Hot News अभी - अभी

रतनपुर में गाय पर हमला करने वाले युवक गिरफ्तार, रानीवाडा उपखंड की ताजा खबरों के आपका स्वागत।।

Friday, 17 September 2010

एसडीएम ने सीएचसी का किया निरीक्षण

रानीवाड़ा ! उपखंड अधिकारी व ब्लॉक सीएमओ ने बुधवार को राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। एसडीएम कैलाशचंद्र शर्मा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में खुले रखे कचरादान को ढककर रखने और बेड साफ रखने के सीएचसी इंचार्ज डा. वासुदेव लोढ़ा को निर्देश दिए। जनाना वार्ड का निरीक्षण करने पर शौचालय में गंदगी व सफाई व्यवस्था नहीं होने पर ब्लॉक सीएमओ डा. आत्माराम चौहान ने नाराजगी जताई। इस प्रकार करीब दो साल से बंद पड़े जेनरेटर पर भी उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित कंपनी से सही करवाने के निर्देश दिए। इस दौरान अस्पताल में कई जगहों पर छत टपकने पर उन्होंने चिंता जताई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मरीजों से भी व्यवस्थाओं को लेकर सवाल जवाब किए। इस अवसर पर एनआरएचएम के प्रबंध मैनेजर प्रदीपकुमार सहित संस्था के कई जने उपस्थित थे।

सस्ता गेहूं , चावल और केरोसिन वितरण शुरू

रानीवाड़ा ! मुख्यमंत्री अन्न सुरक्षा योजना के तहत उपभोक्ता सप्ताह की शुरुआत होते ही बुधवार से बीपीएल उपभोक्ताओं को राशन की दुकान से दो रुपए किलो में चावल मिलना शुरू हो गया है। उपभोक्ताओं को इस अवधि में प्रति राशनकार्ड चार लीटर के अनुपात में 13 रुपए 75 प्रति लीटर की दर से केरोसीन भी मिलेगा। एसडीएम कैलाशचंद शर्मा ने बताया कि सप्ताह में राशन की दुकानों पर कर्मचारियों की नियुक्ति कर दी है।

गुंडा एक्ट के लिए खंगाल रहे रिकार्ड

रानीवाड़ा
क्षेत्र में राजस्थान गुंडा नियंत्रण अधिनियम के दायरे में आने वाले बदमाशों का रिकार्ड खंगालने की कार्रवाई शुरू हो गई है। इसके तहत पुलिस अधिकारी सजायाफ्ता होने के बावजूद आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहे बदमाशों को सूचीबद्ध कर फाइलें तैयार कर रहे हैं। गौरतलब है कि करीब दस साल से इस अधिनियम के तहत कार्रवाई बंद पड़ी थी। करीब एक माह पूर्व सुप्रीम कोर्ट की ओर से एक्ट को संवैधानिक घोषित किए जाने के बाद महकमे में इस एक्ट के जरिए अपराधियों पर शिकंजा कसने की सुगबुगाहट फिर शुरू हो गई है। गृह विभाग के निर्देशों पर अब अमल शुरू हो गया है। रानीवाड़ा क्षेत्र में विभिन्न आपराधिक मामलों में सजा होने के बाद भी आधा दर्जन से ज्यादा प्रकरणों में लिप्त रहे कई बदमाश है।
कलेक्टर के समक्ष पेश होंगी फाइलें :इ गुण्डा एक्ट के आरोपियों को तड़ीपार करने या इनके विरूद्ध अन्य कार्रवाई के लिए जिला मजिस्ट्रेट ही निर्णय करते हंै। इसके मद्देनजर पुलिस ऐसे आरोपियों का रिकार्ड इकट्ठा करने के बाद डीएम के समक्ष पेश करेगी।

-गुण्डा एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए क्षेत्र में पुलिस सक्रिय है। पुलिस की ओर से अपराधियों को चिह्नित कर फाइलें बनवाई जा रही हैं।

-दिनेशकुमार, पुलिस निरीक्षक रानीवाड़ा

सीएसएस बैठक हुई

रानीवाड़ा! ग्रामीण क्षेत्र में कॉमन सर्विस सेंटर योजना की मॉनिटरिंग को लेकर एसडीएम कैलाशचंद्र शर्मा ने बैठक का आयोजन किया। बैठक में उन्होंने आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर तहसीलदार खेताराम सारण, पंचायत प्रसार अधिकारी नारणाराम मेघवाल और ब्लॉक कॉडिनेटर लक्ष्मणसिंह सहित कई जने उपस्थित रहे।

दीवार ढहने से एक की मौत

रानीवाड़ा ! निकटवर्ती रतनपुर गांव में कुम्भारियों की ढाणी की राप्रावि में मंगलवार को दीवार गिरने से एक जने की मौत हो गई। थानाधिकारी दिनेशकुमार ने बताया कि मंगलवार शाम 4 बजे विद्यालय में किचन शेड के निर्माण को लेकर नींव की खुदाई हो रही थी। 
इसी दौरान घटना स्थल के पास पुराने शौचालय की दीवार के ढह जाने से खेताराम पुत्र रूपाराम मेघवाल निवासी रतनपुर की दीवार के नीचे दबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर थानाधिकारी सहित प्रधान राधादेवी देवासी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है

करंट से भैंस की मौत

रानीवाड़ा! हीरपुरा गांव में सोमवार शाम को करंट लगने से भैंस की मौत हो गई। सोमाराम कलाजी चौधरी निवासी हिरपुरा ने बताया कि उसके कृषि कुएं पर करंट की चपेट में आने से भंैस की मौत हो गई। इसी तरह धानोल में रविवार रात को बरसात के दौरान कांतिराम साकलाजी कोली के कृषि कुएं पर बिजली गिरने से एक भैंस की मौत हो गई।

कलेक्टर ने किया निरीक्षण

रानीवाड़ा! कलेक्टर के.के. गुप्ता ने पंचायत समिति परिसर में निर्माणाधीन राजीवगांधी आईटी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने विकास अधिकारी ओमप्रकाश शर्मा व सहायक अभियंता विमलेश राठौड़ से भवन के निर्माण के संबंध में जानकारी लेकर अतिशीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। बाद में समिति कार्यालय में बैठक का आयोजन कर महानरेगा सहित अन्य योजनाओं के तहत चल रहे विकास कार्यों के बारे में जानकारी ली। बैठक के बाद गुप्ता खोडेश्वर महादेव मंदिर के दर्शनार्थ जाविया पहुंचे, वहां पर उन्होंने विधिवत पूजा अर्चना कर झरनों का अवलोकन किया। इस दौरान तहसीलदार खेताराम सारण, बीडीओ ओमप्रकाश शर्मा सहित कई जने उपस्थित थे।

सीआरसीएफ होंगे मुक्त

रानीवाड़ा ! सर्व शिक्षा अभियान के तहत ब्लॉक रानीवाड़ा में लगे समस्त सीआरसीएफ को जिला परियोजना समन्वयक ने मूल विभाग में भेजने को लेकर कार्यमुक्त करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। बीआरपी भवंरसिंह राव ने बताया कि शासन उपसचिव प्राथमिक शिक्षा के निर्देशानुसार जिला परियोजना समन्वयक श्यामसुदंर सोलंकी ने निर्देश जारी कर रानीवाड़ा ब्लॉक में शिक्षा विभाग से प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत सीआरसीएफ को मूल विभाग में भेजने के निर्देश दिए हैं। राव ने बताया कि इस तरह रानीवाड़ा ब्लॉक के वणधर में कार्यरत लाधुराम खिलेरी, जाखड़ी के दिनेश पुरोहित, धामसीन के भगवतसिंह, गांग के जालाराम परिहार, कागमाला चेतन कुमार विश्रोई, मालवाड़ा के भाखराराम विश्रोई, करड़ा के हंजाराम राणा एवं रानीवाड़ा खुर्द के मेवाराम देवासी को तुरंत प्रभाव से कार्यमुक्त करने को कहा गया है।

चौथे दिन भी बंद रहा स्कूल

रानीवाड़ा
निकटवर्ती आजोदर की राउप्रावि के प्रधानाध्यापक का तबादला प्रकरण दिनो-दिन जोर पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को चौथे दिन भी विद्यालय में अध्ययन कार्य नहीं हो पाया। विद्यालय में अध्ययनरत समस्त छात्र-छात्राओं ने कक्षाओं का बहिष्कार कर विरोध दर्ज किया। गुरुवार को इन आंदोलनरत विद्यार्थियों को एसडीएम सहित थानाधिकारी ने भी समझाने की कोशिश की, परंतु तबादला रद्द करने की जिद पर उन्होंने विरोध जारी रखा। इस मामले में सवेरे 11 बजे विद्यालय के समस्त विद्यार्थियों ने विद्यालय के बाहर शिक्षामंत्री भंवरलाल मेघवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों का पुतला जलाया। इस दौरान अभिभावकों ने शिक्षामंत्री को पत्र प्रेषित कर प्रधानाध्यापक का तबादला रद्द करने की मांग की है। इस घटना को लेकर विधायक रतन देवासी ने बताया कि अन्य विद्यालयों में प्रधानाध्यापकों की कमी व समायोजन को लेकर नियमानुसार, जनहित में पारदर्शिता रखकर तबादले किए गए हैं। किसी जाति विशेष को लक्ष्य बनाकर एक भी तबादला नहीं किया गया है। तबादलों को लेकर कुछ लोगों द्वारा राजनीति की जा रही है।

छात्रवृति देने की मांग

रानीवाड़ा! राउमावि कोड़का में अध्ययनरत एससी, एसटी वर्ग के छात्रों को गत व वर्तमान शैक्षणिक सत्र के दौरान उत्तर मैट्रिक छात्रवृति नही देने को लेकर छात्रों ने कलेक्टर को पत्र प्रेषित किया है। छात्र नेता शांतिलाल ने बताया कि आवेदन पत्र जमा कराने के बाद विद्यालय प्रशासन छात्रवृति नहीं दे रहा है। समस्या को लेकर प्रधानाचार्य से जिला शिक्षा अधिकारी से निवेदन किया, किंतु समस्या का समाधान नही हो पाया है।

बैठक में कई प्रस्ताव पारित

रानीवाड़ा
कस्बे के वाल्मिकि आश्रम में उपजिला प्रमुख मूलाराम वागडिय़ा के मुख्य आतिथ्य में एससी व एसटी वर्ग के लोगों  सरकारी कर्मचारियों की बैठक का आयोजन किया गया। 
बैठक में सर्व सम्मति से प्रस्ताव पारित कर पिछड़े व दलित वर्ग के शिक्षकों को उचित न्याय दिलाने को लेकर राज्य सरकार को पत्र लिखने का प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में उपजिला प्रमुख के नेतृत्व में शिक्षामंत्री से मुलाकात कर शिक्षकों की समस्याओं को लेकर वार्ता करने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर सांकलाराम राणा, रेवाराम भील, कृष्णकुमार रोड़ा, विराराम सहित कई जने उपस्थित थे।

रिक्त पद भरने की मांग

रानीवाड़ा!
उपखंड क्षेत्र के कई विद्यालयों में तबादलों के बाद शिक्षकों के पद रिक्त होने से अव्यवस्था का माहौल पैदा हो गया है। रिक्त पदों पर अतिशीघ्र नियुक्ति करवाने की मांग को लेकर पूर्व जिला उपप्रमुख नारायणसिंह देवल ने शिक्षामंत्री भंवरलाल मेघवाल को पत्र प्रेषित किया है। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग ने सरकारी विद्यालयों में कार्यरत विशिष्ट शिक्षक सहित विषय विशेषज्ञों के तबादले को कर दिए है, परंतु उनकी जगह भी विषय विशेषज्ञों के पद नही भरने से अध्ययन कार्य बाधित हो रहा है। देवल ने तबादलों के साथ रिक्त पद पर शिक्षक समायोजन करने की मांग की है।

Friday, 10 September 2010

यूथ कांग्रेस के चुनाव संपन्न

रानीवाड़ा !(10.09.2010) यूथ कांग्रेस के चुनावों के चौथे दिन गुरुवार को 9 ग्राम पंचायतों की इकाइयों के चुनाव हुए। एईओ परसराम ढाका ने बताया कि रानीवाड़ा खुर्द में नामांकन पत्र जमा नहीं होने से वहां चुनाव नहीं करवाया गया। आत्मानंद सेवा संस्थान में चल रहे चुनावी दौर में आज पूरे दिन लोगों का लवाजमा रहा। शुक्रवार को सरनाऊ, दाता, सांकड़ एवं नैनोल ग्राम पंचायतोंं के चुनाव करवाए जाएंगे। एआरओ मृगेश मेहता के साथ जिला उपाध्यक्ष गणेश देवासी, हरजीराम मारूवाड़ा, जिला महासचिव गंगाराम खींचड़, ब्लॉक अध्यक्ष कृष्ण पुरोहित, सर्जनसिंहऔर पुनमाराम सहित कई कार्यकर्ता चुनावों में सहयोग कर रहे है।

आवासीय विद्यालय के लिए प्रस्ताव भेजे

रानीवाड़ा ! विधानसभा क्षेत्र में विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले क्षेत्रों में अनाथ, बेघर व असहाय बच्चों को शिक्षा के प्रति जागृत करने को लेकर सरकार अतिशीघ्र कस्तुरबा गांधी विद्यालय की तर्ज पर आवासीय विद्यालय खोलने जा रही है। एसएसए के बीआरपी भंवरसिंह राव ने बताया कि विधायक रतन देवासी की अनुशंषा पर रानीवाड़ा तहसील के मेड़ा व डूंगरी तथा जसवंतपुरा पंचायत समिति के राजपुरा ग्राम में आवासीय विद्यालय की स्वीकृति को लेकर विभाग को प्रस्ताव प्रेषित कर दिए गए हैं। इसी माह में इन विद्यालयों के लिए किराए पर भवन की व्यवस्था कर प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि मेड़ा की प्रस्तावित आवासीय विद्यालय में विषम र्भाैगोलिक परिस्थितियों के क्षेत्र से सौ से एक सौ बीस छात्र-छात्राएं प्रवेश लेगी, इसी तरह डूंगरी में भी ११५ से १५० तक प्रवेश संख्या बढऩे की संभावना जताई जा रही है। विधायक रतन देवासी ने बताया कि सरकार की यह योजना वैकल्पिक शिक्षा व सर्वशिक्षा अभियान के तहत शुरू की गई है।

Wednesday, 8 September 2010

जसवंतपुरा-रामसीन सड़क कार्य स्वीकृत, विधायक का जताया आभार

रानीवाड़ा।
कई बरसों से जर्जर सड़क रामसीन जसवंतपुरा के नवीनीकरण का कार्य विधायक रतनदेवासी की अनुशंषा पर स्वीकृत हो गया है। लोगों ने विधायक का आभार जताया है।
पीडब्ल्यूडी विभाग के सहायक अभियंता अमृत वर्मा ने बताया कि नाबार्ड योजना के तहत स्वीकृत इस सड़क का कार्य अतिशीघ्र शुरू करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभागीय नियमों के तहत कोई भी सड़क एक बार बनने के बाद १० वर्षो के बाद ही पुन: बनाई जा सकती है परंतु इस सड़क के पूर्व में ही क्षतिग्रस्त होने को लेकर नया कार्य स्वीकृत नही हो रहा था। विधायक रतन देवासी के प्रयासों से इसको नाबार्ड योजना के तहत १०७ लाख रूपए स्वीकृत कराए है। फिलहाल किमी ५ से १६ तक का कार्य ही स्वीकृत हुआ है, जिसके लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शेष सड़क के कार्य हरित सड़क योजना के तहत तकमिना बनाए जा रहे है।
साथ ही कोडि़टा तीन रास्ते से गजीपुरा गांव के २ किमी सड़क के निर्माण के लिए भी १९.५१ लाख स्वीकृत किए गए है। यह मार्ग भी बरसों से जर्जर हालात में था।

इनका कहना:-

जसवंतपुरा को जोडऩे वाली यह सड़क मुख्य है, बरसों से हालात खराब होने से लोग परेशान थे। तकनीकी कारणों से इसका निर्माण खटाई में पड़ा था। काफी प्रयासों के बाद कार्य को स्वीकृत कराया गया है।

- रतन देवासी, विधायक रानीवाड़ा।  

मतदान में दिखाया उत्साह


रानीवाड़ा
क्षेत्र के गांव-गांव में नेता बनने की होड़ युवाओं के सिर चढ़कर बोल रही है। युवक कांग्रेस की कमेटियों के चुनाव में जहां प्रत्याशी पूरी ताकत लगा रहे हंै, वहीं मतदाताओं का जोश भी देखते बन रहा है। युवतियां भी इस कड़ी में पीछे नहीं हैं। क्षेत्र में सोमवार से गुरुवार तक चलने वाले इस चुनावों में रानीवाड़ा विधानसभा की ४९ ग्राम पंचायतों के चुनाव हो रहे हैं। रानीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र की ४९ ग्राम पंचायतों में सावीदर, चांदूर, पावली व रानीवाड़ा खुर्द में नामांकन नही आने से वहां पर चुनाव नही करवाए जा रहे है। क्षेत्र में सर्वाधिक नामांकन कोटड़ा से 12, गुंदाऊ से 11, सरनाऊ से 11 व करवाड़ा से 10 दर्ज किए गए है। रानीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में कुल ९३२० में यूथ कांग्रेस के पंजीकृत सदस्य हंै। इन चुनावों के परिणाम वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। इनके लिए होगा चुनाव : फिलहाल युवक कांग्रेस के प्रथम फेज के चुनाव हो रहे हैं। प्रत्येक ग्राम पंचायतों में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष सहित पांच-पांच लोगों की कमेटी बनेगी। इसी तरह प्रत्येक ग्राम पंचायत में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व तीन जनरल सेकट्री (अजाजजा, ओबीसी व महिला) चुने जाएंगे।

अंतिम समय तक मशक्कत

उपखंड मुख्यालय पर स्वामी आत्मानंद सेवा संस्थान में सुबह से लेकर शाम चार बजे तक युवा मतदाताओं की लम्बी कतार लगी रही। हालत यह थी कि निर्धारित समय शाम चार बजे समाप्त होने के बाद भी बाहर सौ से अधिक युवाओं की भीड़ थी। बाद में लाइन में खड़े सभी मतदाताओं को एक-एक पर्ची देकर अंदर किया और फिर मुख्य द्वार बंद कर दिया। यहां ४९ ग्राम पंचायतों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व जनरल सेक्रेट्री के लिए नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। अन्य चुनावों की तरह इसमें भी मतदाता पहचान पत्र को लेकर कई बार उलझन व टकराव की स्थिति आई। राशन कार्ड व मार्कशीट के साथ अधिकांश युवा मतदान करने आए। निर्धारित समय के बाद मतदाताओं के अलावा कोई व्यक्ति वोट नहीं दे, इसके लिए लाइनिंग के लिए एकबारगी रस्सियों का सहारा भी लिया गया।

इनका कहना

यूथ कांग्रेस की ग्रामीण इकाई के चुनावों में कम से कम 20 प्रतिशत मतदान करवाना अनिवार्य है। इससे कम मतदान होने पर वह चुनाव रद्द माना जाएगा। प्रत्याशी को कम से कम दो वोट लेना आवश्यक है। चुनाव रद्द होने पर दोबारा चुनाव नहीं करवाए जाएंगे।

-प्रणय शुक्ला, लोकसभा प्रभारी, जालोर-सिरोही

गूंजे रामापीर के जयकारे

रानीवाड़ा! लोक देवता बाबा रामदेव को धोक लगाकर घर परिवार के कल्याण की कामना करने के लिए जिले से जातरुओं की पैदल यात्राएं शुरू हो गई हंै। जगह-जगह से जातरुओं के जत्थे रामदेवरा के लिए रवाना होने लगे हैं। जातरूओं में बाबा रामदेव के प्रति आस्था और विश्वास उनके उत्साह के साथ देखते बनता है। रास्ते में कई जगहों पर बाबा रामदेव के जयकारों की गूंज सुनाई देती है। किसी के हाथ में सफेद रेशमी वस्त्र से बनी ध्वजा तो किसी के हाथ में गोटे व रंगीन सतरंगी वस्त्रों से बनी ध्वजा दिखाई देती है। कस्बे से भी मंगलवार को एक दल रामदेवरा के लिए रवाना हुआ। जिसमें काफी तादात में पैदल जातरूओं ने भाग लिया। जलाराम सेवा संस्थान के अध्यक्ष सज्जनसिंह राव ने बताया कि रानीवाड़ा मार्ग से रोजाना दो सौ से ज्यादा जातरू जलारामधाम के रामरसोडे पर विश्राम कर धर्मलाभ ले रहे हैं।

बच्चों में वायरल

रानीवाड़ा& क्षेत्र में अच्छी बरसात होने के बाद मौसमी बिमारियां देखने को मिल रही है। अब बच्चों में वायरल ब्रोंकाइटिस रोग फैल रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के आउटडोर में वायरल ब्रोंकाइटिस और बुखार के आने वाले बच्चों की संख्या प्रतिदिन करीब सौ तक पहुंच गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में हालात और भी खराब है। कस्बे की सीएचसी में शिशु रोग विशेषज्ञ की सेवाएं उपलब्ध नहीं होने से ग्रामीण बच्चों को उपचार के लिए गुजरात के डीसा सहित अन्य शहरों में ले जा रहे हंै। चिकित्सक इसकी वजह मौसमी बदलाव को मान रहे है। सीएचसी प्रभारी डॉ. आत्माराम चौहान ने बताया कि वायरल बुखार और ब्रोंकाइटिस से पीडित बच्चों की संख्या बढ़ी है। जिसके बाद आने वाले मरीजों का इलाज किया जा रहा है।

चिकित्सक बढ़ाने की मांग

रानीवाड़ा& पूर्व जिला प्रमुख नारायणसिंह देवल ने रानीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में मोबाइल टीमों की सुविधा शुरू करने और चिकित्सकों की संख्या बढ़ाए जाने की मांग की। देवल ने कहा कि रानीवाड़ा, मालवाड़ा, करड़ा, सूरजवाड़ा, रोड़ा, कैर, बडग़ांव, जसवंतपुरा क्षेत्र में बीमारियों का प्रकोप फैला है। मलेरिया व वायरल बुखार से पीडि़त लोगों की संख्या बढ़ रही है। वहीं चिकित्सा विभाग निष्क्रिय बना हुआ है। गांवों व ढाणियों में मलेरिया व मौसमी बीमारियों के बढ़ते प्रकोप के बावजूद डीडीटी छिड़काव नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में वर्ष 1991 व 1998 में इसी तरह बीमारियों का प्रकोप बढ़ा था, तब राज्य सरकार ने स्वास्थ्य के लिए गांव व ढाणियों में मोबाइल सेवाएं प्रदान की थी। उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य कमेटी बनाकर पंचायत स्तर पर मोबाइल टीमों के साथ बीमारियों की जांच करवाने की व्यवस्था करने की मांग की है।

निकाली मशाल रैली

रानीवाड़ा& कस्बे में हीरो होंडा कंपनी के सौजन्य से कॉमनवैल्थ गैम्स के आयोजन को लेकर मशाल रैली का आयोजन किया गया। कंपनी के स्थानीय डीलर हीरेन्द्र चौधरी ने बताया कि रविवार को हीरो होंडा की 51 मोटरसाइकिलों के साथ दर्जनों चार पहिया वाहनों की रैली को एसडीएम कैलाशचंद्र शर्मा ने झंडी बताकर रवाना किया। यह रैली कॉमनवैल्थ खेलों में आपसी सौहार्द तथा खेल भावना को विकसित करने को लेकर कंपनी द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर शुरू की गई है। इस अवसर पर कांग्रेस नेता प्रेमाराम चौधरी, थानाधिकारी दिनेशकुमार, उम्मेदसिंह, जब्बरसिंह, मोटाराम चौधरी, महिपाल चौधरी, राहुल वैष्णव, नारणाराम चौधरी, जगदीश त्रिवेदी, सोनाराम चौधरी सहित कई लोगों ने भाग लिया।