए टैंट्स की अस्थायी नगरी बस जाती है।
मेला मनोरंजन से भरपूर:- मेले के दौरान हस्तशिल्प कला की वस्तुओं की दुकानों तथा खाने-पीने के स्टॉल्स पर महिलाओं एवं बच्चों की भीड़ का नजारा अद्भुत होता है। दूर-दराज क्षेत्रों से आई महिलाएं अपनी घर-गृहस्थी की उपयोग की वस्तुएं खरीदने का यह अवसर चूकती नहीं। मनोरंजन के भिन्न-भिन्न खेल-तमाशे भी खास आकर्षण होते हैं, जो दिन भर चलते हैं। विभागीय तौर पर भले ही इस मेले को पशु मेला कहा जाता है लेकिन वस्तुत: यह इस अंचल का एक प्रमुख धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं व्यापारिक मेला है, जिसमें राजस्थान सहित अन्य कई प्रांतों के पशुओं के व्यापारी एवं दुकानदार यहां आते है। तीन वर्ष से कम उम्र के बछडों को राज्य से बाहर ले जाने की स्वीकृति नहीं दी जाती है। मेले में प्रकाश, पेयजल, चिकित्सा, स्वच्छता एवं सुरक्षा की माकूल व्यवस्थाऐं की जाती है। पशुओं तथा ग्रामीणजनों की विविध प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन किया जाता है।  
बिक्री जोरों पर, सजे बाजार:- इस मेले में सभी प्रकार की दुकाने लगती हैं, जिनके अलग-अलग मार्केट होते है। दुकानदार बताते हैं कि उनकी दुकानों पर न केवल निर्धन और मध्यम स्तर के लोग आते है बल्कि धनाढय वर्ग, बडे-बडे अधिकारी और उनके परिवारजन भी सिले सिलाये वस्त्र, कई प्रकार के परिधान खरीद कर ले जाते हैं। घर परिवार में काम आने वाले आइटमों में ऊनी रजाईयां, परदे, तकिये, बेडशीट, कम्बल आदि की भी इस मेले में खूब बिक्री होती है।
बहुरंगी सांस्कृतिक कार्यक्रम:- इस वर्ष कार्तिक पूर्णिमा को पंचायत समिति के सौजन्य से बहुरंगी सांस्कृतिक कार्यक्रम व साफा प्रतियोगिता का आयोजित होंगे। राजस्थानी सांस्कृतिक संध्या में राजस्थान के विविध अंचलों से आए लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां दगे। शाम अनूठी सांस्कृतिक संध्या के रूप में सजेगी। इसमें राजस्थान व गुजरात के ख्यातनाम लोक कलाकार अपनी 'दी बेस्ट' प्रस्तुतियां देंगे। 'बेस्ट ऑफ सुणतर' के नाम से आयोजित यह बहुरंगी सांस्कृतिक संध्या सेवाडिया मेले के लिए यादगार शाम होगी।

Thursday, 14 April 2011

बैलों की पूजा के साथ सेवाडिय़ा मेला हुआ शुरू


रानीवाड़ा।
ग्रामीण क्षेत्र में मेलों की प्राचीन परंपरा रही है। आमजन से गहरा रिश्ता है। मेलों से पशुपालकों व किसानों को आर्थिक संबल मिलता है। यह बात आज गुरूवार को श्री आपेश्वर महादेव पशु मेला सेवाडिय़ा के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद जिला प्रमुख श्रीमति जसवंत कंवर ने कही। उन्होंनें कहा कि मेलों के आयोजन से विभिन्न प्रदेशों की संस्कृति का मिलन होता है। मेले पशुपालकों व किसानों के बीच सेतु का काम करते है। सेवाडिय़ा पशुमेला जिले का प्राचीन पशु मेला है, जिसकी पहचान राजस्थान सहित कई प्रदेशों में है। जिला एवं स्थानीय प्रशासन का यह प्रयास रहता है कि इस मेले में पशुपालकों को अधिक से अधिक सुविधाए एवं अच्छी व्यवस्थाए प्रदान की जाए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर केवल कुमार गुप्ता ने कहा कि सेवाडिय़ा पशुमेले के शुभारंभ के अवसर पर 11 हजार पशुओं का आना मेले एवं पशुपालको के लिए शुभ संकेत है। यह मेला उत्तरोत्तर प्रगति पर है। क्षेत्र वासियों के लिए हर्ष अवसर है कि इस प्राचीन परंपरा को अभी तक मनाया जा रहा है। प्रशासन का व्यवस्था के साथ दायित्व भी बढ़ता जा रहा है। मेले की सफलता के पिछे सभी विभागों के समन्वय के साथ कार्य करना है। उन्होंनें कहा कि आने वाले समय में इस मेले में निरंतर पशुओं की तादाद बढ सके, इसके लिए पंचायत समिति प्रशासन को विशेष प्रयास करने चाहिए। जिला प्रशासन व्यवस्था में सहयोग देने के लिए हमेशा तत्पर रहेगा। प्रशासन का यह प्रयास रहेगा कि विभिन्न प्रदेशों से आने वाले पशुपालकों एवं व्यापारियों को कोई परेशानी न झेलनी पड़े। इसके लिए विशेष प्रयास करने चाहिए। उन्होंनें मेले की व्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय विधायक रतन देवासी के प्रयासों की सराहना की। अतिशीघ्र मेला क्षेत्र में चार दीवारी अथवा फैन्सींग का कार्य महानरेगा योजना के तहत करवाया जाएगा। साथ ही धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आपेश्वर महादेव मंदिर के सामने इन्टरलोकिंग योजना के तहत ग्रेवल सहित डामर सड़के भी स्वीकृत करवाई जाएगी।
इस अवसर पर स्थानीय रतन देवासी ने गत वर्ष से मेले की व्यवस्थाओं में सुधार किया जा रहा है। जिसके तहत प्रचार-प्रसार को लेकर नई तकनीकी का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस क्रम में होर्डींग्स, बैनर्स, स्मृति चिन्ह सहित अन्य प्रचार सामग्रीया तैयार करवाने का पेटर्न शुरू किया गया है। उन्होनें बताया कि मेले की व्यवस्थाओं को गत वर्ष एवं इस वर्ष ठेके में दिया गया है, जो कि पंचायत समिति के लिए नफे का सौदा साबित हुआ है। मेले की व्यवस्थाओं को स्थायीकरण करने को लेकर मेला परिसर में नलकूप व टीनशेड़ तैयार करवाए जाएंगें। साथ ही पेयजल व्यवस्था को पुख्ता करने को लेकर जीएलआर का निर्माण भी करवाया जाएगा। आपेश्वर महादेव मंदिर के सामने चौराहा निर्माण कर उस पर हाईमास्क लाईट लगाने का कार्य भी करवाया जाएगा।
शुभारंभ समारोह के विशिष्ट अतिथि भीनमाल पूर्व विधायक डॉ. समरजीतसिंह ने कहा कि पशु मेलों की महत्ता पशु पालक अच्छी तरह से जानते है, पशुमेले हमारे ग्रामीण संस्कृति को पोषित करते है। मेले की व्यवस्थाओं का स्थायीकरण करने से मेले का भविष्य सुनहरा होने की प्रबल संभावना है। उन्होंनें कहा कि राज्य सरकार विकास को लेकर संवेदनशील है। योजना आयोग के उपाध्यक्ष का जालोर द्वारा करोड़ों का पैकेज लेकर आएगा, जिससे नर्मदा का नीर पीने के लिए रानीवाड़ा व भीनमाल को भी अतिशीघ्र नसीब हो पाएगा। साथ ही राज्य सरकार के प्रयासों से रोहिट से रानीवाड़ा तक की डामर सड़क को मीड-वे के रूप में विकसित किया जाएगा।
मेलाधिकारी ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि गोवंश सरंक्षण एवं पशु कु्ररता अधिनियम को पालना को सख्ती से अमलीजामा पहनाया जाएगा, इस कार्य के लिए गुप्तचर की टीम का गठन किया गया है, जो कि मेला परीसर में इस तरह की अवैध गतिविधियों पर नजर रखेगी। उन्होंनें मेला प्रतिवेदन का गठन कर मेले के ईतिहास के बारे में बताया। कार्यवाहक एसडीएम खेताराम सारण ने भी व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी दी। इस अवसर पर प्रधान राधादेवी देवासी, उपप्रधान रावताराम मेघवाल, जिला उपप्रमुख मूलाराम राणा, पूर्व प्रधान देराम विश्रोई, सांचोर उपप्रधान दरगाराम देवासी, समाजसेवी हरजीराम, सरपंच गोदाराम देवासी, परसराम ढाका, भीनमाल नगरपालिका अध्यक्ष हीरालाल बोहरा, जिला परिषद सदस्या ललिता बोहरा, सेवाडिय़ा महंत रतनभारती सहित कई जने उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन ताराचंद भारद्वाज के द्वारा किया गया।

Thursday, 1 April 2010

जमकर हुई खरीद-फरोख्त



रानीवाड़ा
प्रसिद्ध सेवाडिय़ा पशु मेले का बुधवार को समारोहपूर्वक समापन हो गया। कलेक्टर केवल कुमार गुप्ता के सानिध्य में हुए समापन समारोह में मेले के अंतिम दिन भी कई प्रतियोगिताएं हुईं। इनमें अव्वल रहने वाले पशुपालकों का सम्मान किया गया। इस पशु मेले में कुल 13 हजार 677 पशु आए थे, जिनमें से 6 हजार पशुओं की बिक्री हुई। इससे पंचायत समिति को 3 लाख रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ।समापन को संबोधित करते हुए कलेक्टर गुप्ता ने कहा कि विषम परिस्थतिओं में भी मेले का सफल आयोजन कर आयोजकों ने सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने पशु व्यापारियों को आश्वस्त कर कहा कि उनकों गुजरात सहित अन्य राज्यों में अपने पशुधन को ले जाने में कोई प्रकार की समस्या का सामना नही करना पड़ेगा। पशु व्यापारियों को विशेष परमिट दिया जा रहा है। इसमें सभी अधिकारियों के संयुक्त हस्ताक्षर करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेलें में पशु प्रतियोगिताओं का आयोजन करने से स्वच्छ प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा होती है। यह परंपरा मेले के लिए अच्छी मानी गई है। जिला कलक्टर केवलकुमार गुप्ताइस अवसर पर पुलिस उप अधीक्षक देवेंद्र शर्मा ने कहा कि पशु परिवहन करते समय सभी व्यापारी कानून की परिधी में कार्य करे, तो उनके सामने कोई समस्या नहीं आएगी। बाहर के व्यापारियों को यदि कोई व्यक्ति परेशान करता है तो वह तुरंत पुलिस को सूचित करे, ताकि समस्या का समाधान त्वरित गति से किया जाए। एसडीएम कैलाशचंद्र शर्मा ने भी मेला आयोजकों द्वारा की गई व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए सराहनीय कार्य बताया। उन्होनें कहा कि पशुमेला सेवाडिय़ा की अच्छी साख होने से इसका इंतजार हर पशुपालक और व्यापारी को रहता है। इससे पूर्व मुख्य अतिथि ने मेले में सर्वश्रेष्ठ पशु का चयन कर जेतावाड़ा निवासी मूलसिंह पुत्र गुमानसिंह राजपुत की घोड़ी को प्रथम विजेता चिन्ह दिया। बाद में प्रतिवेदन के रूप में मेलाधिकारी ओमप्रकाश शर्मा ने मेले के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। घुड़ दौड़ में उमड़े लोग

मंगलवार की शाम को मेला मैदान में प्रसिद्ध घुड़ दौड व ऊंट दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विजेता पशुपालकों को फुंदा बांधकर सम्मानित किया। इस दौड़ को देखने के लिए मैदान में हजारो की तादाद में लोगों ने भाग लिया। मेले के दौरान पशुओं के शृंगार की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गई थीं। घुड़ दौड़ प्रतियोगिता के दौरान एसडीएम कैलाशचंद्र शर्मा, तहसीलदार खेताराम सारण, हरजीराम देवासी, भूमि विकास बैंक के चेयरमेन राव मोहनसिंह चितलवाना, रणजीतसिंह बडग़ांव, नवलसिंह देवड़ा, पूरणसिंह देवड़ा, मंछाराम परिहार सहित कई लोगों ने भाग लिया।

समारोह मेें विजेता पशुपालकों को किया सम्मानित

विभिन्न पशु प्रतियोगिताओं विजेता पशुपालकों को समापन समारोह में आकर्षक ट्राफी व प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। मेले की व्यवस्थाओं में सराहनीय योगदान देने पर विभिन्न सरकारी विभागों के कर्मचारियों सहित अधिकारियों को भी प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Wednesday, 31 March 2010

यौवन पर सेवाडिय़ा मेला



रानीवाड़ाक्षेत्र में चल रहा सेवाडिय़ा पशु मेला मंगलवार को भी पूरे परवान पर रहा। इस दौरान राज्य समेत अन्य राज्यों के पशु व्यापारियों ने भी जमकर पशुओं की खरीद-फरोख्त की। मेले में 5वें दिन पशुओं के भावों में काफी तेजी देखी गई। मेले का समापन बुधवार को किया जाएगा।

मेले के दौरान गुजरात के काठियावाड़ से आए पशु व्यापारियों द्वारा पशुओं की खरीद फरोख्त में तेजी से भावों में वृद्धि देखी गई। पूर्णिमा के दिन मेले में ३० हजार से ज्यादा लोगों ने मेले का आनंद लिया। मेले में भीड़भाड़ होने से व्यापारियों के चेहरों पर खुशी देखी गई। मेला अधिकारी ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि मेले में पशुओं की आवक अच्छी रही। मंगलवार शाम तक मेले में पहुंचने वाले पशुओं की संख्या करीबन साढ़े १३ हजार के पार पहुंची। मेले में कांकरेज नस्ल के बैल, सांड, ऊंट और घोड़े समेत अन्य पशुओं को खरीदने-बेचने वाले व्यापारियों व पशुपालकों के लिए स्वर्णिम अवसर है। मेले में मनोरंजन के लिए लगाए गए सर्कस, मौत का कुआं, वैरायटी शो, वीडियो पार्लर और सिनेमा घर पर लोगों की भीड़ रही। मेले में तरह-तरह की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखी गई।

प्रतियोगिता संपन्न : मेले में मंगलवार को विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। अदंत बैलों की प्रतियोगिता में मफतलाल डूंगरी प्रथम, शांतिलाल हर्षवाड़ा द्वितीय, दो दांत बैलों में केसाराम करवाड़ा प्रथम, चार दांत बैलों शेष&पेज 9

में देवाराम लाछीवाड़ प्रथम, छ: दांत बैलों में विक्रमभाई अमरेली प्रथम, मलतीयान बैलों में जेठाराम डूंगरी प्रथम, सांड़ घोडों में महंत रतनभारती सेवाडिय़ा प्रथम, श्रवण विश्नोई लियादरा द्वितीय रहें। इसी तरह घोडिय़ों में मलसिंह जैतावाड़ा प्रथम, प्रतापसिंह गुंदाऊ द्वितीय, प्रागाराम सेवाडिय़ा तृतीय, अदंत बछेरा प्रतियोगिता में मलसिंह प्रथम, दो दांत बछेरा में जांवताराम विश्रोई कूड़ा प्रथम, रामसिंह वासोल द्वितीय, बछेरी प्रतियोगिता में अर्जुनराम देवासी सरनाऊ प्रथम, सालसिंह सिलासन द्वितीय, नर ऊंट प्रतियोगिता में सुजाणाराम प्रथम, होतीराम पाल द्वितीय, भगाराम भाट तृतीय, लादा ऊंट में जोराराम वाड़ोल प्रथम, ऊंट सवारी प्रतियोगिता में प्रभुराम वासण प्रथम रहें।
पुलिस की निगरानी तेज
पुलिस ने इस वर्ष मेले में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण करने में सफलता प्राप्त की है। अवैध धंधे, जुआघरों और सटोरियों पर पुलिस की विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस की सख्ती के चलते इस वर्ष अवैध कार्य करने वाले लोग मेले में दिखाई नहीं दे रहे हैं।

सुविधाओं से अच्छी व्यवस्था

मेले में पशुओं के पेयजल के लिए जलदाय विभाग के सहयोग से हौदियां व आवाड़ा बनाकर सुविधा प्रदान की जा रही है। इसी तरह बिजली व्यवस्था के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों का भी सहयोग मिल रहा है। पशुओं के लिए मेला प्रशासन ने चिकित्सकों की व्यवस्था कर रखी है। इसी तरह सुरक्षा व्यवस्था का माकूल प्रबंध करने के लिए मेले के मध्य में स्थित प्लेटफार्म पर पुलिस की चौकी स्थापित की गई है। जहां ५० पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।
चारा डिपो की कमी अखरी

वर्ष २००६ के मेले में श्रीशिव सांई सेवा समिति के सौजन्य से रियायती दर पर चारा बिक्री के लिए डिपो खोला गया था। इस वर्ष यह व्यवस्था नहीं होने से पशु व्यापारियों को ऊंची दर पर मेले में आया चारा खरीदने पड़ रहा है। जूनागढ़ से आए खीमाभाई ने बताया कि मेले में ज्वार का एक पुला २० रूपए में खरीदना पड़ रहा है जो काफी महंगा साबित हो रहा है।

समापन आज

मेले का समापन व पारितोषिक समारोह बुधवार दोपहर २ बजे मेला परिसर में आयोजित किया जाएगा। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर केवलकुमार गुप्ता व अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक लक्ष्मीनारायन मीणा करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में उप जिला कलक्टर कैलाशचंद शर्मा भी उपस्थित रहेंगे। समारोह में विजेता पशुपालकों को स्मृति चिह्नï व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।

Tuesday, 30 March 2010

मेले में होंगी प्रतियोगिताएं

रानीवाड़ा& सेवाडिय़ा पशु मेले के तहत सोमवार को भी पशुपालकों और खरीदारों की काफी भीड़ रही। इस दौरान पशुओं की खरीद फरोख्त में आई तेजी के चलते पशुपालकों को राहत मिल रही है। राज्य के बाहर से आए खरीदार स्थानीय पशुपालकों को मुंह मांगा दाम दे रहे हैं। गुजरात में पशुओं की मांग ज्यादा होने से मेले का बाजार काफी गर्म रहा।

मेला अधिकारी ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि आपेश्वर सेवाडिय़ा पशुमेले को लेकर मंगलवार को विभिन्न 19 प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता सवेरे साढ़े आठ बजे शुरू होगी। इन प्रतियोगिताओं के लिए निर्णायक कमेटियों का गठन किया जा चुका है। प्रतियोगिता के तहत शाम चार बजे घुड़ दौड़ व ऊंट दौड़ का आयोजन किया जाएगा। मेले में व्यापारियों की तादाद भी ज्यादा देखी जा रही है। इस बार मेले में मनोरंजन के लिए सर्कस व झूले भी लगाए गए हैं। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की ओर से भी माकूल प्रबंध किए गए हैं। मेले में गरीब पशुपालकों के बीमार पशुओं के लिए नि:शुल्क दवाओं की व्यवस्था मालवाड़ा की कंकुबाई गोशाला की ओर से करवाई जा रही है। मेले में नशामुक्ति को लेकर चलाए जा रहे शिव सांई सेवा समिति की प्रदर्शनी में काफी तादादï में लोग उमड़ रहे हैं।

Sunday, 28 March 2010

सेवाडिय़ा मेला यौवन पर

रानीवाड़ा
सेवाडिय़ा का अंतर्राज्यीय श्री आपेश्वर पशुमेला पूरे यौवन पर है। मेले में बैल, ऊंट, घोड़े, अश्ववंश की खरीद-फरोख्त बड़े स्तर पर हो रही है। इस मेले में अब तक 5935 पशुओं की आवक हो चुकी है। वहीं 300 के लगभग पशुओं की बिक्री भी हो चुकी है। शनिवार को ७०० से ज्यादा पशुओं की आवक हुई।

मेले की शुरुआत में ५000 पशु आए थे। लेकिन भूजल की कमी से चारा समस्या होने की स्थिति होने के बावजूद भी मेले में अब तक विगत वर्ष की तुलना में अधिक पशुओं की आवक हो चुकी है। और पशुओं की आवक अब भी जारी है। मेले में इस बार 5935 पशु आए हैं। मेले में पंचायत समिति विभाग ने व्यापारियों व पशुपालकों के लिए पानी, बिजली, चिकित्सा की उचित व्यवस्था करवाई है। जिले व जिले के बाहर के पशुपालक कांकरेज नस्ल के बैल, बीकानेरी व जैसलमेरी नस्ल के ऊंट, मारवाड़ी व काठियावाड़ी नस्ल के अश्व बेचने के लिए मेले में लाए हैं, तो खरीदने के लिए दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, बिहार, छत्तीसगढ, उत्तरप्रदश्ेा, मध्यप्रदेश, गुजरात के व्यापारी भी मेले में अपना डेरा डाल चुके है। रोजगार का माध्यम बना पशु मेला सुणतर क्षेत्र के गरीब लोगों के लिए रोजगार का साधन बन गया है। यहां पर गन्ने के ज्यूस, चाय की होटल, खाने की होटल, बर्तन, रस्सी सहित अन्य सामग्री की दुकान के माध्यम से कई लोगों को अच्छा रोजगार मिल रहा है।

Saturday, 27 March 2010

शुरू हुआ सेवाडिय़ा पशु मेला

रानीवाड़ा
क्षेत्र का ऐतिहासिक श्रीआपेश्वर पशु मेला सेवाडिय़ा शुक्रवार से रानीवाड़ा के सेवाडिय़ा गांव के ओरण में शुरू हो गया। मुख्य अतिथि जिला प्रमुख जसवंत कंवर और रानीवाड़ा विधायक रतन देवासी ने ध्वजारोहण व बैलों की जोड़ी का पूजन कर मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ. समरजीतसिंह ने भी भाग लिया।

जिला प्रमुख ने कहा कि इस तरह के पारंपरिक मेलों के आयोजन से पशुपालकों में स्वच्छ प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा होती है। मेलें में पशुपालकों व पशुओं के लिए माकुल व्यवस्थाओं का इंतजाम किया गया है। विधायक रतन देवासी ने कहा कि यह पशुमेला मारवाड़ व गुजरात के पशुपालकों में अतिलोकप्रिय है। मेलें के इतिहास में पहली बार नया प्रयोग कर संपूर्ण व्यवस्थाओं को ठेके पे दिया गया है, जो कि इस बार सफल रहा है।

इस प्रयोग से पंचायत समिति को चार गुनी आय ज्यादा प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार से प्रयास कर इस मेलें को पर्यटन के नक्शेे मे सम्मिलित किया जाएगा, ताकि मेलें में विदेशी पर्यटक भी भाग ले सके। उन्होंने कहा कि रानीवाड़ा तहसील में पेयजल का संकट विकराल रूप लेता जा रहा है। इसके लिए नर्मदा का पेयजल प्रोजेक्ट की वित्त्ीाय स्वीकृति को लेकर मुख्यमंत्री से भी निवेदन किया गया है, आशा है कि यह प्रोजेक्ट अतिशीघ्र शुरू हो सकेगा। पूर्व विधायक डॉ. समरजीतसिंह ने कहा कि भारतीय ग्रामीण संस्कृति को जीवित रखने के लिए मेले आवश्यक है। राज्य सरकार पशुपालकों के हितो की रक्षा करने के लिए कई प्रकार की योजनाएं संचालित कर रही है। पशु चिकित्सालयों की स्वीकृति भी हो रही है। इससे पूर्व मेलाधिकारी ओमप्रकाश शर्मा ने मेला प्रतिवेदन पढ़कर सुनाया।

उन्होंने मेले के इतिहास की जानकारी देकर मेले से होने वाले फायदों के बारे में बताया। शुभारंभ समारोह में राउप्रावि की बालिकाओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इस अवसर पर प्रधान राधादेवी देवासी, सेवाडिय़ा मठ के मंहत रतन भारती, एसडीएम कैलाशचंद्र शर्मा, तहसीलदार खेताराम सारण, हरजीराम देवासी सहित कई जनों ने भाग लिया। शुभारंभ समारोह के बाद विधायक रतन देवासी ने रानीवाड़ा डेयरी द्वारा संचालित स्टॉल और नशा मुक्ति के लिए शिव सांई सेवा समिति की प्रदर्शनी का फिता काटकर उदï्घाटन किया। मेले में अभी तक छह हजार से भी ज्यादा पशुओं का आवक हो गई है तथा अभी भी पशुओं का आना जारी है। मेले में हरियाणा के अलावा उतर प्रदेश, राजस्थान, मध्यप्रदेश तक के व्यापारी पशु खरीदने आते हंै। इसी वजह से मेले में भारी संख्या में स्थानीय पशुपालक अपने पशुओं को बिक्री के लिए लेकर पहुंचते है।

Friday, 26 March 2010

सेवाडिय़ा पशु मेले का शुभारंभ आज

रानीवाड़ा
सेवाडिय़ा आपेश्वर पशु मेले का शुभारंभ शुक्रवार को जिला प्रमुख जसवंत कंवर के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा। इस अवसर कलेक्टर केवलकुमार गुप्ता भी भाग लेंगे। मेलाधिकारी ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि शुक्रवार दोपहर साढे बारह बजे मेला कार्यालय में विधिवत रूप से झण्डारोहण कर मेले का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर बैलों की पूजा की जाएगी। विशिष्ठ अतिथि के रूप में प्रधान राधादेवी देवासी व उपखंड अधिकारी कैलाशचंद्र शर्मा भी भाग लेंगे।