Hot News अभी - अभी

रतनपुर में गाय पर हमला करने वाले युवक गिरफ्तार, रानीवाडा उपखंड की ताजा खबरों के आपका स्वागत।।
Showing posts with label Games. Show all posts
Showing posts with label Games. Show all posts

Saturday, 24 September 2011

वॉटर कूलर वितरित


रानीवाड़ा।
मालवाड़ा की राप्रावि ऊंट का धोरा के संस्था प्रधान मगनलाल राव ने बताया कि भामाशाह चुन्नीलाल हीराणी की ओर से घोषित पारितोषिक के रूप में शुक्रवार को 13 विद्यालयों के संस्था प्रधानों को वाटर कूलर प्रदान किए गए। इस अवसर पर नोडल अधिकारी देवाराम चौधरी, हेमराज गोदारा, शिवसिंह देवल, मनोहरसिंह रावत, मुकेश खंडेलवाल सहित कई जने उपस्थित थे।

Tuesday, 12 October 2010

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा प्रोत्साहन : देवासी

रानीवाड़ा 
निकटवर्ती दौलपुरा में 25 वीं चुकारा केंद्र स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का का समापन मंगलवार को विधायक रतन देवासी के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रानीवाड़ा तहसील में खेल सुविधाओं के विस्तार के प्रयास किए जा रहे हैं। जिसके तहत जिला स्तरीय स्टेडियम और उसमें बेहतर सुविधाओं के लिए ५० लाख रुपए स्वीकृत भी किए गए हैं। इसी तरह जिला स्तरीय खेल मैदान बनाने को लेकर मालवाड़ा चार रास्ते पर ४५ बीघा भूमि खेल विभाग के नाम आरक्षित करवाई गई है। इस मौके उन्होंने गांव की प्राथमिक विद्यालय को क्रमोन्नत कर मिडिल स्कूल बनाने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में एसडीएम कैलाशचंद्र शर्मा ने खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजन से छात्र-छात्राओं को होने वाले फायदों के बारे में बताया। दानदाता सुनील पुरोहित ने गांव की प्रस्तावित उच्च प्राथमिक विद्यालय का भवन निर्माण करने की घोषणा की। प्रतियोगिता में भोजन, स्मृति चिन्ह व पारितोषिक वितरण दानदाता सुनील पुरोहित द्वारा किया गया। शेष & पेज २३

इस अवसर पर तहसीलदार खेताराम सारण, हरजीराम देवासी, परसराम ढाका, गंगाराम खींचड़, भाणाराम बोहरा, गणेश देवासी, कृष्ण पुरोहित, बगदाराम घांची, मानसिंह काबा, मफाराम पुरोहित, चमनाराम देवासी सहित कई जने उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन शंकरलाल पुरोहित ने किया।

Tuesday, 28 September 2010

खेल के मैदान पर दिखाया जोश

रानीवाड़ा . निकटवर्ती कूड़ा में राप्रावि वरणिया नाड़ी में दो दिवसीय चुकारा स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के समारोह में तहसीलदार खेताराम सारण और सूरताराम देवासी अतिथि थे। इस अवसर पर प्रधानाध्याक मोहम्मद अली, पूर्व डेलीगेट मफीदेवी, कालाराम चौधरी, प्रभाराम प्रजापत, खान मोहम्मद, लालाराम, लाखाराम चौधरी, भागीरथ सारण सहित कई जने उपस्थित थे। इसी तरह राप्रावि वसा का धोरा डूंगरी में भी दो दिवसीय चुकारा स्तरीय खेलकूद संपन्न हुई। इस प्रतियोगिता में सरंपच हस्तुदेवी पुरोहित, प्रधानाध्यापक मोहनलाल राणा, डेयरी के पूर्व चेयरमेन राघवेंद्रसिंह देवड़ा की देख रेख में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके अलावा पंचायत समिति स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शनिवार को राप्रावि दौलपुरा में शुरू हुई। शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरजीराम देवासी व अध्यक्ष के रूप में बीईईओ तोलाराम राणा सहित परसराम ढाका, अमरसिंह देवल, कृष्ण पुरोहित मौजूद थे। संयोजक चमनाराम देवासी ने बताया कि प्रतियोगिता में आठ चुकारा केंद्र स्तरीय टीमें भाग ले रही हंै। जिसमें कबड्डी, खो-खो, जिमनास्टिक व रिले रेस के खेल खेले जाऐंगे। प्रतियोगिता का समापन रविवार को विधायक रतन देवासी के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा। इस कार्यक्रम में भोजन व पारितोषिक की व्यवस्था सुनील पुरोहित के द्वारा की गई है।

Saturday, 14 August 2010

आवंटन रद्द करने की मांग

रानीवाड़ा ! मालवाड़ा चार रास्ते के पास की पड़त जमीन को कलेक्टर द्वारा खेल विभाग के नाम आवंटित करने का विरोध शुरू हो गया है। पूर्व जिला परिषद सदस्य किरणकुमार माली के नेतृत्व में कई गांव के लोगों ने इस आवंटन को रद्द करवाने को लेकर एसडीएम को ज्ञापन दिया है। माली ने बताया कि फतापुरा, दौलपुरा, आखराड़, वाड़ा, कोटड़ा, डेरडी, तेजावास सहित कई गांवों के मवेशी इस भूमि पर चरते हंै। भूमि का आंवटन हो जाने से पशु पालकों के सामने चारे का संकट हो जाएगा। इस अवसर पर दीपाराम, लीलाराम, जैसाराम, जोईताराम सुथार, राणाराम माली, मसराराम गहलोत, भोमाराम हिरागर, त्रिकमगिरी गोस्वामी समेत कई लोग उपस्थित थे।

Thursday, 5 August 2010

मालवाड़ा में बनेगा जिला स्तरीय स्टेडियम

रानीवाड़ा
तहसील क्षेत्र में जिला स्तरीय खेल स्टेडियम बनाने की कवायद शुरू हो गई है। विधायक रतन देवासी की अनुशंसा पर जिला प्रशासन ने मालवाड़ा ग्राम पंचायत के फतापुरा गांव में ४५ बीघा जमीन खेल मैदान के लिए आरक्षित कर दी है। संभवतया शीघ्र ही इस पर काम शुरू हो सकेगा।
जानकारी के मुताबिक, रानीवाड़ा तहसील के ग्रामीण क्षेत्र में जिला स्तरीय स्टेडियम के निर्माण की लंबे समय से मांग होने की मांग चली आ रही है। इसके बाद विधायक देवासी की अनुशंसा पर जिला प्रशासन ने मालवाड़ा पटवार हल्के के फतापुरा ग्राम में खसरा नंबर ५७/५१८, ५७ कुल रकबा ७.२० हैक्टेयर भूमि को राजस्थान भू राजस्व नियम १९६३ के तहत युवा मामले एवं खेल विभाग राज्य सरकार को निशुल्क भूमि आवंटन कर दी गई है। एसडीएम कैलाशचंद्र शर्मा ने बताया कि इन आदेशों के तहत अब ७.२० हैक्टेयर जमीन का नामांतरण युवा मामले एवं खेल विभाग के नाम किया जाएगा। जमीन में जनप्रतिनिधि की अनुशंसा पर केंद्र व राज्य खेल मंत्रालय ग्रामीण स्टेडियम का कार्य स्वीकृत करेंगे।


यह रहेंगी शर्ते

जिला प्रशासन ने यह भूमि 99 वर्ष के लिए आवंटित की है। भूमि का हस्तानांतरण या बेचान नहीं किया जा सकेगा। भवन का निर्माण कब्जा सौंपने के छह माह के भीतर प्रारंभ करवाना व दो वर्ष की अवधि में पूर्ण करवाना आवश्यक है। भूमि व भवन का अधिकार राज्य सरकार का रहेगा।


-ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान देने को लेकर कार्य को हाथ में लिया गया है। खेल मंत्री मांगीलाल गरासिया ने भी स्टेडियम की स्वीकृति को लेकर सकारात्मक रवैया अपनाया है। अनुमानत एक करोड़ की लागत का यह कार्य अतिशीघ्र स्वीकृत हो सकेगा।

Friday, 30 July 2010

विद्यालय के खेल मैदान का अपग्रेडेशन शुरू

रानीवाड़ा(30.07.2010)
कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान का कायाकल्प शुरू हो गया है। विधायक रतन देवासी की अनुशंसा पर स्वीकृत यह कार्य महानरेगा योजना के तहत करवाया जा रहा है। सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अमृत वर्मा ने बताया कि लगभग २४ लाख रूपए की लागत से बनने वाले इस आधुनिक स्टेडियम से कस्बे के खेल प्रेमियों को अपनी प्रतिभा तराशने में आसानी होगी। उन्होंने बताया कि स्टेडियम में पांच फुट तक रेत डालकर इसका समतलीकरण करवाया जा रहा है। मैदान के चारों तरफ की दीवार को ऊंचा उठाकर मैदान को सुरक्षित किया जाएगा। राजकीय चिकित्सालय के सामने मैदान के लिए नया, सुंदर व भव्य प्रवेश द्वार बनाया जाएगा। वर्मा ने बताया कि मैदान के समतलीकरण के बाद में वॉकिंग के लिए फुट ट्रेक का निर्माण किया जाएगा। साथ ही चारों कोर्नर पर घास लगाकर मैदान को सुंदर बनाया जाएगा। मैदान का काम शुरू होने से क्षेत्र के खेल प्रेमियों में खुशी देखी जा रही है। इसको लेकर क्रिकेट खेल प्रेमियों ने मैदान के बीच पिच बनाने का भी निवेदन किया है। खेल प्रेमी सुविधा संपन्न मैदान बनने के बाद ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं के आगे आने व उनमें निखार आने का कयास लगा रहे हैं। 

-क्षेत्र के लोगों की मांग पर खेल मैदान का अपग्रेडेशन का कार्य स्वीकृत करवाया गया है। मैदान में विधायक कोष से पेवेलियन सहित अन्य खेल सामग्रीया उपलब्ध करवाकर प्रतिभाओं को तरासने में कोई कमी नही रखी जाएगी।
- रतन देवासी, विधायक, रानीवाड़ा

-खेल मैदान बनने से खिलाडिय़ों को अपना कौशल दिखाने का अवसर मिलेगा। सुविधा संपन्न खेल मैदान की आवश्यकता लंबे समय से थी, जो अब जल्द ही पूरी हो जाएगी।

- राहुल वैष्णव, क्रिकेट खिलाड़ी, रानीवाड़ा

Sunday, 9 May 2010

क्रिकेट क्लब की बैठक हुई

रानीवाड़ा. निकटवर्ती मालवाड़ा में क्रिकेट क्लब की बैठक खेल मैदान में हुई। क्रिकेट प्रभारी सिकंदर खान मुसला ने बताया कि कस्बे में 16 से 30 मई तक क्रिकेट खेल का विशेष प्रशिक्षण शिविर लगाया जा रहा है। जिसमें प्रशिक्षकों द्वारा क्रिकेट खेल के गुर सिखाए जाएंगे। इस अवसर पर महासिंह जाखड़ीया, हीरालाल देवासी, बुद्धाराम, मनोहरलाल व रजब शेख सहित कई खिलाड़ी उपस्थित थे।

Thursday, 22 April 2010

पेयजल आपूर्ति को लेकर माहौल गर्माया

रानीवाड़ा।
नवगठित पंचायत समिति की साधारण सभा की पहली बैठक विधायक रतन देवासी की देखरेख व प्रधान श्रीमती राधादेवी देवासी की अध्यक्षता में हुई । बैठक में सदस्यों ने पेयजल, सड़क, नरेगा जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए। इस दौरान माहौल भी गर्मा गया। विधायक देवासी ने क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं कर पाने के लिए पीएचईडी के एईएन की जोरदार खिंचाई की। सरपंचों ने पेयजल की गंभीर समस्या के समाधान हेतु टेंकरों से पानी उपलब्ध कराने की मांग को लेकर विधायक को अवगत कराया। इस बैठक में उपखंड अधिकारी कैलाशचंद्र शर्मा, उपप्रमुख मूलाराम राणा, तहसीलदार खेताराम सारण भी मौजूद थे। बैठक का शुभारंभ विकास अधिकारी ओमप्रकाश शर्मा ने गत बैठक की कार्रवाई को लेकर किया।

विधायक ने बताया - रतन देवासी ने कहा कि कस्बे के सौंदर्यकरण को लेकर डीजाईन का कार्य पूरा हो चुका है। तीन चौराहै का निर्माण प्रथम चरण में होगा। समिति परिसर में शोपिंग कॉम्पलेक्श की डिजाईन का कार्य प्रगति पर है। परिसर में ही भव्य दरवाजा व सुलभ शौचालय का निर्माण करवाया जाएगा। उक्त निर्माण कार्य प्रसिद्ध आर्किटेक्ट के दिशा निर्देशन में नई आकर्षक डिजाईन में करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पेयजल समस्या प्राकृतिक है। जिसके समाधान के लिए राज्य सरकार संवेदनशील है। कन्टेजेन्सी प्लॉन में ज्यादा से ज्यादा राशि आंवटित की गई है। शीघ्र ही ग्राम पंचायत के माध्यम से गांव गांव ढाणी ढाणी टंैंकर की व्यवस्था शुरू करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि पेयजल की समस्या अधिकतर गांवों में एवजी लाईनमेन के कारण पैदा हुई है। उनकों हटाने के लिए राज्य सरकार को पत्र लिखा जाएगा। देवासी ने कहा कि पानी का दुरूपयोग रोकने के लिए फ्लाईंग की टीम गठित की गई है। जिसमें एसडीएम, एईएन, सरपंच व पुलिस विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई करेंगे। वणधर में ऑपनवेल स्वीकृत हो चुका है, शीघ्र ही कार्य शुरू होगा। जीएलआर में जलापूर्ति सूचारू रूप से करवाने के लिए अवैध कनेक्शन कटवाने के लिए शीघ्र ही अभियान शुरू किया जाएगा। नर्मदा से पेयजल लाने के लिए हमने मुख्यमंत्री से मिलकर निवेदन किया है, आशा है कि उक्त योजना शीघ्र ही स्वीकृत हो जाएगी। देवासी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में घरेलू विद्युत आपूर्ति अब दोपहर 12 से 6 व शाम ६ से सुबह ६ बजे तक की जाएगी। प्रधानमंत्री मद से वंचित ढाणियों व गांवों को डामर सड़कों से जोड़ा जाएगा। इस सत्र में सात राउप्रावि को क्रमोन्नत किया गया है। साथ ही मालवाड़ा में विज्ञान संकाय व रानीवाड़ा कस्बे की बालिका विद्यालय में वाणिज्य संकाय शुरू किया गया है। सर्व शिक्षा अभियान के तहत पौशाक वितरण व अग्रिशमन यंत्र की खरीद में पारदर्शिता नही होने से जांच करवाई जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के द्वारा अवैध प्रेक्टिस कर गरीब मरीजों को सीएचसी तक नही पहुंचने के मसले को गंभीरता से लेकर एसडीएम को जांच करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला व बालविकास विभाग के द्वारा 19 आंगनवाड़ी केंद्र व 14 मिनी आगंनवाड़ी केंद्र स्वीकृ त करवाए है, जिनमें कार्यकर्ताओं की भर्ति अतिशीघ्र की जाएगी। देवासी ने कहा कि पंचायत समिति परिसर में विकास वाटिका के रूप में सुंदर बगीचा बनाया जाएगा। साथ ही प्रधान के लिए नया भवन व सभा भवन में सभी सदस्यों के लिए माईक की व्यवस्था शीघ्र ही करवाई जा रही है। समिति की नीजि आय बढाने के लिए शौपिंग कॉम्पलेक्श बनाया जा रहा है।

बाद में एसडीएम कैलाशचंद्र शर्मा ने कहा कि फोटो पहचान पत्र का अभियान शुरू किया गया है। विभिन्न पंचायत मुख्यालय पर तय तिथि पर फोटो पहचान पत्र से वंचित लोग इसका लाभ ले सकते है। पंचायत मुख्यालयों पर राजीवगांधी ई केंद्र के भवन अगस्त से पूर्व निर्वित करने के निर्देश दिए। शर्मा ने कहा एसएसएफसी के द्वारा सभी पंचायतों को जनसंख्या अनुपात में राशि जारी की गई है। उक्त राशि को सरपंच पेयजल योजनाओं में ही खर्च कर सकते है। सरपंच चाहे तो उक्त राशि से हैडपंप, पाईप लाईन, हैडपंप पर मोटर लगाने जैसे कार्य कर सकते हैं। उन्हानें कहा कि एसडीएम की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया गया है। जोकि ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम पंचायत के माध्यम से टैंकर के द्वारा पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करेगी।

पेयजल का मुद्दा गरमाया - जलदाय विभाग के सहायक अभियंता रामनिवास यादव ने पेयजल की समस्या व समाधान को लेकर ग्राम पंचायत वार विस्तार से जानकारी सदन को अवगत करवाई। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 11 ट्युबवेल व 34 हैडपंप तैयार करवाए गए है, जो सुचारू रूप से चल रहे है। इस दौरान पेयजल की समस्या को लेकर रानीवाड़ा सरपंच गोदाराम देवासी ने कस्बे के बाईपास पर ऑवर हैडटंैक, बडग़ांव रोड़ की भील बस्ती में पेयजल समस्या के बारे में जानकारी दी। जालेराकलां के डेलीगेट वागाराम ने तावीदर में पेयजल संकट का मुद्दा उठाया। रानीवाड़ा खुर्द सरपंच करमीराम ने सांईजी की बैरी के जीएलआर में लंबे समय से जलापूर्ति नही होने की बात कही। गांग सरपंच भूराराम ने गांग में एवजी लाईनमैन की शिकायत बताई। उन्होंने हिरपुरा, चिमनगढ लाईन पर अवैध कनेक्शन को हटाने की गुहार लगाई। कोटड़ा सरपंच सहीराम विश्रोई ने मौखातरा में एवजी लाईन मैन लगाने की शिकायत की। करवाड़ा डेलीगेट छगनाराम ने ढाणियों में पेयजल संकट के बारे में सदन को जानकारी दी। जाखड़ी सरपंच शांतादेवी दर्जी ने रेबारियों की ढाणी व चारणवास में पेयजल समस्या के बारे में कहा। जोडवास डेलीगेट पूरणसिंह देवड़ा ने नर्मदा का पानी उपलब्ध करवाने के लिए शीघ्र योजना स्वीकृत करवाने को लेकर सदन में सर्वसम्मति से प्रस्ताव लेने की बात कही। धानोल सरपंच भीखाराम ने आठ स्कूलों में पेयजल संकट होने की बात कही। मालवाड़ा डेलीगेट दिवाली काबा ने मालवाड़ा कस्बे में ऑवर हैंड टैंक स्वीकृत करवाने की मांग रखी। आखराड़ में रेलवे स्टेशन के पास भीलों की ढाणी हैंडपंप खुदवाने की गुहार लगाई।

विद्युत पर छिडी बहस - विद्युत विभाग के कनिष्ठ सौरभसिंह ने विभाग के द्वारा चल रहे कार्यो के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष २०५ सामान्य श्रेणी के कनेक्शन, १८ एससी, ५७० कुटीर ज्योति व 4 जलदाय विभाग के नए कनेक्शन दिए गए है। मारूवाड़ा, सेवाड़ा व रानीवाड़ा खुर्द में 33केवी स्टेशन की प्रक्रिया चल रही है। बडग़ांव में 132 केवी स्टेशन 2 महिने में शुरू होने की संभावना है। धामसीन सरपंच बलवंत पुरोहित ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में सिर्फ रात्री को ही घरेलू विद्युत आपूर्ति दी जा रही है, जिससे दिन को गर्मी के मौसम में लोगों को परेशान होना पड रहा है। धानोल सरपंच भीखाराम चौधरी ने जायद की फसल में पर्याप्त मात्रा में कृषि विद्युत आपूर्ति कराने का निवेदन किया। रानीवाड़ा सरपंच गोदाराम देवासी ने बीपीएल कनेक्शन के लिए नई फाईलें जमा कराने का मुद्दा उठाया, उन्होंने बताया कि विभाग के द्वारा नही ली जा रही है।
पीडब्ल्यूडी एईएन अमृतलाल वर्मा ने नरेगा सहित अन्य योजनाओं के तहत चल रहे कार्यो के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि कस्बे के राउमावि खेल मैदान में 25 लाख रूपयें की लागत से स्टेडियम बनाया जाएगा। कृषि विभाग के कन्हैयालाल विश्रोई सरकार की योजनाओं के बारे में बताया। एसएसए के बीआरसीएफ तेजाराम ने विभाग की गतिविधियां, कम्प्यूटर शिक्षा, पौशाक वितरण, अग्रिशमन यंत्र, शौचालय निर्माण व छात्रवृतियों के बारे में जानकारी दी। सीडीपीओं संतोष शर्मा ने सुपरवाईजर की कमी की बात कही।

ऐतिहासिक बैठक - पंचायत समिति सभा भवन में आयोजित आज की बैठक
को ऐतिहासिक माना गया है। यह बैठक दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक आयोजित की गई। विधायक देवासी के दिशा निर्देशन में आयोजित इस बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों को भारी कसरत करनी पडी। उन्होंने हर विभाग के अधिकारी को ग्राम पंचायत वार समस्या के समाधान को लेकर सवाल-जवाब किए। जलदाय विभाग पर चर्चा लगभग तीन घंटे तक चली। बैठक में महिला सदस्य घुंघट धारण किए चुपचाप बैठी रही।

सरपंच अंदर, प्रतिनिधि बाहर - बैठक में ऐसा पहली बार देखा गया कि इसमें किसी भी महिला जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि को प्रवेश नही दिया गया, सभी प्रतिनिधि सभा भवन के बाहर खडे रहे। कुछ ने विरोध भी जताया, परंतु सभाध्यक्ष ने उनकों प्रवेश नही दिया।

Saturday, 6 March 2010

किसान की बेटी राष्ट्रीय स्तर पर


रानीवाड़ा निकटवर्ती ग्राम पंचायत गुंदाऊ की कबूली की ढाणी में किसान परिवार में जन्मी वादु विश्नोई की प्रतिभा काबिले तारीफ है। वादु ने स्कूली शिक्षा के दौरान खो-खो खेल प्रतियोगिता में कई कीर्तिमान स्थापित कर क्षेत्र सहित जिले के खो-खो प्रेमियों का दिल जीता है। सांकड़ गांव की राजकीय माध्यमिक विद्यालय में आठवीं कक्षा में अध्ययन के दौरान उसने सर्व प्रथम दयालपुरा में आयोजित जिला स्तरीय, बीकानेर में आयोजित राज्य स्तरीय व कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में भाग लेकर जिले समेत राज्य को गौरवान्वित किया। इसी तरह नवम कक्षा में अध्ययन के दौरान भीनमाल में आयोजित जिला स्तरीय, सांगरिया हनुमानगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय एवं लुधियाना पंजाब में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में अव्वल स्थान प्राप्त किया। खो-खो खेल प्रेमियों के लिए वादु का नाम जाना-पहचाना नाम है।

विश्नोई ने बताया कि गांव में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। प्रतिभाओं को प्रोत्साहन नहीं मिलने से खेल जगत को नुकसान उठाना पड़ रहा है। जिले में इन बिखरी हुई प्रतिभाओं की पहचान जौहरी ही कर सकता है। खेल जगत को ऐसे जौहरी पुरूषों की आवश्यकता है। उनकी हार्दिक इच्छा है कि जिले में खो-खो गेम्स के लिए आवश्यक संसाधन व प्रशिक्षक की व्यवस्था राज्य सरकार करें, ताकि इन प्रतिभाओं को ऊंचा मुकाम हासिल हो सके।

- गुमानसिंह राव

Saturday, 27 February 2010

पंखु का विजयी सफर

रानीवाड़ा.'असफलता एक चुनौती है, इसे स्वीकार करो, क्या कमी रह गई, देखो और सुधार करो। जब तक न सफल हो, नींद चैन को त्यागो तुम, संघर्ष का मैदान छोड़ कर मत भागो तुम। कुछ किए बिना ही जय जयकार नहीं होती, कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होतीÓ प्रसिद्ध कवि सूर्यकांत त्रिपाठी 'निरालाÓ की यह पक्तियां सुणतर क्षेत्र की होनहार बालिका पंखु देवासी के हुनर और काबीलियत की ओर इशारा करती है। समिति के रतनपुर गांव के रेबारी परिवार में जन्मी इस होनहार बालिका ने प्राथमिक विद्यालय से ही खेलकूद प्रतियोगिताओं में अपना लोहा मनवाने में कोई कमी नहीं रखी थी।

पंखु का विजयी सफर

पंखु ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता की तश्तरी फेंक, गोला फेंक व बाधा दौड़ प्रतियोगिताओं से अपना विजयी सफर शुरू किया। २००८ में एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से मैसूर में आयोजित नेशनल कॉॅम्पीटीशन में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी वर्ष जुलाई २००८ में पूना में आयोजित ५३वें नेशनल गेम्स में तश्तरी फेंक प्रतियोगिता में अव्वल रहीं। जनवरी २००८ में कोलकता में आयोजित स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तहत हुई प्रतियोगिता में १४ वर्ष वर्ग में तश्तरी फेंक प्रतियोगिता में भी अव्वल रहकर जिले सहित पूरे राजस्थान का नाम रोशन किया। नवंबर २००९ में अमृतसर (पंजाब) में आयोजित ५५वीं नेशनल प्रतियोगिता में ५वां स्थान प्राप्त किया। इसी तरह नवबंर २००९ में झालावाड़ में आयोजित ५४वीं स्टेट लेवल प्रतियोगिता में भी प्रथम स्थान प्राप्त किया। इससे पूर्व २००५ में डूंगरपुर, २००६ में गंगानगर व २००८ में सिरोही मे आयोजित प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में ८० मीटर बाधा दौड़, गोला फेंक व तश्तरी फेंक प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। जिले की यह ऐसी प्रथम बालिका है, जिसने अपने नाम इतने खिताब अर्जित करने में सफलता हासिल की है। देवासी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शारीरिक शिक्षक रमेश चौधरी को दिया है। चौधरी के कुशल प्रशिक्षण से ही वो आज इस मुकाम तक पहुंच पाई है। साथ ही अशिक्षित परिवार से होने के बावजूद परिजनों ने भी उसे प्रोत्साहित किया। देवासी का लक्ष्य एशियाड गेम्स में भाग लेकर जिले सहित पूरे देश का नाम रोशन करना है, लेकिन पारिवारिक पृष्ठ भूमि व कमजोर आर्थिक स्थिति के चलते लक्ष्य तक पहुंचना कांटों भरी राह में चलने जैसा है। - राव गुमानसिंह

Tuesday, 23 February 2010

स्काउट्स शिविर संपन्न

रानीवाड़ा
राजस्थान राज्य भारत स्काउट संघ मालवाड़ा का तीन दिवसीय स्काउट जांच शिविर सोमवार को सम्पन्न हुआ।
शिविर के समापन अवसर पर राउप्रावि आखराड़ के प्रधानाध्यापक बाबूराम मेघवाल ने स्काउट्स को ग्रीष्म ऋतु में अपने विद्यालय व घर पर पक्षियों के लिए पानी के परिण्डे बांधकर लगाने की बात कही। शिविर संचालक हंजारीमल माली ने बताया कि तीन दिवसीय जांच शिविर में पायनरिंग, गांठे, अनुमान लगाना, प्राथमिक सहायता, क्राफ्ट कला सहित विभिन्न दक्षता का परीक्षण डॉ. वागाराम सुथार, चौथाराम, जेताराम, मुकेशकुमार व तगाराम द्वारा किया गया। इस अवसर पर मसरूराम देवासी, प्रतापाराम सुथार, चतराराम प्रजापत, जोईताराम चौधरी, बाबूलाल प्रजापत सहित कई ग्रामीण व विद्यालय स्टाफ सदस्य उपस्थित थे। शिविर में कुल ७८ स्काउट्स ने भाग लिया।