Hot News अभी - अभी

रतनपुर में गाय पर हमला करने वाले युवक गिरफ्तार, रानीवाडा उपखंड की ताजा खबरों के आपका स्वागत।।
Showing posts with label mla. Show all posts
Showing posts with label mla. Show all posts

Wednesday, 13 July 2011

देवपुरा में बनेगा बालिका छात्रावास

 रानीवाड़ा 
बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की तर्ज पर अब उच्च माध्यमिक कक्षाओं में भी बालिकाओं को आवास, भोजन व नि:शुल्क शिक्षा की सुविधा मुहैया हो सकेगी। माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं के आवासीय भवन निर्माण के लिए 38 लाख रुपए की स्वीकृति जारी हो गई है। माध्यमिक शिक्षा बालिका छात्रावास भवन निकटवर्ती देवपुरा की ढाणी में संस्कृत विद्यालय के पास बनाने का निर्णय लिया गया है, ताकि बालिकाओं को पढ़ाई-के लिए एक ही परिसर में सुविधा मिल सके। भवन निर्माण के लिए बाकायदा निविदा भी जारी हो चुकी है।
उल्लेखनीय है कि निकटवर्ती जालेरा कलां गांव में स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में छठी से आठवीं तक की छात्राओं के लिए ऐसी ही निशुल्क सुविधा उपलब्ध है। अब तक कस्तूरबा स्कूल से आठवीं उत्तीर्ण कर निकली छात्राओं के परिजनों को बच्चियों की आगे की पढ़ाई-के लिए अपने स्तर पर व्यवस्था करनी पड़ रही थी। इससे कई-कम आय वाले कई-परिवारों की बच्चियों की शिक्षा आठवीं के बाद बीच में ही छूट जाती थी।


कस्तूरबा स्कूल जालेरा में प्रवेश शुरू : कस्तूरबा गांधी आवासीय स्कूल जालेरा कलां में कुल एक सौ बालिकाओं के रहने, खाने व शिक्षा की व्यवस्था है। इस वर्ष 60 बालिकाओं के ही दाखिले हो पाए हैं, ऐसे में यहां अभी 40 बालिकाओं की दरकार है। स्कूल में प्रवेश के लिए सीटीएस सर्वे 2010-11 के अनुसार ड्रॉप आउट व अनामांकित बालिकाएं व पूर्व मेंं संचालित गैर आवासीय व आवासीय ब्रिज कोर्स-या विशेष प्रशिक्षण प्राप्त बालिकाएं पात्र हैं। उम्र के हिसाब से भी बालिकाओं को प्रवेश दिया जाता है, 11वर्ष की बालिका को कक्षा छठी में, 12वर्ष की बालिका को 7वीं में एवं13 वर्ष की बालिका को 8वीं में प्रवेश दिया जाता है। इन बालिकाओं को उस कक्षा के स्तर की पढ़ाई करवाकर तैयारी करवाई जाती है।


अगले साल मिलेंगी सुविधाएं 
सीनियर गल्र्स के आवासीय भवन बनाने के लिए अभी 38 लाख रुपए की स्वीकृति मिली है। भवन में तीन बड़े आवासीय कक्ष, एक क्लास रूम, वार्डन कक्ष और डायनिंग हॉल आदि का निर्माण होगा। इस वर्ष भवन का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा, ताकि अगले सत्र से बालिकाओं को सुविधा मुहैया हो सके। अरणाय व पूनासा में सीनियर गल्र्स के लिए भवन गत वर्ष बनकर तैयार हो गए थे, जिनमें इस वर्ष से प्रवेश देने की प्रकिया चल रही है।

Preवेश में केजीबी की छात्राओं को प्राथमिकता दी जा रही है। सीटें रिक्त रहने पर अन्य वर्ग की बालिकाएं भी इस छात्रावास में प्रवेश ले सकती हैं। भवन के लिए निविदा जारी हो चुकी है। तहसीलदार ने देवपुरा की ढाणी के पास 1.25 बीघा जमीन आवंटित कर दी है। यह रमसा योजना के तहत संचालित किया जाएगा।

दलपतसिंह Oपावत, अतिरिक्त परियोजना अधिकारी, जालोर
 

Wednesday, 29 June 2011

जालेराकलां में बनेगी नई मंडी

किसानों को नहीं जाना पड़ेगा गुजरात, चार दीवारी एवं चैक पोस्ट निर्माण के लिए 53 लाख रुपए की स्वीकृति 
रानीवाड़ा 
जिला प्रशासन ने रानीवाड़ा में स्वतंत्र कृषि उपज मंडी की कवायद शुरू कर दी है। तहसीलदार ने कृषि मंडी के लिए जालेरा कलां में भूमि का चयन कर ग्राम पंचायत को राशि का भुगतान भी कर दिया है। चार दीवारी एवं चैक पोस्ट निर्माण के लिए 53 लाख रुपए की स्वीकृति भी मिल गई है। इस मंडी का फायदा किसानों को होगा। अब वे गुजरात की बजाय इस मंडी में अपने जींस की बिक्री कर ज्यादा लाभ अर्जित कर सकेंगे।
जानकारी के मुताबिक, जिले में रानीवाड़ा तहसील में प्रचुर मात्रा में भू-जल संपदा होने से यहां पर एक साल में तीन फसलें किसान लिया करते हैं। जिले में कृषि विपणन व्यवस्था सुव्यवस्थित नहीं होने के कारण अधिकतर किसान अपनी फसल को गुजरात की मंडियों में बिक्री के लिए ले जाते हैं। गत विधानसभा चुनावों में वर्तमान विधायक रतन देवासी ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में रानीवाड़ा की गौण मंडी को भीनमाल मंडी से अलग कर संपूर्ण मंडी का दर्जा देने का वादा किया था। जिसके बाद यह कवायद की जा रही है।
संपूर्ण मंडी होगी जालेरा में 
वर्तमान में रानीवाड़ा उपखंड पर गौण मंडी संचालित की जा रही है, परंतु पर्याप्त मात्रा में किसानों एवं व्यापारियों के लिए सुविधाएं नहीं होने के कारण मंडी को अपेक्षित लक्ष्य की प्राप्ति नहीं हो रही है, जबकि जिले की सर्वाधिक पैदावार रानीवाड़ा क्षेत्र में ही होती है। विधायक के प्रयासों से उपखंड प्रशासन ने संपूर्ण मंडी के लिए कस्बे से तीन किलोमीटर दूर सांचौर सड़क मार्ग पर जालेरा कलां गांव में 4.84 हैक्टेयर जमीन का चयन किया। इस जमीन को डी.एल.सी. की दर पर भीनमाल मंडी ने खरीद कर 8.14 लाख रुपए का भुगतान भी कर दिया गया है। भीनमाल मंडी के सचिव हरी राम जोशी ने गत 21 जून को तहसीलदार खेताराम राणा एवं ग्राम पंचायत के सरपंच रेवाराम भील से बाकायदा कब्जा भी ले लिया है। अब इस जमीन की एक दो दिनों में सफाई शुरू हो जाएगी। इसके बाद यहां चार दीवारी का कार्य करवाया जाएगा। बाद में सुव्यवस्थित एवं सुनियोजित ढंग से आधुनिक मार्केट यार्ड, चैक पोस्ट, कार्यालय, पेयजल व्यवस्था के लिए उच्च जलाशय, किसान भवन एवं गोदाम का निर्माण किया जाएगा।
जरूरत है कोल्ड स्टोरेज की 
रानीवाड़ा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर आलू, प्याज और टमाटर सहित कई प्रकार की सब्जियों की पैदावार होती है, परंतु स्टोरेज की व्यवस्था नहीं होने के कारण किसान कम मूल्य में अपनी पैदावार बेच देते हैं। रानीवाड़ा से 70 किलोमीटर दूर गुजरात के डीसा शहर में 50 से ज्यादा कोल्ड स्टोरेज बने हुए हैं। उसी की तर्ज पर रानीवाड़ा क्षेत्र में भी कृषि मंडी परिसर में कोल्ड स्टोरेज की जरूरत है, ताकि किसान टमाटर पर आलू लंबे समय तक कोल्ड स्टोरेज में रखकर ज्यादा मुनाफा कमा सके।

Friday, 24 June 2011

सुंधा ट्रस्ट पर सरकारी साया


रानीवाड़ा। 
प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री सुंधामाता ट्रस्ट पर अब सरकारी साया पडने वाला है। देवस्थान विभाग उदयपुर ने ट्रस्ट की आय-व्यय की निगरानी के लिए जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर ट्रस्ट को प्राप्त होने वाली राशि की गणना में पारदर्शिता एवं नियमितता को लेकर अधिकृत किया है।
जानकारी के मुताबिक, राजस्थान, गुजरात सहित देश के कई राज्यों के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बने श्री सुंधामाता तीर्थ को संचालित करने वाले श्री चामुण्ड़ा माताजी मंदिर ट्रस्ट में पिछले कई वर्षों से अनियमितताए एवं धांधली की शिकायत मिल रही थी। इन शिकायतों को लेकर गत जिला परिषद की बैठक में विधायक रामलाल मेघवाल ने प्रस्ताव प्रस्तुत किया था, जिसका अनुमोदन सदन ने सर्व सम्मति से पारित कर ट्रस्ट की गतिविधियों एवं आय-व्यय में पारदर्शिता के लिए राज्य सरकार को पत्र लिखकर रिसीवर लगाने का निवेदन किया था। जिला कलेक्टर ने जिला परिषद के इस प्रस्ताव को क्रियान्वयन करने के लिए राज्य सरकार को भेजा जहांं से सरकार की सकारात्मक टिप्पणी के साथ देवस्थान विभाग उदयपुर को पत्र प्रेषित किया गया है। जिस पर देवस्थान विभाग ने 10 जून को जिला कलेक्टर जालोर को पत्र प्रेषित कर श्री चामुण्ड़ा माताजी ट्रस्ट, सुंधापर्वत, दांतलावास तहसील भीनमाल में प्रशासनिक अधिकारी को नियुक्त कर पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
जिस पर जिला कलेक्टर के.के. गुप्ता 21 जून को नए निर्देश जारी कर श्री चामुण्ड़ा माताजी ट्रस्ट सुंधापर्वत में प्राप्त होने वाली राशि की गणना में पारदर्शिता एवं नियमितता के परिपेक्ष्य में मंदिर के भण्ड़ार तथा अन्य प्राप्त होने वाली भेंट राशि की गणना के लिए उपखंड अधिकारी, भीनमाल को मनोनित कर राज्य सरकार के निर्देशों की पालना करने के लिए पांबद किया है।
क्या है निर्देश :- सुंधामाता तीर्थ पर प्रतिमाह लाखों रूपए एवं सोने चांदी के गहनों की आवक होती है। अब नए निर्देशों के तहत ट्रस्ट के द्वारा संचालित भण्ड़ार को माह में एक बार निश्चित तिथि को एसडीएम के समक्ष खोला जाएगा। भण्ड़ार खोलने पर उसमें प्राप्त होने वाली राशि एवं अन्य सामग्री का लेखा-जोखा एसडीएम के समक्ष संधारित किया जाएगा। पूरा विवरण प्रत्येक माह मंदिर के पास ट्रस्ट कार्यालय के बाहर नोटिस बोर्ड पर एवं उपखंड कार्यालय भीनमाल में चस्पा किया जाएगा, ताकि कोई भी श्रद्धालु ट्रस्ट की आय-व्यय को पारदर्शिता पूर्वक देख सके। इसी तरह मंदिर के नाम पर काटी जाने वाली रसीदों एवं दी जाने वाली भैंटों अर्थात गहनों का हिसाब-किताब इसी दिन एसडीएम के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इसका सम्पूर्ण लेखा-जोखा नोटिस बोर्ड पर लगाना आवश्यक माना गया है। साथ ही ट्रस्ट की गतिविधियों, आय-व्ययों की जानकारी सहित नए होने वाले कार्यों की मासिक रिपोर्ट जिला कलेक्टर को प्रेषित करनी आवश्यक होगी।
क्या होगी भावी कार्यक्रम :- प्रशासनिक हल्कों से मिली जानकारी के अनुसार श्रीनाथजी मंदिर नाथद्वारा की तर्ज पर श्री सुंधामाता मंदिर का संचालन राज्य सरकार देवस्थान विभाग को सौंपेगा। इससे पूर्व प्रत्येक माह की निश्चित तिथि को एसडीएम के समक्ष खुलने वाले भण्ड़ारे में से निकलने वाली दान राशि एवं भैंट की गणना के लिए विडियों केमेरे एवं सीसी टी.वी. केमेरे लगाए जाएंगे, ताकि कोई भी श्रद्धालु मंदिर के बाहर भी खड़ा-खड़ा भण्ड़ारे से निकलने वाली राशि की गणना होते देख सकता है। गौरतलब यह है कि इस ट्रस्ट में कई वर्षों से लाखों रूपए के घोटाले होते आए है।
इनका कहना :-
-जिला परिषद जिले की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था होती है। गत बैठक में जनप्रतिनिधियों के द्वारा ट्रस्ट की गतिविधियों में अनियमितता को लेकर पारित किए गए प्रस्ताव पर देवस्थान विभाग ने निर्देश जारी कर आय-व्यय पर निगरानी के लिए प्रशासनिक अधिकारी लगाने का कहा है, जिस पर हमने भीनमाल एसडीएम को निगरानी के लिए नियुक्त कर दिया है और इन निर्देशों की जानकारी ट्रस्ट के सचिव एवं अध्यक्ष को भी दे दी है।
-केवल कुमार गुप्ता जिला कलेक्टर, जालोर
-राज्य सरकार ने वित्तिय व्यवस्थाओं की पारदर्शिता के लिए यह कदम उठाया है और अन्य बिंदुओं पर भी जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी। इससे जो सुंधा पर्वती य तीर्थ स्थल के विकास की राह सुदृढ होगी।
-रतन देवासी विधायक, रानीवाड़ा

Saturday, 23 April 2011

कांग्रेस ने की शहर में विकास की पहल


रानीवाड़ा।
विधायक रतन देवासी ने कहा है कि रानीवाड़ा कस्बे के विकास की पहल कांग्रेस ने की है। देवासी कस्बे में डीवाइडर निर्माण कार्य के शिलान्यास कार्यक्रम के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उर्जा मंत्री डॉ. जितेंद्रसिंह, पूर्व सांसद पारसाराम मेघवाल, प्रदेश कांग्रेस सचिव पुखराज पाराशर भी मौजूद थे। उन्होंने भाजपा पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्षों से लम्बित जन समस्याओं का समाधान कांग्रेस की सरकार ने किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जन समस्याओं के निराकरण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। देवासी ने कहा कि गत दो वर्ष में कस्बे में विकास के प्रयास किए किए गए हैं। सरपंच गोदाराम देवासी ने विधायक की ओर से करवाए गए सभी विकास कार्यो की चर्चा की गई।

सौमरी माता मंदिर के लिए सीढिय़ों का निर्माण कार्य शुरू


रानीवाड़ा।
प्रसिद्ध सौमरी माता मंदिर का कायाकल्प होने जा रहा है। राज्य सरकार के द्वारा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने को लेकर इस पर्वतीय तीर्थ स्थल को विकसित करने के लिए विधायक देवासी के प्रयासों ने रंग लाना शुरू कर दिया है। पर्वत पर स्थित मंदिर तक जाने के लिए सीढिय़ों का निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
सरपंच झमका कंवर ने बताया कि विधायक की अनुशंषा पर ग्राम पंचायत ने छ: लाख रूपए की लागत से सीढी निर्माण का कार्य शुरू किया है। इस कार्य के होने के बाद हर वर्ष सौमेरी माता के दर्शन के लिए आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को मंदिर तक आने में सुगमता महसूस हो सकेगी। उन्होंनें बताया कि पर्वत पर स्थित प्राकृतिक तालाब में साल में 8 महिने जल का संग्रहण किया जाता है। आस्था के प्रतीक इस तालाब के दर्शनाथ भी काफी तादाद में श्रद्धालु दुर्गम रास्ता पार कर आते है। सीढी निर्माण होने के बाद इस प्राचीन मंदिर का विकास हो सकेगा। इस विषय को लेकर विधायक देवासी ने बताया कि सुंधामाता की बहिन माने जाने वाली सौमेरी माता तीर्थ का विकास करने में कोई कमी नही रखी जाएगी। सीढ़ी निर्माण का प्रथम चरण का कार्य शुरू करवा दिया गया है। द्वितीय चरण में इस कार्य को पूरा कराने में धन की कोई कमी आडे नही आएगी। पर्वत की तलहटी में नलकूंप स्थापित किया जाएगा तथा विद्युत कनेक्शन ने जोड़ा जाएगा। दानदाता व श्रद्धालुओं के सहयोग से भव्य प्रवेश द्वार एवं सामुदायिक सभा भवन का निर्माण भी किया जाएगा। पर्वत की तलहटी तक जाने के लिए श्रद्धालुओं को कच्चा रास्ता पार कर जाना पड़ता था, उस जगह अब 52 लाख की लागत से डामर सड़क का कार्य भी प्रगति पर है।
तीर्थ स्थल का परिचय :- उपख्ंाड़ मुख्यालय से करीब १८ किलोमीटर चरपटिया गांव के पास यह ऐतिहासिक एवं प्राचीन तीर्थस्थल है। अरावली पर्वतमाला के इस पहाड़ का नाम सौमेरा होने के कारण इस देवी को सौमेरी माता के नाम से भी जाना जाता है। मां की प्रतिमा बिना धड़ के होने कारण इसे अधदेश्वरी भी कहा जाता है। सौमेरा पर्वत का पौराणिक एवं ऐतिहासिक दृष्टि से भी कम महत्व नहीं है। त्रिपुर राक्षस का वध करने के लिए आदि देव की तपोभूमि यहीं मानी जाती है। यह स्थान अनेक ऋषि-मुनियों की तपोभूमि रही है तथा यही पर भारद्वाज ऋ षि का आश्रम भी बताया जाता है।
प्रभाव व श्रद्धालु:- राजस्थान के अलावा गुजरात, महाराष्ट्र एवं मध्यप्रदेश से प्रतिवर्ष हजारों लोग यहाँ दर्शन के लिए आते हैं। साल में दो बार नवरात्रों के समय यहाँ नौ दिन मेले सा आयोजन होता है और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट जाती है। हर माह के शुक्ल पक्ष की तेरस से पूर्णिमा तक मंदिर में अधिक दर्शानार्थी आते हैं। यह स्थान की प्राकृतिक छटा, मनोरम वातावरण, पर्वत पर फैली हरियाली, रेत के पहाड़ एवं कल-कल बहते झरने तथा आयुर्वेद की महत्वपूर्ण दुर्लभ जड़ी-बूटियों का भंडार को देखकर वर्तमान में यह किसी पर्यटक स्थल से कम नजर नहीं आता है। सौमेरीमाता मंदिर क्षेत्र को ईको टूरिज्म के रूप में विकसित करने लिए राशि स्वीकृत करने के लिए लोगों ने विधायक रतन देवासी आभार जताया।

Friday, 22 April 2011

राजीवगांधी का सपना हुआ साकार - डॉ. सिंह


रानीवाड़ा।
पंचायत समिति मुख्यालय पर आज लोकार्पण होने जा रहे भारत निर्माण राजीव गांधी सेवाकेंद्र स्वर्गीय प्रधानमंत्री राजीवगांधी की देन है। आज उनका सपना साकार हो रहा है। यह रानीवाड़ा के लिए ऐतिहासिक घटना है। यह बात ऊर्जा मंंत्री डॉ. जितेंद्रसिंह ने सेवाकेंद्र के उदघाटन समारोह में कही। उन्होंनें कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत को जयपुर से जोडऩे के बीच यह केंद्र सेतु का काम करेगा। भवन में टच स्क्रीन लगाई जाएगी, जिस पर कलेक्टर व मुख्यमंत्री विडिय़ों कोन्फ्रेसिंग कर सकेंगे। इसी तरह की व्यवस्था प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर होने जा रही है। अब भविष्य में प्रदेश का कोई भी नागरीक, जन्म, जाति, मूल-निवास सहित कई प्रकार के प्रमाण-पत्रों, खेत की जमाबंदी, पेंशन प्रकरण, विद्युत, जलदाय, टेलीफोन सहित अन्य विभागों के बिल भी जमा किए जा सकेेंगे। उन्होंनें बताया कि राज्य सरकार का कुल बजट २८ हजार करोड़ है। जिसमें से मुख्यमंत्री ने 13 हजार करोड़ रूपए विद्युत विभाग को आंवटित किया है। विभाग को पैसों की कोई कमी नही है। विद्युत संबंधित कोई भी विकास का कार्य आसानी से नियमानुसार करवाया जा सकता है। रानीवाड़ा क्षेत्र में भी विधायक रतन देवासी की अनुशंषा पर बारह 33केवी जीएसएस स्वीकृत किए है। अतिशीघ्र अन्य कार्य भी स्वीकृत करवाए जाएंगे। उन्होंनें बताया कि सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक तीन ग्रामपंचायतों के बीच एक 33केवी का जीएसएस बनाने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि हर गांव को अच्छी वॉल्टेज की बिजली मिल सके। राजस्थान सरकार अन्य राज्यों की तुलना में किसानों को आधी दर में विद्युत आपूर्ति कर रही है। पूरानी सरकार ने विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में शून्य उपलब्धी हासिल की थी, जबकि गहलोत सरकार विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में भी कई कारखाने स्थापित किए है। इस समय दिसम्बर 2008 तक जिन किसानों ने विद्युत कनेक्शन के लिए आवेदन किया है, उनका निस्तारण अतिशीघ्र कर दिया जाएगा। जिससे सरकार को 63 हजार नए कनेक्शन करने पड़ेंगे। मुख्यमंत्री के प्रयासों से बीपीएल को मुफ्त ईलाज की व्यवस्था की गई है। अब कोई भी बीपीएल या एपीएल परिवार सरकार के निर्देशानुसार अपना ईलाज अच्छे से अच्छे सरकारी अस्पताल में करवा सकता है।
इस अवसर पर विधायक रतन देवासी ने कहा कि देश में तकनीकी क्रांति का सूत्रपात राजीव गांधी ने किया था। आज घर-घर में मोबाईल, इंटरनेट सहित कम्प्यूटर देखे जा रहे है। यह सब राजीव गांधी की ही देन है। उन्होंनें कहा कि सेवा केंद्र किसानों के लिए मददगार साबित होगा। इन केंद्रों पर किसान अपने फसल का वास्तविक मूल्य मालुम कर सकेेंगे तथा देश की किसी भी मंडी में अपनी फसल बेच सकेंगे। केंद्रों पर रेल व बस के टीकट भी बनाए जाएंगे। देवासी ने कहा कि रोहिट से रानीवाड़ा वाया भीनमाल तक ४० फीट चौड़ा डामर मार्ग बनाया जाएगा। जिसको राज्य सरकार ने हरी झंडी दे दी है। उन्होंनें डॉ. जितेंद्रसिंह की तारीफ करते हुए कहा कि गुर्जर आंदोलन का शांतिपूर्वक ढंग से समाधान करने में आपकी अहम भूमिका रही है। उन्होंने मंत्रीजी से बडग़ांव व जसवंतपुरा में एईएन व करड़ा में जेईएन कार्यालय स्वीकृत करवाने का निवेदन किया है।
इस अवसर जिला कलेक्टर केवलकुमार गुप्ता ने कहा कि जिले में ८ राजीवगांधी सेवाकेंद्र स्वीकृत है। जिनमें से चार को लोकार्पण हो चुका है। अन्य का कार्य प्रगति पर है। उन्होंनें उपखंड़ अधिकारी को निर्देशित कर कहा कि आज लोकार्पित हो रहे इस सेवाकेंद्र में आज से ही महानरेगा का कार्यालय शुरू किया जाए। केंद्र पर अतिशीघ्र सोलर सिस्टम लगाया जाएगा। उन्होंनें ऊर्जा मंत्री से राजीव गांधी ग्रामीण विद्युत वितरण योजना के तहत 111 करोड़ की योजना को स्वीकृत करवाने का निवेदन किया, ताकि जिले की ५० हजार ढाणियों का विद्युतिकृत किया जा सके।
इससे पूर्व विकास अधिकारी ओमप्रकाश शर्मा ने सेवाकेंद्र के बारे में बताते हुए कहा कि इस केंद्र के निर्माण पर २५ लाख रूपए महानरेगा योजना के तहत खर्च किए गए है। जिसके तहत सोलर सीस्टम भी सम्मिलित है। कार्यक्रम को वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुखराम विश्रोई, प्रदेश सचिव पुखराज पारासर ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला उपप्रमुख मूलाराम राणा, कार्यवाहक एसडीएम खेताराम सारण, भीनमाल नगरपालिका अध्यक्ष हीरालाल बोहरा, प्रधान देराम विश्रोई, प्रधान दीपाराम भील, दरगाराम देवासी, परसराम ढाका, सुरेश सियाक, गणपत करवाड़ा, फगलूराम खिंचड़, जीवाराम देवासी, भाणाराम बोहरा, ललिता बोहरा सहित कई जने उपस्थित थे।

Wednesday, 20 April 2011

प्रसिद्ध सेवाडिय़ा मेले का हुआ समापन


रानीवाड़ा।
प्रसिद्ध आपेश्वर पशु मेला सेवाडिय़ा का आज राजस्थान सरकार के ऊर्जा मंत्री डॉ. जितेंद्रसिंह व स्थानिय विधायक रतन देवासी ने विधिवत ढंग से समापन किया। इस अवसर पर भव्य रंगारंग कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। विजेता पशुपालकों को स्मृति चिन्ह व प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला कलेक्टर केवल कुमार गुप्ता, पूर्व सांसद पारसाराम मेघवाल, प्रदेश कांग्रेस सचिव पुखराज पारासर, पूर्व प्रधान सुखराम विश्रोई सहित कई जने उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री डॉ. सिंह ने कहा कि कुछ वर्षों पूर्व गोवंश की हर घर में महत्वपूर्ण भूमिका हुआ करती थी, परंतु समय के साथ अब तकनीकी व मशीनी क्रांति आने के बाद गोवंश की महत्ता कम होने लगी है, फिर भी आने वाले समय में गोवंश को लेकर मेलों का भविष्य सुनहरा होगा। उन्होंनें कहा कि जिस घर में बैलों की जोड़ी हुआ करती थी, उस घर का समाज में मान, सम्मान व प्रतिष्ठा हुआ करती थी। पशुपालन को प्रोत्साहित करने के लिए रानीवाड़ा डेयरी की अहम भूमिका हो सकती है। सभी पशुपालक सहकारिता आंदोलन में सहयोग कर इस डेयरी में सहभागिता कर सकते है। जिससे उनका आर्थिक स्तर भी सुधर सकता है। जिस घर में दो भैंस या गाय होती है तो डेयरी से जुडऩे पर उनके घर पर मासिक दस हजार की आय हो सकती है। उन्होंने कहा कि बीकानेर में ऊंटनी के दूध पर कई चिकित्सक शौध कर रहे है। ऊंटनी का दूध स्वास्थ्य के लिए लाभदायक माना जाता है। इस दूध के सेवन से शरीर में मधुमेह की बीमारी नही होती है। अत: पशुपालन को सभी पशुपालक ज्यादा से ज्यादा अपनाए, जिससे मेले का भविष्य भी सुधर सके।
सिंह ने बताया कि राज्य सरकार ने विशेष पिछड़ा वर्ग के उत्थान के लिए दो सौ करोड़ का पैकेज निर्धारित किया है। जिले में विधायक रतन देवासी की अनुशंषा पर अतिशीघ्र आवासीय विद्यालय शुरू किया जाएगा। जिस पर दस करोड़ रूपए खर्च किए जाएंगे।
विधायक देवासी ने कहा कि प्रसिद्ध मेले को सफल बनाने के लिए उन्होनें व्यवस्थाओं में सुधार करने का प्रयास किया है। अगले वर्ष आयोजित होने वाले इसी मेले में ओर भी सुधार किए जाएंगे। व्यवस्था में सुधार को लेकर नागरिकों से सलाह ली जाएगी। इस वर्ष यह मेला सफल हुआ है, जिसके पिछे समिति के कर्मचारियों व अधिकारी का जनप्रतिनिधियों से टीम वर्क की भावना से काम करना है। मेले में ठेके पे देने से पंचायत समिति को दो वर्षों में 10 लाख की आय हुई है, जो कि एक उपलब्धि है। इस आय से मेला परिसर में जीएलआर एवं ट्यूबवेल तैयार किए जाएंगे। ताकि आने वाले मेलों में पंचायत समिति प्रशासन को पेयजल की समस्या से निजात मिल सके। सूरक्षा व्यवस्था को सुदृढ करने के लिए मेला परिसर के चारों तरफ महानरेगा योजना के तहत चारदीवारी का निर्माण कर वृक्षारोपण किया जाएगा। ताकि भविष्य में पशुपालकों को वृक्षों की छाया मिल सके।
मेलाधिकारी ओमप्रकाश शर्मा ने प्रतिवेदन पढकर मेले की आय-व्यय व ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला, उन्होंनें कहा कि इस वर्ष बैलों की जोड़ी सर्वाधिक ६५ हजार में बिकी है, जो कि मेले के लिए एक उपलब्धी है। जिला कलेक्टर गुप्ता ने मेले की प्रगति को लेकर अपनी बात कही। पूर्व सांसद पारसाराम मेघवाल ने पशु पालन को बढ़ावा देने की बात कही। पूर्व प्रधान सुखराम विश्रोई ने मेले की व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर विधायक देवासी की प्रसंशा की। प्रदेश सचिव पुखराज पाराशर ने ग्रामीण संस्कृति व परंपराओं के संरक्षण में मेले की अहम भूमिका के बारे में कहा। इस अवसर पर सभी पंचायत समिति सदस्यों, जिला परिषद सदस्यों, सरपंचों सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। मुख्य डॉ. सिंह को विधायक ने पट्टु ओढाकार व तलवार भैंट कर सम्मान प्रदान किया गया। सभी अतिथियों को विशेष स्मृति चिन्ह भी प्रदान किए। विजेता पशु पालकों को स्मृति चिन्ह के साथ प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Thursday, 14 April 2011

बैलों की पूजा के साथ सेवाडिय़ा मेला हुआ शुरू


रानीवाड़ा।
ग्रामीण क्षेत्र में मेलों की प्राचीन परंपरा रही है। आमजन से गहरा रिश्ता है। मेलों से पशुपालकों व किसानों को आर्थिक संबल मिलता है। यह बात आज गुरूवार को श्री आपेश्वर महादेव पशु मेला सेवाडिय़ा के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद जिला प्रमुख श्रीमति जसवंत कंवर ने कही। उन्होंनें कहा कि मेलों के आयोजन से विभिन्न प्रदेशों की संस्कृति का मिलन होता है। मेले पशुपालकों व किसानों के बीच सेतु का काम करते है। सेवाडिय़ा पशुमेला जिले का प्राचीन पशु मेला है, जिसकी पहचान राजस्थान सहित कई प्रदेशों में है। जिला एवं स्थानीय प्रशासन का यह प्रयास रहता है कि इस मेले में पशुपालकों को अधिक से अधिक सुविधाए एवं अच्छी व्यवस्थाए प्रदान की जाए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर केवल कुमार गुप्ता ने कहा कि सेवाडिय़ा पशुमेले के शुभारंभ के अवसर पर 11 हजार पशुओं का आना मेले एवं पशुपालको के लिए शुभ संकेत है। यह मेला उत्तरोत्तर प्रगति पर है। क्षेत्र वासियों के लिए हर्ष अवसर है कि इस प्राचीन परंपरा को अभी तक मनाया जा रहा है। प्रशासन का व्यवस्था के साथ दायित्व भी बढ़ता जा रहा है। मेले की सफलता के पिछे सभी विभागों के समन्वय के साथ कार्य करना है। उन्होंनें कहा कि आने वाले समय में इस मेले में निरंतर पशुओं की तादाद बढ सके, इसके लिए पंचायत समिति प्रशासन को विशेष प्रयास करने चाहिए। जिला प्रशासन व्यवस्था में सहयोग देने के लिए हमेशा तत्पर रहेगा। प्रशासन का यह प्रयास रहेगा कि विभिन्न प्रदेशों से आने वाले पशुपालकों एवं व्यापारियों को कोई परेशानी न झेलनी पड़े। इसके लिए विशेष प्रयास करने चाहिए। उन्होंनें मेले की व्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय विधायक रतन देवासी के प्रयासों की सराहना की। अतिशीघ्र मेला क्षेत्र में चार दीवारी अथवा फैन्सींग का कार्य महानरेगा योजना के तहत करवाया जाएगा। साथ ही धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आपेश्वर महादेव मंदिर के सामने इन्टरलोकिंग योजना के तहत ग्रेवल सहित डामर सड़के भी स्वीकृत करवाई जाएगी।
इस अवसर पर स्थानीय रतन देवासी ने गत वर्ष से मेले की व्यवस्थाओं में सुधार किया जा रहा है। जिसके तहत प्रचार-प्रसार को लेकर नई तकनीकी का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस क्रम में होर्डींग्स, बैनर्स, स्मृति चिन्ह सहित अन्य प्रचार सामग्रीया तैयार करवाने का पेटर्न शुरू किया गया है। उन्होनें बताया कि मेले की व्यवस्थाओं को गत वर्ष एवं इस वर्ष ठेके में दिया गया है, जो कि पंचायत समिति के लिए नफे का सौदा साबित हुआ है। मेले की व्यवस्थाओं को स्थायीकरण करने को लेकर मेला परिसर में नलकूप व टीनशेड़ तैयार करवाए जाएंगें। साथ ही पेयजल व्यवस्था को पुख्ता करने को लेकर जीएलआर का निर्माण भी करवाया जाएगा। आपेश्वर महादेव मंदिर के सामने चौराहा निर्माण कर उस पर हाईमास्क लाईट लगाने का कार्य भी करवाया जाएगा।
शुभारंभ समारोह के विशिष्ट अतिथि भीनमाल पूर्व विधायक डॉ. समरजीतसिंह ने कहा कि पशु मेलों की महत्ता पशु पालक अच्छी तरह से जानते है, पशुमेले हमारे ग्रामीण संस्कृति को पोषित करते है। मेले की व्यवस्थाओं का स्थायीकरण करने से मेले का भविष्य सुनहरा होने की प्रबल संभावना है। उन्होंनें कहा कि राज्य सरकार विकास को लेकर संवेदनशील है। योजना आयोग के उपाध्यक्ष का जालोर द्वारा करोड़ों का पैकेज लेकर आएगा, जिससे नर्मदा का नीर पीने के लिए रानीवाड़ा व भीनमाल को भी अतिशीघ्र नसीब हो पाएगा। साथ ही राज्य सरकार के प्रयासों से रोहिट से रानीवाड़ा तक की डामर सड़क को मीड-वे के रूप में विकसित किया जाएगा।
मेलाधिकारी ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि गोवंश सरंक्षण एवं पशु कु्ररता अधिनियम को पालना को सख्ती से अमलीजामा पहनाया जाएगा, इस कार्य के लिए गुप्तचर की टीम का गठन किया गया है, जो कि मेला परीसर में इस तरह की अवैध गतिविधियों पर नजर रखेगी। उन्होंनें मेला प्रतिवेदन का गठन कर मेले के ईतिहास के बारे में बताया। कार्यवाहक एसडीएम खेताराम सारण ने भी व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी दी। इस अवसर पर प्रधान राधादेवी देवासी, उपप्रधान रावताराम मेघवाल, जिला उपप्रमुख मूलाराम राणा, पूर्व प्रधान देराम विश्रोई, सांचोर उपप्रधान दरगाराम देवासी, समाजसेवी हरजीराम, सरपंच गोदाराम देवासी, परसराम ढाका, भीनमाल नगरपालिका अध्यक्ष हीरालाल बोहरा, जिला परिषद सदस्या ललिता बोहरा, सेवाडिय़ा महंत रतनभारती सहित कई जने उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन ताराचंद भारद्वाज के द्वारा किया गया।

Monday, 28 March 2011

रामसीन-रानीवाड़ा मार्ग का होगा कायाकल्प

रानीवाड़ा! बढ़ते यातायात दबाव को ध्यान में रखते हुए अब शीघ्र ही रामसीन से रानीवाड़ा वाया भीनमाल तक सड़क नवीनीकरण के लिए एस्टीमेट तैयार होगा। इसके लिए सार्वजनिक निर्माण मंत्री प्रमोद जैन ने विभागीय सचिव और अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए हंै। गौरतलब है कि रिमोट (रिपेयर इम्प्रूवमेंट मेंटेन ऑपरेट एंड ट्रांसफर) योजना के तहत रोहिट से सिरोही जिला बोर्ड वाया जालोर, रामसीन, जसवंतपुरा सड़क नवीनीकरण के लिए ११५ करोड़ का एस्टीमेट तैयार हो चुका।
जिला प्रमुख जसवंत कंवर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. समरजीतसिंह, रानीवाड़ा विधायक रतन देवासी व प्रदेश सचिव पुखराज पाराशर ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व सानिवि मंत्री प्रमोद जैन से मलाकात कर रोहिट से सांचौर वाया भीनमाल फोर लेन की मांग की गई थी। इसी के तहत रोहिट से सिरोही जिला बोर्ड वाया जसवंतपुरा एस्टीमेट तैयार किया गया था, लेकिन रामसीन से रानीवाड़ा वाया भीनमाल ६३ किलोमीटर मार्ग इससे वंचित रखा था। जिसके लिए पुन: मांग करने पर मंत्री जैन ने विभागीय सचिव एवं अधीक्षण अभियंता जालोर को इस मार्ग के लिए शीघ्र ही अनुमानित तकमीना तैयार कर राज्य सरकार को भेजने के निर्देश दिए। सहायक अभियंता रानीवाड़ा अमृतलाल वर्मा ने बताया कि अनुमानित तकमीना तैयार करने का कार्य अंतिम दौर में चल रहा है। शीघ्र ही पूरा कर उच्च अधिकारियों को भिजवाया जाएगा। इसी प्रकार रानीवाड़ा विधायक रतनदेवासी और कांग्रेस जिला अध्यक्षक समरजीतसिंह ने कहा कि रोहिट से आहोर, जालोर, बागरा, रामसीन, सिरोही जिला बोर्ड, भीनमाल व रानीवाड़ा तक सड़क नवीनीकरण से यातायात को नई व्यवस्था मिलेगी। इससे विकास के भी नवीन मार्ग खुलेंगे।

Monday, 28 February 2011

रेल मंडल के डीसीएम ने रेलवे स्टेशन का लिया जायजा


रानीवाड़ा।
रानीवाड़ा कस्बे के रेलवे प्लेटफार्म पर मूलभूत व्यवस्थाओं एवं सौंदर्यकरण को लेकर जोधपुर रेल मंडल के डीसीएम जी.एम. शर्मा ने रेलवे स्टेशन का जायजा लिया। इस दौरान विधायक रतन देवासी ने भी यात्रियों की ओर से समस्याओं को लेकर ध्यान आकर्षित करवाया। शर्मा ने आज रेलवे डाक बंगले में कस्बा वासियों व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। विधायक देवासी ने उनसे कहा कि रेलवे स्टेशन का मुख्य गैट संकड़ा होने के कारण यात्रियों का अपने वाहन पार्किंग एवं आने-जाने में समस्याएं झेलनी पड़ती है। रेलवे स्टेशन का मुख्य गैट पुलिस थाने के पास स्थित डाक बंगले के सामने किया जाए, जिससे यातायात के बाधित होने की समस्या समाप्त हो सकेगी एवं स्टेशन का सौंदर्यकरण भी हो सकेगा। इस कार्य के लिए यदि रेल निगम के पास बजट की कमी है, तो कई दान-दाता सुंदरगेट बनाने के लिए तैयार है। देवासी ने वाहन पार्किंग स्थल का समतलीकरण कर दीवार की ऊंचाई करके उस पर रैलिंग लगाने की मांग भी रखी, ताकि सड़क पर गुजरते समय यात्रियों को पार्किंग में खड़े वाहन सरलता से दिख सके।
सरपंच गोदाराम देवासी ने रेलवे प्लेटफार्म के उस पार सांचोर रेलवे क्रोसिंग से भीनमाल रेलवे क्रोसिंग के बीच सड़क निर्माण के लिए भूमि आवंटित करने की मांग रखी। उन्होंनें बताया कि यह बाईपास बनने से प्लेटफार्म के उस पार आवासीय कॉलोनी के लोगों को आवागमन एवं क्रोसिंग बंद होने की स्थिति में वाहन चालकों को इस पार से उस पार जाने में सुगमता महसूस हो सकेगी। समाजसेवी हरजीराम देवासी ने भीनमाल रेलवे क्रोसिंग के पास स्थित बरसाती नाले पर बने हुए पुल के नीचे से वाहन गुजरने के लिए निगम से अनापति प्रमाण पत्र प्रदान करने का निवेदन किया, ताकि क्रोसिंग बंद होने के समय आपात कालिन स्थिति में वाहनों को उक्त नाले से गुजारा जा सके।
एसडीएम कैलाशचंद्र शर्मा ने बताया कि रानीवाड़ा कस्बे के अंदर से सांचोर आबुरोड़ राज्य मार्ग गुजर रहा है। यातायात के भारी दबाव के चलते कई बार जाम लगने की स्थिति बन जाती है। इस समस्या के समाधान को लेकर प्रशासन ने विधायक की पहल पर जारड़ा से सेवाडिय़ा के बीच गुजरने वाली ग्रेवल सड़क का डामरीकरण करने का प्रस्ताव सरकार को भिजवाया है। जिसको आदर्श बाईपास बनवाया जाएगा, परंतु इस सड़क मार्ग पर मानव रहित रेलवे फाटक होने की वजह से जन हानि की संभावना रहेगी। अत: इस मार्ग पर स्वचालित फाटक  की स्वीकृति मिलती है, तो कस्बे की यातायात समस्या का काफी हद तक समाधान हो सकता है।
वरिष्ठ नागरिक जुगराज जीनगर ने सवारी गाड़ी के वर्तमान समय को बदलने एवं फेरे बढ़ाने की बात कही। ग्रामसेवक भाणाराम बोहरा ने पुलिस थाने के सामने रेलवे भूमि में सुलभ शौचालय का निर्माण करने की बात बताई, ताकि रेलवे यात्रियों को शौचालय की समस्या से निजात मिल सके।
डीसीएम शर्मा ने विधायक एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उक्त समस्त स्थलों का मौका मुआयना कर यथासंभव स्वीकृतिया जारी करने का आश्वासन दिया। उनके साथ सीएमआई दिलीप चौधरी, ए.एस.एम. सुबोधकुमार, तहसीलदार खेताराम सारण, सहायक अभियंता अमृतलाल वर्मा, वीराराम वाघेला सहित कई जने मौजूद थे।

Tuesday, 22 February 2011

देवासी ने विकास कार्यो का लिया जायजा


रानीवाड़ा।
उपखंड़ कार्यालय में आज सोमवार को विधायक रतन देवासी एवं एसडीएम कैलाशचंद्र शर्मा ने ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की फोलोअप बैठक का आयोजन कर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यो की समीक्षा की। इस अवसर पर देवासी ने कहा कि अगले माह से किसानों की विद्युत संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर डिस्कॉम कार्यालय में शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र में प्रस्तावित नए ३३ केवी विद्युत उप केंद्रों के बारे में अधिकारियों से जानकारी भी ली। कस्बे में सांचोर बाई पास सहित डेयरी के आस पास रहने वाले लोगों की पेयजल समस्या के लिए जलदाय विभाग के अधिकारियों को उच्च जलाशय यानि ओवर हैड़ टैंक का तकमिना बनानें के निर्देश दिए। उन्होंने जलदाय विभाग के द्वारा आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी लेकर कहा कि क्षेत्र में इस बार कहीं पर भी पेयजल की समस्या नही होगी। सरकार के पास इस काम के लिए धन की कोई कमी नही है। उन्होंने रानीवाड़ा कस्बे में इन दिनों भारी तादात में हो रहे अनियमित कृषि भूमि रूपांतरण पर चिंता जताते हुए कहा कि कृषि भूमि का सरकारी नियमानुसार रूपांतरण कर आवासीय कॉलोनियां बनाई जाए, ताकि भविष्य में रानीवाड़ा कस्बे का सुनियोजित ढ़ंग से विकास किया जा सके। उन्होंने कहा कि आवासीय रूपांतरण से पूर्व संबंधित ग्राम पंचायत का अनापत्ति प्रमाण पत्र एवं कॉलोनी के नक्शें को ग्राम पंचायत से प्रमाणित करवाना आवश्यक किया जाए, ताकि उक्त कॉलोनी में सरकार एवं ग्राम पंचायत विकास के कार्य करवा सके। इस बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों के अलावा समाजसेवी हरजीराम देवासी, रानीवाड़ा सरपंच गोदाराम देवासी ने भी भाग लिया।

Saturday, 29 January 2011

केजीबी का हुआ लोकार्पण

रानीवाड़ा। कस्तुरबा गांधी आवासीय विद्यालय जालेरा कलां एवं कस्बे की सीएचसी में नवनिर्मित प्रसुती वार्ड का आज चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री डॉ. राजकुमार शर्मा एवं विधायक रतन देवासी के द्वारा लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर डॉ. शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार की यह मंछा है कि ग्रामीण क्षेत्र के आम गरीब तक स्वास्थ्य सेवाएं सरलता एवं सुगमता से उपलब्ध हो सके। इस उद्देश्य को लेकर सरकार दृढ संकल्परत है। क्षेत्र के ग्रामीण चिकित्सालयों में चिकित्सकों के रिक्तपद मार्च के बाद भर दिए जाएंगे। उन्होंनें बताया कि पैरा मेडि़कल स्टाफ की भी प्रत्येक गांव में सुविधा उपलब्ध हो सके, ऐसी व्यवस्था प्रदेश स्तर पर करवाई जा रही है। उन्होंनें बताया कि प्रत्येक जनप्रतिनिधि को भारत एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी होनी आवश्यक है। उक्त योजनाओं के तहत ्रग्रामीण क्षेत्र तक प्रत्येक व्यक्ति को लाभांवित करने का कार्य जनप्रतिनिधि का होता है। जिसमें सरपंच की भूमिका अहम मानी जाती है। उन्होंनें बताया कि बालिका शिक्षा का प्रतिशत जालोर जिले में कम होना दुर्भाग्य पूर्ण है। यह भी जानकारी मिली है कि जिले में अभी तक ७८ हजार बालक विद्यालय में नामांकित नही है।
अत: सर्व शिक्षा अभियान कार्यालय के समस्त अधिकारी एवं कार्मिक शिक्षा से वंचित उक्त बालकों को अतिशीघ्र विद्यालय से जोड़े इस कार्य को लेकर विस्तृत योजना बनाने की जरूरत है। उन्होंनें राजस्थानी लहेजे में संबोधन देते हुए मारवाड़ के लोगों की तारीफ करते हुए कहा कि आपके द्वारा दिए गए सम्मान को बरकरार रखते हुए क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं में कोई कमी नही आने दी जाएगी।  इस अवसर पर विधायक रतन देवासी ने कहा कि रानीवाड़ा क्षेत्र में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की जरूरत है। आज कस्तुरबा गांधी आवासीय विद्यालय के भवन का उदघाटन होने से विद्यालय में अध्ययनरत बालिकाओं को अब विशेष सुविधाए उपलब्ध हो सकेगी। सभी सुविधाओं से सम्पन्न इस भवन में अतिशीघ्र विधायक कोष से वाटर कुलर एवं आर.ओ. प्लान्ट लगाया जाएगा। उन्होंनें बताया कि जालेरा की तर्ज पर जसवंतपुरा में भी केजीबी का भवन उदघाटन के लिए तैयार है, वहां भी अतिशीघ्र उक्त नवनिर्मित भवन का लोकार्पण कर दिया जाएगा। उन्होंनें बताया कि क्षेत्र की एससी व एसटी वर्ग की बालिकओं के लिए डूंगरी व मेड़ा में अतिशीघ्र छात्रावास स्वीकृत होने जा रहे है। जिससे उक्त पिछड़े वर्ग की बालिकाएं भी अपना शैक्षणिक स्तर सुधार सके। देवासी ने बताया कि क्षेत्र में पेयजल की योजनाओं को लेकर राजनीति नही की जाएगी। जालेरा कलां में भी दो नलकूप स्वीकृत करवाए गए है। जिससे गांव की पूरानी पेयजल समस्या का स्थाई समाधान हो सकेगा। उन्होंनें कहा कि राज्य सरकार की यह मंछा है कि ग्रामीण क्षेत्र मे ंपानी, बिजली, सड़क एवं शिक्षा जैसी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति की जा सके।  इसी उद्देश्य को लेकर आगामी कार्य योजना बनाई गई है।
उन्होंनें बताया कि इस वर्ष अप्रेल माह से क्षेत्र की पेयजल समस्याओं के समाधान के लिए लगभग २.५ करोड़ रूपए खर्च किए जाएंगे। इस कार्य को लेकर जलदाय विभाग, प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की समिति बनाकर विस्तार से कार्य योजना बनाने का कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की समस्त राउप्रावि में प्रधानाध्यापकों के पद भर दिए गए है, अतिशीघ्र शिक्षकों की नियुक्तिया भी होने जा रही है। उन्होंनें गरीब लोगों की वाजिब मांग का समर्थन करते हुए अतिशीघ्र समाधान करने का वायदा भी किया। इस अवसर पर जालेरा कलां सरपंच रेवाराम भील, जिला परिषद सदस्या ललिता बोहरा, पंचायत समिति सदस्य वागाराम देवासी, प्रधान राधादेवी देवासी, एसडीएम कैलाशचंद्र शर्मा सहित कई लोग उपस्थित थे। विद्यालय के लिए भूमि दान देने वाली महिला भूरीदेवी राणा का भी मंत्री ने शाल ओढ़ाकर सम्मान प्रदान किया।

भाजपा ने प्रेस वार्ता बुलाई


रानीवाड़ा।
कस्बे के भाजपा कार्यालय में आज शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर कांग्रेस सरकार के दो साल के दौरान करवाए गए विकास कार्यों को लेकर प्रकाशित पुस्तिका में दर्शाए गए तथ्यों का विरोध किया। भाजपा जिला प्रवक्ता मुकेश खंड़ेलवाल एवं भाजयुमों प्रभारी रतनसिंह कोडि़टा ने संवाददताओं को बताया कि उक्त पुस्तिका में कांग्रेस पार्टी का महिमा मंडन किया गया है। उन्होंने बताया कि दो साल के कार्यकाल के दौरान विधायक के द्वारा ठोस कार्य नही करवाए गए है। कस्बे में सौंदर्यकरण को लेकर अभी तक कोई कार्य शुरू नही करवाए गए है। क्षेत्र में विद्युत व पानी की समस्या गहराती जा रही है। डामर सड़कों की आवागमन के लायक नही रह गई है। इतना ही नही सड़कों पर अभी तक पैच वर्क भी नही किया गया है। भाजपा ने मालवाड़ा चार रास्ते पर खेल मैदान के लिए आरक्षित की गई भूमि का विरोध किया है। उन्होंनें बताया कि खेल प्रतिभाओं को यदि तरासना है, तो प्रत्येक विद्यालय के खेल मैदान को विकसित किया जाए। खंडेलवाल ने विधायक देवासी के द्वारा पोस्टर एवं पुस्तिका का विमोचन को मात्र प्रचार का प्रोपोगंड़ा बताया है।

Friday, 28 January 2011

कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन सम्पन्न

रानीवाड़ा।
पंचायत समिति सभा भवन में आज गुरूवार को कांग्रेस सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर कार्यकर्ताओं का सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में विधायक रतन देवासी के द्वारा दो वर्षों के कार्यकाल के दौरान करवाए गए विकास कार्यों को लेकर प्रकाशित रानीवाड़ा टूडे नामक पुस्तिका एवं विकास कार्यों को लेकर बनाए गए पोस्टरों का विमोचन भी मुख्य अतिथि डॉ. राजकुमार शर्मा सहित अन्य अतिथियों के द्वारा किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि शर्मा ने कहा कि विधायक रतन देवासी के द्वारा दो वर्षों के दौरान करवाए गए विकास कार्यों को लेकर प्रकाशित की गई इस पुस्तिका का समूचे प्रदेश में कांग्रेस सरकार के प्रति आम जनता में सकारात्मक संदेश जाएगा। उन्होंनें बताया कि समूचे प्रदेश में यह इस तरह का पहला प्रयास माना जाता है। उन्होंनें बताया कि यह कार्य सराहनीय है तथा नया रानीवाड़ा के लिए क्षेत्र के लोगों को शुभकामनाएं जैसा है। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की मुख्य धूरी गांव का कार्यकर्ता है। इस धूरी पर ही पूरी कांग्रेस पार्टी टिकी हुई है। कांंग्रेस पार्टी की यह विशेषता है कि सत्ता में आने के बाद भी वह आम कार्यकर्ता से लगातार सम्पर्क बनाए रखती है। जिसका प्रत्यक्ष प्रमाण आज का कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन है। पार्टी के पदाधिकारी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के सुख दुख में बराबर के भागीदार माने जाते है। अत: इस पार्टी की ग्रास रूट पर पकड़ होने की वजह से ही पार्टी दिनो दिन मजबूत होती जा रही है। शर्मा ने ऐसे सम्मेलन हर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित करवाने की बात कही, ताकि कार्यकर्ताओं में ऊर्जा के नवसंचार हो सके।
इस अवसर पर विधायक देवासी ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है। आज का कार्यक्रम क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्सव जैसा माना जा सकता है। जिसका प्रत्यक्ष प्रमाण इस सम्मेलन में उपस्थित लोगों की संख्या को देखते हुए लगाया जा सकता है। उन्होंनें बताया कि सत्ता में आने के बाद संगठन की इस प्रथम कडी को कभी दरकिनार नही करना चाहिए। उन्होंनें बताया कि विकास की राह में बाधाए खुब आती है। सरकार के 24 माह के कार्यकाल के दौरान 16 माह आचार सहिंता में होने से विकास प्रभावित हुआ है, परंतु अब विकास करवाने का समय आया है। आज विमोचित हो रही रानीवाड़ा टूडे पुस्तिका में दो सालो के विकास कार्यों का लेखा जोखा प्रस्तुत किया गया है। इस तरह की पुस्तिका प्रत्येक वर्ष मेंं प्रकाशित की जाएगी, ताकि जनता को जनप्रतिनिधि के द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी मिलती रहे। उन्होंनें कस्बे में नरेगा योजना के तहत खेल मैदान के नवीनीकरण के कार्य व पैवेलियन बनाने की जानकारी दी। इसी तरह कस्बे के भीनमाल रेल्वे क्रोसिंग से पुलिस थाने तक डिवाईडर एवं फुट टे्रक बनाने का कार्य अतिशीघ्र स्वीकृत करवाने की जानकारी दी। कस्बे के सौंदर्यकरण को लेकर विहंगम सर्वें का कार्य जारी है। सर्वे होने के बाद कस्बे का चहुंमुखी विकास के लिए दानदाताओं सहित राज्य सरकार की आर्थिक मदद से कई प्रोजेक्ट शुरू करवाए जा रहे है।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. समरजीतसिंह राठौड़, पूर्व जिला प्रमुख मंजू मेघवाल, पूर्व जिला महासचिव गंगाराम खींचड़, पूर्व प्रधान सुखराम विश्रोई सांचोर, सांचोर प्रधान डॉ. शमशेर अली, जसवंतपुरा प्रधान दीपाराम भील, भीनमाल प्रधान चंदणी देराम विश्रोई, भीनमाल नगर पालिका अध्यक्ष हीरालाल बोहरा, जिला उपप्रमुख मूलाराम राणा, सांचोर नगरपालिका अध्यक्ष रमेश मेहता, सरपंच गोदाराम देवासी, समाजसेवी हरजीराम देवासी, ग्रामसेवक भाणाराम बोहरा, जिला परिषद सदस्या सरोज चौधरी, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष सवाराम पटेल, परसराम ढाका, गणेश देवासी सहित कई जने उपस्थित थे।

Saturday, 1 January 2011

नए वर्ष में नई शुरूआत - देवासी

रानीवाड़ा।
नए वर्ष के आगाज पर आज कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में औषधी केंद्र के भवन निर्माण एवं नए टैक्सी स्टेण्ड़ का शिलान्यास विधायक रतन देवासी एवंं एसडीएम कैलाशचंद्र शर्मा के द्वारा किया गया। उक्त दोनों निर्माण कार्य विधायक कोष की राशि से करवाए जा रहे है। शिलान्यास समारोह का संबोधित करते हुए देवासी ने कहा कि डिस्कॉम कार्यालय के सामने प्रस्तावित टैक्सी व बस स्टेण्ड़ के बनने के बाद कस्बे के यातायात की व्यवस्था में सुधार आएगा। कस्बे में रेल्वे प्लेटफार्म व सब्जी मंड़ी के सामने खड़ी रहने वाली तमाम टैक्सीयां नए स्टेण्ड़ पर सिफ्ट हो जाएगी। जिससे कस्बे वासियों को आवागमन में राहत मिलेगी। टैक्सी स्टेण्ड़ पर यात्री प्रतिक्षालय का भी निर्माण किया जाएगा। स्टेण्ड़ के लिए ९ लाख रूपए विधायक कोष से स्वीकृत किए गए है। जिसके तहत 300 फूट लंबा पार्किंग ट्रेक एवं डिवाईडर बनाकर लोहे की जाली लगाई जाएगी। जिससे कस्बे में आने व जाने वाले वाहनों को आवागमन में सुगमता महसूस हो सकेगी। सार्वजनिक निर्माण विभाग के द्वारा बनाए जाने वाले इस टैक्सी स्टेण्ड़ का निर्माण आज शुरू कर दिया गया है।
इसी तरह कस्बे की सीएचसी में 24 घंटे रियायती दर पर औषधियों की सुविधाएं उपलब्ध करवाने को लेकर विधायक देवासी ने अपने मद से तीन लाख रूपए स्वीकृत करवाए है। भवन का शिलान्यास आज दोपहर 2 बजे किया गया। उन्होंने बताया कि इस भवन के बनने से क्षेत्र के निवासियों को रियायती दर पर उच्च गुणवत्ता वाली औषधियां 24 घंटे मिल सकेगी। औषधि केंद्र का संचालन उपभोक्ता भंडार या स्वयं सेवी संस्थान के द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर ब्लॉक सीएमओ डॉ. एआर चौहान, केंद्र प्रभारी डॉ. वासुदेव लोढ़ा, डॉ. हरीश जीनगर सहित कई जने उपस्थित थे। बाद में विधायक देवासी ने सीएचसी का निरीक्षण भी किया।

धरना हुआ रद्द, धरनार्थी मुख्यालय पर नही पहुंचे

रानीवाड़ा।
विशेष पिछड़ा वर्ग आरक्षण मामले को लेकर अखिल भारतीय रेबारी समाज सेवा संस्थान के द्वारा प्रस्तावित धरने को सामाजिक पंचों की समझाईस के बाद टाल दिया गया। इस धरने को लेकर पूरे जिले के प्रशासन सुबह से ही सतर्क हो गया था। बाद में धरना टालने की खबर के साथ प्रशासन को राहत मिली है।
जानकारी के मुताबिक, धरना देने रानीवाड़ा उपखंड मुख्यालय पर भीनमाल सहित अन्य जिलों से आ रहे रेबारी समाज के प्रतिनिधियों ने कस्बे से पांच किमी दूर लहरीया होटल पर ठहरकर वस्तुस्थिति की जानकारी ली। रानीवाड़ा तहसील क्षेत्र के रेबारी समाज के लोग सेवाडिय़ा स्थित आपेश्वर महादेव मंदिर में एकत्रित हुए थे। तनाव की स्थिति को देखते हुए समाज के मौजूद लोगों ने समझाईस कर धरना टालने की पहल की, तब स्थानीय समाज के पंचों का प्रतिनिधि मंड़ल जिसमें हरजीराम, पीराराम, जोगाराम, बगदाराम सहित कई जने शामिल थे। उन्होंनें लहरीया होटल में भीनमाल से आए खीमराज देसाई व कोड़का सरपंच ओखाराम से वार्तालाप किया। वार्तालाप के बाद पंचों ने सर्वसम्मति से निर्णय लेकर शुक्रवार को रानीवाड़ा तहसील क्षेत्र के रेबारी समाज के द्वारा स्थानीय विधायक रतन देवासी व एसडीएम कैलाशचंद्र शर्मा को दिए गए आरक्षण मामले के ज्ञापन में सहमति देकर उसको मान लिया गया।
सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुए समाज के पंचों के इस निर्णय का सभी लोगों ने ध्वनिमत से तालिया बजाकर समर्थन दिया तथा समाज में संगठन व त्याग सहित कर्तव्य परायणता की भावना बनाए रखने की बात दौहराई। बाद में खेमराज देसाई, सुरेश बंजारा व मेहराराम बाड़मेर सहित चार दर्जन लोग होटल लहरीया से भीनमाल की ओर रवाना हो गए। जिला प्रशासन के लिए चिंता का विषय बना यह धरना, समाज के लोगों की समझाईस के बाद टलने से उन्हे राहत मिली है। धरने को लेकर करड़ा, बागोड़ा, मोदरान, भीनमाल, जसवंतपुरा सहित रानीवाड़ा पुलिस थाने सहित पुलिस लाईन से विशेष जाब्ता मंगवाया गया था।
संयुक्त जातिय आरक्षण संघर्ष समिति के प्रदेशध्यक्ष मेहराराम रायका ने बताया कि समाज आरक्षण को लेकर संगठित है। समाज में कोई विरोधाभास नही है। शुक्रवार को दिए गए रेबारी समाज के ज्ञापन को हम लोगों ने भी सहमति देकर मान लिया है। कुछ लोग इस धरने को लेकर राजनीति करने जा रहे थे। वो समाज को कदापि मंजुर नही है। आरक्षण को लेकर 4 जनवरी को सिणधरी में भी विशाल महापड़ाव दिया जाएगा।

धरने का किया जाएगा विरोध

रानीवाड़ा !कस्बे के आपेश्वर महादेव मंदिर सेवाडिय़ा में तहसील क्षेत्र के देवासी, बंजारा एवं गाड़लिया समाज के प्रतिनिधियों की एक बैठक हुई। जिसमें सर्व सम्मति से प्रस्ताव पारित कर आगामी शनिवार को उपखंड मुख्यालय पर होने वाले आरक्षण मामले को लेकर बैठक का विरोध जताने का निर्णय लिया गया। समाजसेवी हरजीराम देवासी ने बताया कि बैठक में भीनमाल में चल रहे धरने को भी राजनीतिक हथकंडा बताया गया। समाजसेवी बगदाराम पाल ने कहा कि आरक्षण मसले पर रानीवाड़ा तहसील के देवासी समाज के प्रतिनिधि मंडल ने समाज हित में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर समाज की भावनाओं से अवगत करवाया गया है। ऐसे में अब आरक्षण को लेकर किसी भी धरने का विरोध किया जाएगा। इस अवसर पर गणेश देवासी एडवोकेट, वचनाराम देवासी, खेताराम, कृष्णकुमार, होथीराम, उदाराम, करमीराम, मसराराम सहित कई जने उपस्थित थे।

Wednesday, 29 December 2010

आरक्षण मुद्दे पर सीएम से मिला प्रतिनिधिमंडल

रानीवाड़ा

विशेष पिछड़ा वर्ग में शामिल रेबारी, बंजारा और गाडोलिया लुहार समाज के प्रतिनिधियों मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मिलकर मांग की है कि आरक्षण को लेकर सरकार से होने वाली वार्ताओं में उनके प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाए। समुदाय विशेष के साथ समझौते उन्हें मान्य नहीं होंगे।

जयपुर से लौटे प्रतिनिधि मंडल के सदस्य गोदाराम देवासी ने बताया कि एसबीसी वर्ग की तीन जातियों के लोगों के साथ न्याय दिलाने की बात को लेकर सोमवार को एक प्रतिनिधि मंडल मुख्यमंत्री से मिला और मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में बताया गया है कि न्यायालय के आदेशों की तुरंत पालना करते हुए समिति का गठन कर डॉटा एकत्रित करने का कार्य हाथ में लेना चाहिए। इन समाज ने मांग की कि सामाजिक सर्वेक्षण व अन्य मुद्दों पर तालमेल व सामाजिक सूचनाओं के लिए प्रदेश, जिला व तहसील स्तर पर कार्यकर्ताओं की नियुक्ति की जाए। इन समाजं के अधिकांश परिवार राज्य से बाहर हंै। ऐसे में इनके आंकड़ें जुटाने में सावधानी बरती जाए।

उपसमिति से भी मिले : तीनों जातियों के प्रतिनिधियों ने मंत्री मंडलीय उप समिति से भी मुलाकात कर समाज के लोगों की भावनाओं से अवगत कराया। उन्होंने सर्वे में जल्दबाजी करने में समाज को होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी। समिति के तीनों सदस्य जितेंद्रसिंह गुर्जर, बृजकिशोर शर्मा व शांति धारीवाल ने इनकी मांगों पर विचार कर रेबारी, बंजारा व गाडलिया लुहार समाज को भी गुर्जरों के समान प्रतिनिधित्व दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने भी इन तीनों समाजों के प्रतिनिधियों से काफी लंबी बातचीत करते हुए बताया कि सरकार द्वारा पारित विधेयक के तहत आरक्षण दिलवाया जाएगा। सरकार चाहती है कि न्यायालय के फैसले के अनुसार सर्वे हो। नौकरियों में एक प्रतिशत का लाभ मिलता रहेगा तथा 4 प्रतिशत पद सृजित कर आरक्षित रखे जाएंगे तथा जब भी उच्च न्यायालय का निर्णय होगा तब इस वर्ग को इन पदों पर नियुक्ति का अवसर दिया जाएगा।

क्या हंै सामाजिक मांगें

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। जिसमें कई मांग की गई हैं। इनके अनुसार पशुपालक कल्याण बोर्ड में राजनीतिक नियुक्तियां शीघ्र कर देवनारायण बोर्ड की तरह बजट आवंटित करने, रेबारी समाज के विद्यार्थियों की आवास समस्या के लिए जयपुर व कोटा में रियायती दर पर भूखंड का आवंटन किया जाए। घुमंतू होने की वजह से रेबारी समाज के लोगों को नि:शुल्क पशु बाड़ा के लिए भूखंड़ का आवंटन किया जाए, सुरक्षा के लिए शस्त्र का लाइसेंस दिया जाए। निष्क्रमण के दौरान पशुपालकों की जन हानि होने पर ५ लाख एवं घायल होने पर २ लाख रुपए राहत राशि मुख्यमंत्री सहायता कोष से आवंटित की जाए। बंजारा एवं गाडलिया समाज के लोगों ने भी इस वर्ग को समाज की मुख्य धारा में लाने के लिए अलग से बोर्ड गठित कराने, निशुल्क भूखंड दिलाने, जाति प्रमाण पत्र बनाने में भ्रांतियों का निवारण कराने व समस्त समाज को बीपीएल श्रेणी में जोडऩे की मांग की है।

Saturday, 25 December 2010

प्रतिभाओं को तराशा जाए : देवासी

रानीवाड़ा
निकटवर्ती डूंगरी के हंसाराम महाराज मंदिर में तहसील स्तरीय मेघवाल समाज के प्रतिभावान सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक रतन देवासी व अध्यक्ष के रूप में जसमूल डेयरी प्रबंधक एम.एल. गरवा सहित कई संत महात्माओं और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक देवासी ने कहा कि प्रतिभाएं ग्रामीण क्षेत्र में ही मिलती हैं। समारोह को आबकारी खीमाराम परमार, जसमूल डेयरी प्रबंधक, शिक्षक नेता वीराराम वाघेला, पूनमाराम सोलंकी, रतीराम कटारिया, पूंजाभाई व बाबूलाल सोलंकी सहित कई जनों से संबोधित कर समाज हित की बात कही। बाद में समाज की प्रतिभाओं को स्मृति चिह्न व प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए। संत गणेशनाथ महाराज सांचौर द्वारा प्रतिभाओं को सिल्वर मेडल प्रदान किए गए। इस अवसर पर नानजीराम गुलशर, जिला उपप्रमुख मूलाराम राणा, कृषि मंडी चेयरमैन समरथाराम, समाजसेवी हरजीराम देवासी, जिला परिषद सदस्य वजाराम पावटी, संत गणेशनाथ महाराज, शिवनाथ महाराज, बगदाराम महाराज, लाधाराम धामसीन, अशोक परमार, अशोक चौहान, चौथाराम, शांतिलाल, जसाराम, हेमाराम, कृष्णलाल, पोपटलाल, जेठाराम व मिलापचंद सहित कई जने उपस्थित थे। समारोह का संचालन झालाराम परिहार ने किया।

Wednesday, 22 December 2010

घुमंतू जातियों को नहीं मिल पाया शिविर का लाभ

रानीवाड़ा
जिले की नौ जातियों के बीपीएल कार्ड अब बनाए जाएंगे। इन जातियों में गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों को राजस्व अभियान के तहत चिह्नित किया जाएगा और मौके पर ही बीपीएल कार्ड बनाए जाएंगे। इसके लिए उपखंड अधिकारियों को अधिकृत किया गया है, लेकिन सरकारी निर्देशों का प्रसार-प्रचार नहीं होने से इनका लाभ इन जातियों को नही मिल रहा है। एक माह पूर्व जारी हुए यह आदेश अभी तक हवा होते नजर आ रहे हैं। इनका पर्याप्त प्रसार -प्रचार होने पर अभी तक हजारों लोग शिविरों में लाभांवित हो सकते थे।

मुख्य सचिव के आदेश : प्रदेश के मुख्य सचिव एस अहमद ने अपने पत्र क्रमांक 62514-640 दिनांक 18.11.2010 के जरिए जिला प्रमुख, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद, समाज कल्याण अधिकारी को इस संबंध में निर्देश दिए हैं। जिसमें बताया गया है कि घुमंतू होने के कारण इन सभी जातियों के लोग सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक रूप सेे अत्यन्त कमजोर हैं। पात्रता होने के बावजूद अधिकांश परिवार बीपीएल सूची में शामिल होने से वंचित रह गए हैं। ऐसे में इन्हें बीपीएल कार्ड के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं इन्दिरा आवास योजना, राशन कार्ड, जाति-प्रमाण पत्र का लाभ इन लोगों को पात्रता के बावजूद नहीं मिल पाया है।

एसडीएम को है अधिकार

मुख्य सचिव द्वारा जारी पत्र के अनुसार उपखण्ड अधिकारी को इन जातियों को बीपीएल सूची में संशोधन का अधिकार प्राप्त है। इसलिए राजस्व अभियान के तहत इन घुमंतू जातियों के लोगों से स्वघोषणा शपथ पत्र या सामान्य आवेदन पत्र लेकर उन्हें उनके पैतृक जिले एवं गांव जहां ये लोग अधिकांशत: निवास करते हैं, वहां इन्हें विधिवत बीपीएल नम्बर उपलब्ध कराएं। साथ ही राशन आदि की सुविधा उपलब्ध कराई जानी है।

यह हैं जातियां

जिन जातियों के लोगों को बीपीएल कार्ड के लिए राजस्व अभियान में चिह्नित किया जाएगा उनमें राईका-रेबारी, कंजर, सांसी, नट, कालबेलिया, गाड़ोलिया लोहार, बंजारा, खेरवा तथा बागरिया जाति शामिल हैं। 

घुमंतू जाति के लोग होंगे लाभान्वित

-गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों की सूची में संशोधन करने का अधिकार दिया गया है। प्रशासन गांवों के संग शिविरों में आने वाले ऐसे मामलों के आवेदन पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए घुमंतु जाति के लोगों को लाभांवित किया जाएगा।

- कैलाशचंद्र शर्मा, एसडीएम रानीवाड़ा


_बाल कृष्ण रैनके आयोग की रिपोर्ट को तुरंत प्रभाव से लागू किया जाए। ताकि वंचित जातियों को लाभांवित किया जा सके। वैसे यह आदेश स्थायी रूप से है। इन जाति वर्ग का वंचित व्यक्ति कभी भी लाभ ले सकता है।

- रतन देवासी, विधायक, रानीवाड़ा

मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अवगत कराया जाएगा

-बाड़मेर जिले में हजारों राईका-रेबारी जाति के घुमंतु लोगों को शिविरों के दौरान बीपीएल वर्ग में लिया गया है, लेकिन जालोर जिले में जानबूझकर प्रशासनिक अधिकारी सरकारी निर्देशों की पालना करने से कतरा रहे हंै। इस बारे में शीघ्र ही मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अवगत कराया जाएगा।

- हरजीराम देवासी, संयोजक, जिला रेबारी विकास मंच