Hot News अभी - अभी

रतनपुर में गाय पर हमला करने वाले युवक गिरफ्तार, रानीवाडा उपखंड की ताजा खबरों के आपका स्वागत।।

Friday, 2 September 2011

सौमेरी माता पर्वर्तीय तीर्थ विकास की ओर


रानीवाड़ा।
तहसील क्षेत्र में एक ओर पर्वतीय तीर्थ स्थल विकसित होने जा रहा है। राज्य सरकार सहित जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से अतिशीघ्र रानीवाड़ा तहसील क्षेत्र के इस प्राचीन तीर्थ स्थल पर श्रद्धालुओं की काफी तादाद देखने को मिल सकेगी।
जानकारी के मुताबिक, सिलासन ग्राम पंचायत के चरपटिया गांव के पास स्थित सोमेरा पर्वत पर प्राचीन तीर्थ के रूप में सौमेरी माता का मंदिर आया हुआ है। चारों ओर हरियाली से आच्छादित पर्वतों के बीच आए हुए इस मंदिर की छटा देखने को बनती है। अभी भी इस तीर्थ पर काफी तादाद में श्रद्धालु दर्शनार्थ आते रहते है, परंतु मूलभुत सुविधाओं के अभाव में मंदिर के दर्शन काफी दुर्गम होने की वजह से श्रद्धालुओं की तादाद में वृद्धि नही हो पा रही है।
स्थानीय विधायक रतन देवासी के प्रयासों से इस तीर्थ स्थल का कायाकल्प होने जा रहा है। विद्युत व पैयजल व्यवस्था से वंचित इस तीर्थ स्थल को इन सुविधाओं से परिपूर्ण किया जा रहा है। इस कार्य के लिए पेयजल विभाग ने दो दिन पूर्व ही ८.५० लाख रूपए की लागत से तलहटी पर नलकूप खुदवाया दिया है। जिसमें अपार जल संपदा प्राप्त हुई है। इस नलकूप को अतिशीघ्र विद्युतिकृत भी कर दिया जाएगा। यह सुविधा होने से इस तीर्थ का विकास दिन दिनू रात चौगुनी गति से हो सकेगा। इसी तरह ग्राम पंचायत ने बीआरजीएफ योजना के तहत छ: लाख रूपए खर्च कर कुछ ऊंचाई तक सीढिय़ों का निर्माण पूर्ण करवा दिया है। विधायक की अनुशंषा पर चरपटिया गांव से माताजी की तलहटी तक ५२ लाख रूपए की लागत का डामर सड़क का कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है। शैष रही ५०० मीटर की डामर सड़क के कार्य भी स्वीकृत होकर निविदा प्रक्रिया में है।
इस तरह उपरोक्त सुविधाएं होने पर श्रद्धालु आसानी से पर्वत पर स्थित सौमेरी माता के दर्शन कर सकेंगे। मंदिर तक पेयजल व विद्युत की व्यवस्था विधायक कोष से राशि खर्च कर की जाएगी। तथा पानी व बिजली की सुविधा होने पर इस तीर्थ स्थल का चहुमुखी विकास के लिए अन्य दानदाता भी सहयोग करने आगे आ सकेंगे। ग्रामीणों की मांगों पर मंदिर के पास सामुदायिक सभा भवन का निर्माण भी करवाने का विधायक ने आश्वासन दिया है। इस तरह यह तीर्थ विकसित होने पर गुजरात से सुंधामाता आने वाले दर्शनार्थी इस तीर्थ का भी दर्शन कर सकेंगे। विधायक रतन देवासी ने बताया कि सुंधा से यहां आने के लिए डाडोकी से चरपटिया कच्चे मार्ग को डामरीकृत करने का कार्य भी सरकार से स्वीकृत करवा दिया गया है। अब अगले साल साईंजी की बैरी से डाडोकी के बीच स्थित ग्रेवल सड़क को डामरीकरण में तबदील कर दिया जाएगा, ताकि रानीवाड़ा से सौमेरी माता होते हुए श्रद्धालु सुंधामाता तीर्थ स्थल तक आसानी से पहुंच सकेंगे। चरपटिया सहित आसपास के दर्जनों गांव के लोगों ने इस तीर्थ को विकसित कराने में विधायक के सहयोग को लेकर आभार जताया है।

डिजिटल हस्ताक्षर प्रमाण पत्र से लोगो को मिलेगी राहत - देवासी


रानीवाड़ा।
विधायक रतन देवासी ने आज शुक्रवार को शाम को रानीवाड़ा तहसील कार्यालय में कियोस्क के माध्यम से डिजिटल हस्ताक्षरित मूल निवास, जाति प्रमाण पत्र और आय प्रमाण पत्र जारी करने के कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिन गांवों में ई मित्र सेवा केन्द्र उपलब्ध हैं, उस गांव सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों को उन सेवा केन्द्रों के जरिए आवेदन करने पर डिजिटल हस्ताक्षर युक्त मूल निवास, जाति प्रमाण पत्र व आय प्रमाण पत्र मिल सकेंगे। तहसीलदार खेताराम सारण ने बताया कि ग्रामीणों की सुविधा को लेकर सरकार द्वारा यह एक सफल प्रयास किया गया है कि ई मित्र सेवा केन्द्रों के जरिए ग्रामीणों को उनके गांवों में ही उपरोक्त प्रमाण पत्र आसानी से मिल सके। उन्होंने बताया कि वर्तमान में रानीवाड़ा, करड़ा एवं मालवाड़ा मुख्यालय पर नागरिक सेवा केन्द्र स्थापित किए जा चुके हैं। इस मौके पर सूचना सहायक राहुल वैष्णव, हरजीराम देवासी, नवलसिंह देवड़ा, विकास अधिकारी जेठाराम वर्मा, श्रवण परिहार, सुमेरसिंह, उमरावसिंह सहित कार्यालय के कार्मिक उपस्थित थे।

पट्टे देने की मांग

रानीवाड़ा. निकटवर्ती धानोल गांव के पास स्थित रेबारियों का गोलिया में कई वर्षों से रहवास करे रहे पचास साठ परिवार के लोगों ने विधायक रतन देवासी से मिलकर उन्हें कब्जा सुदा मकानों का पट्टा दिलवाने एवं बिजली व पानी की सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि रेबारियों के गोलिया में पिछड़े वर्ग के पाऊआ, कुम्हार व रेबारियों के परिवार पचास सालों से निवास कर रहे हैं, परंतु कुछ दिनों पूर्व उन्हें कब्जा सुदा जमीन से बेदखल करने की धमकी देकर परेशान किया जा रहा है।

कार्यकारिणी गठित

रानीवाड़ा.मंडल भाजपा अध्यक्ष भीखाराम चौधरी ने नवीन कार्यकारिणी का गठन कर बाबूलाल, ऊकसिंह, तुलसाराम, विद्यादेवी माहेश्वरी, देवीसिंह, हनवंत शर्मा को उपाध्यक्ष, किरण कुमार माली व हेमाराम विश्नोई को महामंत्री, सुकीदेवी घांची, झमुदेवी, मफाराम, नागजीराम मेघवाल, उगम देवी भील, जोरा राम देवासी को मंत्री, रूगनाथाराम प्रजापत को कोषाध्यक्ष और अमरसिंह भाटी को नगर अध्यक्ष पद पर मनोनीत किया है।

यात्री बैरंग लौटे, टिकट खिड़की बंद

 रानीवाड़ा
बुधवार देर रात को गांधीधाम से जोधपुर जाने वाली द्रुतगामी रेलगाड़ी में रानीवाड़ा रेलवे स्टेशन से जोधपुर जाने वाली सवारियों को टिकट खिड़की नहीं खुलने के कारण वापस लौटना पड़ा। जानकारी के मुताबिक गांधीधाम से जोधपुर जाने वाली गाड़ी रात 1.40 बजे रानीवाड़ा रेलवे स्टेशन पर पहुंची। बुधवार रात को रेलवे स्टेशन करीबन 20 से 25 सवारियां जोधपुर जाने को तैयार थी, परंतु स्टेशन पर टिकट खिड़की नहीं खुलने से उनके सामने जोधपुर जाने का संकट खड़ा हो गया। उन्होंने मौके पर तैनात रेलवे स्टेशन मास्टर को भी इस समस्या के बारे में बताया, परंतु टिकट बाबू ड्यूटी पर नहीं आया। इस संबंध में सवारियों ने मंडल रेल प्रबंधक को पत्र लिखकर ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने वाले टिकट बाबू के विरुद्ध कार्यवाही की मांग की है।

चोरी के आरोपियों से 8.35 लाख बरामद

रानीवाड़ा
पिछले माह मालवाड़ा में एक दुकान से नौ लाख दस हजार रुपए की चोरी के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पूर्व पुलिस ने दो दिन पूर्व मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छह लाख रुपए बरामद किए थे, घटना में सहयोगी अन्य आरोपी को गुरुवार गिरफ्तार कर उसके कब्जे 2.35 लाख रुपए बरामद किए। थानाधिकारी रामचंद्र मीणा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक राहुल बारहट के निर्देशानुसार चलाए गए अभियान को लेकर पुलिस ने आरोपी चंदू पुत्र गजा राम भील को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2.35 लाख रुपए बरामद किए हैं। इस तरह प्रथम आरोपी अजबाराम पुत्र कपूराराम भील से बरामद राशि के बाद पुलिस ने अब 8.35 लाख रुपए बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपी पुलिस रिमांड पर चल रहे हैं।

Tuesday, 23 August 2011

रेल के आगे कूदा, फिर भी बच गई जान

रानीवाड़ा! आत्महत्या के प्रयास से मालगाड़ी के आगे कूदे एक युवक की जान बच गई। मालगाड़ी के १० डिब्बे ऊपर से गुजर जाने के बावजूद युवक को खरोंच नहीं आई। जानकारी के अनुसार निकटवर्ती बडग़ांव के पास वगतापुरा निवासी श्रवण पुत्र जलाल खां ने आत्महत्या की मंशा को लेकर समदड़ी से भीलड़ी की ओर जाने वाली मालगाड़ी के सामने छलांग लगा दी और मालगाड़ी ऊपर से गुजरने लगी। इस दौरान मालगाड़ी के चालक ने बे्रक लगा दिए। तब तक उसके ऊपर से करीब १० डिब्बे गुजर चुके थे, लेकिन श्रवण के शरीर पर कोई खरोच तक नहीं आई। उसे रेलवे कर्मचारियों ने सकुशल मालगाड़ी के नीचे से निकालकर परिजनों को सौंपा।

Thursday, 18 August 2011

देवासी ने किया वाहन का उद्घाटन

रानीवाड़ा. पंचायतीराज संस्थाओं में करवाए जा रहे विकास कार्यों पर मॉनिटरिंग के लिए राज्य सरकार द्वारा प्रधान को आंवटित बोलेरो जीप का बुधवार को विधायक रतन देवासी ने उद्घाटन किया। विकास अधिकारी जेठाराम वर्मा ने बताया कि राज्य सरकार ने इसके लिए 5.१६ लाख रूपए आंवटित किए थे। अब वाहन की उपलब्धता से पंचायत समिति क्षेत्र में करवाए जा रहे विकास कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं के तहत लाभ ले रहे लाभार्थियों पर मॉनिटरिंग की जा सकेगी। इस अवसर पर सीआई रामचंद्र मीणा, सरपंच गोदाराम देवासी, ब्लॉक अध्यक्ष परसराम ढाका, ग्रामसेवक भाणाराम बोहरा, एडवोकेट गणेश देवासी, हरजीराम देवासी, वीराराम वाघेला, मोडाराम भील, नवलसिंह देवड़ा सहित कई लोग उपस्थित थे।

Wednesday, 17 August 2011

६२ लाख के कार्यों का हुआ शिलान्यास

रानीवाड़ा
कस्बे में ६२ लाख के दो कार्यों का विधायक रतन देवासी ने शिलान्यास कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में एसडीएम रामनारायण बडगुजर, प्रधान राधादेवी देवासी सहित कई लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर विकास अधिकारी जेठाराम वर्मा ने बताया कि विधायक देवासी के दिशा निर्देशन में रानीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों के कार्य शुरू हो रहे हैं, जिससे रानीवाड़ा क्षेत्र का कायाकल्प होने जा रहा है। उसी क्रम में आज विधायक के प्रयासों से रानीवाड़ा पंचायत समिति परिसर में शहरों की भांति शॉपिंग कॉम्प्लेक्स कॉम्पलेक्ष का शिलान्यास हुआ है। जिस पर 22 लाख रूपए प्रथम चरण में खर्च किए जाएंगे। उन्होंनें बताया कि राज्य सभा सदस्य अभिषेक मनु सिंघवी के कोष से ४० लाख रूपए की लागत का खेल मैदान में पैवेलियन व वीआईपी कक्ष के निर्माण को लेकर आज विधायक रतन देवासी ने शिलान्यास कर कार्य का शुभारंभ किया है। जिले में सरकारी कोष से पेवेलियन बनाने का यह प्रथम प्रयास माना जा रहा है। इस पेवेलियन से अब रानीवाड़ा मुख्यालय पर भी विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताओं का आयोजन भी हो सकेगा। दोनों शिलान्यास समारोह के दौरान प्रधान राधादेवी देवासी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष परसराम ढाका, स्थानीय सरपंच गोदाराम देवासी, हरजीराम देवासी, ग्रामसेवक भाणाराम बोहरा, कृष्ण पुरोहित, अंबालाल चितारा, गणेश देवासी, नवलसिंह देवड़ा, प्रधानाचार्य अशोक परमार सहित कई जने उपस्थित थे।

Sunday, 7 August 2011

नीम हकीम गिरफ्तार

रानीवाड़ा
नीम हकीमों के विरूद्ध पुलिस ने प्रशासन की टीम के साथ अभियान चलाकर शनिवार को मालवाड़ा में नीम हकीम को गिरफ्तार कर काफी तादाद में प्रतिबंधित अंग्रेजी दवाइयां व इंजेक्शन बरामद किए हंै।
थानाधिकारी रामचंद्र मीणा ने बताया कि कस्बे में दो दिन पूर्व झोलाछाप डॉक्टर के द्वारा उपचार के दौरान एक युवक की मौत के बाद विधायक रतन देवासी के निर्देशानुसार नीम हकीमों के विरूद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को तहसीलदार खेताराम सारण, ब्लॉक सीएमओ डॉ. रघुनंदन विश्नोई व पुलिस की संयुक्त टीम ने मालवाड़ा कस्बे में नीम हकीम देवाशीष सीखदार पुत्र किशोर सीखदार निवासी चौवीस परगना पश्चिम बंगाल को गिरफ्तार कर काफी तादाद में अंग्रेजी दवांइयां व इंजेक्शन बरामद किए हंै। बरामद दवाइयों में कई दवाइयां जीवन रक्षक व शेड्यूल एच व एक्स की है। गिरफ्तार नीम हकीम के कागजों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया इसके समस्त प्रमाण-पत्र फर्जी नजर आ रहे हैं।

 

Friday, 5 August 2011

गरीबों को आवास ऐतिहासिक योजना


रानीवाड़ा
प्रदेश में पुन: बीपीएल सर्वे होने जा रहा है। इस बार बीपीएल से वंचित रहे गरीब परिवारों को जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री का यह मानना है कि प्रदेश का कोई गरीब मकान से वंचित न रहे। इसको लेकर सरकार ने हुडको से ऋण लेकर गरीब के आवास की योजना शुरू की है। यह बात विधायक रतन देवासी ने गुरुवार को पंचायत समिति परिसर में मुख्यमंत्री ग्रामीणी बीपीएल आवास योजना के तहत आवंटियों को आदेश पत्र वितरण समारोह के दौरान कही। उन्होंने कहा कि रानीवाड़ा पंचायत समिति में 1४०० गरीब परिवारों को आवास निर्माण के लिए ५०-५० हजार रूपए सीधे उनके बैंक खातों में जमा करवाए जा रहे है। अब प्रत्येक परिवार कल से ही अपने मकान का निर्माण शुरू करवा सकता है। साथ ही सरकार के निर्देशानुसार शौचालय निर्माण के लिए ३२०० रूपए का अनुदान भी प्रदान किया जाएगा। देवासी ने इस योजना को सरकार का ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि रानीवाड़ा तहसील में नर्मदा का पानी पेयजल के लिए लाने के लिए पूर्व सरकार ने योजना बनाई थी। यह बात शत प्रतिशत गलत है। अब 400 करोड़ की योजना को अंतिम रूप दे दिया गया है। आशा है कि इसी सत्र में सरकार इस योजना को हरी झंडी दे देगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला प्रमुख जसवंत कंवर ने कहा कि राज्य सरकार के गरीबों के प्रति संवेदनशील हैं। पूर्व विधायक समरजीतसिंह ने कांग्रेस सरकार को गरीब वर्ग का हितेशी बताया। इससे पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी सत्यप्रकाश ने योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सांचौर प्रधान डॉ. शमसेर अली ने विधायक देवासी द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्यों की सराहना कर आभार जताया। पीसीसी सदस्य एवं पूर्व प्रधान सुखराम विश्नोई ने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों के लिए बिजली का बील न बढ़ाकर एतिहासीक कदम उठाया है। जिला कलेक्टर केवलकुमार गुप्ता ने कहा कि चयनित परिवारों के आवास के लिए राशि बंैक में जमा करवा दी गई है। इस अवसर पर जिला उपप्रमुख मूलाराम राणा, प्रधान राधादेवी देवासी, तहसीलदार खेताराम सारण, एसडीएम शैलेन्द्र देवड़ा, पीआरओ कुलदीपसिंह राठौड़, नर्मदा पेयजल योजना के अधीक्षण अभियंता अशोक चावला, पीएचडी अधिशाषी अभियंता बी.एल.सुथार, सरपंच गोदाराम देवासी, जिला परिषद के अधिशाषी अभियंता लाभचंद जीनगर, विकास अधिकारी जेठाराम वर्मा, जिला परिषद सदस्या ललिता बोहरा और ग्रामसेवक भाणाराम बोहरा सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।

नीम हकीम से इलाज युवक की मौत

 
रानीवाड़ा
कस्बे के सांचौर फाटक के सामने एक क्लिनिक में इलाज करवाने गए एक युवक की दवाई का रीएक्सन होने से मौत हो गई। यह क्लिनिक एक नीम हकीम की थी जो घटना के बाद से मौके से फरार है।
घटना के बाद मृतक के समाज के सैकड़ों लोगों ने क्लिनिक का घेराव कर नीम हकीम को गिरफ्तार करने की मांग पर अड़ गए और शव नहीं उठाया। देर रात तक शव क्लिनिक में ही रखा रहा। सूचना पाकर पुलिस और प्रशासन अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश का प्रयास किया, लेकिन मृतक के परिजन नहीं माने।
जानकारी के अनुसार मफाराम पुत्र अमराजी मेघवाल निवासी सिंगावास ने गुरुवार शाम को पुलिस थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि उसके 21 वर्षीय पुत्र हरीश को बुखार आने के कारण 3 अगस्त बुधवार को सांचौर फाटक के सामने भावेश पटेल के यहां इलाज के लिए भर्ती करवाया था। इलाज के बाद रात को घर पर हरीश की तबके पास लेकर आए।
जहां पटेल ने बताया कि उसे कोई दवाई से रीएक्सन हुआ है। हालत बिगडऩे पर उसे सरकारी अस्पताल में ले जाया गया। जहां डॉ. हरीश जीनगर ने मरीज की गंभीर देखते हुए आगे रेफर करने की सलाह दी। ईलाज के लिए धानेरा जाते समय हरीश की मौत हो गई। जिसके बाद मृतक के पिता ने लापरवाही पूर्वक इलाज कर उसके पुत्र की मौत का आरोप लगाया। घटना के बाद मेघवाल समाज के सैकड़ों लोगों ने सांचौर रेलवे फाटक के पास जमा होकर भावेश पटेल को गिरफ्तार करने की मांग की। इस दौरान शव भी उसके क्लिनिक पर रखा रहा। सूचना के बाद मौके पर थानाधिकारी रामचंद्र मीणा ने पहुंच कर लोगों को समझाइश की, लेकिन लोग अपनी मांग पर अड़े और शव नहीं उठाया। इसके बाद भीनमाल से उपाधीक्षक जयपालसिंह यादव भी घटना स्थल पर पहुंचे। समाचार लिखने तक मृतक का शव क्लिनिक में ही रखा हुआ था।

Wednesday, 3 August 2011

हुक्का पानी बंद करने के आरोप में 22 जने गिरफ्तार

रानीवाड़ा
हुक्का पानी बंद कर समाज से बहिष्कृत करने के आरोप में पुलिस ने 22 जनों को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी रामचंद्र मीणा ने बताया कि रणछोड़ाराम पुत्र गेमाजी नाई निवासी रानीवाड़ा कलां पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि एक सामाजिक मामले में उनके पूरे परिवार को समाज के 22 पंचों ने बहिष्कृत कर हुक्का पानी बंद करवा दिया। मामले की पुलिस ने जांच की तथा आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने मंगलवार को बचनाराम, जैसा राम, मफाराम, धुखाराम, गणेशाराम, बाबूराम, रामाराम, नारणाराम, प्रतापराम, करमीराम, ताराराम, कालूराम, अर्जुनराम, शंकरा राम, धुखाराम, हंसाराम, ओखा राम, बाबूराम, बाबूराम, रूपा राम व बाबूराम को धारा 146, 184, 120 बी के तहत गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।

Wednesday, 13 July 2011

देवपुरा में बनेगा बालिका छात्रावास

 रानीवाड़ा 
बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की तर्ज पर अब उच्च माध्यमिक कक्षाओं में भी बालिकाओं को आवास, भोजन व नि:शुल्क शिक्षा की सुविधा मुहैया हो सकेगी। माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं के आवासीय भवन निर्माण के लिए 38 लाख रुपए की स्वीकृति जारी हो गई है। माध्यमिक शिक्षा बालिका छात्रावास भवन निकटवर्ती देवपुरा की ढाणी में संस्कृत विद्यालय के पास बनाने का निर्णय लिया गया है, ताकि बालिकाओं को पढ़ाई-के लिए एक ही परिसर में सुविधा मिल सके। भवन निर्माण के लिए बाकायदा निविदा भी जारी हो चुकी है।
उल्लेखनीय है कि निकटवर्ती जालेरा कलां गांव में स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में छठी से आठवीं तक की छात्राओं के लिए ऐसी ही निशुल्क सुविधा उपलब्ध है। अब तक कस्तूरबा स्कूल से आठवीं उत्तीर्ण कर निकली छात्राओं के परिजनों को बच्चियों की आगे की पढ़ाई-के लिए अपने स्तर पर व्यवस्था करनी पड़ रही थी। इससे कई-कम आय वाले कई-परिवारों की बच्चियों की शिक्षा आठवीं के बाद बीच में ही छूट जाती थी।


कस्तूरबा स्कूल जालेरा में प्रवेश शुरू : कस्तूरबा गांधी आवासीय स्कूल जालेरा कलां में कुल एक सौ बालिकाओं के रहने, खाने व शिक्षा की व्यवस्था है। इस वर्ष 60 बालिकाओं के ही दाखिले हो पाए हैं, ऐसे में यहां अभी 40 बालिकाओं की दरकार है। स्कूल में प्रवेश के लिए सीटीएस सर्वे 2010-11 के अनुसार ड्रॉप आउट व अनामांकित बालिकाएं व पूर्व मेंं संचालित गैर आवासीय व आवासीय ब्रिज कोर्स-या विशेष प्रशिक्षण प्राप्त बालिकाएं पात्र हैं। उम्र के हिसाब से भी बालिकाओं को प्रवेश दिया जाता है, 11वर्ष की बालिका को कक्षा छठी में, 12वर्ष की बालिका को 7वीं में एवं13 वर्ष की बालिका को 8वीं में प्रवेश दिया जाता है। इन बालिकाओं को उस कक्षा के स्तर की पढ़ाई करवाकर तैयारी करवाई जाती है।


अगले साल मिलेंगी सुविधाएं 
सीनियर गल्र्स के आवासीय भवन बनाने के लिए अभी 38 लाख रुपए की स्वीकृति मिली है। भवन में तीन बड़े आवासीय कक्ष, एक क्लास रूम, वार्डन कक्ष और डायनिंग हॉल आदि का निर्माण होगा। इस वर्ष भवन का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा, ताकि अगले सत्र से बालिकाओं को सुविधा मुहैया हो सके। अरणाय व पूनासा में सीनियर गल्र्स के लिए भवन गत वर्ष बनकर तैयार हो गए थे, जिनमें इस वर्ष से प्रवेश देने की प्रकिया चल रही है।

Preवेश में केजीबी की छात्राओं को प्राथमिकता दी जा रही है। सीटें रिक्त रहने पर अन्य वर्ग की बालिकाएं भी इस छात्रावास में प्रवेश ले सकती हैं। भवन के लिए निविदा जारी हो चुकी है। तहसीलदार ने देवपुरा की ढाणी के पास 1.25 बीघा जमीन आवंटित कर दी है। यह रमसा योजना के तहत संचालित किया जाएगा।

दलपतसिंह Oपावत, अतिरिक्त परियोजना अधिकारी, जालोर
 

Sunday, 3 July 2011

जिला परिषद सदस्य करेंगे पेयजल पर निगरानी


रानीवाड़ा . क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था पर अब जिला परिषद सदस्यों की नजर रहेगी। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने सभी एसडीएम को पत्र लिखकर इस संबंध में कमेटी का गठन करने के निर्देश दिए हैं। जिसके तहत जिला परिषद सदस्यों को भी कमेटी में सदस्य बनाने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के मुताबिक मई माह में आयोजित जिला परिषद की बैठक में जिला परिषद सदस्यों ने जिले में पानी की पर्याप्त उपलब्धता होने के बाद भी पेयजल समस्या की ओर ध्यान आकर्षित करवाया था। ऐसे में मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने जलदाय कर्मियों की कार्यशैली पर मॉनिटरिंग के लिए 3 सदस्यों की कमेटी गठित करवाने के निर्देश दिए हैं। जिसके तहत एसडीएम, पीएचईडी का सहायक अभियंता एवं संबंधित जिला परिषद सदस्य इस कमेटी का मेंबर होगा। यह कमेटी क्षेत्र में पानी की समस्या आने पर उस क्षेत्र का भ्रमण कर जलदाय कर्मियों या अन्य पेयजल संबंधित समस्याओं की देख-रेख करेगी। जिला परिषद सदस्या ललिता बोहरा ने बताया कि जिला प्रशासन का निर्णय आम जनता के पक्ष में हैं।

Wednesday, 29 June 2011

जालेराकलां में बनेगी नई मंडी

किसानों को नहीं जाना पड़ेगा गुजरात, चार दीवारी एवं चैक पोस्ट निर्माण के लिए 53 लाख रुपए की स्वीकृति 
रानीवाड़ा 
जिला प्रशासन ने रानीवाड़ा में स्वतंत्र कृषि उपज मंडी की कवायद शुरू कर दी है। तहसीलदार ने कृषि मंडी के लिए जालेरा कलां में भूमि का चयन कर ग्राम पंचायत को राशि का भुगतान भी कर दिया है। चार दीवारी एवं चैक पोस्ट निर्माण के लिए 53 लाख रुपए की स्वीकृति भी मिल गई है। इस मंडी का फायदा किसानों को होगा। अब वे गुजरात की बजाय इस मंडी में अपने जींस की बिक्री कर ज्यादा लाभ अर्जित कर सकेंगे।
जानकारी के मुताबिक, जिले में रानीवाड़ा तहसील में प्रचुर मात्रा में भू-जल संपदा होने से यहां पर एक साल में तीन फसलें किसान लिया करते हैं। जिले में कृषि विपणन व्यवस्था सुव्यवस्थित नहीं होने के कारण अधिकतर किसान अपनी फसल को गुजरात की मंडियों में बिक्री के लिए ले जाते हैं। गत विधानसभा चुनावों में वर्तमान विधायक रतन देवासी ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में रानीवाड़ा की गौण मंडी को भीनमाल मंडी से अलग कर संपूर्ण मंडी का दर्जा देने का वादा किया था। जिसके बाद यह कवायद की जा रही है।
संपूर्ण मंडी होगी जालेरा में 
वर्तमान में रानीवाड़ा उपखंड पर गौण मंडी संचालित की जा रही है, परंतु पर्याप्त मात्रा में किसानों एवं व्यापारियों के लिए सुविधाएं नहीं होने के कारण मंडी को अपेक्षित लक्ष्य की प्राप्ति नहीं हो रही है, जबकि जिले की सर्वाधिक पैदावार रानीवाड़ा क्षेत्र में ही होती है। विधायक के प्रयासों से उपखंड प्रशासन ने संपूर्ण मंडी के लिए कस्बे से तीन किलोमीटर दूर सांचौर सड़क मार्ग पर जालेरा कलां गांव में 4.84 हैक्टेयर जमीन का चयन किया। इस जमीन को डी.एल.सी. की दर पर भीनमाल मंडी ने खरीद कर 8.14 लाख रुपए का भुगतान भी कर दिया गया है। भीनमाल मंडी के सचिव हरी राम जोशी ने गत 21 जून को तहसीलदार खेताराम राणा एवं ग्राम पंचायत के सरपंच रेवाराम भील से बाकायदा कब्जा भी ले लिया है। अब इस जमीन की एक दो दिनों में सफाई शुरू हो जाएगी। इसके बाद यहां चार दीवारी का कार्य करवाया जाएगा। बाद में सुव्यवस्थित एवं सुनियोजित ढंग से आधुनिक मार्केट यार्ड, चैक पोस्ट, कार्यालय, पेयजल व्यवस्था के लिए उच्च जलाशय, किसान भवन एवं गोदाम का निर्माण किया जाएगा।
जरूरत है कोल्ड स्टोरेज की 
रानीवाड़ा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर आलू, प्याज और टमाटर सहित कई प्रकार की सब्जियों की पैदावार होती है, परंतु स्टोरेज की व्यवस्था नहीं होने के कारण किसान कम मूल्य में अपनी पैदावार बेच देते हैं। रानीवाड़ा से 70 किलोमीटर दूर गुजरात के डीसा शहर में 50 से ज्यादा कोल्ड स्टोरेज बने हुए हैं। उसी की तर्ज पर रानीवाड़ा क्षेत्र में भी कृषि मंडी परिसर में कोल्ड स्टोरेज की जरूरत है, ताकि किसान टमाटर पर आलू लंबे समय तक कोल्ड स्टोरेज में रखकर ज्यादा मुनाफा कमा सके।

Friday, 24 June 2011

सुंधा ट्रस्ट पर सरकारी साया


रानीवाड़ा। 
प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री सुंधामाता ट्रस्ट पर अब सरकारी साया पडने वाला है। देवस्थान विभाग उदयपुर ने ट्रस्ट की आय-व्यय की निगरानी के लिए जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर ट्रस्ट को प्राप्त होने वाली राशि की गणना में पारदर्शिता एवं नियमितता को लेकर अधिकृत किया है।
जानकारी के मुताबिक, राजस्थान, गुजरात सहित देश के कई राज्यों के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बने श्री सुंधामाता तीर्थ को संचालित करने वाले श्री चामुण्ड़ा माताजी मंदिर ट्रस्ट में पिछले कई वर्षों से अनियमितताए एवं धांधली की शिकायत मिल रही थी। इन शिकायतों को लेकर गत जिला परिषद की बैठक में विधायक रामलाल मेघवाल ने प्रस्ताव प्रस्तुत किया था, जिसका अनुमोदन सदन ने सर्व सम्मति से पारित कर ट्रस्ट की गतिविधियों एवं आय-व्यय में पारदर्शिता के लिए राज्य सरकार को पत्र लिखकर रिसीवर लगाने का निवेदन किया था। जिला कलेक्टर ने जिला परिषद के इस प्रस्ताव को क्रियान्वयन करने के लिए राज्य सरकार को भेजा जहांं से सरकार की सकारात्मक टिप्पणी के साथ देवस्थान विभाग उदयपुर को पत्र प्रेषित किया गया है। जिस पर देवस्थान विभाग ने 10 जून को जिला कलेक्टर जालोर को पत्र प्रेषित कर श्री चामुण्ड़ा माताजी ट्रस्ट, सुंधापर्वत, दांतलावास तहसील भीनमाल में प्रशासनिक अधिकारी को नियुक्त कर पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
जिस पर जिला कलेक्टर के.के. गुप्ता 21 जून को नए निर्देश जारी कर श्री चामुण्ड़ा माताजी ट्रस्ट सुंधापर्वत में प्राप्त होने वाली राशि की गणना में पारदर्शिता एवं नियमितता के परिपेक्ष्य में मंदिर के भण्ड़ार तथा अन्य प्राप्त होने वाली भेंट राशि की गणना के लिए उपखंड अधिकारी, भीनमाल को मनोनित कर राज्य सरकार के निर्देशों की पालना करने के लिए पांबद किया है।
क्या है निर्देश :- सुंधामाता तीर्थ पर प्रतिमाह लाखों रूपए एवं सोने चांदी के गहनों की आवक होती है। अब नए निर्देशों के तहत ट्रस्ट के द्वारा संचालित भण्ड़ार को माह में एक बार निश्चित तिथि को एसडीएम के समक्ष खोला जाएगा। भण्ड़ार खोलने पर उसमें प्राप्त होने वाली राशि एवं अन्य सामग्री का लेखा-जोखा एसडीएम के समक्ष संधारित किया जाएगा। पूरा विवरण प्रत्येक माह मंदिर के पास ट्रस्ट कार्यालय के बाहर नोटिस बोर्ड पर एवं उपखंड कार्यालय भीनमाल में चस्पा किया जाएगा, ताकि कोई भी श्रद्धालु ट्रस्ट की आय-व्यय को पारदर्शिता पूर्वक देख सके। इसी तरह मंदिर के नाम पर काटी जाने वाली रसीदों एवं दी जाने वाली भैंटों अर्थात गहनों का हिसाब-किताब इसी दिन एसडीएम के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इसका सम्पूर्ण लेखा-जोखा नोटिस बोर्ड पर लगाना आवश्यक माना गया है। साथ ही ट्रस्ट की गतिविधियों, आय-व्ययों की जानकारी सहित नए होने वाले कार्यों की मासिक रिपोर्ट जिला कलेक्टर को प्रेषित करनी आवश्यक होगी।
क्या होगी भावी कार्यक्रम :- प्रशासनिक हल्कों से मिली जानकारी के अनुसार श्रीनाथजी मंदिर नाथद्वारा की तर्ज पर श्री सुंधामाता मंदिर का संचालन राज्य सरकार देवस्थान विभाग को सौंपेगा। इससे पूर्व प्रत्येक माह की निश्चित तिथि को एसडीएम के समक्ष खुलने वाले भण्ड़ारे में से निकलने वाली दान राशि एवं भैंट की गणना के लिए विडियों केमेरे एवं सीसी टी.वी. केमेरे लगाए जाएंगे, ताकि कोई भी श्रद्धालु मंदिर के बाहर भी खड़ा-खड़ा भण्ड़ारे से निकलने वाली राशि की गणना होते देख सकता है। गौरतलब यह है कि इस ट्रस्ट में कई वर्षों से लाखों रूपए के घोटाले होते आए है।
इनका कहना :-
-जिला परिषद जिले की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था होती है। गत बैठक में जनप्रतिनिधियों के द्वारा ट्रस्ट की गतिविधियों में अनियमितता को लेकर पारित किए गए प्रस्ताव पर देवस्थान विभाग ने निर्देश जारी कर आय-व्यय पर निगरानी के लिए प्रशासनिक अधिकारी लगाने का कहा है, जिस पर हमने भीनमाल एसडीएम को निगरानी के लिए नियुक्त कर दिया है और इन निर्देशों की जानकारी ट्रस्ट के सचिव एवं अध्यक्ष को भी दे दी है।
-केवल कुमार गुप्ता जिला कलेक्टर, जालोर
-राज्य सरकार ने वित्तिय व्यवस्थाओं की पारदर्शिता के लिए यह कदम उठाया है और अन्य बिंदुओं पर भी जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी। इससे जो सुंधा पर्वती य तीर्थ स्थल के विकास की राह सुदृढ होगी।
-रतन देवासी विधायक, रानीवाड़ा

Monday, 23 May 2011

मालवाड़ा में राजनैतिक बवाल, कार्य पर तोडफ़ोड


रानीवाड़ा।
मालवाड़ा कस्बे में मुख्य बस स्टेण्ड़ पर सौंदर्यकरण को लेकर विधायक रतन देवासी के प्रयासों से एवं दानदाता परिवार के सौजन्य से हो रहे निर्माण कार्यों ने राजनीति का रूप ले लिया है। एक तरफ विधायक के समर्थक किसी भी सूरत में उक्त निर्माण कार्य को जारी रखने की जिद कर रहे है, वही दूसरी ओर मालवाड़ा के ग्रामीण उक्त निर्माण कार्यों को अतिक्रमण का रूप देकर रूकवाने के प्रयास में लगे हुए है। इस मामले को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने कई बार मौके का मुआयना भी किया एवं स्थानीय लोगों को समझाने का प्रयास भी किया, फिर भी राजनैतिक दखल के चलते यह कार्य विवाद का रूप ले रहा है।
जानकारी के मुताबिक, भामाशाहों की नगरी के रूप में प्रसिद्ध मालवाड़ा कस्बे में कई वर्षों पूर्व दानदाता परिवार आरके माधाणी ने बस स्टेण्ड़ के पास अपने निजी खेत में केसर बाग की स्थापना कर कस्बा वासियों एवं मवेशियों के लिए निशुल्क पानी की व्यवस्था शुरू की थी, जो अभी भी जारी है। केसर बाग के पास भी ग्राम पंचायत की भूमि में दानदाता परिवार के द्वारा मुत्रालय एवं पशुओं के पीने के लिए अवाड़ा बनाया गया था। कई वर्षों बितने के बाद मुत्रालय एवं अवाड़ा क्षतिग्रस्त हालत में होने की वजह से ग्रामीणों की मांग पर दानदाता परिवार से इस स्थल पर नया मुत्रालय एवं अवाड़ा निर्माण सहित १५० फूट लंबी इंटरलोकिंग पक्की पट्टी बनाने पर सहमति जताई। इस कार्य को लेकर पंचायत ने दानदाता परिवार को इजाजत भी दे दी। कुछ दिनों पूर्व दानदाता परिवार के द्वारा निर्माण कार्य शुरू करवाया गया, परंतु गांव की राजनीति के चलते ग्रामीणों ने उसे अवैध अतिक्रमण का मामला मानते हुए विरोध दर्ज करवाना शुरू कर दिया। कई ग्रामीण निर्माण कार्य को रूकवाने के लिए कार्यवाहक एसडीएम के समक्ष पेश भी हुए। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौका मुआवना भी किया। कई ग्रामीणों के बयान लिए, उक्त कार्य कस्बे के सौंदर्यकरण में सहायक होने एवं जनहित का प्रतित होने पर उन्होंनें निर्माण कार्य को जारी रखने के आदेश दिए। शनिवार दोपहर के बाद गांव के कुछ लोगों ने निर्माण स्थल पर पहुंच कर वहां कार्य कर रहे लोगों को भगा दिया एवं निर्माण कार्य के साथ तोडफ़ोड भी की। मामला संवेदनशील होने के कारण पुलिस भी मौके पर पहुंची। तथा समझाईस कर मामला शांत करवाया।
मालवाड़ा सरपंच दीवालीदेवी भील ने बताया कि ९ दिसम्बर 2010 को दानदाता परिवार ज्ञानचंद रूपचंद माधाणी ने जनहित को देखते हुए उक्त स्थल पर आरआई भवन से केसरबाग तक इंटरलोकिंग टाईल्स लगवाने, ट्रिगार्ड, पूराने लोहे के बने चबुतरे की जगह नया भवन बनवाने एवं महिला व पुरूषों के लिए अलग-अलग मुत्रालय बनाने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया था। जिस पर ग्रामपंचायत की बैठक में आमसहमति बनने में पंचायत से निर्माण कार्य शुरू करवाने की अनापत्ती जारी की थी। कार्य जनहित में एवं गांव की सुंदरता बढ़ाने के लिए हो रहा है।
दूसरी ओर समाजसेवी हरीशचंद्रसिंह देवल ने बताया कि उक्त स्थल सार्वजनिक है, जिस पर पशुओं के पीने के लिए अवाड़ा बना हुआ है, यही पर गांव की मवेशियों के लिए कई लोग चारा भी डालते है। इस जगह पक्का निर्माण होने से अतिक्रमण का भय है। इस स्थल पर नए निर्माण की गांव को फिलहाल कोई जरूरत नही है। यदि निर्माण कार्य नही रूकवाया गया तो मालवाड़ा गांव के लोग कड़ा विरोध जताएंगे।
इस विवाद के चलते दोनों गुु्रपों में तनातनी देखी जा रही है। मूंछ का बाल बने इस कार्य को विधायक एवं दानदाता परिवार किसी भी सूरत में पूरा करवाना चाहते है। वही अन्य ग्रामीण काम को रूकवाने के कार्य में लगे हुए है। सभी जगह इस विवाद के बारे में लोग चर्चा करते नजर आ रहे है।

Saturday, 23 April 2011

कांग्रेस ने की शहर में विकास की पहल


रानीवाड़ा।
विधायक रतन देवासी ने कहा है कि रानीवाड़ा कस्बे के विकास की पहल कांग्रेस ने की है। देवासी कस्बे में डीवाइडर निर्माण कार्य के शिलान्यास कार्यक्रम के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उर्जा मंत्री डॉ. जितेंद्रसिंह, पूर्व सांसद पारसाराम मेघवाल, प्रदेश कांग्रेस सचिव पुखराज पाराशर भी मौजूद थे। उन्होंने भाजपा पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्षों से लम्बित जन समस्याओं का समाधान कांग्रेस की सरकार ने किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जन समस्याओं के निराकरण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। देवासी ने कहा कि गत दो वर्ष में कस्बे में विकास के प्रयास किए किए गए हैं। सरपंच गोदाराम देवासी ने विधायक की ओर से करवाए गए सभी विकास कार्यो की चर्चा की गई।

पीएचसी की कमान अब बीडीओ को


रानीवाड़ा।
क्षेत्र में अब स्वास्थ्य सेवाओं का प्रशासनिक व वित्तिय प्रबंधन विकासअधिकारी के हाथों में रहेगा। ऐसे निर्देश राज्य सरकार ने जारी किए है। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में अब किसी भी काम के लिए पंचायत समिति के विकास अधिकारी की सहमति लेनी होगी। अब प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र स्तर पर गठित राजस्थान मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी की कमान सम्बंधित पंचायत समिति के विकास अधिकारी के हाथ में होगी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर यह आदेश प्रभावी नही होंगे।
राज्य सरकार ने इस सम्बंध में जारी आदेश में कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों की स्वास्थ्य सेवाएं पंचायतराज विभाग को स्थानान्तरित कर दी गई है। इसे देखते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र स्तर की मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी की कार्यकारिणी का पुनर्गठन कर विकास अधिकारी को अध्यक्ष, सरपंच उपाध्यक्ष, स्वास्थ्य केन्द्र चिकित्साधिकारी को सदस्य सचिव बनाया गया है। पूर्व में सोसायटी अध्यक्ष ब्लॉक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी था। ऐसे सरकारी फरमान से दोनों विभागों में असंतोष पनपने के आसार दिखाई देने लगे है।
अनावश्यक होगा विलंब:- अब विभागीय कार्य में छोटे-मोटे खर्च की स्वीकृति के लिए चिकित्साधिकारी को पंचायत समिति जाना होगा। इससे कार्य में अनावश्यक विलंब होगा। हर कार्य के लिए विकास अधिकारी का इंतजार करना होगा। वहीं राशि का व्यय भी आसान नहीं होगा। समिति में अभी ६ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र है, जो कि २५ से ३० किमी दूर है। दैनिक कार्यो के लिए पंचायत समिति कार्यालय में आना उनके लिए सिरदर्द जैसा होगा। सेवाएं भी प्रभावित होने के आसार है।
निर्देश की पालना:- हमने निर्देश की पालना करते हुए राजस्थान मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी का गठन करने के निर्देश सभी पीएचसी प्रभारियों को भेज दिए है। इनमें विकास अधिकारी को अध्यक्ष व सरपंच को उपाध्यक्ष बनाया जाएगा।  पहले बीसीएमओ अध्यक्ष होते थे। उपाध्यक्ष पद नया सृजित हुआ है।
-डॉ.आत्माराम चौहान, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, रानीवाड़ा