Hot News अभी - अभी

रतनपुर में गाय पर हमला करने वाले युवक गिरफ्तार, रानीवाडा उपखंड की ताजा खबरों के आपका स्वागत।।

Sunday, 9 May 2010

वात्सल्य धाम का अवलोकन किया

रानीवाड़ा. श्रीआत्मानंद सेवा संस्थान द्वारा संचालित वात्सल्य धाम का शनिवार को पुलिस महानिरीक्षक सीआईडी सीबी एन मोरिस बाबू ने निरीक्षण किया। धाम के संचालक प्रागाराम पुरोहित ने बताया कि उन्होंने संस्था के द्वारा संचालित अनाथ आश्रम में अध्ययनरत बालकों से शिक्षा व अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने भवन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इससे पूर्व उनका मंछाराम परिहार ने साफा पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर पुलिस उप अधीक्षक देवेंद्र शर्मा, निरीक्षक दिनेशकुमार, छोटुभाई मिस्त्री और रमेश पुरोहित सहित संस्था के कई सदस्य उपस्थित थे।

प्रवेशोत्सव का शुभारंभ

रानीवाड़ा
निकटवर्ती आजोदर स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय व उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुरा में शनिवार को बीईईओ तोलाराम राणा और संस्था प्रधान धर्मदान चारण की मौजूदगी में प्रवेशोत्सव का शुभारंभ हुआ। राणा ने नव प्रवेशी बालक-बालिकाओं को तिलक लगाकर मुंह मीठा करवाया। संस्था प्रधान चारण ने समस्त अभिभावकों को नियमित रूप से बच्चों को विद्यालय भेजने व ठहराव सुनिश्चित करने की अपील की। इस अवसर पर पन्नालाल सोलंकी, समेलाराम, अमृतलाल, कांतिलाल, बाबुराम, अमराराम, माणकराम, अमृतलाल, रतनाराम, करणसिंह, नरसीराम, नरेंद्रकुमार और ओबीदेवी सहित कई लोग उपस्थित थे।

विद्यालयों के एकीकरण पर जताया रोष

रानीवाड़ा
पंचायत समिति क्षेत्र में शिक्षा विभाग द्वारा प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के एकीकरण के प्रस्ताव राज्य सरकार को प्रेषित करने से अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधि में रोष बढ़ता जा रहा है। इसको लेकर धामसीन सरपंच बलवंत पुरोहित, मालवाड़ा पंचायत समिति सदस्या दीवाली काबा व स्थानीय सरपंच गोदाराम देवासी ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर इन विद्यालयों को यथावत रखने की मांग की है। जानकारी के अनुसार कस्बे की नट कॉलोनी में दस साल पुराने विद्यालय का समायोजन राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय रानीवाड़ा में, मालवाड़ा कस्बे के पास प्राथमिक विद्यालय ऊंट का धोरा को लाधाणी उच्च प्राथमिक विद्यालय मालवाड़ा में समायोजित किए जाने पर अभिभावकों में रोष व्याप्त है। इसके अलावा राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामदेव का धोरा बामनवाड़ा के विद्यालय को राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बामनवाड़ा गांव में समायोजन पर विरोध जताया है।

बीपीएल सर्वे की मांग

रानीवाड़ा
जिला परिषद सदस्य ललिता बोहरा ने मुख्यमंत्री को पत्र प्रेषित कर बीपीएल सर्वे 2002 में वंचित गरीब परिवारों का पुन: सर्वे करवाने का निवेदन किया है। बोहरा ने बताया कि तहसील क्षेत्र में अनुसूचित जनजाति के हजारों परिवार जो विषम परिस्थितियों में ढाणियों व दूर-दराज के पहाड़ी वन क्षेत्रों में निवास करते हैं। उनका नाम बीपीएल सर्वे सूचि में नहीं होने से वे राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। बोहरा ने बताया कि सर्वे में काफी अनियमितताएं व भेदभाव बरता गया है। वहीं आर्थिक रूप से संपन्न होने के उपरांत ऐसे कई लोगों के नाम बीपीएल सर्वे सूची में देखने को मिल रहे हैं।

भागवत कथा जारी

रानीवाड़ा
जाखड़ी के रामदेव मठ में भागवत कथा का वाचन जारी है। कथावाचक शास्त्री हरीप्रसाद त्रिवेदी को सुनने के लिए काफी तादाद में लोग पहुंच रहे हैं। महंत काशीनाथ महाराज ने बताया कि ग्रामवासियों के सहयोग से 15 अप्रैल से 15 मई तक अधिकमास के दौरान कथा का वाचन होता रहेगा। सुबह 10 से 12 बजे तक मंदिर परिसर में मेले सा माहोल दिखाई देता है।

पात्रता सूची घोषित

रानीवाड़ा. बीईईओ तोलाराम राणा ने बताया कि तृतीय वेतनशृंखला से द्वितीय वेतन शृंखला में पदोन्नति के लिए अध्यापकों की पात्रता सूची कार्यालय को प्राप्त हो गई है। सभी अध्यापक सूची का अवलोकन कर परिवेदना जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय जालोर को दस मई तक प्रस्तुत कर सकेंगे। राणा ने बताया कि जिनका पात्रता सूची में नाम नहीं हंै। वे अध्यापक भी शैक्षिक व प्रशैक्षिक प्रमाण-पत्रों के साथ अपनी परिवेदना प्रस्तुत कर सकते हंै।

पोशाक वितरण कार्यक्रम हुआ

रानीवाड़ा. निकटवर्ती राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय रातड़ों की ढाणी मैत्रीवाड़ा में सरपंच प्रभीदेवी देवासी की अध्यक्षता छात्राओं को पोशाक वितरण कार्यक्रम हुआ। नोडल अधिकारी समंदरसिंह ने बताया कि सर्व शिक्षा अभियान के तहत विद्यालय में अध्ययनरत २२ छात्राओं को पोशाकों का वितरण किया गया। इस अवसर पर कृष्ण देवासी, सोमाराम, नानजीराम, हमीराराम, जगदीशकुमार और छगनाराम सहित कई जनों ने भाग लिया।

क्रिकेट क्लब की बैठक हुई

रानीवाड़ा. निकटवर्ती मालवाड़ा में क्रिकेट क्लब की बैठक खेल मैदान में हुई। क्रिकेट प्रभारी सिकंदर खान मुसला ने बताया कि कस्बे में 16 से 30 मई तक क्रिकेट खेल का विशेष प्रशिक्षण शिविर लगाया जा रहा है। जिसमें प्रशिक्षकों द्वारा क्रिकेट खेल के गुर सिखाए जाएंगे। इस अवसर पर महासिंह जाखड़ीया, हीरालाल देवासी, बुद्धाराम, मनोहरलाल व रजब शेख सहित कई खिलाड़ी उपस्थित थे।

पानी को लेकर संघर्ष समिति गठित

रानीवाड़ा. नर्मदा के पानी को पेयजल के लिए रानीवाड़ा तहसील तक पहुंचाने के संबंध में वर्षों पूर्व बनाई गई योजना को स्वीकृत करवाने को लेकर क्षेत्र वासियों ने मुख्यमंत्री को पत्र प्रेषित किया है। इस योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए एक संघर्ष समिति का गठन किया गया है। संयोजक रतनसिंह कोडि़टा ने बताया कि रविवार को समिति की बैठक सेवाडिय़ा आपेश्वर महादेव मंदिर में सवेरे 10 बजे होगी। जिसमें जनप्रतिनिधि व क्षेत्र के नागरिक भाग लेंगे।

अवैध कनेक्शन हटाए

रानीवाड़ा.क्षेत्र में जलापूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर जलदाय विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को गांग ग्राम पंचायत मुख्यालय पर सात अवैध कनेक्शन हटाए गए। सहायक अभियंता रामनिवास यादव ने बताया कि इस दौरान स्थानीय जलदायकर्मी ने पुलिस इंद्राज के साथ जोरा, नानजी, बालू, दाना, काला, भगराज और हीरा कलबी के अवैध कनेक्शन हटाए।

पाइपलाइन से हटाए अवैध कनेक्शन

रानीवाड़ा
ग्रामीण क्षेत्र में जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जलदाय विभाग द्वारा अवैध कनेक्शन विच्छेद करने का अभियान जारी है। सहायक अभियंता रामनिवास यादव ने बताया कि आज गुरुवार को पुलिस के सहयोग से विभाग ने गांग व मंडारडी गांव में रिदाराम, हीराराम, भगाराम, रूपाराम, रतनाराम, चतराराम, प्रभुराम, लालाराम, खंगाराराम, जगाराम, गजाराम, बाबुराम, राजाराम, समरथाराम, रूपाराम, रणछोड़ाराम, ओखाराम व मेजलाराम सहित 18 जनों के अवैध कनेक्शन काटे गए। इस अभियान में जलदाय विभाग के कर्मचारी रमेशकुमार व सुआदेवी ने भी सहयोग प्रदान किया।

रोजगार सहायक के विरूद्ध कार्रवाई

रानीवाड़ा
क्षेत्र के कोटड़ा व कोड़का में महानरेगा कार्यस्थल में अनियमितता के चलते कार्यक्रम अधिकारी ने छह मेटों को ब्लैक लिस्टेड घोषित कर दिया। साथ ही रोजगार सहायक को पदमुक्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्यवाहक कार्यक्रम अधिकारी रमेशकुमार शर्मा ने बताया कि बुधवार को दोनों ग्राम पंचायतों में नरेगा कार्यो में अनियमितताओं की शिकायत के चलते विधायक रतन देवासी ने नरेगा टीम के साथ इन दोनों कार्य स्थलों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस कार्रवाई से समूचे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। विधायक रतन देवासी ने बताया कि महानरेगा योजना के तहत चल रहे कार्यों का इसी तरह आकस्मिक निरीक्षण समय-समय पर किया जाएगा, ताकि कार्यों में अनियमितता पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने बताया कि सरकार के स्पष्ट निर्देश है कि नरेगा योजना का लाभ ग्रामीण क्षेत्र के सभी वर्ग के लोगों को मिले। इसलिए इसे गंभीरता से लिया जा रहा है।

अधिकारी का कहना

ञ्च नरेगा कार्यों का निरीक्षण करने को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों की टीमें बनाई जा रही है। जो कार्यों का निरीक्षण कर साप्ताहिक रिपोर्ट भेजेगी।

-कैलाशचंद्र शर्मा, कार्यक्रम समन्वयक व एसडीएम, रानीवाड़ा

ञ्च दोनों कार्य स्थलों पर बीस श्रमिकों को एवजी पाया जाना गंभीर बात है। ऐसे कार्यों में मेट व रोजगार सहायक की मिलीभगत प्रतीत होती है। छह मेटों को ब्लेक लिस्टेड घोषित कर दिया है। रोजगार सहायक के विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

-रमेश कुमार शर्मा, कार्यवाहक कार्यक्रम अधिकारी।

Saturday, 8 May 2010

गांव के "छोरों" की ऊंची उड़ान

जालोर।
बाग बिक जाते हैं जरदार के हाथों
फूलों की खुश्बू से रस्ते तो महक जाते हैं।
तुम्हें हीरे की सिफात है तो अंधेरे में मिलो
उजाले में तो कांच के टुकडे भी चमक जाते हैं।


रेत के खिलौनों से खेलकर व सरकारी स्कूलों में मिट्टी की स्लेट पर पढ़ने वाले ठेठ ग्रामीण परिवेश में पले-बढ़े गांव के युवाओं ने इन पंक्तियों को चरितार्थ कर इतिहास रचा है। हल थामने वाले इन भçूमपुत्रों के मजबूत इरादों के सामने अब आसमान भी छोटा पड़ने लगा है। अभावों से अपनी मंजिल तय करने वाले युवाओं ने ऊंची उड़ान भर यह जता दिया है कि सफलता परिस्थितियों की मोहताज नहींं होती है।

पिछले तीन सालों में जालोर के छह युवाओं का भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन हुआ है, जबकि इन सालों में 10 प्रतियोगी साक्षात्कार तक पहुंचे हैं। इससे पहले की स्थिति पर गौर करें तो आजादी के बाद से 2007 से पहले तक जालोर जिले के महज चार युवा भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाने का गौरव हासिल कर सके हैं। शिक्षा की दृष्टि से अति पिछड़े जालोर के लिए यह उपलब्घि कहीं ज्यादा मायने रखती है। ग्रामीण परिवेश से भारतीय प्रशासनिक सेवा तक का सफर तय करने की यह शुरूआत अच्छा संकेत है।

आरएएस बने आईएएस
दो आरएएस अफसरों को जालोर में पदस्थापन के दौरान भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाने का मौका मिला। वर्ष 2007 में जालोर में आरएएस प्रशिक्षु बलवंतसिंह कालेवा का 37 वीं रेंक पर चयन हुआ। वर्तमान में वे उड़ीसा कैडर के आईएएस है। सांचौर में बतौर उपखंड अघिकारी पदस्थापित भैराराम चौधरी का भी वर्ष 2008 में आईआरएस में चयन हुआ।

आरएएस अफसरों की भरमार
पिछले कुछ सालों में जालोर जिले से आरएएस में चयनित युवाओं की संख्या तो और भी तेजी से बढ़ी है। तीन सालों में जालोर जिले के करीब तीन दर्जन से अघिक युवा आरएएस अफसन बने हैं। इनमें ग्रामीण तबके के युवाओं की संख्या नब्बे फीसदी है।

टॉप किया आईआईटी
सायला पंचायत समिति के भूंडवा निवासी डूंगाराम चौधरी ने वष्ाü 2002 में आईआईटी में देशभर में टॉप किया था। सामान्य परिवार में जन्मे चौधरी ने गांव में रह कर ही अध्ययन किया। चौधरी के टॉप करने से जालोर जिला गौरवांतित हुआ।

पूर्व में चयनित
इनसे पहले जिले में हरजी गांव के अभिमन्यूसिंह (आईएएस), सियाणा के सुशील सोलंकी (आईआरएस), तवाव के ओमप्रकाश कांत (आईआरएस) और रामसीन के गंगासिंह परमार(गुजरात राज्य सेवा से पदोन्नत) आईएएस ने इस परीक्षा में सफल होकर जिले का मान बढ़ाया था।

Thursday, 6 May 2010

चौपाल आज

रानीवाड़ा ! राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक ग्राम पंचायत पर उपखंड अधिकारी की मौजूदगी में रात्रि चौपाल का आयोजन गुरूवार को मालवाड़ा में किया जाएगा। ग्रामसेवक मांगाराम देवासी ने बताया कि शाम 7 बजे चौपाल का शुभारंभ किया जाएगा, जिसमें सभी विभागों के अधिकारी व कर्मचारी विभागीय योजनाओं की जानकारी के साथ आवश्यक रूप से भाग लेंगे। चौपाल में दर्ज होने वाली समस्याओं का निस्तारण उपखंड कार्यालय में प्रत्येक सोमवार को होने वाली समीक्षा बैठक में किया जाएगा। उपखंड अधिकारी कैलाशचंद्र शर्मा ने बताया कि 13 मई को करड़ा, 20 मई को कागमाला व 27 मई को दहीपुर में भी इन चौपालों का आयोजन किया जाएगा।

Monday, 3 May 2010

पुरोहित बने जिले की ओळखांण

रानीवाड़ा।
जीवन एक समर है सचमुच, जीवन एक सफर है सचमुच। यह कहना है वात्सल्यधाम के संचालक प्रागाराम पुरोहित का। भरपूर उर्जावान, आत्मबल से लबालब पुरोहित जिले के रानीवाड़ा उपख्ंाड़ पर अनाथ बच्चों का आश्रम संचालित कर रहे है। वात्सल्यधाम के नाम प्रसिद्ध इस संस्थान ने पुरोहित की बदौलत जिले को समूचे प्रदेश में ओळखांण दी है।
किसान पृष्ठभूमि के प्रागाराम पुरोहित ने बरसों पूर्व मन में अनाथ बच्चों की सेवा के लिए आश्रम की स्थापना करने का ठान लिया था। इस मिशन में उनके सारथी बने स्वामी आत्मानंद सरस्वती महाराज। उनकी प्रैरणा व आशीर्वाद के बदौलत आज वो इस मुकाम तक पहूंच पाए है। इस समय धाम में ७० से भी ज्यादा अनाथ बच्चें अध्ययनरत है। उनके अध्ययन के लिए बाकायदा धाम के परिसर में माध्यमिक विद्यालय शुरू किया गया है। जहां इन बच्चों के नि:शुल्क अध्ययन की व्यवस्था की गई है।
धाम में आधुनिक व समस्त सुविधाओं से संपन्न भवन का निर्माण किया गया है। जिसका लोकार्पण विहिप के अध्यक्ष अशोक सिंहल के द्वारा किया गया था। पुरोहित ने बताया कि इस कांटों भरे कार्य में कई समाजसेवी लोगों ने भरपूर सहयोग दिया। अनाथ आश्रम के रूप में इस संस्थान को मारवाड़ में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। पुरोहित का मानना है कि दिल में हिम्मत हो, कुछ करने का जज्बा हो तो कोई भी काम मुश्किल नही होता। अगले मिशन के रूप में पुरोहित की इच्छा है कि इस संस्थान को प्रदेश स्तरीय बनाने की है। साथ ही परिसर में सेवार्थ
अस्पताल शुरू करने का है। नि:संदेह पुरोहित के इस प्रयास से जिले को नई ओळखांण मिली है।

जड़ों से मिली राहत

रानीवाड़ा।
ग्रामीण क्षेत्र में कई जगह गर्मी के मौसम में पेयजल का संकट का कारण पाईपों में जडो का घुस जाना सामने आया है। निकटवर्ती तावीदर की रेबारियों की ढाणी में कुछ माह से जीएलआर में जलापूर्ति नही हो पा रही है। ग्रामीणों के द्वारा जलदाय विभाग में इस समस्या को लेकर लिखित में शिकायत की गई। जलदाय विभाग के कर्मचारियों ने कुछ अवैध कनेक्शन भी हटवाए, परंतु फिर भी जलापूर्ति जीएलआर में नही होने पर जडो के पाईप लाईन में घुस जाने का अंदेशा जताया गया। वरिष्ठ जलदाय कर्मी लक्ष्मणाराम देवासी ने अनुभव का प्रयोग कर काफी जगह पाईप लाईन को खोलकर जडो की तलाश की गई। तब एक जगह पाईप केंद्र जडे पाई गइ। काफी मशक्कत के बाद उस पाईपलाईन के अंदर से जडे हटाई गई। जलापूर्ति शुरू करने पर अब रेबारियों की ढाणी के जीएलआर में भरपूर मात्रा में पेयजल उपलब्ध हो रहा है। ग्रामीणों ने जलदाय विभाग के साथ जलदाय कर्मी देवासी का हार्दिक आभार जताया है।

सूचना की जानकारी मांगी

रानीवाड़ा।
निकटवर्ती ग्राम पंचायत खारा के लोगों ने सूचना अधिकार के तहत पूर्व सरपंच के द्वारा करवाए गए निर्माण कार्यों की जानकारी चाही है। समाजसेवी किशनाराम विश्रोई ने बताया कि उन्होंने विकास कार्यो की सूचना को लेकर ग्राम पंचायत खारा के ग्रामसेवक को दो बार आवेदन पत्र दिया, परंतु समय सीमा गुजर जाने के उपरांत अभी तक जानकारी नही दी जा रही है। विश्रोई ने ग्राम सेवक भूराराम के विरूद्ध मुख्य सूचना आयुक्त जयपुर एवं केंद्रिय सूचना आयुक्त, नई दिल्ली को पत्र पे्रषित कर आवश्यक कार्रवाई करने का निवेदन किया है। उन्होंने कहा कि ग्राम सेवक भूराराम व पूर्व सरपंच जालमसिंह ने सरकारी धन का दुरूपयोग कर लाखों रूपए का राजस्व घोटाला किया है। इस घोटालें को दबाने के लिए उक्त लोग सूचना के मुल अधिकार के नियमों की धज्जिया उडा रहे है।

गहलोत का जन्मदिन मनाया

रानीवाड़ा।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का जन्म दिवस ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कांग्रेस कार्यालय में धूमधाम से मनाया गया। कांग्रेस अभाव अभियोग के ब्लॉकध्यक्ष भगवानाराम विश्रोई ने बताया कि इस अवसर पर सीएचसी सहित ग्रामीण क्षेत्र की पीएचसी व अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों को फल वितरीत कर मुख्यमंत्री के दिघार्यु होने की कामना की गई। इस अवसर पर जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के समस्त पदाधिकारियों सहित सदस्यों ने भाग लिया।र्

पंचान्हिका महोत्सव शुरू


रानीवाड़ा।
निकटवर्ती मालवाड़ा में पांच दिवसीय पंचान्हिका महोत्सव के दूसरे दिन प्रवचन देते हुए आर्चाय रत्नाकर सूरीश्वर महाराज ने कहा कि इंसान व इंसानियत में बहुत अंतर है। इंसान अपना स्वार्थ, परिवार का स्वार्थ व स्वयं का लाभ सर्वप्रथम देखता है। उसे किसी इंसान से इस विषय पर मतलब नही होता है। इंसानियत रखने वाला मानव गांव, प्रदेश व राष्ट्र का भला सर्वप्रथम सोचता है। उन्होंने कहा कि हर इंसान इंसानियत के रूप में दूसरों के दुख में सहभागी बने। मुन्नी रत्नत्रय विजे ने भी धर्म का उद्देश्य को लेकर विस्तार से बताया। महोत्सव के आयोजन शाह मुलतानमल छोगाजी ने भी धर्म लाभ के रूप में दो शब्द कहे। इस महोत्सव भव्य जुलस, धार्मिक पाठशाला का कार्यक्रम, रंगोली, दीपक रोशनी, आंगी सहित कई धार्मिक कार्यक्रम जैनाचार्य के सानिध्य में हो रहे है। इस अवसर पर समाजसेवी कांतिलाल शाह, निलेश लाधाणी, संघवी चुन्नीलाल, सूरजमल जैन, नरेश शर्मा, फुलचंद जैन, जलपा हिराणी, संघवी मोहिनी सहित कई भक्तजन धर्मलाभ ले रहे है।र्

मॉडल प्रतियोगिता सम्पन्न

रानीवाड़ा।
कस्बे की राउमावि में आज मॉडल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य किशनलाल कोली ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा बीकानेर व विज्ञान व प्रोद्योगिकी विभाग जयपुर के निर्देशानुसार इंसपायर्ड अवार्ड से सम्मानित उपखंड क्षेत्र के समस्त विद्यालयों के छात्र छात्राओं की मॉडल प्रतियोगिता आज सोमवार को रखी गई। इस प्रतियागिता में इंसपायर्ड अवार्ड से सम्मानित समस्त विद्यार्थियों ने भाग लिया। पूर्व में दिए गए निर्देशानुसार दिए अनुसार सभी विद्यार्थियों ने अलग अलग विषयों पर मॉडल्स का निर्माण कर प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का निरीक्षण जिला परिषद सदस्या ललिता बोहरा, पंचायत समिति सदस्या शुभकवंर देवड़ा, सरपंच गोदाराम देवासी, ग्रामसेवक भाणाराम बोहरा, कनिष्ठ अभियंता विमलेश राठौड, समाजसेवी नवलसिंह देवड़ा सहित कई जनों ने निरीक्षण किया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 5 मई को राउमावि भीनमाल में किया जाएगा।र्