Hot News अभी - अभी

रतनपुर में गाय पर हमला करने वाले युवक गिरफ्तार, रानीवाडा उपखंड की ताजा खबरों के आपका स्वागत।।

Sunday, 11 September 2011

मुख्यमंत्री कल रानीवाड़ा में


रानीवाड़ा।
जननी शिशु सुरक्षा योजना के प्रदेश स्तरीय शुभारंभ को लेकर मंगलवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के रानीवाड़ा आने की संभावना है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर भीनमाल एसडीएम शैलेंद्र देवड़ा ने आज पूरे दिन संभावित सभा स्थल के चयन को लेकर कई जगहों का निरीक्षण किया। शाम को जिला कलेक्टर केवलकुमार गुप्ता व जिला पुलिस अधीक्षक राहुल बारहट ने भी रानीवाड़ा कस्बे में मुख्यमंत्री के हैलीकाप्टर के ठहराव को लेकर रानीवाड़ा खुर्द चार रास्ते एवं कस्बे के राउप्रावि खेल मैदान का अवलोकन किया।
जानकारी के मुताबिक जननी शिशु सुरक्षा योजना का प्रदेश में १२,१३ व १४ सितम्बर को शुभारंभ हो रहा है। रानीवाड़ा व सांचोर में इस योजना का शुभारंभ मंगलवार को प्रभारी मंत्री हेमाराम चौधरी के द्वारा होना तय है। इसी बीच मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन में हरकत देखी जा रही है। मुख्यमंत्री कार्यालय से अभी तक मुख्यमंत्री के रानीवाड़ा दौरे के अधिकृत आदेश नही मिले है, परंतु जिला कलेक्टर गुप्ता, जिला पुलिस अधीक्षक राहुल बारहट एवं एसडीएम शर्मा के द्वारा रानीवाड़ा कस्बे में हैलीकाप्टर को टेक-अप करने के संभावित स्थलों की तलाश करने पर ऐसा माना जाता है कि मुख्यमंत्री रानीवाड़ा में जननी शिशु सुरक्षा योजना का शुभारंभ करेंगे।
जानकार सूत्रों के अनुसार जननी शिशु सुरक्षा का शुभारंभ करने के बाद इंद्रा आवास योजना के तहत आवंटित की गई राशि व इस योजना के तहत लाभांवित परिवारों की फीड बैक भी लेंगे। मुख्यमंत्री गहलोत बीपीएल परिवारों के मुखियाओं से भी मिलेंगे। उनसे इस योजना के क्रियान्वयन को लेकर सलाह मश्विरा भी करेंगे।

Saturday, 10 September 2011

गड्ढों भरी सड़कों पर चलना भी मुश्किल

रानीवाड़ा ! कस्बे से रानीवाड़ा खुर्द की ओर जाने वाली सड़क क्षतिग्रस्त होने से वाहन चालकों सहित राहगीरों को परेशानी का सामना करा पड़ रहा है। सड़क पर हो रहे गड्ढों में बरसाती पानी भरा होने से वाहन चालकों को इनकी गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाता, जिससे दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि गरबा चौक से रानीवाड़ा खुर्द का सड़क मार्ग लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। कई स्थानों पर तो सड़क का नामोनिशान भी नहीं बचा। वाहन निकलने के दौरान गड्ढों में भरे पानी से राहगीरों के कपड़े खराब हो जाते हैं, जिससे कहासुनी तक हो जाती है। वहीं आखरिया के बीच डामर गायब हो चुकी है तथा गिट्टी उखड़ चुकी है। सर्वाधिक परेशानी छात्र- छात्राओं को विद्यालय आने जाने में होती है।

निष्ठा के साथ काम करें शिक्षक

रानीवाड़ा
राजस्थान प्रगतिशील शिक्षक संघ का दो दिवसीय जिला शैक्षिक अधिवेशन पूर्व प्रधान नरेंद्र विश्नोई के मुख्य आतिथ्य एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष परसराम ढाका की अध्यक्षता में शुरु हुआ। इस मौके मुख्य अतिथि विश्नोई ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण करते हैं। शिक्षकों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा के साथ करना चाहिए। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष परसराम ढाका ने देश एवं समाज में व्याप्त भय एवं भ्रष्टाचार से लडऩे के लिए शिक्षकों को महत्वपूर्ण भूमिका अदा करने की बात कही। अधिवेशन को विशिष्ट अतिथि के रूप में हीरसिंह सोलंकी, भागीरथ साहु, दिनेश जैन, भावेश माहेश्वरी ने भी संबोधित किया। मुख्य सरंक्षक सोनाराम विश्नोई ने संगठन को सुदृढ़ एवं सशक्त करने का आह्वान किया। जिला अध्यक्ष प्रवीण खिलेरी ने अधिवेशन में शिक्षक साथियों के सहयोग पर आभार जताया। सम्मेलन के सचिव विरदाराम ने दो दिवसीय अधिवेशन की रूप रेखा एवं कार्य योजना प्रस्तुत की। इस अवसर पर विद्यार्थी मित्र संघ के जिलाध्यक्ष रघुनाथ कडवासरा, किशनलाल विश्नोई, पोकरराम विश्नोई, भैराराम सारण, जयकिशन, मालाराम खोखर, शैतानसिंह पंवार और चतराराम परिहार सहित कई लोग उपस्थित थे।

दिल्ली बम कांड की निंदा

रानीवाड़ा ! अधिवक्ता संघ ने दिल्ली उच्च न्यायालय में आतंकवादी हमले की निंदा की है। इसको लेकर संघ ने गुरूवार को न्यायिक कार्यों का बहिष्कार किया। संघ के श्रवणसिंह देवड़ा ने बताया कि हमले के विरोध में गुरूवार को न्यायिक कार्यों का बहिष्कार किया गया। इस दौरान दो मिनिट का मौन रखकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। इसी तरह भाजयुमो मंडल के कार्यकर्ताओं ने भी दिल्ली हाईकोर्ट के बाहर हुए बम धमाके को लेकर विरोध जताया है। मंडल प्रभारी रतनसिंह राव ने बताया कि केंद्र सरकार ऐसे हमलों को रोकने में विफल रही है।

Thursday, 8 September 2011

कटौती का विरोध करेगा किसान संघ

रानीवाड़ा ! शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती को लेकर भारतीय किसान संघ ने एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया है कि डिस्कॉम द्वारा बेवजह बिजली की अघोषित कटौती की जा रही है। जिसके कारण किसान परेशान हैं। प्रांतीय उपाध्यक्ष सोमाराम चौधरी ने बताया कि डिस्कॉम द्वारा शहरी व ग्रामीण सहित लघु उद्योगों में अघोषित कटौती की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्र में कम से कम छह घंटे बिजली आपूर्ति होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि कृषि कनेक्शनों पर लगे ट्रांसफार्मर जल जाने के बावजूद विभाग उन्हें समय पर नहीं बदलता है। इसके अलावा नया कनेक्शन लेने पर विभाग के पास सामान ही उपलब्ध नहीं होता।

राजपूत समाज ने दिया ज्ञापन

रानीवाड़ा! पाली जिले की नोवी ग्राम पंचायत की सरपंच प्रेमकंवर के साथ मारपीट के विरोध में तहसील राजपूत समाज की ओर से कस्बे में रैली का आयोजन कर राज्यपाल के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया। छैलसिंह ने बताया कि नोवी ग्राम पंचायत के कार्यालय में ग्रामसभा के दौरान महिला सरपंच के साथ मारपीट दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, फिर भी पुलिस व प्रशासन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहा है। ज्ञापन में आरोपियों को दो दिन में गिरफ्तार करने की मांग की गई है। इस मौके पर भंवरसिंह एडवोकेट, हरिसिंह, कालू सिंह, ऊकसिंह, दीपसिंह, नवलसिंह, श्रवण सिंह एडवोकेट, रघुवीरसिंह, शैतानसिंह, गणपतसिंह, मनोहरसिंह, फूलसिंह, पूरणसिंह एडवोकेट, रणजीतसिंह, मूलसिंह और विजयसिंह सहित सैकड़ों की तादाद में समाज के लोग उपस्थित थे।

Wednesday, 7 September 2011

कर्मचारी हित सर्वोपरी-देवासी


रानीवाड़ा।
राज्य सरकार कर्मचारियों के हितो का पूरा ध्यान रखेगी। इस कार्य के लिए प्रदेश में पहला कर्मचारी विश्राम गृह भवन का शिलान्यास आज होने जा रहा है। जिसमें कर्मचारी व पूर्व कर्मचारी सामाजिक व सरकारी बैठके एवं रात्री विश्राम कर सकेंगे। यह बात विधायक रतन देवासी ने आज पंचायत समिति सभा भवन में कर्मचारी विश्राम गृह के शिलान्यास समारोह में कही। इस अवसर पर जिला कलेक्टर केवलकुमार गुप्ता भी मौजूद थे।
देवासी ने कहा कि राज्य सरकार ने सेवा गांरटी अधिनियम लागू कर दिया है। जिसके तहत अब सरकार के अधिकारी कोई भी समस्या का त्वरित समाधान कर सकेंगे, अन्यथा उन पर आर्थिक दंड का प्रावधान इस अधिनियम के तहत निर्धारित किया गया है। उन्होनें कहा कि कांग्रेस सरकार ने 2001 में भ्रष्ट्राचार को समाप्त करने के लिए मुहिम शुरू की थी। जिसके तहत कई अधिनियम पारित किए गए थे। रानीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में पिछले ढाई साल के कार्यकाल के दौरान ऐतिहासिक विकास कार्य करवाए जा रहे है। पंचायत समिति में शौपिंग कॉम्पलेक्ष का कार्य शुरू हो चुका है। अतिशीघ्र समिति के मुख्य दरवाजे का सौंदर्यकरण कर दोनों ओर राजीव गांधी व बाबा साहेब की मूर्तिया लगाई जाएगी। समिति को मिनी सचिवालय में बदलने के लिए महिला व बाल विकास कार्यालय, समाज कल्याण विभाग, जालोर सेन्ट्रल कॉ-आपरेटिव सहकारी बैंक, कृषि विभाग, भूमि विकास बैंक, मार्केटिंग विभाग के कार्यालय परिसर में शुरू होने जा रहे है। राज्य सरकार ने इंद्रा आवास योजना के तहत ऐतिहासिक पहल कर प्रदेश में १३ लाख आवास एक साथ आंवटित कर समूचे राष्ट्र में नाम कमाया है। रानीवाड़ा को नया रानीवाड़ा का नारा देने की बात विकास कार्यों को देखते हुए सही साबित हो रही है। कस्बे में वर्तमान में 3 करोड़ के कार्य करवाए जा रहे है। अब जरूरत है भामाशाहों जो सहयोग देकर कस्बे की सुंदरता में चार चांद लगा सकते है। देवासी ने कहा कि जिले में सर्वाधित ट्यूबवेल रानीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र को स्वीकृत हुए है। जिले की प्रथम मॉडल स्कूल के टैंडर भी इसी माह में हो रहे है। जिसके तहत पांच करोड़ से लागत से नवोदय की तर्ज पर सेवाडिय़ा गांव में भव्य इमारत बनाई जाएगी। 2 अक्टूंबर से राज्य सरकार सभी वर्ग के मरीजों के लिए निशुल्क औषधियों का वितरण करने जा रही है। औषधियों के संधारण के लिए विधायक कोष से दूकान का कार्य भी निर्माणाधीन है। सरकार ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सुंधापर्वत माला को रिजर्व फोरेस्ट जॉन घोषित कर जापान की जायका योजना के तहत पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए १.५ करोड़ रूपए स्वीकृत किए है, जिसके क्रम में एक करोड़ रूपए राज्य सरकार ने रिलीज भी कर दिए है। जिसके तहत खोडेश्वर, देवेश्वर महादेव सहित मिनी माउंट के रूप में जसवंतपुरा पहाड़ी पर कैमल व हॉर्स सफारी पर्यटकों के लिए सुविधाए भी उपलब्ध करवाई जाएगी। सुंधामाता तीर्थ को विकसित करने के लिए राज्य सरकार ने 50 लाख रूपए स्वीकृत किए है। इसी तरह सौमेरी माताजी पर्वतीय तीर्थ स्थल तक पहुंचने के लिए सीढिय़ों का निर्माण, पेयजल के ट्यूबवेल व विद्युतिकर्ण का कार्य पूर्ण कर दिया गया है। शेष सिढिय़ा भी विधायक कोष से करवाई जाएगी। मालवाड़ा चार रास्ते पर खेल मैदान के लिए आंवटित ४५ बीघा जमीन में खेल मैदान के निर्माण के लिए राज्य सरकार ने 50 लाख रूपए स्वीकृत किए है।
रानीवाड़ा उपखंड मुख्यालय पर खेल उपकार्यालय भी शुरू होने जा रहा है। जालेरा में कृषि मंडी की चार दीवारी के निर्माण के लिए ५३ लाख की निविदा प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। वही जालेरा में ही 40 बीघा जमीन रिको के लिए आरक्षित हो चुकी है। अतिशीघ्र रिको खुलने की स्वीकृति भी मिल जाएगी। विधानसभा क्षेत्र की 30 मुख्य सड़कों से जुडी हुई ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर स्थित बस स्टेण्ड़ों पर शेड का निर्माण प्रस्तावित है।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर गुप्ता ने कहा कि अक्सर ऐसा देखा जाता है कि जन प्रतिनिधि कर्मचारियों के कल्याण की ओर ध्यान नही देते है, परंतु विधायक देवासी ने कर्मचारी कल्याण की ओर सकारात्मक रूख रखते हुए यह सार्थक प्रयास किए है। कर्मचारियों के लिए विश्राम गृह का निर्माण कार्य प्रदेश में पहला है। इस कार्य से समूचे प्रदेश में देश के जनप्रतिनिधियों में सकारात्मक संदेश पहुंचेगा। विधायक देवासी ने इस कार्य के लिए अपने कोष से 9 लाख रूपए स्वीकृत करवाए है। ऐसा प्रयास किया जाएगा कि इस भवन के ऊपर एक अतिरिक्त तल भी बनाया जाए। इसलिए इस भवन की नीव मजबूत होनी चाहिए।  राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत आवासीय शिविर आयोजित होते रहते है, परंतु आवास की व्यवस्था नही होने पर शिविरों की सार्थकता सिद्ध नही होती है। इस विश्राम गृह के बनने से यहां पर आवासीय शिविर का आयोजन भी हो सकेगा। गुप्ता ने कहा कि विधायक देवासी की सकारात्मक सोच के चलते विकास कार्य करवाने की अलग शैली के चलते रानीवाड़ा विकास के पथ पर अग्रसर हो रहा है।
इससे पूर्व एसडीएम रामनारायण बडगुजर, तहसीलदार खेताराम सारण, शिक्षक नेता महादेवाराम देवासी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कलेक्टर गुप्ता ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए ड्रेस के रूप में साडिय़ों का वितरण भी किया। अब आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अपने केंद्र पर ड्रेस कोड में नजर आएगी।
इस अवसर पर जिला उपप्रमुख मूलाराम राणा, प्रधान प्रतिनिधि हरजीराम देवासी,  विकास अधिकारी जेठाराम वर्मा, मंगलाराम दर्जी, मानसिंह काबा, अशोक परमार, वीराराम वाघेला, छगनाराम डेलीगेट, वचनाराम कोड़का, शैतानसिंह राव, ङ्क्षहदूराम चौधरी, राहुल वैष्णव, लखमाराम चौधरी, चिमनाराम देवासी सहित कई संघो के नेता उपस्थित थे।

Friday, 2 September 2011

सौमेरी माता पर्वर्तीय तीर्थ विकास की ओर


रानीवाड़ा।
तहसील क्षेत्र में एक ओर पर्वतीय तीर्थ स्थल विकसित होने जा रहा है। राज्य सरकार सहित जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से अतिशीघ्र रानीवाड़ा तहसील क्षेत्र के इस प्राचीन तीर्थ स्थल पर श्रद्धालुओं की काफी तादाद देखने को मिल सकेगी।
जानकारी के मुताबिक, सिलासन ग्राम पंचायत के चरपटिया गांव के पास स्थित सोमेरा पर्वत पर प्राचीन तीर्थ के रूप में सौमेरी माता का मंदिर आया हुआ है। चारों ओर हरियाली से आच्छादित पर्वतों के बीच आए हुए इस मंदिर की छटा देखने को बनती है। अभी भी इस तीर्थ पर काफी तादाद में श्रद्धालु दर्शनार्थ आते रहते है, परंतु मूलभुत सुविधाओं के अभाव में मंदिर के दर्शन काफी दुर्गम होने की वजह से श्रद्धालुओं की तादाद में वृद्धि नही हो पा रही है।
स्थानीय विधायक रतन देवासी के प्रयासों से इस तीर्थ स्थल का कायाकल्प होने जा रहा है। विद्युत व पैयजल व्यवस्था से वंचित इस तीर्थ स्थल को इन सुविधाओं से परिपूर्ण किया जा रहा है। इस कार्य के लिए पेयजल विभाग ने दो दिन पूर्व ही ८.५० लाख रूपए की लागत से तलहटी पर नलकूप खुदवाया दिया है। जिसमें अपार जल संपदा प्राप्त हुई है। इस नलकूप को अतिशीघ्र विद्युतिकृत भी कर दिया जाएगा। यह सुविधा होने से इस तीर्थ का विकास दिन दिनू रात चौगुनी गति से हो सकेगा। इसी तरह ग्राम पंचायत ने बीआरजीएफ योजना के तहत छ: लाख रूपए खर्च कर कुछ ऊंचाई तक सीढिय़ों का निर्माण पूर्ण करवा दिया है। विधायक की अनुशंषा पर चरपटिया गांव से माताजी की तलहटी तक ५२ लाख रूपए की लागत का डामर सड़क का कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है। शैष रही ५०० मीटर की डामर सड़क के कार्य भी स्वीकृत होकर निविदा प्रक्रिया में है।
इस तरह उपरोक्त सुविधाएं होने पर श्रद्धालु आसानी से पर्वत पर स्थित सौमेरी माता के दर्शन कर सकेंगे। मंदिर तक पेयजल व विद्युत की व्यवस्था विधायक कोष से राशि खर्च कर की जाएगी। तथा पानी व बिजली की सुविधा होने पर इस तीर्थ स्थल का चहुमुखी विकास के लिए अन्य दानदाता भी सहयोग करने आगे आ सकेंगे। ग्रामीणों की मांगों पर मंदिर के पास सामुदायिक सभा भवन का निर्माण भी करवाने का विधायक ने आश्वासन दिया है। इस तरह यह तीर्थ विकसित होने पर गुजरात से सुंधामाता आने वाले दर्शनार्थी इस तीर्थ का भी दर्शन कर सकेंगे। विधायक रतन देवासी ने बताया कि सुंधा से यहां आने के लिए डाडोकी से चरपटिया कच्चे मार्ग को डामरीकृत करने का कार्य भी सरकार से स्वीकृत करवा दिया गया है। अब अगले साल साईंजी की बैरी से डाडोकी के बीच स्थित ग्रेवल सड़क को डामरीकरण में तबदील कर दिया जाएगा, ताकि रानीवाड़ा से सौमेरी माता होते हुए श्रद्धालु सुंधामाता तीर्थ स्थल तक आसानी से पहुंच सकेंगे। चरपटिया सहित आसपास के दर्जनों गांव के लोगों ने इस तीर्थ को विकसित कराने में विधायक के सहयोग को लेकर आभार जताया है।

डिजिटल हस्ताक्षर प्रमाण पत्र से लोगो को मिलेगी राहत - देवासी


रानीवाड़ा।
विधायक रतन देवासी ने आज शुक्रवार को शाम को रानीवाड़ा तहसील कार्यालय में कियोस्क के माध्यम से डिजिटल हस्ताक्षरित मूल निवास, जाति प्रमाण पत्र और आय प्रमाण पत्र जारी करने के कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिन गांवों में ई मित्र सेवा केन्द्र उपलब्ध हैं, उस गांव सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों को उन सेवा केन्द्रों के जरिए आवेदन करने पर डिजिटल हस्ताक्षर युक्त मूल निवास, जाति प्रमाण पत्र व आय प्रमाण पत्र मिल सकेंगे। तहसीलदार खेताराम सारण ने बताया कि ग्रामीणों की सुविधा को लेकर सरकार द्वारा यह एक सफल प्रयास किया गया है कि ई मित्र सेवा केन्द्रों के जरिए ग्रामीणों को उनके गांवों में ही उपरोक्त प्रमाण पत्र आसानी से मिल सके। उन्होंने बताया कि वर्तमान में रानीवाड़ा, करड़ा एवं मालवाड़ा मुख्यालय पर नागरिक सेवा केन्द्र स्थापित किए जा चुके हैं। इस मौके पर सूचना सहायक राहुल वैष्णव, हरजीराम देवासी, नवलसिंह देवड़ा, विकास अधिकारी जेठाराम वर्मा, श्रवण परिहार, सुमेरसिंह, उमरावसिंह सहित कार्यालय के कार्मिक उपस्थित थे।

पट्टे देने की मांग

रानीवाड़ा. निकटवर्ती धानोल गांव के पास स्थित रेबारियों का गोलिया में कई वर्षों से रहवास करे रहे पचास साठ परिवार के लोगों ने विधायक रतन देवासी से मिलकर उन्हें कब्जा सुदा मकानों का पट्टा दिलवाने एवं बिजली व पानी की सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि रेबारियों के गोलिया में पिछड़े वर्ग के पाऊआ, कुम्हार व रेबारियों के परिवार पचास सालों से निवास कर रहे हैं, परंतु कुछ दिनों पूर्व उन्हें कब्जा सुदा जमीन से बेदखल करने की धमकी देकर परेशान किया जा रहा है।

कार्यकारिणी गठित

रानीवाड़ा.मंडल भाजपा अध्यक्ष भीखाराम चौधरी ने नवीन कार्यकारिणी का गठन कर बाबूलाल, ऊकसिंह, तुलसाराम, विद्यादेवी माहेश्वरी, देवीसिंह, हनवंत शर्मा को उपाध्यक्ष, किरण कुमार माली व हेमाराम विश्नोई को महामंत्री, सुकीदेवी घांची, झमुदेवी, मफाराम, नागजीराम मेघवाल, उगम देवी भील, जोरा राम देवासी को मंत्री, रूगनाथाराम प्रजापत को कोषाध्यक्ष और अमरसिंह भाटी को नगर अध्यक्ष पद पर मनोनीत किया है।

यात्री बैरंग लौटे, टिकट खिड़की बंद

 रानीवाड़ा
बुधवार देर रात को गांधीधाम से जोधपुर जाने वाली द्रुतगामी रेलगाड़ी में रानीवाड़ा रेलवे स्टेशन से जोधपुर जाने वाली सवारियों को टिकट खिड़की नहीं खुलने के कारण वापस लौटना पड़ा। जानकारी के मुताबिक गांधीधाम से जोधपुर जाने वाली गाड़ी रात 1.40 बजे रानीवाड़ा रेलवे स्टेशन पर पहुंची। बुधवार रात को रेलवे स्टेशन करीबन 20 से 25 सवारियां जोधपुर जाने को तैयार थी, परंतु स्टेशन पर टिकट खिड़की नहीं खुलने से उनके सामने जोधपुर जाने का संकट खड़ा हो गया। उन्होंने मौके पर तैनात रेलवे स्टेशन मास्टर को भी इस समस्या के बारे में बताया, परंतु टिकट बाबू ड्यूटी पर नहीं आया। इस संबंध में सवारियों ने मंडल रेल प्रबंधक को पत्र लिखकर ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने वाले टिकट बाबू के विरुद्ध कार्यवाही की मांग की है।

चोरी के आरोपियों से 8.35 लाख बरामद

रानीवाड़ा
पिछले माह मालवाड़ा में एक दुकान से नौ लाख दस हजार रुपए की चोरी के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पूर्व पुलिस ने दो दिन पूर्व मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छह लाख रुपए बरामद किए थे, घटना में सहयोगी अन्य आरोपी को गुरुवार गिरफ्तार कर उसके कब्जे 2.35 लाख रुपए बरामद किए। थानाधिकारी रामचंद्र मीणा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक राहुल बारहट के निर्देशानुसार चलाए गए अभियान को लेकर पुलिस ने आरोपी चंदू पुत्र गजा राम भील को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2.35 लाख रुपए बरामद किए हैं। इस तरह प्रथम आरोपी अजबाराम पुत्र कपूराराम भील से बरामद राशि के बाद पुलिस ने अब 8.35 लाख रुपए बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपी पुलिस रिमांड पर चल रहे हैं।

Tuesday, 23 August 2011

रेल के आगे कूदा, फिर भी बच गई जान

रानीवाड़ा! आत्महत्या के प्रयास से मालगाड़ी के आगे कूदे एक युवक की जान बच गई। मालगाड़ी के १० डिब्बे ऊपर से गुजर जाने के बावजूद युवक को खरोंच नहीं आई। जानकारी के अनुसार निकटवर्ती बडग़ांव के पास वगतापुरा निवासी श्रवण पुत्र जलाल खां ने आत्महत्या की मंशा को लेकर समदड़ी से भीलड़ी की ओर जाने वाली मालगाड़ी के सामने छलांग लगा दी और मालगाड़ी ऊपर से गुजरने लगी। इस दौरान मालगाड़ी के चालक ने बे्रक लगा दिए। तब तक उसके ऊपर से करीब १० डिब्बे गुजर चुके थे, लेकिन श्रवण के शरीर पर कोई खरोच तक नहीं आई। उसे रेलवे कर्मचारियों ने सकुशल मालगाड़ी के नीचे से निकालकर परिजनों को सौंपा।

Thursday, 18 August 2011

देवासी ने किया वाहन का उद्घाटन

रानीवाड़ा. पंचायतीराज संस्थाओं में करवाए जा रहे विकास कार्यों पर मॉनिटरिंग के लिए राज्य सरकार द्वारा प्रधान को आंवटित बोलेरो जीप का बुधवार को विधायक रतन देवासी ने उद्घाटन किया। विकास अधिकारी जेठाराम वर्मा ने बताया कि राज्य सरकार ने इसके लिए 5.१६ लाख रूपए आंवटित किए थे। अब वाहन की उपलब्धता से पंचायत समिति क्षेत्र में करवाए जा रहे विकास कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं के तहत लाभ ले रहे लाभार्थियों पर मॉनिटरिंग की जा सकेगी। इस अवसर पर सीआई रामचंद्र मीणा, सरपंच गोदाराम देवासी, ब्लॉक अध्यक्ष परसराम ढाका, ग्रामसेवक भाणाराम बोहरा, एडवोकेट गणेश देवासी, हरजीराम देवासी, वीराराम वाघेला, मोडाराम भील, नवलसिंह देवड़ा सहित कई लोग उपस्थित थे।

Wednesday, 17 August 2011

६२ लाख के कार्यों का हुआ शिलान्यास

रानीवाड़ा
कस्बे में ६२ लाख के दो कार्यों का विधायक रतन देवासी ने शिलान्यास कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में एसडीएम रामनारायण बडगुजर, प्रधान राधादेवी देवासी सहित कई लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर विकास अधिकारी जेठाराम वर्मा ने बताया कि विधायक देवासी के दिशा निर्देशन में रानीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों के कार्य शुरू हो रहे हैं, जिससे रानीवाड़ा क्षेत्र का कायाकल्प होने जा रहा है। उसी क्रम में आज विधायक के प्रयासों से रानीवाड़ा पंचायत समिति परिसर में शहरों की भांति शॉपिंग कॉम्प्लेक्स कॉम्पलेक्ष का शिलान्यास हुआ है। जिस पर 22 लाख रूपए प्रथम चरण में खर्च किए जाएंगे। उन्होंनें बताया कि राज्य सभा सदस्य अभिषेक मनु सिंघवी के कोष से ४० लाख रूपए की लागत का खेल मैदान में पैवेलियन व वीआईपी कक्ष के निर्माण को लेकर आज विधायक रतन देवासी ने शिलान्यास कर कार्य का शुभारंभ किया है। जिले में सरकारी कोष से पेवेलियन बनाने का यह प्रथम प्रयास माना जा रहा है। इस पेवेलियन से अब रानीवाड़ा मुख्यालय पर भी विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताओं का आयोजन भी हो सकेगा। दोनों शिलान्यास समारोह के दौरान प्रधान राधादेवी देवासी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष परसराम ढाका, स्थानीय सरपंच गोदाराम देवासी, हरजीराम देवासी, ग्रामसेवक भाणाराम बोहरा, कृष्ण पुरोहित, अंबालाल चितारा, गणेश देवासी, नवलसिंह देवड़ा, प्रधानाचार्य अशोक परमार सहित कई जने उपस्थित थे।

Sunday, 7 August 2011

नीम हकीम गिरफ्तार

रानीवाड़ा
नीम हकीमों के विरूद्ध पुलिस ने प्रशासन की टीम के साथ अभियान चलाकर शनिवार को मालवाड़ा में नीम हकीम को गिरफ्तार कर काफी तादाद में प्रतिबंधित अंग्रेजी दवाइयां व इंजेक्शन बरामद किए हंै।
थानाधिकारी रामचंद्र मीणा ने बताया कि कस्बे में दो दिन पूर्व झोलाछाप डॉक्टर के द्वारा उपचार के दौरान एक युवक की मौत के बाद विधायक रतन देवासी के निर्देशानुसार नीम हकीमों के विरूद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को तहसीलदार खेताराम सारण, ब्लॉक सीएमओ डॉ. रघुनंदन विश्नोई व पुलिस की संयुक्त टीम ने मालवाड़ा कस्बे में नीम हकीम देवाशीष सीखदार पुत्र किशोर सीखदार निवासी चौवीस परगना पश्चिम बंगाल को गिरफ्तार कर काफी तादाद में अंग्रेजी दवांइयां व इंजेक्शन बरामद किए हंै। बरामद दवाइयों में कई दवाइयां जीवन रक्षक व शेड्यूल एच व एक्स की है। गिरफ्तार नीम हकीम के कागजों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया इसके समस्त प्रमाण-पत्र फर्जी नजर आ रहे हैं।

 

Friday, 5 August 2011

गरीबों को आवास ऐतिहासिक योजना


रानीवाड़ा
प्रदेश में पुन: बीपीएल सर्वे होने जा रहा है। इस बार बीपीएल से वंचित रहे गरीब परिवारों को जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री का यह मानना है कि प्रदेश का कोई गरीब मकान से वंचित न रहे। इसको लेकर सरकार ने हुडको से ऋण लेकर गरीब के आवास की योजना शुरू की है। यह बात विधायक रतन देवासी ने गुरुवार को पंचायत समिति परिसर में मुख्यमंत्री ग्रामीणी बीपीएल आवास योजना के तहत आवंटियों को आदेश पत्र वितरण समारोह के दौरान कही। उन्होंने कहा कि रानीवाड़ा पंचायत समिति में 1४०० गरीब परिवारों को आवास निर्माण के लिए ५०-५० हजार रूपए सीधे उनके बैंक खातों में जमा करवाए जा रहे है। अब प्रत्येक परिवार कल से ही अपने मकान का निर्माण शुरू करवा सकता है। साथ ही सरकार के निर्देशानुसार शौचालय निर्माण के लिए ३२०० रूपए का अनुदान भी प्रदान किया जाएगा। देवासी ने इस योजना को सरकार का ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि रानीवाड़ा तहसील में नर्मदा का पानी पेयजल के लिए लाने के लिए पूर्व सरकार ने योजना बनाई थी। यह बात शत प्रतिशत गलत है। अब 400 करोड़ की योजना को अंतिम रूप दे दिया गया है। आशा है कि इसी सत्र में सरकार इस योजना को हरी झंडी दे देगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला प्रमुख जसवंत कंवर ने कहा कि राज्य सरकार के गरीबों के प्रति संवेदनशील हैं। पूर्व विधायक समरजीतसिंह ने कांग्रेस सरकार को गरीब वर्ग का हितेशी बताया। इससे पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी सत्यप्रकाश ने योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सांचौर प्रधान डॉ. शमसेर अली ने विधायक देवासी द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्यों की सराहना कर आभार जताया। पीसीसी सदस्य एवं पूर्व प्रधान सुखराम विश्नोई ने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों के लिए बिजली का बील न बढ़ाकर एतिहासीक कदम उठाया है। जिला कलेक्टर केवलकुमार गुप्ता ने कहा कि चयनित परिवारों के आवास के लिए राशि बंैक में जमा करवा दी गई है। इस अवसर पर जिला उपप्रमुख मूलाराम राणा, प्रधान राधादेवी देवासी, तहसीलदार खेताराम सारण, एसडीएम शैलेन्द्र देवड़ा, पीआरओ कुलदीपसिंह राठौड़, नर्मदा पेयजल योजना के अधीक्षण अभियंता अशोक चावला, पीएचडी अधिशाषी अभियंता बी.एल.सुथार, सरपंच गोदाराम देवासी, जिला परिषद के अधिशाषी अभियंता लाभचंद जीनगर, विकास अधिकारी जेठाराम वर्मा, जिला परिषद सदस्या ललिता बोहरा और ग्रामसेवक भाणाराम बोहरा सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।

नीम हकीम से इलाज युवक की मौत

 
रानीवाड़ा
कस्बे के सांचौर फाटक के सामने एक क्लिनिक में इलाज करवाने गए एक युवक की दवाई का रीएक्सन होने से मौत हो गई। यह क्लिनिक एक नीम हकीम की थी जो घटना के बाद से मौके से फरार है।
घटना के बाद मृतक के समाज के सैकड़ों लोगों ने क्लिनिक का घेराव कर नीम हकीम को गिरफ्तार करने की मांग पर अड़ गए और शव नहीं उठाया। देर रात तक शव क्लिनिक में ही रखा रहा। सूचना पाकर पुलिस और प्रशासन अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश का प्रयास किया, लेकिन मृतक के परिजन नहीं माने।
जानकारी के अनुसार मफाराम पुत्र अमराजी मेघवाल निवासी सिंगावास ने गुरुवार शाम को पुलिस थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि उसके 21 वर्षीय पुत्र हरीश को बुखार आने के कारण 3 अगस्त बुधवार को सांचौर फाटक के सामने भावेश पटेल के यहां इलाज के लिए भर्ती करवाया था। इलाज के बाद रात को घर पर हरीश की तबके पास लेकर आए।
जहां पटेल ने बताया कि उसे कोई दवाई से रीएक्सन हुआ है। हालत बिगडऩे पर उसे सरकारी अस्पताल में ले जाया गया। जहां डॉ. हरीश जीनगर ने मरीज की गंभीर देखते हुए आगे रेफर करने की सलाह दी। ईलाज के लिए धानेरा जाते समय हरीश की मौत हो गई। जिसके बाद मृतक के पिता ने लापरवाही पूर्वक इलाज कर उसके पुत्र की मौत का आरोप लगाया। घटना के बाद मेघवाल समाज के सैकड़ों लोगों ने सांचौर रेलवे फाटक के पास जमा होकर भावेश पटेल को गिरफ्तार करने की मांग की। इस दौरान शव भी उसके क्लिनिक पर रखा रहा। सूचना के बाद मौके पर थानाधिकारी रामचंद्र मीणा ने पहुंच कर लोगों को समझाइश की, लेकिन लोग अपनी मांग पर अड़े और शव नहीं उठाया। इसके बाद भीनमाल से उपाधीक्षक जयपालसिंह यादव भी घटना स्थल पर पहुंचे। समाचार लिखने तक मृतक का शव क्लिनिक में ही रखा हुआ था।

Wednesday, 3 August 2011

हुक्का पानी बंद करने के आरोप में 22 जने गिरफ्तार

रानीवाड़ा
हुक्का पानी बंद कर समाज से बहिष्कृत करने के आरोप में पुलिस ने 22 जनों को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी रामचंद्र मीणा ने बताया कि रणछोड़ाराम पुत्र गेमाजी नाई निवासी रानीवाड़ा कलां पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि एक सामाजिक मामले में उनके पूरे परिवार को समाज के 22 पंचों ने बहिष्कृत कर हुक्का पानी बंद करवा दिया। मामले की पुलिस ने जांच की तथा आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने मंगलवार को बचनाराम, जैसा राम, मफाराम, धुखाराम, गणेशाराम, बाबूराम, रामाराम, नारणाराम, प्रतापराम, करमीराम, ताराराम, कालूराम, अर्जुनराम, शंकरा राम, धुखाराम, हंसाराम, ओखा राम, बाबूराम, बाबूराम, रूपा राम व बाबूराम को धारा 146, 184, 120 बी के तहत गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।