Hot News अभी - अभी

रतनपुर में गाय पर हमला करने वाले युवक गिरफ्तार, रानीवाडा उपखंड की ताजा खबरों के आपका स्वागत।।
Showing posts with label INC. Show all posts
Showing posts with label INC. Show all posts

Wednesday, 29 June 2011

जालेराकलां में बनेगी नई मंडी

किसानों को नहीं जाना पड़ेगा गुजरात, चार दीवारी एवं चैक पोस्ट निर्माण के लिए 53 लाख रुपए की स्वीकृति 
रानीवाड़ा 
जिला प्रशासन ने रानीवाड़ा में स्वतंत्र कृषि उपज मंडी की कवायद शुरू कर दी है। तहसीलदार ने कृषि मंडी के लिए जालेरा कलां में भूमि का चयन कर ग्राम पंचायत को राशि का भुगतान भी कर दिया है। चार दीवारी एवं चैक पोस्ट निर्माण के लिए 53 लाख रुपए की स्वीकृति भी मिल गई है। इस मंडी का फायदा किसानों को होगा। अब वे गुजरात की बजाय इस मंडी में अपने जींस की बिक्री कर ज्यादा लाभ अर्जित कर सकेंगे।
जानकारी के मुताबिक, जिले में रानीवाड़ा तहसील में प्रचुर मात्रा में भू-जल संपदा होने से यहां पर एक साल में तीन फसलें किसान लिया करते हैं। जिले में कृषि विपणन व्यवस्था सुव्यवस्थित नहीं होने के कारण अधिकतर किसान अपनी फसल को गुजरात की मंडियों में बिक्री के लिए ले जाते हैं। गत विधानसभा चुनावों में वर्तमान विधायक रतन देवासी ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में रानीवाड़ा की गौण मंडी को भीनमाल मंडी से अलग कर संपूर्ण मंडी का दर्जा देने का वादा किया था। जिसके बाद यह कवायद की जा रही है।
संपूर्ण मंडी होगी जालेरा में 
वर्तमान में रानीवाड़ा उपखंड पर गौण मंडी संचालित की जा रही है, परंतु पर्याप्त मात्रा में किसानों एवं व्यापारियों के लिए सुविधाएं नहीं होने के कारण मंडी को अपेक्षित लक्ष्य की प्राप्ति नहीं हो रही है, जबकि जिले की सर्वाधिक पैदावार रानीवाड़ा क्षेत्र में ही होती है। विधायक के प्रयासों से उपखंड प्रशासन ने संपूर्ण मंडी के लिए कस्बे से तीन किलोमीटर दूर सांचौर सड़क मार्ग पर जालेरा कलां गांव में 4.84 हैक्टेयर जमीन का चयन किया। इस जमीन को डी.एल.सी. की दर पर भीनमाल मंडी ने खरीद कर 8.14 लाख रुपए का भुगतान भी कर दिया गया है। भीनमाल मंडी के सचिव हरी राम जोशी ने गत 21 जून को तहसीलदार खेताराम राणा एवं ग्राम पंचायत के सरपंच रेवाराम भील से बाकायदा कब्जा भी ले लिया है। अब इस जमीन की एक दो दिनों में सफाई शुरू हो जाएगी। इसके बाद यहां चार दीवारी का कार्य करवाया जाएगा। बाद में सुव्यवस्थित एवं सुनियोजित ढंग से आधुनिक मार्केट यार्ड, चैक पोस्ट, कार्यालय, पेयजल व्यवस्था के लिए उच्च जलाशय, किसान भवन एवं गोदाम का निर्माण किया जाएगा।
जरूरत है कोल्ड स्टोरेज की 
रानीवाड़ा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर आलू, प्याज और टमाटर सहित कई प्रकार की सब्जियों की पैदावार होती है, परंतु स्टोरेज की व्यवस्था नहीं होने के कारण किसान कम मूल्य में अपनी पैदावार बेच देते हैं। रानीवाड़ा से 70 किलोमीटर दूर गुजरात के डीसा शहर में 50 से ज्यादा कोल्ड स्टोरेज बने हुए हैं। उसी की तर्ज पर रानीवाड़ा क्षेत्र में भी कृषि मंडी परिसर में कोल्ड स्टोरेज की जरूरत है, ताकि किसान टमाटर पर आलू लंबे समय तक कोल्ड स्टोरेज में रखकर ज्यादा मुनाफा कमा सके।

Monday, 23 May 2011

मालवाड़ा में राजनैतिक बवाल, कार्य पर तोडफ़ोड


रानीवाड़ा।
मालवाड़ा कस्बे में मुख्य बस स्टेण्ड़ पर सौंदर्यकरण को लेकर विधायक रतन देवासी के प्रयासों से एवं दानदाता परिवार के सौजन्य से हो रहे निर्माण कार्यों ने राजनीति का रूप ले लिया है। एक तरफ विधायक के समर्थक किसी भी सूरत में उक्त निर्माण कार्य को जारी रखने की जिद कर रहे है, वही दूसरी ओर मालवाड़ा के ग्रामीण उक्त निर्माण कार्यों को अतिक्रमण का रूप देकर रूकवाने के प्रयास में लगे हुए है। इस मामले को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने कई बार मौके का मुआयना भी किया एवं स्थानीय लोगों को समझाने का प्रयास भी किया, फिर भी राजनैतिक दखल के चलते यह कार्य विवाद का रूप ले रहा है।
जानकारी के मुताबिक, भामाशाहों की नगरी के रूप में प्रसिद्ध मालवाड़ा कस्बे में कई वर्षों पूर्व दानदाता परिवार आरके माधाणी ने बस स्टेण्ड़ के पास अपने निजी खेत में केसर बाग की स्थापना कर कस्बा वासियों एवं मवेशियों के लिए निशुल्क पानी की व्यवस्था शुरू की थी, जो अभी भी जारी है। केसर बाग के पास भी ग्राम पंचायत की भूमि में दानदाता परिवार के द्वारा मुत्रालय एवं पशुओं के पीने के लिए अवाड़ा बनाया गया था। कई वर्षों बितने के बाद मुत्रालय एवं अवाड़ा क्षतिग्रस्त हालत में होने की वजह से ग्रामीणों की मांग पर दानदाता परिवार से इस स्थल पर नया मुत्रालय एवं अवाड़ा निर्माण सहित १५० फूट लंबी इंटरलोकिंग पक्की पट्टी बनाने पर सहमति जताई। इस कार्य को लेकर पंचायत ने दानदाता परिवार को इजाजत भी दे दी। कुछ दिनों पूर्व दानदाता परिवार के द्वारा निर्माण कार्य शुरू करवाया गया, परंतु गांव की राजनीति के चलते ग्रामीणों ने उसे अवैध अतिक्रमण का मामला मानते हुए विरोध दर्ज करवाना शुरू कर दिया। कई ग्रामीण निर्माण कार्य को रूकवाने के लिए कार्यवाहक एसडीएम के समक्ष पेश भी हुए। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौका मुआवना भी किया। कई ग्रामीणों के बयान लिए, उक्त कार्य कस्बे के सौंदर्यकरण में सहायक होने एवं जनहित का प्रतित होने पर उन्होंनें निर्माण कार्य को जारी रखने के आदेश दिए। शनिवार दोपहर के बाद गांव के कुछ लोगों ने निर्माण स्थल पर पहुंच कर वहां कार्य कर रहे लोगों को भगा दिया एवं निर्माण कार्य के साथ तोडफ़ोड भी की। मामला संवेदनशील होने के कारण पुलिस भी मौके पर पहुंची। तथा समझाईस कर मामला शांत करवाया।
मालवाड़ा सरपंच दीवालीदेवी भील ने बताया कि ९ दिसम्बर 2010 को दानदाता परिवार ज्ञानचंद रूपचंद माधाणी ने जनहित को देखते हुए उक्त स्थल पर आरआई भवन से केसरबाग तक इंटरलोकिंग टाईल्स लगवाने, ट्रिगार्ड, पूराने लोहे के बने चबुतरे की जगह नया भवन बनवाने एवं महिला व पुरूषों के लिए अलग-अलग मुत्रालय बनाने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया था। जिस पर ग्रामपंचायत की बैठक में आमसहमति बनने में पंचायत से निर्माण कार्य शुरू करवाने की अनापत्ती जारी की थी। कार्य जनहित में एवं गांव की सुंदरता बढ़ाने के लिए हो रहा है।
दूसरी ओर समाजसेवी हरीशचंद्रसिंह देवल ने बताया कि उक्त स्थल सार्वजनिक है, जिस पर पशुओं के पीने के लिए अवाड़ा बना हुआ है, यही पर गांव की मवेशियों के लिए कई लोग चारा भी डालते है। इस जगह पक्का निर्माण होने से अतिक्रमण का भय है। इस स्थल पर नए निर्माण की गांव को फिलहाल कोई जरूरत नही है। यदि निर्माण कार्य नही रूकवाया गया तो मालवाड़ा गांव के लोग कड़ा विरोध जताएंगे।
इस विवाद के चलते दोनों गुु्रपों में तनातनी देखी जा रही है। मूंछ का बाल बने इस कार्य को विधायक एवं दानदाता परिवार किसी भी सूरत में पूरा करवाना चाहते है। वही अन्य ग्रामीण काम को रूकवाने के कार्य में लगे हुए है। सभी जगह इस विवाद के बारे में लोग चर्चा करते नजर आ रहे है।

Saturday, 29 January 2011

केजीबी का हुआ लोकार्पण

रानीवाड़ा। कस्तुरबा गांधी आवासीय विद्यालय जालेरा कलां एवं कस्बे की सीएचसी में नवनिर्मित प्रसुती वार्ड का आज चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री डॉ. राजकुमार शर्मा एवं विधायक रतन देवासी के द्वारा लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर डॉ. शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार की यह मंछा है कि ग्रामीण क्षेत्र के आम गरीब तक स्वास्थ्य सेवाएं सरलता एवं सुगमता से उपलब्ध हो सके। इस उद्देश्य को लेकर सरकार दृढ संकल्परत है। क्षेत्र के ग्रामीण चिकित्सालयों में चिकित्सकों के रिक्तपद मार्च के बाद भर दिए जाएंगे। उन्होंनें बताया कि पैरा मेडि़कल स्टाफ की भी प्रत्येक गांव में सुविधा उपलब्ध हो सके, ऐसी व्यवस्था प्रदेश स्तर पर करवाई जा रही है। उन्होंनें बताया कि प्रत्येक जनप्रतिनिधि को भारत एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी होनी आवश्यक है। उक्त योजनाओं के तहत ्रग्रामीण क्षेत्र तक प्रत्येक व्यक्ति को लाभांवित करने का कार्य जनप्रतिनिधि का होता है। जिसमें सरपंच की भूमिका अहम मानी जाती है। उन्होंनें बताया कि बालिका शिक्षा का प्रतिशत जालोर जिले में कम होना दुर्भाग्य पूर्ण है। यह भी जानकारी मिली है कि जिले में अभी तक ७८ हजार बालक विद्यालय में नामांकित नही है।
अत: सर्व शिक्षा अभियान कार्यालय के समस्त अधिकारी एवं कार्मिक शिक्षा से वंचित उक्त बालकों को अतिशीघ्र विद्यालय से जोड़े इस कार्य को लेकर विस्तृत योजना बनाने की जरूरत है। उन्होंनें राजस्थानी लहेजे में संबोधन देते हुए मारवाड़ के लोगों की तारीफ करते हुए कहा कि आपके द्वारा दिए गए सम्मान को बरकरार रखते हुए क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं में कोई कमी नही आने दी जाएगी।  इस अवसर पर विधायक रतन देवासी ने कहा कि रानीवाड़ा क्षेत्र में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की जरूरत है। आज कस्तुरबा गांधी आवासीय विद्यालय के भवन का उदघाटन होने से विद्यालय में अध्ययनरत बालिकाओं को अब विशेष सुविधाए उपलब्ध हो सकेगी। सभी सुविधाओं से सम्पन्न इस भवन में अतिशीघ्र विधायक कोष से वाटर कुलर एवं आर.ओ. प्लान्ट लगाया जाएगा। उन्होंनें बताया कि जालेरा की तर्ज पर जसवंतपुरा में भी केजीबी का भवन उदघाटन के लिए तैयार है, वहां भी अतिशीघ्र उक्त नवनिर्मित भवन का लोकार्पण कर दिया जाएगा। उन्होंनें बताया कि क्षेत्र की एससी व एसटी वर्ग की बालिकओं के लिए डूंगरी व मेड़ा में अतिशीघ्र छात्रावास स्वीकृत होने जा रहे है। जिससे उक्त पिछड़े वर्ग की बालिकाएं भी अपना शैक्षणिक स्तर सुधार सके। देवासी ने बताया कि क्षेत्र में पेयजल की योजनाओं को लेकर राजनीति नही की जाएगी। जालेरा कलां में भी दो नलकूप स्वीकृत करवाए गए है। जिससे गांव की पूरानी पेयजल समस्या का स्थाई समाधान हो सकेगा। उन्होंनें कहा कि राज्य सरकार की यह मंछा है कि ग्रामीण क्षेत्र मे ंपानी, बिजली, सड़क एवं शिक्षा जैसी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति की जा सके।  इसी उद्देश्य को लेकर आगामी कार्य योजना बनाई गई है।
उन्होंनें बताया कि इस वर्ष अप्रेल माह से क्षेत्र की पेयजल समस्याओं के समाधान के लिए लगभग २.५ करोड़ रूपए खर्च किए जाएंगे। इस कार्य को लेकर जलदाय विभाग, प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की समिति बनाकर विस्तार से कार्य योजना बनाने का कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की समस्त राउप्रावि में प्रधानाध्यापकों के पद भर दिए गए है, अतिशीघ्र शिक्षकों की नियुक्तिया भी होने जा रही है। उन्होंनें गरीब लोगों की वाजिब मांग का समर्थन करते हुए अतिशीघ्र समाधान करने का वायदा भी किया। इस अवसर पर जालेरा कलां सरपंच रेवाराम भील, जिला परिषद सदस्या ललिता बोहरा, पंचायत समिति सदस्य वागाराम देवासी, प्रधान राधादेवी देवासी, एसडीएम कैलाशचंद्र शर्मा सहित कई लोग उपस्थित थे। विद्यालय के लिए भूमि दान देने वाली महिला भूरीदेवी राणा का भी मंत्री ने शाल ओढ़ाकर सम्मान प्रदान किया।

Saturday, 30 October 2010

पौने दो घंटे में चौपाल पूरी


रानीवाड़ा
गांवों में आमजन की समस्या दूर करने और विकास कार्योंे के उद्देश्य से चल रहा रात्रि चौपाल का आयोजन जिले में औपचारिक बन गया है। गुरुवार रात को तहसील के डूंगरी गांव में आयोजित इस कार्यक्रम में कलेक्टर से लेकर उनके मातहत अधिकारी और कर्मचारी तक औपचारिकताएं बरतते नजर आए। आनन फानन में आए इन अधिकारियों ने मात्र पौने दो घंटे में रात्रि चौपाल पूरी कर दी। इस बीच यहां पहुंचे कलेक्टर केवल कुमार गुप्ता ने अपने भाषण में कहा कि राज्य सरकारी की इच्छानुसार यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम है और किसी भी हालत में इसे औपचारिक ना बनाएं और समस्याओं का हाथोहाथ समाधान करें।

मंच खचाखच, लोग नदारद : राजकीय माध्यमिक विद्यालय में आयोजित इस चौपाल में मंच पर तहसील स्तरीय अधिकारियों की तादात ज्यादा रही, जबकि नीचे जाजम पर मात्र ५०-60 लोग ही उपस्थित थे। ग्रामीणों ने बताया कि प्रचार-प्रसार कम होने की वजह एवं ग्रामीण अधिकतर ढाणियों में रहवास करने से संख्या कम रही। चौपाल में नाम मात्र की समस्याएं ही लोगों ने उठाई। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं के बारे में जानकारी देकर खानापूर्ति की। मात्र उपजिला प्रमुख मूलाराम राणा ने ही एक-दो योजनाओं के बारे में जानकारी चाही। बाद में विधायक रतन देवासी ने राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। विधायक देवासी ने गांव में शीघ्र ही जीएसएस स्वीकृत कराने का आश्वासन दिया। क्षेत्र में ३ जीएसएस बन चुके हंै, पांच स्वीकृत होने जा रहे हैं। मुख्यालय पर मॉडल स्कूल बनने जा रहा है। डूंगरी में बालिकाओं के लिए आवासीय विद्यालय स्वीकृत हो चुका है। देवासी ने कहा प्रशासन से मांग की कि चौपाल में देर रात्रि तक प्राप्त समस्याओं का त्वरित समाधान कराएं तथा भविष्य के लिए ऐसे प्रस्ताव बनाएं कि नरेगा, चिकित्सा, पानी, बिजली जैसी समस्याओं का सहजता से निराकरण हो सके। उन्होनें पेयजल एवं विद्युत समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सात दिन में व्यवस्थाएं सही करवाएं।

मात्र छह प्रकरण आए

चौपाल में मात्र 6 प्रकरण आए। जिस पर कलेक्टर गुप्ता ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों से तत्परता से कार्यवाही कर समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चौपाल में अधिकारी मौके पर पूरी तैयारी के साथ उपस्थित हों तथा यहां प्रस्तुत होने वाली समस्याओं का हाथो हाथ निराकरण कर ग्रामीणों को संतुष्ट करें। उन्होंने एक-एक कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस मौके एसडीएम कैलाशचंद्र शर्मा ने कहा कि नरेगा योजना के संबंध में किसी भी प्रकार की शिकायत हो तो जिला कार्यालय में हेल्प लाईन में सूचित किया जा सकता है। इसके अलावा एसडीएम कार्यालय में भी शिकायतों को लेकर पेटी लगाई गई हंै। उन्होंने बताया कि १० नवबंर से प्रशासन गांवों के संग अभियान शुरू हो रहा है। चौपाल में डिस्कॉम व जलदाय विभाग के अधिक्षण अभियंता, हरजीराम देवासी, बगदाराम पाल, अंबालाल जीनगर, भूराराम पुरोहित, पदमाराम पुरोहित, तहसीलदार खेताराम सारण, गवराराम राणा और कृष्णकुमार पुरोहित सहित कई जने मौजूद थे।

इनका कहना

-रात्रि चौपाल में पूरी रात तक ग्रामीणों से समस्याओं को लेकर चर्चा करनी चाहिए, ऐसे राज्य सरकार के निर्देश हंै, परंतु डूंगरी में ऐसा नही होना दूर्भाग्यपूर्ण है।

-मूलाराम राणा, जिला उपप्रमुख

-चौपाल को लेकर रात्रि प्रवास के दौरान सोने व खाने की पूरी व्यवस्था की गई थी, परंतु किसी अधिकारी ने प्रवास नहीं किया।

-पदमाराम पुरोहित, ग्रामीण डूंगरी

-राज्य सरकार के निर्देशों के अवहेलना हो रही है। प्रशासन को पूरी रात डूंगरी में ठहराव कर समस्याओं को सुनना था। साथ ही उनका समाधान भी करना था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

-शैतानसिंह राठौड़, भाटवास

Wednesday, 8 September 2010

जसवंतपुरा-रामसीन सड़क कार्य स्वीकृत, विधायक का जताया आभार

रानीवाड़ा।
कई बरसों से जर्जर सड़क रामसीन जसवंतपुरा के नवीनीकरण का कार्य विधायक रतनदेवासी की अनुशंषा पर स्वीकृत हो गया है। लोगों ने विधायक का आभार जताया है।
पीडब्ल्यूडी विभाग के सहायक अभियंता अमृत वर्मा ने बताया कि नाबार्ड योजना के तहत स्वीकृत इस सड़क का कार्य अतिशीघ्र शुरू करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभागीय नियमों के तहत कोई भी सड़क एक बार बनने के बाद १० वर्षो के बाद ही पुन: बनाई जा सकती है परंतु इस सड़क के पूर्व में ही क्षतिग्रस्त होने को लेकर नया कार्य स्वीकृत नही हो रहा था। विधायक रतन देवासी के प्रयासों से इसको नाबार्ड योजना के तहत १०७ लाख रूपए स्वीकृत कराए है। फिलहाल किमी ५ से १६ तक का कार्य ही स्वीकृत हुआ है, जिसके लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शेष सड़क के कार्य हरित सड़क योजना के तहत तकमिना बनाए जा रहे है।
साथ ही कोडि़टा तीन रास्ते से गजीपुरा गांव के २ किमी सड़क के निर्माण के लिए भी १९.५१ लाख स्वीकृत किए गए है। यह मार्ग भी बरसों से जर्जर हालात में था।

इनका कहना:-

जसवंतपुरा को जोडऩे वाली यह सड़क मुख्य है, बरसों से हालात खराब होने से लोग परेशान थे। तकनीकी कारणों से इसका निर्माण खटाई में पड़ा था। काफी प्रयासों के बाद कार्य को स्वीकृत कराया गया है।

- रतन देवासी, विधायक रानीवाड़ा।  

मतदान में दिखाया उत्साह


रानीवाड़ा
क्षेत्र के गांव-गांव में नेता बनने की होड़ युवाओं के सिर चढ़कर बोल रही है। युवक कांग्रेस की कमेटियों के चुनाव में जहां प्रत्याशी पूरी ताकत लगा रहे हंै, वहीं मतदाताओं का जोश भी देखते बन रहा है। युवतियां भी इस कड़ी में पीछे नहीं हैं। क्षेत्र में सोमवार से गुरुवार तक चलने वाले इस चुनावों में रानीवाड़ा विधानसभा की ४९ ग्राम पंचायतों के चुनाव हो रहे हैं। रानीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र की ४९ ग्राम पंचायतों में सावीदर, चांदूर, पावली व रानीवाड़ा खुर्द में नामांकन नही आने से वहां पर चुनाव नही करवाए जा रहे है। क्षेत्र में सर्वाधिक नामांकन कोटड़ा से 12, गुंदाऊ से 11, सरनाऊ से 11 व करवाड़ा से 10 दर्ज किए गए है। रानीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में कुल ९३२० में यूथ कांग्रेस के पंजीकृत सदस्य हंै। इन चुनावों के परिणाम वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। इनके लिए होगा चुनाव : फिलहाल युवक कांग्रेस के प्रथम फेज के चुनाव हो रहे हैं। प्रत्येक ग्राम पंचायतों में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष सहित पांच-पांच लोगों की कमेटी बनेगी। इसी तरह प्रत्येक ग्राम पंचायत में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व तीन जनरल सेकट्री (अजाजजा, ओबीसी व महिला) चुने जाएंगे।

अंतिम समय तक मशक्कत

उपखंड मुख्यालय पर स्वामी आत्मानंद सेवा संस्थान में सुबह से लेकर शाम चार बजे तक युवा मतदाताओं की लम्बी कतार लगी रही। हालत यह थी कि निर्धारित समय शाम चार बजे समाप्त होने के बाद भी बाहर सौ से अधिक युवाओं की भीड़ थी। बाद में लाइन में खड़े सभी मतदाताओं को एक-एक पर्ची देकर अंदर किया और फिर मुख्य द्वार बंद कर दिया। यहां ४९ ग्राम पंचायतों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व जनरल सेक्रेट्री के लिए नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। अन्य चुनावों की तरह इसमें भी मतदाता पहचान पत्र को लेकर कई बार उलझन व टकराव की स्थिति आई। राशन कार्ड व मार्कशीट के साथ अधिकांश युवा मतदान करने आए। निर्धारित समय के बाद मतदाताओं के अलावा कोई व्यक्ति वोट नहीं दे, इसके लिए लाइनिंग के लिए एकबारगी रस्सियों का सहारा भी लिया गया।

इनका कहना

यूथ कांग्रेस की ग्रामीण इकाई के चुनावों में कम से कम 20 प्रतिशत मतदान करवाना अनिवार्य है। इससे कम मतदान होने पर वह चुनाव रद्द माना जाएगा। प्रत्याशी को कम से कम दो वोट लेना आवश्यक है। चुनाव रद्द होने पर दोबारा चुनाव नहीं करवाए जाएंगे।

-प्रणय शुक्ला, लोकसभा प्रभारी, जालोर-सिरोही

निकाली मशाल रैली

रानीवाड़ा& कस्बे में हीरो होंडा कंपनी के सौजन्य से कॉमनवैल्थ गैम्स के आयोजन को लेकर मशाल रैली का आयोजन किया गया। कंपनी के स्थानीय डीलर हीरेन्द्र चौधरी ने बताया कि रविवार को हीरो होंडा की 51 मोटरसाइकिलों के साथ दर्जनों चार पहिया वाहनों की रैली को एसडीएम कैलाशचंद्र शर्मा ने झंडी बताकर रवाना किया। यह रैली कॉमनवैल्थ खेलों में आपसी सौहार्द तथा खेल भावना को विकसित करने को लेकर कंपनी द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर शुरू की गई है। इस अवसर पर कांग्रेस नेता प्रेमाराम चौधरी, थानाधिकारी दिनेशकुमार, उम्मेदसिंह, जब्बरसिंह, मोटाराम चौधरी, महिपाल चौधरी, राहुल वैष्णव, नारणाराम चौधरी, जगदीश त्रिवेदी, सोनाराम चौधरी सहित कई लोगों ने भाग लिया।

Wednesday, 11 August 2010

युवा कांग्रेस का स्थापना दिवस मनाया

रानीवाड़ा !कस्बे के ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय में सोमवार शाम को युवक कांग्रेस का स्थापना दिवस विधायक रतन देवासी की अध्यक्षता में मनाया गया। इस मौके पर देवासी ने संगठन के बारे में बताया। कार्यक्रम को महासचिव गंगाराम खींचड, पूर्व युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष परसराम ढाका ने भी संबोधित किया। बैठक में युवा अध्यक्ष कृष्णकुमार पुरोहित, भूराराम, बलदेव राणा, देवाराम विश्नोई, हरचंद, लाखाराम मेघवाल, करमीराम, ईश्वरसिंह, अंबालाल चितारा सहित कई लोग उपस्थित थे।

Tuesday, 20 July 2010

अब जिलाध्यक्ष पद पर नजर

रानीवाड़ा(20.07.2010)
कांग्रेस संगठन चुनावों के तहत बूथ व ब्लॉक स्तर की चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब जिलाध्यक्ष पद पर नेताओं की नजर है। दावेदारों ने पद पर कब्जा करने के लिए कसरत भी तेज कर दी है। सत्ताधारी दल होने के कारण इस पद का वजन भारी माना जा रहा है। चुनाव 20 जुलाई तक होने हंै। एक-दो दिन में जिला निर्वाचन अधिकारी केवलचंद गुलेच्छा चुनाव को लेकर जिला मुख्यालय पर बैठक भी लेंगे।

जिलाध्यक्ष पद का चुनाव प्रत्येक ब्लाक से चुने जा रहे छह डीसीसी सदस्य करेंगे। जिले के दस ब्लॉक से कुल साठ सदस्य निर्वाचित होगे। इन्हीं में से अध्यक्ष पद के दावेदार होंगे तथा ये ही सब सदस्य मतदाता होंगे। हालांकि चुनाव मतदान से होने की संभावना कम ही है, सर्वसम्मति या आलाकमान के फैसले पर निर्भर होने की संभावना ज्यादा है।

जिलाध्यक्ष पद की दौड़ में जिले के आधा दर्जन से अधिक प्रमुख नेता हैं। इनमें विधायक रतन देवासी, रामलाल मेघवाल, सुखराम विश्नोई, श्रवणसिंह बोरली, पूर्व सांसद पारसाराम मेघवाल आदि नेताओं के नाम चर्चा में है। वर्तमान जिलाध्यक्ष डॉ. समरजीतसिंह राठौड़ अपने पत्ते नही खोल रहे हंै। पूर्व सांसद पारसाराम मेघवाल मजबूत दावेदार थे, लेकिन बीस सूत्री कार्यक्रम जिला उपाध्यक्ष पद मिलना उनका कमजोर पक्ष बन गया है। वैसे भीनमाल क्षेत्र से जिला प्रमुख होने के कारण यहां के किसी नेता को भी जिलाध्यक्ष पद मिलता नजर नहीं आ रहा।

हालांकि जिले में कांग्रेस पार्टी के भीतर सबसे मजबूत खेमा पुखराज पाराशर व रतन देवासी का नाम उभर रहा है। ऐसे में पाराशर की राय व समर्थन किसी भी दावेदार के लिए अहम है। पार्टी सूत्रों के अनुसार विवाद होने व महिला को पद देने की स्थिति में पूर्व जिला प्रमुख मंजू मेघवाल को भी जिम्मेदारी दी जा सकती है।

Thursday, 15 July 2010

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के हुए चुनाव

रानीवाड़ा(15.07.2010)
रानीवाड़ा ब्लॉक कांग्रेस के चुनाव बीआरओ हिरालाल बोहरा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुए। इस अवसर पर काफी तादाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं व प्राथमिक सदस्यों ने भाग लिया। इससे पूर्व बोहरा ने चुनाव प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।
इस दौरान उपजिला प्रमुख मूलाराम राणा व रानीवाड़ा सरपंच गोदाराम देवासी ने बैठक में आम सहमति बनाकर विधायक रतन देवासी के प्रति निष्ठा जताते हुए उन्हें निर्वाचन के लिए अधिकृत करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस पर मांगीलाल गुलसर व वागाराम जाट ने प्रस्ताव का अनुमोदन कर ध्वनिमत से पारित किया। इस अवसर पर देवासी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की यह परिपाटी रही है कि सर्वसम्मति व लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव सम्पन्न करवाए। इस अवसर पर निवर्तमान ब्लॉक अध्यक्ष नागजीराम भील, जयकिशन, सांवताराम, सुजानाराम, मंछाराम परिहार, सज्जनसिंह राव, रहमान भाई मुसला, छगनाराम मेघवाल, वेलाराम भील, सांचौर उपप्रधान दरगाराम, हरजीराम देवासी, कृष्ण पुरोहित, परसराम ढाका, गणपत करवाड़ा, पूनमाराम सांकड, अमलूराम दाता, मंगलाराम सेवाड़ा, रवाराम पाल, अंबालाल जीनगर, ईश्वर महेश्वरी सहित कई जनों ने भाग लिया।

संगठन चुनाव आज, तैयारियां पूरी

रानीवाड़ा
विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस संगठन के चुनाव बुुधवार को संपन्न कराए जाएंगे। ब्लॉक कांग्रेस सचिव अंबालाल जीनगर ने बताया कि रानीवाड़ा विधानसभा को दो ब्लॉक में विभाजित किया गया है। रानीवाड़ा ब्लॉक के लिए चुनाव प्रक्रिया सुबह १० बजे कस्बे के कांग्रेस कार्यलय में बीआरओ हीरालाल बोहरा एवं आसुराम देवासी के सानिध्य में शुरू होगी। इसी तरह जसवंतपुरा कस्बे में दोपहर ३ बजे चुनाव प्रक्रिया शुरू होगी।

ब्लॉक का परिसीमन : रानीवाड़ा की १७ व सांचौर पंचायत समिति की ८ ग्राम पंचायतों को मिलाकर रानीवाड़ा ब्लॉक का एवं जसवंतपुरा की ११ व रानीवाड़ा पंचायत समिति की १३ ग्राम पंचायतों को मिलाकर जसवंतपुरा ब्लॉक बनाया गया है। विधानसभा में इस समय ४९ ग्राम पंचायतें हैं। इस तरह रानीवाड़ा ब्लॉक में २५ व जसवंतपुरा ब्लॉक में २४ ग्राम पंचायतें शामिल हो रहीं हैं। ब्लॉक निर्वाचन अधिकारी हीरालाल बोहरा ने बताया कि रानीवाड़ा व जसवंतपुरा में चुनाव प्रक्रिया के तहत निष्पक्ष निर्वाचन करवाए जाएंगे। पार्टी का कोई भी आधिकारिक सदस्य चुनाव में भाग ले सकता है।

Monday, 28 June 2010

विद्यालयों से विद्युत लाईने हटेगी

रानीवाड़ा।
उपखंड की समस्त सरकारी स्कूलों के उपर से गुजर रहे विद्युत तारों से होने वाली संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए अब स्थानीय विधायक रतन देवासी ने पहल कर उनकों हटाने के लिए विधायक मद से राशि खर्च करने के आदेश दिए है। विधायक की इस पहल का ग्रामीणों सहित 22 विद्यालयों में अध्यनरत विद्यार्थियों के अभिभावकों ने आभार प्रकट किया है। सहायक अभियंता तरूण खत्री ने बताया कि रानीवाड़ा विधानसभा क्षैत्र की राप्रावि वगतापुरा, राउप्रावि सूरजवाड़ा, राउप्रावि आजोदर, राउप्रावि कोडी, राउप्रावि जेतपुरा, राप्रावि मामाजी की ढाणी दहीपुर, राप्रावि धनवाड़ा, राउप्रावि चाटवाड़ा, राप्रावि पीपलिया नाड़ी, राप्रावि जीतपुरा, राउप्रावि कोटड़ा, राउप्रावि सावीधर, राउप्रावि चेकला, राशिप्रावि इंडवैय्या पावली, राउप्रावि वाडा भवजी, राउप्रावि जसवंतपुरा, राप्रावि हुकमा की ढाणी सरनाऊ, राउप्रावि लाछीवाड़ा गोलिया, राउप्रावि दुगावा व राउप्रावि सूरावा में स्थित इन विद्यालयों के ऊपर से विद्युत तार गुजर रहे है। ग्रामीणों की बार-बार निवेदन पर विद्युत विभाग इस कार्य को करने के लिए सक्षम नही था, विधायक रतन देवासी की पहल पर जोधपुर डिस्काम ने एक योजना बनाकर आधी राशि विधायक कोष से देने पर आधी राशि निगम के द्वारा वहन करने पर सहमति हुई। रानीवाड़ा क्षेत्र की 22 विद्यालयों का सर्वें कर तकमिना बनाया गया। तकमिना राशि ८.१४ लाख में से ४.०७ लाख रूपए विधायक कोष से जमा होते हुए विद्युत विभाग इस कार्य को अतिशीघ्र शुरू कर देगा।
इनका कहना :-
विद्यालयों के ऊपर से विद्युत तार गुजरना गंभीर बात है। देश की भावी पीढि़ पर यह संभावित खतरा है। ग्रामीणों की मांग पर विधायक कोष से राशि देने का पत्र कलेक्टर को भेज दिया गया है। अतिशीघ्र 22 विद्यालय इस समस्या से छुटकारा पा लेेंगे।
-रतन देवासी विधायक, रानीवाड़ा।
विधायक का प्रयास सराहनीय है। विद्युत तारों के हटने से अब विद्यार्थी बिना भय के शिक्षा मंदिर में शिक्षा ले सकेंगे।
-मूलाराम राणा जिला उपप्रमुख, जालोर।

Sunday, 20 June 2010

युवराज का जन्मदिन मनाया

रानीवाड़ा।
कांग्रेस के 'युवराजÓ सांसद राहुल गांधी के 40 वें जन्मदिवस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गायों को गुड, गरीबों को फल वितरित करके, संगोष्ठी आयोजित कर मनाया। ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय में अखिल भारतीय राहुल गांधी ब्रिगेड की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि युवा नेता गंगाराम खीचड़ ने कहा कि राहुल गांधी ने कांग्रेस में नई जान फूंकी है। उन्होंने युवा शक्ति को देश का कर्णधार बताते हुए कहा कि युवाओं को राहुल के आदर्शों को अपनाकर देश के विकास में भागीदार बनना चाहिए। ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष राव सज्जनसिंह ने कहा कि राहुल जैसे व्यक्तित्व देश ही नहीं दुनिया के लिये भी अनूठी पहचान बनाने वाले है। अंबालाल चितारा ने कहा कि राहुल ने अपने परिवार के आदर्श को बरकरार रखते हुए स्वच्छ राजनीति को नये आयाम दिये है। कार्यक्रम में पूर्व युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष परसराम ढ़ाका ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में गणेश देवासी, ईश्वरभाई माहेश्वरी, पारसमल जीनगर, राहुल वैष्णव, कृष्ण पुरोहित, खेताराम देवासी, रमेश मेघवाल, बगदाराम पाल, मसराराम जालेरा, जितेंद्र जोशी, धुकाराम भोकू आदि ने अस्पताल परिसर में गरीबों को फल वितरित कर राहुल के मंगलदीर्घा आयु की कामना की।

Sunday, 13 June 2010

पुनरीक्षण अभियान जारी

रानीवाड़ा. युवा कांग्रेस के आगामी माह में होने वाले चुनाव के तहत सदस्यता अभियान के बाद मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण का कार्य चल रहा है। विधानसभा नामांकन अधिकारी परसराम ढाका ने बताया कि जिस व्यक्ति के पास बॉर कोड स्लिप है। जबकि उसका नाम मतदाता सूची में नही है, तो कस्बे के सांचौर रोड पर स्थित युवा कांग्रेस कार्यालय में नाम पंजीयन करवाने के लिए आवेदन कर सकते हंै। उन्होंने बताया कि रानीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से ११५०० सदस्यता फार्म पंजीयन किए गए, जिसमें से 1२९४ फार्म त्रुटियों की वजह से खारीज किए गए। कुछ फार्म अन्य विधानसभा क्षेत्र से भी आए है, उन्हें भी अलग करने का कार्य चल रहा है

Monday, 7 June 2010

इसी माह यात्री गाड़ी शुरू होने की जगी आस

रानीवाड़ा
समदडी-भीलड़ी ब्रॉडगेज पर यात्री गाड़ी शुरू करवाने की राजनीतिक कवायद शुरू हो गई है। जिले के कांग्रेस नेता यात्री गाड़ी शुरू करवाने को लेकर गुरुवार को रेल राज्य मंत्री मुन्नीयप्पा से दिल्ली में जाकर मिले। मंत्री ने अतिशीघ्र भीलड़ी-समदड़ी टै्रक पर यात्री गाड़ी शुरू करने का आश्वासन दिया है। जानकारी के मुताबिक, समदड़ी-भीलड़ी आमान परिवर्तन के बाद पांच माह से मालगाडिय़ों का परिवहन हो रहा है। इस ट्रैक पर गत पांच माह से काफी तादाद में रोजाना मालगाडिय़ा चल रही है। जिले के लोगों व आप्रवासियों की मांग पर जिले के कांग्रेस नेता प्रदेश सचिव पुखराज पाराशर, रानीवाड़ा विधायक रतन देवासी, जालोर विधायक रामलाल मेघवाल सहित कई नेताओं ने नई दिल्ली जाकर रेल राज्य मंत्री मुन्नीयप्पा से मिले। नेताओं ने इस इस ट्र्रैक पर अतिशीघ्र यात्री गाडिय़ां शुरू करने का निवेदन किया। उनके निवेदन पर रेल राज्य मंत्री ने तुरंत रेल विभाग के आलाधिकारियों को मंत्री निवास पर बुलाकर वस्तु स्थिति की जानकारी ली। बाद में उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां होने के उपरांत यात्री गाड़ी शुरू नहीं करवाने पर नाराजगी जताते हुए तुरंत सीआरएस की ओर से अंतिम निरीक्षण के लिए निर्देशित किया। साथ ही जून के अंतिम सप्ताह तक किसी भी सूरत में यात्री गाड़ी शुरू करने का आश्वासन दिया। जिले के लोगों ने कांग्रेस नेताओं के द्वारा दिल्ली जाकर इस मुद्दे को गंभीरता से मंत्री के सामने उठाने पर आभार जताया है। कई आप्रवासी बंधुओं ने भी कांग्रेस नेताओं को सीआरएस विषय पर संवेदनशीलता बरतने पर तहेदिल से धन्यवाद दिया है।

इनका कहना है
मंत्रीजी ने जून माह में ही सीआरएस की ओर से अंतिम निरीक्षण पूरा करवाने के निर्देश अधिकारियों को दे दिए है। इस मुद्दे को लेकर मंत्रीजी 9 जून को जयपुर में आकर रेल विभाग के अधिकारियों से मिटिंग करेंगे। ऐसी आशा है कि जून माह के अंतिम सप्ताह में यात्री गाडिय़ां पटरियों पर दौडऩी शुरू हो जाएगी।
- रतन देवासी, विधायक, रानीवाड़ा जालोर

कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक

रानीवाड़ा

युवा कांग्रेस के सदस्यता अभियान की प्रक्रिया के बाद होने वाले चुनावों में संभावित प्रत्याशियों की चयन को लेकर लोकसभा क्षेत्र के रिर्टनिंग अधिकारी प्रणय शुक्ला ने रविवार को कस्बे के युवा कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक ली। एलआरओ शुक्ला ने बताया कि राजस्थान प्रदेश के सदस्यों की सूची इंटरनेट पर जारी कर दी गई है। अब सूची की स्क्रीनिंग चल रही है। 12 जून के बाद कोई भी सदस्य इंटरनेट से बार कोड की रसीद जांच कर सकता है, अगर कोई प्रकार की गलती हो तो वह सदस्य एलआरओ से संपंर्क कर इस गलती को दूरस्त करवा सकता है। शुक्ला ने बताया कि संगठन में लोकतांत्रिक ढंग से चुनाव करवाए जा रहे हैं। जो कि युवा महासचिव राहुल गांधी की विचारधारा का अनुसरण है। बैठक में रानीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के एईओ परसराम ढाका, सांचौर एईओ बाबूलाल विश्नोई, जिला महासचिव गंगाराम खींचड, मोहनलाल मांजू, हरीराराम खिलेरी, बाबूलाल पंडित, अंबालाल और कृष्णकुमार पुरोहित सहित कई जने उपस्थित थे।

Saturday, 22 May 2010

राजीव गांधी की पुण्यतिथि मनाई

रानीवाड़ा।
कस्बे में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की पुण्यतिथि शुक्रवार को कांग्रेस कार्यालय में आतंकवाद विरोधी दिवस के रूप में मनाई गई। कांग्रेस के युवा नेता अंबालाल जीनगर अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के कर्मियों ने स्व. राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। जीनगर ने कर्मियों को सभी प्रकार के आतंकवाद और हिंसा का डटकर विरोध करने, मानवजाति के सभी वर्गो के बीच शांति, सामाजिक सद्भाव तथा मानव जीवन मूल्यों को खतरा पहुंचाने वाली विघटनकारी शक्तियों से लडऩे की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि गांधी ने जीवन पर्यत सामाजिक सद्भाव व समाज के विभिन्न वर्गो के बीच शांति कायम करने के लिए काम किया। उन्होंने 21वीं सदी में भारत का विश्व के मानचित्र पर स्थापित करने के लिए प्रेरणा पूंज के रूप में काम किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओंं से आह्वान किया कि वे समाज विरोधी घटकों का डटकर मुकाबला करे। हमें निजी स्वार्थो से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानना चाहिए। समाज में नैतिक मूल्यों के सृजन के लिए प्रत्येक व्यक्ति को उत्तरदायी दृष्टिकोण अपनाकर चलना चाहिए। बाद में सभी जनों ने सामुदायिक  स्वास्थ्य केंद्र में जाकर कहा इलाज करवा रहे मरीजों को गांधी की याद में फल वितरित कर उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। स्व. राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित करने वालों में ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष सज्जनसिंह राव, गणेश देवासी, रहमानभाई मूसला, सांकलाराम राणा, मंछाराम परिहार, राहुल वैष्णव, छेलाराम मेघवाल, बगदाराम देवासी, बलदेव राणा, रमेश मेघवाल आदि शामिल थे।

Monday, 3 May 2010

गहलोत का जन्मदिन मनाया

रानीवाड़ा।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का जन्म दिवस ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कांग्रेस कार्यालय में धूमधाम से मनाया गया। कांग्रेस अभाव अभियोग के ब्लॉकध्यक्ष भगवानाराम विश्रोई ने बताया कि इस अवसर पर सीएचसी सहित ग्रामीण क्षेत्र की पीएचसी व अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों को फल वितरीत कर मुख्यमंत्री के दिघार्यु होने की कामना की गई। इस अवसर पर जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के समस्त पदाधिकारियों सहित सदस्यों ने भाग लिया।र्

Thursday, 25 March 2010

नेहरू बिग्रेड की बैठक हुई

रानीवाड़ा
अखिल भारतीय नेहरू बिग्रेड छात्र संघ की बैठक कस्बे के वाल्मीकि आश्रम में ब्लॉक अध्यक्ष अशोक साहू की देख-रेख में हुई। बैठक में कार्यकारिणी का विस्तार कर नितेश गोस्वामी को केर ग्राम ईकाई का अध्यक्ष मनोनित किया गया। बैठक में कमलेश सुथार, जोगाराम परमार, दिनेश सियाग, महेंद्र सियाग सहित कई कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

Thursday, 3 December 2009

युवा कांग्रेस का सदस्यता अभियान जोरों पर

रानीवाड़ा
युवा कांग्रेस का सदस्यता अभियान जोरों पर है। अभियान के तहत गंगाराम खीचड़ के नेतृत्व में डीगांव, भाटीप, कोड़का, सामराणी, करड़ा, करवाड़ा, कोटड़ा, दांतवाड़ा, सांतरू, सेवाड़ा, सांकड़, गुंदाऊ, सेडिया, मीरपुरा, धानोल सहित कई गांवों में युवाओं से संपर्क किया गया। अभियान में विधानसभा के एईओ परसराम ढाका, मोबाइल टीम के प्रभारी व जिला युवा कांग्रेस महासचिव गंगाराम विश्नोई, एडवोकेट गणेशाराम देवासी, कृष्णकुमार पुरोहित, सर्जनसिंह राठौड सहित कई कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

भीनमाल& रामदेव विकलंाग सेवा समिति द्वारा गुरुवार को नि:शक्तजन दिवस मनाया गया। समिति के अध्यक्ष घेवरचंद राजपुरोहित ने बताया कि इस दौरान कच्ची बस्ती में गरीब बच्चों को फल वितरित कर विकलांग व नि:शक्तजनों को उनके अधिकारों की जानकारी दी। इस दौरान राज्य व केन्द्र सरकार द्वारा विभिन्न योजना के मार्फत मिलने वाली सुनिधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की बात कहीं। इस अवसर पर भंवरलाल टांणी, विनोदकुमार जैन, कलाराम माली, राजेश छिपा, तलकाराम मेघवाल मौजूद थे।