Hot News अभी - अभी

रतनपुर में गाय पर हमला करने वाले युवक गिरफ्तार, रानीवाडा उपखंड की ताजा खबरों के आपका स्वागत।।

Sunday, 25 July 2010

इंद्र देव मुस्कुराएं, जमकर बरसी बदरा











रानीवाड़ा।(25.07.2010 -5PM)
तहसील क्षेत्र में पिछले 24 घंटे के दौरान इंद्र देव की मेहरबानी से लगभग सभी एनिकट व बांध के लबालब हो जाने की खबर मिली है। अच्छी बरसात होने से किसानों के चेहरे खिल उठे है। तहसील क्षेत्र में बारहमासी बहने वाली जेतपुरा व बडगांव नदियां जो कुछ माह से सुखी पड़ी थी, उनमे भी काफी तादाद में पानी आने से तटीय क्षेत्रों के कृषि कुंओं में भू-जल स्तर सुधरने की संभावना के चलते किसान काफी खुश नजर आ रहे है।
जानकारी के मुताबिक गत दो दिनों से तहसील क्षेत्र में लगातार हो रही तेज व मध्यम दर्जें की बरसात के कारण समग्र ग्रामीण क्षेत्र में पानी ही पानी नजर आ रहा है। आज जेतपुरा व बडगांव क्षेत्र के लोगों ने दोनों बारहमासी नदियों में पानी आने पर उनका ढोल व थाली बजाकर विधिवत पूजन कर जल स्वागत किया।  काफी तादाद में उमड़े लोगों ने आज नदियों में स्नान करने का भरपूर आनंद लिया। आज रविवार सवेरे हुई तेज बरसात के चलते जालेरा नालें के एनिकट में तीन फूट का ऑवरफ्लों चलने से दो घंटे तक सांचोर-रानीवाड़ा मार्ग का आवागमन ठप रहा। इसी तरह मालवाड़ा व कोड़ी नदी में रपट से चार फूट ऊपर तक पानी चलने से वहां भी काफी समय तक आवागमन बाधित रहा। जानकारी के अनुसार चिमनगढ़, तावीदर, लाखावास, सिलासन, रानीवाड़ा खुर्द, के बरसाती नालों में पानी के बहाव को लेकर लोगों को आवागमन में भारी समस्या का सामना करना पड़ा है। मौसम विभाग के अनुसार जेतपुरा बांध में पानी की अच्छी आवक होने से बांध का पांच फूंट का डेढ स्टोरेज भर चुका है। इसी तरह सिलासन बांध में भी साढे चार फूट पानी आने की खबर मिली है। सुंधामाता पर्वत के पास स्थित राजपुरा बांध में भी पानी की अच्छी आवक हुई है। सूरजवाड़ा, रोड़ा गांव के पास से बहने वाली सुकुल नदी दोनों किनारों को पार करते हुए गुजर रही है। वणधर बांध में भी अच्छे पानी आने से नहरी क्षेत्र के लोगों को काफी सुकुन मिला है। सौमेरा पहाड़ पर झरने बहना शुरू हो गए है। वहीं सौमेरा पहाड की तलहटी में नवनिर्मित एनिकट में पानी अत्यधिक आवक होने से उसकों काफी नुकसान होने का समाचार मिला है। सौमेरा पर्वत के ऊपर स्थित प्राचीन धार्मिक महत्व के तालाब के लबालब भरने की जानकारी मिली है। वहीं सुंधामाता पर्वतीय तिर्थ स्थल के झरने भी शुरू हो गए है। पर्वत के पिछवाड़े में स्थित अभिनव ब्रजमंडल में गौधाम पथमेड़ा के द्वारा निर्मित बांध में भी पानी के ऑवरफ्लों होने की जानकारी सुमन सुलभ ब्रह्मचारी के द्वारा दी गई है। आजोदर से मेड़क खुर्द जाने वाली डामर सड़क बरसाती पानी के चलते क्षतिग्रस्त हो जाने से रानीवाड़ा से मेड़क खुर्द का सम्पर्क कट गया है। मेड़क खुर्द जाने के लिए लोगों को अब मेड़क कलां होते हुए जाना पड़ रहा है।
जेतपुरा व बडग़ांव नदियों में पानी की तेज आवक के चलते प्रशासन सर्तक हो गया है। प्रशासन ने संभावित बाढ़ बचाव को लेकर अभी से उपाय शुरू कर दिए है। प्रशासन मिट्टी के कट्टों की व्यवस्था करवा रहा है, ताकि संभावित दुघर्टना से बचाव किया जा सके। जालेरा के सांपलाई बांध में भी बरसाती पानी की चादर चलने के समाचार मिले है। सांतरू का सोनारवाला एनिकट भी दूसरी बार ऑवरफ्लों होने से किसानों को काफी राहत मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटे के दौरान ३५ मिमी बरसात दर्ज की गई है। इस तरह इस मानसुन के दौरान ४२४ मिमी बारिश दर्ज हुई है। अनाधिकृत सूत्रों के अनुसार आज रविवार सुबह आठ बजे से शाम छ: बजे तक ८० मिमी बरसात दर्ज की गई है। जिससे किसान लोगों को काफी राहत महसुस हो रही है।

गुरू पूर्णिमा का कार्यक्रम पथमेड़ा में

रानीवाड़ा।
गोधाम पथमेड़ा के संस्थापक परम पूजनीय स्वामी श्री दत्तशरणानंद महाराज गुरू पूर्णिमा के दिन पथमेड़ा गोशाला के कार्यक्रम में भाग लेंगे। राष्ट्रीय प्रवक्ता पुनम राजपुरोहित ने बताया कि गुरू पूर्णिमा को लेकर गोधाम पथमेड़ा में भव्य कार्यक्रम रखा गया है। समग्र देश से गोभक्त इस अवसर पर धार्मिक कार्यक्रम में भाग लेंगे। स्वामीजी इस अवसर पर गोभक्तों को गुरू महिमा को लेकर प्रवचन देंगे।
उन्होंने बताया कि गोधाम पथमेड़ा का मुख्यालय ब्रजअभिनव मंडल में स्थानांतरण करने की प्रक्रिया जारी है। स्थानांतरण के बाद गोधाम पथमेड़ा की समस्त गतिविधियां केसुआ से ही संचालित की जाएगी।

गुरू की महिमा अपरंपार - राजभारती

रानीवाड़ा।
कस्बे के समीपवर्ती कालिका मंदिर में गुरू पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर प्रवचन देते हुए राजभारती महाराज ने कहा कि प्राचीन काल में जब विद्यार्थी गुरु के आश्रम में नि:शुल्क शिक्षा ग्रहण करता था तो इसी दिन श्रद्धा भाव से प्रेरित होकर अपने गुरु का पूजन करके उन्हें अपनी शक्ति सामर्थ्यानुसार दक्षिणा देकर कृतकृत्य होता था। आज भी इसका महत्व कम नहीं हुआ है। पारंपरिक रूप से शिक्षा देने वाले विद्यालयों में, संगीत और कला के विद्यार्थियों में आज भी यह दिन गुरू को सम्मानित करने का होता है। मंदिरों में पूजा होती है, पवित्र नदियों में स्नान होते हैं, जगह जगह भंडारे होते हैं और मेले लगते है।
उन्होंने कहा कि शास्त्रों में गु का अर्थ अंधकार या मूल अज्ञान और रु का अर्थ उसका निरोधक कहा गया है। अंधकार को हटाकर प्रकाश की ओर ले जाने वाले को गुरु कहा जाता है। गुरु तथा देवता में समानता के लिए एक श्लोक में कहा गया है कि जैसी भक्ति की आवश्यकता देवता के लिए है वैसी ही गुरु के लिए भी है। इस अवसर पर हरिसिंह केसुआ, मंछाराम परिहार, अंबालाल जीनगर, पारसमल जीनगर, राहुल वैष्णव, छेलाराम, अर्जुन राठौड़ सहित कई संत महात्माओं ने भाग लिया। राजभारती महाराज आज गुरू पूर्णिमा केसुआ आश्रम में मनाएंगे।

आंजणा समाज की बैठक सम्पन्न

रानीवाड़ा।
कस्बे के चौधरी समाज छात्रावास में आज रविवार को आंजणा युवा मंडल की बैठक का आयोजन रखा गया है। मंडल अध्यक्ष रमेश चौधरी ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज सुधार, बालिका शिक्षा, सामाजिक कुरितियों को मिटाने रखा गया है। बैठक में नवीन कार्यकारिणी के गठन को लेकर विचार विमर्श किया जाएगा।

पतंजली बैठक सम्पन्न

रानीवाड़ा।
पतजंली योग समिति एवं भारत स्वाभिमान अभियान तहसील उपसमिति की बैठक डॉ. घेवरचंद डागा की अध्यक्षता एवं लेहरचंद जैन के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुई। जिलाध्यक्ष शैतानसिंह बोरली ने बताया कि आगामी 19 सितम्बर को योग ऋषि स्वामी रामदेव के प्रस्तावित जालोर मुख्यालय पर कार्यक्रम के बाद रानीवाड़ा मुख्यालय पर लघु कार्यक्रम रखने को लेकर सदस्यों ने विचार विमर्श किया। उन्होंने योग एवं भारत स्वाभिमान आंदोलन के बारे में भी जानकारी दी। बैठक में भंवरलाल जोशी, छगन माहेश्वरी, पारस जीनगर, मंगलसिंह, अशोककुमार, अमृत जोशी को संयोजक एवं राजेंद्रसिंह देवड़ा, नेथीराम चौधरी, राजुराम, हनुमान चौधरी, विजयराज व हुकमाराम को सहसंयोजक मनोनीत किया गया। कार्यक्रम को लेकर अगली बैठक 7 अगस्त को आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर स्थानीय सरपंच गोदाराम देवासी, महिला पतांजली अध्यक्षा कमला विश्रोई सहित कई लोग उपस्थित थे।

Wednesday, 21 July 2010

ग्रामसेवकों ने किए मोबाइल बंद

रानीवाड़ा(21.07.2010)
अपनी ग्यारह सूत्री मांगों को लेकर ग्राम सेवकों ने सोमवार से राजकीय कार्य के लिए अपने मोबाइल अनिश्चितकाल के लिए स्विच ऑफ कर दिए। ग्रामसेवकों द्वारा इस प्रकार से विरोध के बाद अधिकारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्राम सेवकों का मोबाइल ग्राम पंचायत क्षेत्र में महानरेगा कार्य की प्रतिदिन जानकारी लेेने, पंचायत क्षेत्र के किसी अधिकारी या कर्मचारी को निर्देश देने सहित अन्य गतिविधियों की सूचना के लिए उच्चाधिकारी काम में लेते हंै। इसके अलावा आवश्यक सूचना मंगवाने, बैठक की सूचना देने व पंचायत की डाक देने के लिए ग्राम सेवकों को मोबाइल कर कार्यालय पर बुला लिया जाता था। संघ का कहना है कि जब तक राज्य सरकार ग्राम सेवकों की ११ सूत्री मांग पूरी नही करेंगी तब तक यह विरोध जारी रहेगा।

-ग्रामसेवक राजकीय कार्यो के लिए नहीं, अपने लिए मोबाइल रखते हंै। अधिकारी इन मोबाइल को राजकीय कार्यों में ले रहे हंै। कई बार मोबाइल रिसीव नहीं करने पर नोटिस थमा देते हैं, जबकि जिला परिषद में सभी ग्राम सेवकों को सरकारी मोबाइल व रिचार्ज देने के आदेश आए हुए हंै। अधिकारी पंचायत की डाक भी मोबाइल से बुलाकर देते हैं। इससे अन्य कार्य बाधित होता हैं। क्षेत्र की सभी सूचनाएं अधिकारी हमारे मोबाइल से प्राप्त करते हंै।
- भाणाराम श्रीमाली, जिलामंत्री, ग्रामसेवक संघ जालोर

बूंदों ने बढ़ाई उमस

रानीवाड़ा ! जोरदार बारिश में तर होने को बेकरार सुणतर क्षेत्र के लोगों को इन दिनों मौसम की बेरुखी अखरने लगी है। मंगलवार को दिन का तापमान लोगों का बदन झुलसाने वाला था। आसमान से आग बरस रही थी। इससे पूर्व तड़के करीब पौने तीन बजे के आसपास मामूली बरसात हुई जिससे थोड़ी देर के लिए राहत तो मिली, लेकिन उमस और चिपचिपाहट ने परेशान कर दिया। लोगों को अच्छी बरसात का बेसब्री से इंतजार है। तापमान बढऩे और उमस से भले ही क्षेत्रवासी परेशान हो रहे है मगर मौसम विभाग की मानें तो यह अच्छी बारिश का संकेत भी है। इन दिनों वातावरण नम रहने से उमस का जोर है। उमस पसीने नहीं सूखने देती है।

Tuesday, 20 July 2010

अब जिलाध्यक्ष पद पर नजर

रानीवाड़ा(20.07.2010)
कांग्रेस संगठन चुनावों के तहत बूथ व ब्लॉक स्तर की चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब जिलाध्यक्ष पद पर नेताओं की नजर है। दावेदारों ने पद पर कब्जा करने के लिए कसरत भी तेज कर दी है। सत्ताधारी दल होने के कारण इस पद का वजन भारी माना जा रहा है। चुनाव 20 जुलाई तक होने हंै। एक-दो दिन में जिला निर्वाचन अधिकारी केवलचंद गुलेच्छा चुनाव को लेकर जिला मुख्यालय पर बैठक भी लेंगे।

जिलाध्यक्ष पद का चुनाव प्रत्येक ब्लाक से चुने जा रहे छह डीसीसी सदस्य करेंगे। जिले के दस ब्लॉक से कुल साठ सदस्य निर्वाचित होगे। इन्हीं में से अध्यक्ष पद के दावेदार होंगे तथा ये ही सब सदस्य मतदाता होंगे। हालांकि चुनाव मतदान से होने की संभावना कम ही है, सर्वसम्मति या आलाकमान के फैसले पर निर्भर होने की संभावना ज्यादा है।

जिलाध्यक्ष पद की दौड़ में जिले के आधा दर्जन से अधिक प्रमुख नेता हैं। इनमें विधायक रतन देवासी, रामलाल मेघवाल, सुखराम विश्नोई, श्रवणसिंह बोरली, पूर्व सांसद पारसाराम मेघवाल आदि नेताओं के नाम चर्चा में है। वर्तमान जिलाध्यक्ष डॉ. समरजीतसिंह राठौड़ अपने पत्ते नही खोल रहे हंै। पूर्व सांसद पारसाराम मेघवाल मजबूत दावेदार थे, लेकिन बीस सूत्री कार्यक्रम जिला उपाध्यक्ष पद मिलना उनका कमजोर पक्ष बन गया है। वैसे भीनमाल क्षेत्र से जिला प्रमुख होने के कारण यहां के किसी नेता को भी जिलाध्यक्ष पद मिलता नजर नहीं आ रहा।

हालांकि जिले में कांग्रेस पार्टी के भीतर सबसे मजबूत खेमा पुखराज पाराशर व रतन देवासी का नाम उभर रहा है। ऐसे में पाराशर की राय व समर्थन किसी भी दावेदार के लिए अहम है। पार्टी सूत्रों के अनुसार विवाद होने व महिला को पद देने की स्थिति में पूर्व जिला प्रमुख मंजू मेघवाल को भी जिम्मेदारी दी जा सकती है।

सर्वेयर्स का प्रशिक्षण कल

रानीवाड़ा.(20.07.2010) भारत साक्षर २०१२ अंतर्गत डोर टू डोर सर्वे करने के लिए नियुक्त सर्वेयर्स का एक दिवसीय प्रशिक्षण बुधवार से समिति सभाभवन में होगा। बीईईओ तोलाराम राणा ने बताया कि सर्वेयर्स की नियुक्ति एसडीएम के निर्देशानुसार की गई है। बुधवार सुबह १० बजे रानीवाड़ा कलां, रानीवाड़ा खुर्द, आजोदर, जोड़वास, धानोल, बडग़ांव, जाखडी, दहीपुर, गांग, जालेरा खुर्द, मालवाड़ा, आखराड़, सूरजवाड़ा, सिलासन, कागमाला, चितरोडी एवं दोपहर २ बजे से सेवाड़ा, कोटड़ा, करवाड़ा, दांतवाड़ा, मेड़ा, रतनपुर, धामसीन, रोपसी, वणधर, कूड़ा, चाटवाड़ा, कोड़का, करड़ा के सर्वेयर्स का प्रशिक्षण रखा गया है।

योग शिविर शुरू

रानीवाड़ा. निकटवर्ती सांकड़ गांव में सोमवार से पतंजलि योग समिति एवं भारत स्वाभिमान इकाई जालोर के तत्वावधान में योग शिविर का शुभारंभ किया गया। जिला संयोजक भागीरथ कुमार ने योग व प्राणायाम के अभ्यास करवाए। जिलाध्यक्ष शैतानसिंह ने बताया कि इस दौरान आगामी १९ सितंबर को जालोर में प्रस्तावित बाबा रामदेव के कार्यक्रम पर चर्चा की जाएगी।

Sunday, 18 July 2010

कार्यशाला में पौधरोपण पर बल

रानीवाड़ा. पंचायत समिति सभा भवन में आज छह दिवसीय आमुखीकरण कार्र्यशाला का समापन हुआ। इस कार्यशाला में सरपंच, उपसरपंच, ग्रामसेवक व सहायक ग्रामसेवकों ने पंचायतीराज पर प्रशिक्षण प्राप्त किया। बीडीओ ओमप्रकाश शर्मा ने जल की महत्ता पर जानकारी दी। पंचायत प्रचार अधिकारी नारणाराम मेघवाल ने पर्यावरण संकट के बारे में बताया। उन्होंने हरित राजस्थान कार्यक्रम के तहत ज्यादा से ज्यादा पौधरोपण करने की अपील की। स्वयंसेवी संस्था शिव सांई सेवा समिति के अध्यक्ष मुकेश खंडेलवाल ने जनसंख्या वृद्धि रोकने के तरीके बताए। इस अवसर पर सीडीपीओ संतोष शर्मा, सरपंच गोदाराम देवासी, नेथीराम मेघवाल और भीखाराम चौधरी सहित कई जनों ने अपने अनुभवों के बारे में जानकारी दी।

Saturday, 17 July 2010

पुस्तकों का इंतजार

रानीवाड़ा(17.07.2010)
शिक्षा विभाग ने पाठ्यक्रम का पैटर्न बदलने के फरमान तो जारी कर दिए परंतु सिस्टम में बदलाव नही आया है। जुलाई माह की पहली तारीख से पढ़ाई शुरू होना सपना ही रह गया है। माध्यमिक व उच्च माध्यमिक स्तर पर विद्यार्थियों के पास अभी तक किताबें ही नहीं पहुंची है। जिसके कारण छात्र छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सीबीएसई की तर्ज पर अप्रेल माह में शिक्षा सत्र शुरू करने के पीछे तर्क यह दिया गया था कि प्रवेश की प्रक्रिया गर्मियों की छुट्टियों से पहले पूरी हो जाए ताकि जुलाई माह की पहली तिथि से ही विद्यालयों में अध्ययन शुरू हो सके। सरकारी विद्यालय अभी भी पुराने ढर्रे पर चल रहे हैं। माध्यमिक व उच्च माध्यमिक स्तर की पुस्तकें तहसील मुख्यालयों तक नहीं पहुंची हैं। 
बीते पंद्रह दिन से विद्यालयों में पढ़ाई नहीं हो रही है और आगामी पंद्रह दिन तक भी पढ़ाई की उम्मीद नहीं की जाए क्योंकि किताबें विद्यालयों तक कब पहुंचेगी, इस संबंध में विभाग ने कोई कार्यक्रम तय नहीं किया है। इस ऊहापोह में पूरा जुलाई महीना निकल जाने की संभावना है।
इतना ही नहीं निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों के सामने भी पुस्तकों का संकट बरकरार है। काफी जनों ने जोधपुर व पाली से पुस्तकें खरीद कर मंगवाई हैं।

परिवार नियोजन शिविर आयोजित

रानीवाड़ा!(17.07.2010) कस्बे की सीएचसी में शुक्रवार को नसबंदी शिविर का आयोजन किया गया। ब्लॉक सीएमओ डॉ. आत्माराम चौहान ने बताया कि परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत आयोजित इस शिविर में सर्जन डॉ. प्रेमराज परमार ने ९५ महिलाओ एवं २ पुरूषों की नसबंदी की गई। विश्व जनसंख्या सप्ताह के तहत अभी तक ब्लॉक में ११० नसबंदी के ऑपरेशन किए गए है। शिविर में लक्ष्मीचंद, नरपतराम और महावीरसिंह सहित कई जनों ने सहयोग दिया।

नोडल अधिकारियों की बैठक 19 को

रानीवाड़ा ! शैक्षणिक गतिविधियों पर मोनिटरिंग को लेकर नोडल अधिकारियों की बैठक 19 जुलाई को पंचायत समिति सभा भवन में होगी। बीईईओ तोलाराम राणा ने बताया कि सातवीं कक्षा के सामान्य वर्ग के ऐसे छात्र-छात्रा जिन्होंने ७० प्रतिशत एवं एससी एसटी वर्ग में 55 प्रतिशत अंक प्राप्त किए है, उनकी सूची बैठक में लानी आवश्यक है। इसी तरह एससी, एसटी, ओबीसी एवं अस्वच्छता का कार्य करने वाले छात्र-छात्राओं की सूची, जुलाई 2010 की अध्यापक उपस्थिति एवं नामांकन सूचना, गत वर्ष की राष्ट्रीय पोषाहार कार्यक्रम में प्राप्त गेहूं, चावल एवं प्राप्त राशि की सूचना, 1 अप्रेल 2010 को विद्यालय में अवशष गेहूं, चावल एवं राशि की सूचना व एमडीएम में हैल्पर की सूचना निर्धारित प्रपत्र में संस्थाप्रधान एवं पोषाहार प्रभारी के मोबाइल नंबर व नाम सहित कार्यालय में जमा करानी आवश्यक है। सही समय पर उक्त जानकारी संकलित करवाने पर अधिकारी के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी।

Friday, 16 July 2010

किसानसंघ ने दिया ज्ञापन

रानीवाड़ा(16.07.2010)
क्षेत्र के किसानों की कई समस्याओं को लेकर गुरुवार को भारतीय किसान संघ ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। विभागाध्यक्ष सोमाराम चौधरी ने बताया कि नए कृषि कनेक्शन में विभाग के द्वारा फव्वारा सेट व ३ स्टार विद्युत मोटर की खरीद अनिवार्य करने से किसानों पर आर्थिक भार बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि बूंद-बंूद सिंचाई की पद्धति नरम कृषि भूमि में ही संभव है। रानीवाड़ा तहसील के अधिकांश खेतों में काली कठोर मिट्टी होने की वजह से यह सिस्टम सफल नहीं हो पाएगा। चौधरी ने नए बिजली कनेक्शनों में सरलीकरण करने का निवेदन किया है।

तहसील अध्यक्ष सेणीदान चारण ने बताया कि क्षेत्र में मौसम की अच्छी बरसात होने की वजह से किसानों ने बाजार से हाईब्रिड बाजरा खरीदकर बुवाई की है, लेकिन किसानों को नकली बीज दिए गए हैं। खेतों में बाजरे की फसल जमीन से बाहर भी नहीं आई है। ऐसे आरोपी बीज विक्रताओं के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने का निवेदन किया है। इस अवसर पर काफी तादाद में संघ के सदस्य व किसान उपस्थित थे।

अतिक्रमण हटाने की मांग

रानीवाड़ा निकटवर्ती चितरोड़ी ग्राम पंचायत के वाड़ाभोजा के ग्राम में कुछ लोगों ने तहसीलदार रानीवाड़ा को पत्र प्रेषित कर गोचर भूमि पर अतिक्रमण कर बेचने की शिकायत की है। समाजसेवी विक्रमसिंह ने बताया कि गांव की गोचर भूमि में कुछ प्रभावशाली लोगों ने कब्जा कर प्लॉटिंग की है। कुछ भू-खंड बिक्री भी कर दिए गए है।

एसडीएमसी की जगह अब एसएमसी

रानीवाड़ा
राज्य सरकार के निर्देशानुसार अब सभी विद्यालयों में एसडीएमसी के स्थान पर एसएमसी का गठन होगा। बीआरसीएफ तोलाराम राणा ने बताया कि सरकारी निर्देशों के तहत संस्था प्रधान 27 जुलाई से पूर्व एसएमसी का गठन कर नोडल अधिकारी के माध्यम से एसएसए कार्यालय में संकलित करवाना आवश्यक है। एसएमसी में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के पद पर अभिभावकों का मनोनयन किया जाएगा। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय जालेरा कलां में भी एसएमसी का पुर्न गठन करने के लिए गोरखाराम सुथार को अधिकृत किया गया है। एसएसए के आरपी भंवरसिंह राव ने समस्त सीआरसीएफ को निर्देशित कर समस्त सरकारी विद्यालयों में एसएमसी का गठन कर निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है।

Thursday, 15 July 2010

दी जाएगी आयरन की गोली

रानीवाड़ा ! राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार पंचायत समिति की समस्त सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत बालिकाओं को आयरन की गोली का वितरण किया जाएगा। राउमावि के प्रधानाचार्य एवं नोडल अधिकारी किशनलाल कोली ने बताया कि यूनिसेफ के सौजन्य से 10 से 19 वर्ष की बालिकाओं को आयरन की गोली वितरित करने के दिशा निर्देश का फोल्डर दिया गया है। उसी के अनुसार गोली का सेवन करना आवश्यक है। फोल्डर राउमावि रानीवाड़ा में उपलब्ध है एवं गोली संबंधित गांव की एएनएम के पास उपलब्ध करवाई गई है।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के हुए चुनाव

रानीवाड़ा(15.07.2010)
रानीवाड़ा ब्लॉक कांग्रेस के चुनाव बीआरओ हिरालाल बोहरा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुए। इस अवसर पर काफी तादाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं व प्राथमिक सदस्यों ने भाग लिया। इससे पूर्व बोहरा ने चुनाव प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।
इस दौरान उपजिला प्रमुख मूलाराम राणा व रानीवाड़ा सरपंच गोदाराम देवासी ने बैठक में आम सहमति बनाकर विधायक रतन देवासी के प्रति निष्ठा जताते हुए उन्हें निर्वाचन के लिए अधिकृत करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस पर मांगीलाल गुलसर व वागाराम जाट ने प्रस्ताव का अनुमोदन कर ध्वनिमत से पारित किया। इस अवसर पर देवासी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की यह परिपाटी रही है कि सर्वसम्मति व लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव सम्पन्न करवाए। इस अवसर पर निवर्तमान ब्लॉक अध्यक्ष नागजीराम भील, जयकिशन, सांवताराम, सुजानाराम, मंछाराम परिहार, सज्जनसिंह राव, रहमान भाई मुसला, छगनाराम मेघवाल, वेलाराम भील, सांचौर उपप्रधान दरगाराम, हरजीराम देवासी, कृष्ण पुरोहित, परसराम ढाका, गणपत करवाड़ा, पूनमाराम सांकड, अमलूराम दाता, मंगलाराम सेवाड़ा, रवाराम पाल, अंबालाल जीनगर, ईश्वर महेश्वरी सहित कई जनों ने भाग लिया।

धार्मिक साहित्य की स्टॉल शुरू

रानीवाड़ा!14.07.2010
 पवित्र ग्रंथ यथार्थ गीता को लेकर स्वामी अडगडानंद महाराज का साहित्य अब कस्बे में उपलब्ध हो सकेगा। यहां सांचोर रेलवे क्रासिंग के सामने यथार्थ गीता स्टॉल का शुभारंभ एसडीएम कैलाशंचंद्र ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वामी के द्वारा रचित दुर्लभ साहित्य की उपलब्धता से धर्मप्रेमी लोगों को आसानी हो सकेगी। फुलसिंह जाखड़ी ने बताया कि श्रीमद् भागवत गीता पर स्वामीजी ने 14 हजार से अधिक टीकाएं लिखी हंै। इस अवसर पर पुरेश पटेल, जयराम पुरोहित, मदनलाल माहेश्वरी, मुकेशकुमार ग्रामसेवक, पारसमल ग्रामसेवक, जवानसिंह सहित कई जने मौजूद थे।

संगठन चुनाव आज, तैयारियां पूरी

रानीवाड़ा
विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस संगठन के चुनाव बुुधवार को संपन्न कराए जाएंगे। ब्लॉक कांग्रेस सचिव अंबालाल जीनगर ने बताया कि रानीवाड़ा विधानसभा को दो ब्लॉक में विभाजित किया गया है। रानीवाड़ा ब्लॉक के लिए चुनाव प्रक्रिया सुबह १० बजे कस्बे के कांग्रेस कार्यलय में बीआरओ हीरालाल बोहरा एवं आसुराम देवासी के सानिध्य में शुरू होगी। इसी तरह जसवंतपुरा कस्बे में दोपहर ३ बजे चुनाव प्रक्रिया शुरू होगी।

ब्लॉक का परिसीमन : रानीवाड़ा की १७ व सांचौर पंचायत समिति की ८ ग्राम पंचायतों को मिलाकर रानीवाड़ा ब्लॉक का एवं जसवंतपुरा की ११ व रानीवाड़ा पंचायत समिति की १३ ग्राम पंचायतों को मिलाकर जसवंतपुरा ब्लॉक बनाया गया है। विधानसभा में इस समय ४९ ग्राम पंचायतें हैं। इस तरह रानीवाड़ा ब्लॉक में २५ व जसवंतपुरा ब्लॉक में २४ ग्राम पंचायतें शामिल हो रहीं हैं। ब्लॉक निर्वाचन अधिकारी हीरालाल बोहरा ने बताया कि रानीवाड़ा व जसवंतपुरा में चुनाव प्रक्रिया के तहत निष्पक्ष निर्वाचन करवाए जाएंगे। पार्टी का कोई भी आधिकारिक सदस्य चुनाव में भाग ले सकता है।

Tuesday, 13 July 2010

जनसेवकों की भूख

जनसेवा के नाम पर चुनाव जीतकर संसद-विधानसभाओं मे जाने वाले हमारे जनप्रतिनिधि लगता है सेवा की बजाय सुविधाओं को अधिक तवज्जो देने लगे हैं। सब कुछ सरकार के माथे, यानी जनता के पैसों पर! वेतन-भत्ते बढ़ाने की बातें हों या सुविधाओं में इजाफे की, सब जनप्रतिनिधि राजनीतिक विचारधारा की दीवारें गिराकर एक हो जाते हैं। हाल में वेतन-भत्ते बढ़ाने की सिफारिश कर चुकी संसदीय समिति ने अब सांसदों को थ्री जी मोबाइल सुविधा मुहैया करवाने की सिफारिश की है। एक तरफ ऎसे प्रतिनिधियों को चुनने वाली जनता है, जो महंगाई के बोझ से दबी जा रही है, तो दूसरी तरफ जनता के ऎसे नुमाइंदे हैं, जिनकी सुविधाओं की भूख खत्म नहीं हो रही है। संसद-विधानसभाओं में हो-हल्ले केअलावा कितना काम होता है या जनप्रतिनिधि जनता के कितने मुद्दे गंभीरता के साथ उठाते हैं, किसी से छिपा नहीं है। 
इस कड़वे सच से इनकार नहीं किया जा सकता कि लोकतंत्र की मजबूत होती जड़ों के बीच जनप्रतिनिधियों की मतदाताओं के प्रति बेरूखी बढ़ती जा रही है। सुधार के प्रयास विफल हो रहे हैं। राजस्थान विधानसभा के पिछले सत्र में विधायकों के भोजन के ढाई लाख रूपए के बिल का भुगतान नहीं होने का मामला सामने आया है। विधायकों का कहना है कि खाने के पैसे वे पर्यटन मंत्री को दे चुके हैं, लेकिन जिस होटल से खाना मंगवाया गया, वहां के प्रबंधक ढाई लाख में से सिर्फ 75 हजार रूपए मिलने की बात कह रहे हैं। जब विधायकों ने पैसे दे दिए और होटल प्रबंधन को पैसे मिले नहीं, तो पैसे गए कहां? ये तो एकाध मामले हैं, जो उजागर हो जाते हैं, ऎसे कितने ही मामले विधानसभाओं में होते रहते हैं, लेकिन उनकी गूंज सुनाई नहीं पड़ती।
इसे हमारे लोकतंत्र की विडम्बना ही कह सकते हैं कि चुनाव जीतने के बाद जनप्रतिनिधियों पर जनता कोई कारगर अंकुश रखने में अपने को असहाय पाती है। जन आकांक्षाओं पर खरा न उतरने वाले जनप्रतिनिधियों को वापस बुलाने का अधिकार मतदाताओं के पास न होना भी जनप्रतिनिधियों को लापरवाह बनाने में मददगार है। सांसद-विधायक बेशक अपने वेतन-भत्ते-सुविधाएं बढ़ाएं, लेकिन जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी तो समझें। उन वादों का तो ध्यान रखें, जो चुनाव प्रचार के दौरान वे जनता से करते हैं। राजनीतिक दलों का नेतृत्व भी शायद इन मुद्दों को लेकर गंभीर नहीं है। उनकी प्राथमिकताएं भी येन-केन-प्रकारेण चुनाव जीतने और सत्ता हासिल करने तक सीमित होकर रह गई है।
जनप्रतिनिधियों को यह नहीं भूलना चाहिए कि जिस जनता का वे प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, उसकी स्थिति क्या है? उसकी मूलभूत आवश्यकताओं की पृर्ति हो रही है या नहीं? चुनाव से पहले अपने को जनता का सेवक करार देने वाले क्या वास्तव में जनसेवक की भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं? जब तक ऎसा नहीं होगा, तब तक राजनीति सेवा का माध्यम होने की बजाय सुख-सुविधाओं के दोहन का माध्यम बनकर रह जाएगी, जो लोकतंत्र के लिए शोभा की बात नहीं है।

जहरीले चारे से ४ भैंस मरी

रानीवाड़ा(13.07.2010)
धानोल गांव में चार भैंसों की मौत जहरीला चारा खाने से रविवार को हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी पीडि़त किसान के कृषि कुएं पर पहुंचे। चिकित्सकों के अनुसार भैंसों की मौत जहरीला चारा खाने से हुई है, जबकि किसान परिवार इससे मुकर रहा है। ग्रामीणों ने पीडि़त परिवार को सहायता राशि देने की गुहार लगाई है। जानकारी के अनुसार धानोल निवासी मकनाराम अगराराम चौधरी के यहां दो दिनों पूर्व भी ऐसे ही एक हादसे में एक भैंस की मौत हो गई थी। रविवार दोपहर को उसकी चार भैंसों की भी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर तहसीलदार खेताराम सारण व पटवारी लखाराम कुमावत सहित सरंपच भीखाराम चौधरी भी मौका स्थल पर पहुंंचे। पोस्टमार्टम के लिए डॉ. मुकेश पटेल की टीम भी पहुंची। ग्रामीणों ने पीडि़त परिवार को राहत राशि दिलाने के लिए प्रशासन से गुहार लगाई है।

पंचायतीराज विकेंद्रित प्रशिक्षण शिविर शुरू

रानीवाड़ा(13.07.2010) 
पंचायत समिति सभा भवन में सोमवार को पंचायतीराज विकेंद्रित प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। इस शिविर में छह दिनों तक सरपंच, उपसरपंच एवं ग्रामसेवकों की आमुखीकरण कार्यशाला प्रधान राधादेवी एवं बीडीओ ओमप्रकाश शर्मा की देख-रेख में होगी। इस अवसर पर बीडीओ ने सभी जनप्रतिनिधियों का सहयोग एवं सहभागिता के साथ विकास की योजनाओं को सफल बनाने का आह्वान किया। दक्ष प्रशिक्षक नारणाराम मेघवाल, श्रीमति संतोष शर्मा, विक्रमसिंह व महेश भारद्वाज ने सामाजिक सुरक्षाओं की योजनाओं एवं सामाजिक अंकेक्षण के बारे में जानकारी दी।

Monday, 12 July 2010

ग्रह नक्षत्रों से भी किसानों को आस

रानीवाड़ा(12.07.2010)
क्षेत्र में अब तक अच्छी बरसात से किसानों में खुशी और अच्छी फसल की उम्मीद है। हालांकि बरसात का दौर पिछले सप्ताह भर से थमा हुआ है, लेकिन बुजुर्ग लोग अब यहां चलने वाली हवाओं और ग्रह नक्षत्रों के आधार पर भी अच्छे जमाने की आस लगाए बैठे हैं। इन बुजुर्ग लोगों की मानें तो हवाओं का रुख और नक्षत्रों की स्थिति से भी फसल पर काफी प्रभाव पड़ता है। जो हवाएं अभी चल रही हैं वे क्षेत्र में बोई गई बाजरे की फसल के लिए अच्छी मानी जा रही हैं। वहीं नक्षत्रों की स्थिति से भी अच्छा प्रभाव होने वाला है। मानसून के प्रथम चरण में ही रानीवाड़ा क्षेत्र में १६० मिमी बरसात होने से लोगों ने चार दिन से बाजरा की बुवाई शुरू कर दी है। ऐसा मानना है कि आद्रा नक्षत्र में बाजरा की बुवाई करने से बाजरा अच्छी तादात में तैयार होता है। अब पुनर्वसु नक्षत्र शुरू हो गया है। इस नक्षत्र में भी बरसात होना अच्छा माना जाता है। इसी प्रकार अगर अश्लेषा नक्षत्र में बरसात होती है तो वह फसलों के लिए सही नहीं होती।

किसानों को चाहिए थोड़ी देरी से बरसात

खेतों में बीज बो चुके किसानों को अभी बरसात नहीं चाहिए। इन किसानों को मानना है कि अगर अभी बरसात होती है तो इससे नुकसान होगा। किसानों ने बताया कि २० जुलाई से ३ अगस्त के बीच बरसात होने पर बाजरे की फसल सोलह आना होने की संभावना है। ३ अगस्त के बाद अश्लेषा नक्षत्र शुरू होगा, जिसमें बरसात वर्जित मानी जाती है। ऐसा माना जाता है कि अश्लेषा में बरसात का पानी खारा होता है। जो फसलों के लिए सही नहीं है।

हवाओं का भी असर

इधर क्षेत्र में इस समय हवाएं चल रही हैं। इन हवाओं को लेकर भी किसानों की अलग-अलग राय है। कुछ लोग फसलों के लिए ऊनालु हवा अच्छी मानते हंै। ऐसी हवाओं से बाजरे का दाना जमीन में जल्दी अंकुरित होकर बाहर आ जाता है। सियालु हवा चलने पर बाजरा अंकुरित नही हो पाता है। यदि इसी तरह का मौसम चलता रहे तो जमाना अच्छा होने की संभावना है। बाजरे की बुवाई के बाद अब किसान कठोळ यानि मूंग, मोठ, ज्वार, चवला, ग्वार की बुवाई कर रहे हंै। पुनर्वसु नक्षत्र में कठोळ फसल की बुवाई से अच्छे परिणाम आना माना जाता है। वैसे क्षेत्र के खेतों में बाजरा खेतों में उगने लग गया है।

इनका कहना है

-मौसम फिलहाल किसानों के अनुकूल है। अभी तक अच्छी बरसात से हमें राहत मिली है। अब अगर थोड़े समय बाद बरसात होती है तो अच्छी फसल होगी।

- गोदाराम देवासी, 
सरपंच ग्राम पंचायत रानीवाड़ा

-अभी ऊनालु हवा चल रही है। जो किसानों व फसलों के लिए अच्छी है। बरसात के बाद हमने बुवाई की और अब खेतों में बाजरे के पौधे जल्दी उगने लग गए हैं।

- गलबाराम मेघवाल, 
किसान, मेड़ा किसान 


-खरीफ की तैयारी में लग गए हैं। मौसम उनके अनुकूल है। किसानों को आशा है कि इसके बाद अच्छी फसल होगी।

- कन्हैयालाल विश्नोई, 
सहायक कृषि अधिकारी रानीवाड़ा

उपशाखा की बैठक

रानीवाड़ा! राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में राजस्थान प्रगतिशील शिक्षक संघ उपशाखा की मासिक बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता रघुनाथ विश्नोई ने की। उपशाखा मंत्री ओखाराम देवासी ने बताया कि बैठक में बीईईओ कार्यालय में लंबित विभिन्न समस्याओं समानीकरण, सीटीएस सर्वे में समयावधि की कमी, पोषाहार राशि की कमी, भारत साक्षर अभियान सर्वे में विद्यालयों के सभी अध्यापकों ड्यूटी लगने से उत्पन्न समस्या, होने वाले शिक्षक स्थानांतरण व संघ के सदस्यता अभियान सहित कई मुद्दों पर विचार विमर्श किया गया। इस अवसर पर भागीरथ करवासड़ा, चमनाराम देवासी, केसाराम गोदारा, भागीरथ सारण, कैलाश करवासड़ा, मालाराम जांगी, रूगनाथ जांगू व सांवलाराम सहित कई शिक्षक उपस्थित थे।

Sunday, 11 July 2010

बारिश के बाद खेतों में चले हल

रानीवाड़ा
उपखंड में बारिश के साथ ही बुवाई का दौर आरम्भ हो चुका है। पिछले दो दिन में क्षेत्र में हजारों हेक्टेयर में बुवाई हुई है। मरुधरा के लिए पिछले तीन दिन खुशी का पैगाम लेकर आए। इस दौरान सुणतर, परगना, देवल पट्टी व काबा पट्टी बेल्ट में अच्छी बारिश हुई। ऐसे में पिछले साल अकाल की पीड़ा सह चुके किसानों के चेहरों पर भी खुशियां छा गईं।

खेतों की रौनक लौटी 

खेतों की रोनक भी बारिश के चलते लौट आई है। कल तक जो खेत सूने-सूने थे वहां अब हल चल रहे हैं तो किसानों के परिवार भी पहुंचने लगे हैं। कई गांवों में सूनी पड़ी ढाणियों में भी जीवन लौट आया है। अब तक लक्ष्य के मुकाबले क्षेत्र में कम बुवाई हुई है, लेकिन बारिश के बाद लक्ष्य पूरा होने की उम्मीद बंधी है। क्षेत्र में बाजरा, मूंग, ग्वार, मोठ, अरण्डी, तिल, ज्वार, मुंगफली की बुवाई की गई है। सहायक कृषि अधिकारी कन्हैयालाल विश्नोई ने बताया कि बारिश का दौरा शुरू होनेे से क्षेत्र में लक्ष्य पूरा होने की उम्मीद है। पिछले दो-तीन दिन से बुवाई में तेजी आई है।

सीटीएस का आकस्मिक निरीक्षण

रानीवाड़ा. बीईईओ तोलाराम राणा एवं सर्वशिक्षा अभियान के आरपी भंवरसिंह राव ने शनिवार को सीटीएस के कार्य का कई वार्डों में आकस्मिक अवलोकन किया। राणा ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के मतदान बूथ ६ से 9, 17 से 18 एवं ३० से ३2 में निरीक्षण कर सर्वेयर की सीटों का अवलोकन कर कमोबेशी को लेकर निर्देशित किया।

ज्ञापन सौंपा

रानीवाड़ा. मालवाड़ा कस्बे में बिजली पोल पर झूलते तारों से संभावित दुर्घटना को लेकर ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन दिया है। समाजसेवी सदीकखां ने बताया कि कस्बे की आबादी में कई बिजली पोलों पर तार ढीले होने के कारण से झुल रहे हैं। इस समस्या के समाधान को लेकर पूर्व में भी डिस्काम अधिकारियों को सूचित किया था, परंतु कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है।

Saturday, 10 July 2010

शिक्षण सामग्री का हुआ वितरण

रानीवाड़ा! क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में प्रवेशोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस दौरान दानदाताओं के सहयोग से शिक्षण सामग्री का वितरण भी करवाया जा रहा है। मालवाड़ा के राजकीय लाधाणी उच्च प्राथमिक विद्यालय में दानदाता वस्तुपाल जैन की ओर से एसडीएम कैलाशंचद्र शर्मा ने पांच सौ ज्यादा छात्र-छात्राओं को निशुल्क उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण किया। एसडीएम शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि ऐसे कार्यक्रम से विद्यार्थियोंं में उत्साह की वृद्धि होती है। कार्यक्रम का संचालन संस्था प्रधान हेमराज गोदारा ने किया। इस मौके पर पंचायत समिति सदस्य दिवाली काबा, परखाराम भील, डॉ. मांगीलाल विश्नोई, मफाराम मेघवाल, रेखाराम चौधरी, मोहनलाल त्रिगर, नागजीराम भील, वगतसिंह और शंकरलाल पुरोहित सहित कई लोगों ने भाग लिया। इसी प्रकार निकटवर्ती राप्रावि ऊंट का धोरा में सरपंच दिवालीदेवी राणा व अन्य जनप्रतिनिधियों के सानिध्य में प्रवेश उत्सव मनाया गया। प्रधानाध्यापक मगनलाल भाट ने बताया कि दानदाता वस्तुपाल जैन व सुजानाराम राणा द्वारा कक्षा 5वीं तक के विद्यार्थियों को निशुल्क शिक्षण सामग्री वितरित की गई।

जांच की मांग

रानीवाड़ा ! करवाड़ा ग्राम पंचायत के उपसरपंच गणपतसिंह ने एसडीएम को ज्ञापन प्रेषित कर करवाड़ा गांव में चार दिन पूर्व हुई बरसात से क्षतिग्रस्त एनीकट के निर्माण कार्य की जांच करने का निवेदन किया है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत के द्वारा इस निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया है। इस एनीकट के बह जाने से काफी खेतों को भी नुकसान उठाना पड़ा है।

बीईईओ ने दिए निर्देश

रानीवाड़ा! ब्लॉक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी तौलाराम राणा ने समस्त नॉडल अधिकारियों को पत्र प्रेषित कर अनामांकित व ड्राप आउट बालक-बालिकाओं को शिक्षा की मुख्य धारा से जोडऩे के लिए शिक्षा मित्र केंद्र, आवासीय ब्रिज कोर्स एवं गैर आवासीय ब्रिज कोर्स संचालित करने के प्रस्ताव 15 जुलाई से पूर्व बीईईओ कार्यालय में आवश्यक रूप से प्रेषित करने को कहा है।

विरोध के स्वर

रानीवाड़ा& निकटवर्ती पूरण गांव के राउप्रावि इंद्रा कॉलोनी में चल रही कक्षा छह से आठ को निकटवर्ती रामावि में समायोजन करने को लेकर विरोध के स्वर शुरू हो गए हैं। ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर में एकत्रित होकर एकीकरण का विरोध जताया है। सरपंच राजीदेवी ने बताया कि दोनों विद्यालयों के मध्य दूरी एक किमी से ज्यादा होने के बाद कुछ लोगों ने जान-बूझकर इन कक्षाओं का समायोजन करवाया है।, जिससे इंद्रा कॉलोनी के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

विज्ञान संकाय शुरू

रानीवाड़ा ! मालवाड़ा कस्बे के राउमावि में विज्ञान संकाय खुलने से अभिभावकों ने विधायक रतन देवासी का आभार जताया है। प्रधानाचार्य पुखराज जीनगर ने बताया कि शैक्षणिक वर्ष २०१०-११ में विज्ञान संकाय में प्रवेश शुुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष जीव विज्ञान में जो विद्यार्थी प्रवेश लेना चाहते हैं, वे 15 जुलाई पूर्व आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करवा दें।

बैठक सम्पन्न

रानीवाड़ा
अनिवार्य शिक्षा अधिनियम 2010 के तहत सीटीएस का प्रशिक्षण गुरुवार को पंचायत समिति सभा भवन में सम्पन्न हुआ। इस मौके पर सर्वेयर व सुपरवाइजरों को सर्वे कार्य के लिए आवश्यक सामग्री वितरित की गई। प्रशिक्षण में एसडीएम कैलाशचंद्र शर्मा, बीईईओ तोलाराम राणा, एडीपीसी श्यामसुंदर सोलंकी ने प्रशिक्षण में भाग लेकर कार्मिकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। सीआरसीएफ झालाराम परिहार ने संभागियों को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में प्रवेश दिलवाने के लिए अभिभावकों को प्रोत्साहित करने की बात कही। इस अवसर पर भंवरसिंह राव, गोरखाराम सुथार, भगवतसिंह रायथल, चमनाराम देवासी, बाबूलाल विश्नोई, खीयाराम विश्नोई, दीपक विश्नोई सहित कई लोगों ने सहयोग प्रदान किया।

Friday, 9 July 2010

गोधाम पथमेड़ा का होगा स्थानांतरण


रानीवाड़ा
गो सेवा, गो संवर्धन व गो संरक्षण के क्षेत्र में समूचे देश में प्रसिद्ध गोधाम पथमेड़ा का मुख्य कार्यालय अब सांचौर के पथमेड़ा गांव से सिरोही जिले के केसुआ गांव में स्थानांतरित होने जा रहा है। अब गोधाम द्वारा देश में संचालित सैकड़ों गोशालाओं की मॉनिंटरिंग केसुआ में नवनिर्मित अभिनव ब्रज मंडल से होगी। इसी के साथ यहां पल रहा गोवंश भी केसुआ ले जाया जाएगा। 

पथमेड़ा में केवल बीमारू गायें रहेंगी। यह निर्णय गोधाम पथमेड़ा के ट्रस्टियों की बैठक में सर्वसम्मति व ध्वनिमत से लिया गया। धाम के संस्थापक स्वामी दत्तशरणानंद महाराज की निश्रा में आयोजित इस बैठक में कई संत-महात्मा सहित ट्रस्टीगणों ने भाग लिया। इस निर्णय के बाद जिले के गोभक्तों को भी सदमा लगा है। पथमेड़ा में स्थित मुख्यालय के कारण जालोर को देश भर में अलग पहचान मिली थी और यह एक राष्ट्रीय केंद्र बन गया था।

संचालन अब केसुआ से : पथमेड़ा गोशाला का मुख्यालय अब सिरोही जिले के केसूआ में होगा। इसके लिए अभिनव ब्रज मंडल बनाया गया है। ट्रस्ट के वरिष्ठ सदस्य केशाराम सुथार ने सिरोही जिले के केसुआ में नवनिर्मित अभिनव ब्रज मंडल में गोधाम पथमेड़ा का मुख्यालय स्थानांतरण करने का प्रस्ताव पेश किया। इस पर सभी सदस्यों ने एक राय होकर प्रस्ताव पारित किया। 

केवलराम पुरोहित ने गोधाम पथमेड़ा के समस्त गोवंश के रखरखाव को लेकर केसुआ में छाया-पानी की व्यवस्था करने की बात कही। भाखराराम विश्नोई ने गोधाम पथमेड़ा द्वारा संचालित समस्त शाखाओं की सम्पूर्ण व्यवस्था, निर्देशन एवं अन्य कार्यों की देख-रेख के लिए अभिनव मंडल से ही कराने की बात कही।

कैसा है अभिनव ब्रज मंडल

सिरोही जिले की मंडार उपतहसील के केसुआ गांव के पास सुंधामाता पर्वत के पीछे स्थित धोरों में इस संस्था को स्थापित किया गया है। इस संस्था का शिलान्यास 2002 में महाराज श्री के करकमलों से किया गया था। परिसर में हजारों की तादाद में औषधिय पौधों के साथ प्रचुर मात्रा में गोवंश के लिए चारा उत्पादन करवाया जा रहा है। संस्था ने दानदाताओं के सहयोग से यहां विशाल बांध का निर्माण करवाया है। इसी परिसर में एक माध्यमिक विद्यालय भी संस्था द्वारा संचालित किया जा रहा है, जिसमें उच्च श्रेणी की परंपरागत वैदिक शिक्षा के साथ तकनीकि शिक्षा विद्यार्थियों को उपलब्ध करवाई जा रही है। भव्य भवनों को पुरातन शैली के साथ निर्मित किया गया है। संत महात्माओं के लिए स्थाई कुटीरों का निर्माण भी किया गया है। इस ब्रज मंडल को देखकर बाबा रामदेव भी प्रसन्न हुए थे। अभिनव ब्रज मंडल को स्थापित करने में गत पांच वर्षों से देखरेख करने वाले सुमनसुलभ ब्रह्मचारी ने बताया कि जालोर जिले के धूलिया से लगाकर सिरोही जिले के केसुआ गांव तक सुंधामाता पर्वत के पिछवाड़े में स्थित हजारों बीघा बंजर धोरों में गोवंश के सवंर्धन व संरक्षण का कार्य करने के लिए एक वृहत कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है। साथ ही कामधेनू विश्वविद्यालय की रूपरेखा बनाकर स्वीकृति के लिए यूनिवर्सिटी ग्रांड कमीशन को भेजा गया है। बैठक में आय व्यय का ब्योरा देते हुए सीए गुप्ता ने बताया कि संस्था पर अभी विभिन्न संस्थाओं की आठ करोड़ की देनदारी है। इस देनदारी को कम करने को लेकर सदस्यों में चर्चा की गई। इस अवसर पर वरिष्ठ सदस्य ज्ञानांनद महाराज, प्रबंध निदेशक गोविंद ब्रह्मचारी, सुमनसुलभ ब्रह्मचारी, मनसुख ब्रह्मचारी, भाखराराम विश्रोई, केवलराम पुरोहित, प्रवीणकुमार, मेघराज, घेवरचंद, केसाराम सहित कई सदस्य उपस्थित थे।

जुओं से है परेशान

गोशाला को स्थानांतरित करने का यह निर्णय गोधाम में पनप रही जुओं के कारण लिया गया है। गोधाम के राष्ट्रीय प्रवक्ता पूनम राजपुरोहित ने बताया कि पथमेड़ा में संचालित गोशालाओं में जुएं पनपने लगी हैं। इससे गायों को परेशानी हो रही है। बैठक में पथमेड़ा में संचालित गोशालाओं में पल रहे गोवंश के बाड़ों में राक्षसी जुओं की अत्यधिक मात्रा पैदा होने पर चिंता जताई गई। इन जुओं से निजात पाने के लिए गोवंश को अतिशीघ्र अभिनव ब्रज मंडल केसुआ में नवनिर्मित गोशाला में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया। गोधाम पथमेड़ा में तीन वर्ष तक गायों के बाड़ों में चारा उगाने का निर्णय लिया गया, ताकि जुओं से निजात मिल सके। इस प्रस्ताव को सभी सदस्यों ने ध्वनि मत से पारित किया।

पथमेड़ा की पवित्रता रहेगी बरकरार

सांचौर तहसील में गोधाम द्वारा संचालित केंद्रों की मॉनिटरिंग के लिए सीमित प्रशासनिक अधिकारी की नियुक्ति को लेकर गणपतलाल सुथार ने प्रस्ताव पेश किए। वर्तमान में संचालित गोधाम पथमेड़ा की पवित्रता एवं परिसम्पत्तियों की सुरक्षा को लेकर मेघराज मोदी ने प्रस्ताव पेश कर कहा कि आनंदवन पथमेड़ा में एक साधक व दो कर्मचारी सहित सामान्य कार्यालय यथावत रखने की बात पर सभी सदस्यों ने सहमति जताई। इसी प्रकार पथमेड़ा में संचालित गोधाम पथमेड़ा में बीमार गोवंश की सेवा को लेकर चल रही धनवंतरी गोशाला को यथावत रखने पर भी सभी सदस्यों ने सहमति जताई। वरिष्ठ सदस्य गुमानसिंह राव ने गोधाम परिसर में संत सेवा केंद्र व देव आराधना को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पर्याप्त मात्रा में व्यवस्था यथावत रखने की बात पर भी सभी सदस्यों ने सहमति जताई। ट्रस्टी मंछाराम परिहार ने केसुआ में भूमि समतलीकरण के लिए एल एंड टी कंपनी का बुलडोजर क्रय करने का प्रस्ताव पेश किया।

दुधारू गोवंश होगा वितरित

गोधाम में पल रही सैकड़ों की तादाद में दूधारू गोवंश को गो प्रेमियों को वितरण करने को लेकर जानकीप्रसाद गुप्ता ने प्रस्ताव पेश किया। सदस्यों ने इस प्रस्ताव पर राय प्रस्तुत करते हुए कहा कि संस्था द्वारा संचालित गो रस डेयरी भंडार के सदस्यों को ही प्राथमिकता के तौर पर निशुल्क दुधारू गोवंश देने का निर्णय लिया गया।

गो भक्तों के लिए सदमा

गोधाम से जुड़े सांचौर तहसील के हजारों गो भक्त मुख्यालय परिवर्तन को लेकर सदमे की स्थिति में हैं। संस्था के इस निर्णय से अब गोधाम की सम्पूर्ण व्यवस्था का संचालन केसुआ स्थित अभिनव ब्रज मंडल से होगा। लगभग सत्रह वर्षों से गो सेवा में कार्य कर रहे गोधाम पथमेड़ा का नाम सम्पूर्ण भारत में प्रसिद्ध है। प्रबंध निदेशक गोविंद ब्रह्मचारी के अनुसार जुलाई माह के अंत तक मुख्यालय पूर्ण रूप से स्थानांतरित हो जाएगा। संस्थापक स्वामी दत्तशरणानंद महाराज का आगामी चातुर्मास अभिनव ब्रज मंडल में ही आयोजित किया जाएगा।

Thursday, 8 July 2010

चिकित्सा कर्मियों ने दिया ज्ञापन

रानीवाड़ा
कस्बे में संदीप लोढ़ा की मौत के मामले में बुधवार को ब्लॉक सीएमओ डॉ. एआर चौहान की अध्यक्षता में चिकित्सा कर्मियों की बैठक हुई। इसमें सबसे पहले लोढ़ा के असामायिक निधन को लेकर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बाद में सभी ने एसडीएम कार्यालय में जाकर संदीप लोढ़ा की संदिग्ध मौत में लिप्त आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी को लेकर ज्ञापन दिया। इस दौरान डॉ. एआर चौहान, डॉ. हरीश जीनगर, डॉ. रघुनंदन विश्नोई, डॉ. गजेंद्रसिंह देवल, डॉ. लोकेश तिवारी सहित रमेश चंद्र, लक्ष्मीचंद, बाबुलाल चौधरी, अरविद कुमार, सुरेंद्र जोशी, कैलाश रावल, नरपतदान चारण और नीतिन वैष्णव सहित कई चिकित्सा कर्मी मौजूद थे।

Wednesday, 7 July 2010

अनुपस्थित कार्मिकों के विरूद्ध कार्रवाई शुरू

रानीवाड़ा।
अनिवार्य शिक्षा अधिनियम के तहत चल रहे सीटीएस प्रशिक्षण शिविर में अनुपस्थित रहने वाले सुपरवाईजर एवं सर्वेयर के विरूद्ध बीईईओं तोलाराम राणा ने कडी कार्रवाई शुरू कर दी है। नॉडल अधिकारी किशनलाल कोली ने बताया कि ३ से 7 जुलाई तक चलने वाले सीटीएस प्रशिक्षण शिविर में ५ व 6 जुलाई को नो कर्मचारियों ने अनुपस्थिति दर्ज करवाई। उक्त कर्मचारी ठाकराराम करडा, अनीता चाटवाड़ा, मुकेश सिलासन, सुधीर चारा, हरचंद दुधवट, जयकिशन सेवाडिया, नरसाराम डोडवाडिया, बाबुलाल धामसीन, मोहब्बतसिंह धामसीन, हीरसिंह खाखरीया, शांतिलाल वगतापुरा, चेलाराम रामपुरा, अशोक जोडवास, अमीराम जोशी धामसीन, सुरेशाकुमार रानीवाड़ा खुर्द के विरूद्ध राजस्थान सीसीए नियम १९५८ की धारा 17 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

बैठक सम्पन्न

रानीवाड़ा।
कस्बे के नीलकंठ महादेव मंदिर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिसर की बैठक तहसील संयोजक राजेश त्रिवेदी की देख रेख में सम्पन्न हुई। बैठक में सर्व प्रथम संदीप लोढ़ा के असामयिक मौत होने पर दो मिनट मौन रखकर श्रद्धाजंली प्रकट की गई। बाद में सर्वसम्मति से प्रस्ताव लेकर मुख्यमंत्री को संदीप लोढ़ा की मौत में लिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पत्र प्रेषित करने का निर्णय लिया गया। सहसंयोजक नंदकिशोर जोशी ने पुलिस की धीमी पडताल पर रोष जताते हुए विरोध प्रदर्शन करने की चैतावनी दी। इस अवसर पर श्रवण जीनगर, रमेश गीगल, देवीचंद जीनगर, कृष्ण पुरोहित, सतीश त्रिवेदी, अखाराम चौधरी, करणाराम प्रजापत, निरजंन वैष्णव सहित कई विद्यार्थी उपस्थित थे।

जलाशय हुए लबालब

रानीवाड़ा।
उपखंड क्षेत्र में कल रात्री को मध्यम दर्जे की बरसात होने से कई नदी व नालों में पानी बहने के समाचार मिले है। दर्जनों एनीकट, नाडे व नाडिया पानी से लबालब भर गए है। जलाशयों की भौतिक स्थिति को देखने के लिए आज एसडीएम कैलाशंचद्र शर्मा ने कई गांवों का निरीक्षण किया। जालेरा कलां के एनीकट का निरीक्षण करने पर एनीकट लबालब होना पाया गया। साईड की दीवारों से पानी के लीकेज होने पर उन्होंने बीडीओं को तुरंत तकनिकी टीम वहां भेजकर लीकेज दूरस्त करने के निर्देश दिए। यह एनीकट सोमवार रात्री को बरसात से ऑवरफ्लो हुआ था। इसके भर जाने से किसानों के कृषि कुओं में भूजल चार्ज होने की आशा जगी है। शर्मा ने प्रधान राधादेवी के साथ जालेरा खुर्द के सापलाई बांध का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां पर ऑवरफ्लो की जानकारी लेकर पानी निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बांध में इस समय साढे छ: फूट पानी आने की जानकारी दी गई।
इसी तरह अच्छी बरसात होने से किसानों के चेहरे खिले हुए नजर आ रहे है। उपखंड के ग्रामीण क्षैत्र से आ रही खबरों के अनुसार मेडा का नाला भी कल रात्री को तीन घंटे तक चला। सिलासन व तावीदर बांध में भी पानी आने के समचार मिले है। लंबे समय से सुखी पड़ी जेतपुरा की सुकल नदी में भी पानी बहने लगा है। ग्रामीणों ने बताया कि जेतपुरा बांध में पानी की आवक शुरू हो गई है। सूरजवाड़ा के पास भी बहने वाली नदी में पानी की आवक शुरू होने से किसानों को राहत महसूस हुई है। मौखातरा गांव के नाले में कल रात्री को पानी की तेज आवक होने से भीलों की ढाणी में पानी घुस जाने से जन जीवन प्रभावित होने के समाचार मिले है। प्रशासन को जानकारी मिलने पर एसडीएम ने पटवारी को मौके पर भेजकर वस्तु स्थिति की जानकारी लेकर बाढ बचाव की व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए। सेवाड़ा के पास बने एनीकट में पानी ऑवरफ्लों होने से साईड में बनी मिट्टी की दीवार पानी में बह जाने के समाचार मिले है। विकास अधिकारी ने आज सेवाड़ा में भी तकनिकी टीम भेजकर एनीकट को दूरस्त करने की तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। मिली जानकारी के अनुसार सेवाड़ा में मंगलवार शाम को ग्राम पंचायत ने जेसीबी लगाकर साईड की दीवारों को दूरस्त करने का कार्य शुरू कर दिया है।
तहसील सूत्रों के अनुसार मंगलवार सुबह 8 बजे तक रानीवाड़ा उपखंड मुख्यालय पर १५८ मिमी बरसात दर्ज की गई है। अच्छी बरसात होने से किसानों के साथ व्यापारियों को भी सकुन मिला है। आज मंगलवार को भी क्षैत्र में तेज गर्मी व उमस के चलते लोगों को देर रात्री को अच्छी बरसात होने की आशा है।

Monday, 5 July 2010

किसने दिया देश को बंधक बनाने का हक

पेट्रोलियम उत्पादों की मूल्यवृद्धि के खिलाफ विपक्ष के व्यापक भारत बंद के कारण पूरे देश में जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। अनिवार्य सेवाओं पर भी बंद का असर दिख रहा है। बसों-ट्रेनों को भी रोका जा रहा है, तोड़फोड़ हो रही है। लोग परेशान हैं, विशेषकर निचला तबका, उस पर दोहरी मार पड़ रही है। महंगाई से पहले ही त्रस्त था, ऊपर से ऐसा बंद, दिहाड़ी पर असर डालता है। आम आदमी के नाम पर किए गए बंद का सबसे ज्यादा नुकसान इसी आम आदमी को ही झेलना पड़ रहा है। मुंबई की सड़कों से बंद के एक दिन पहले ही ऑटो और टैक्सियां गायब हो गई थीं। दिल्ली में मेट्रो के पहिए भी ठहर गए हैं। एयरपोर्टों पर मौजूद यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। देश के कई हिस्सों में ट्रेनें नहीं चलने दी जा रही हैं। प्लेटफार्म पर सैकड़ों की संख्या में लोग इंतजार में बैठे हुए हैं। किसी मां को अपने बेटे के आने का इंतजार है। किसी का कोई जरूरी इंटरव्यू था। कोई बेटा अपने गंभीर पिता के इलाज करवाने की जद्दोजहद में लगा है। बढ़ती महंगाई के खिलाफ तकरीबन समूचे विपक्षी दलों की एकजुटता के बावजूद यूपीए सरकार ने कीमतें घटाने से इनकार कर दिया है। लोग क्या करें। कहां जाएं। इससे भी बड़ा प्रश्न है कि आखिर देश को बंधक बनाने का हक कैसे किसी को मिल सकता है।

1. क्या आपको नहीं लगता कि आवश्यक सेवाओं को वास्तविक रूप में बंद से मु्क्त रखा जाना चाहिए।

2. सरकार ने लोगों से वादा किया था, सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए जाएंगे। लोगों को परेशानी नहीं आने दी जाएगी। लेकिन हालात बता रहे हैं कि सरकार की बात सिर्फ लचर आश्वासन ही बनकर रह गई है। 

3. क्या व्यापक बंद ही किसी समस्या का हल है। क्या अपनी बात रखने के लिए कोई दूसरा तरीका नहीं हो सकता है। 

4. सबसे बड़ा प्रश्न क्या पार्टियों को लोगों के नाम पर इस तरह के बंद का हक होना चाहिए।

आप भी डिस्कशन बोर्ड में भाग लीजिए। अपनी राय अन्य व्यूअर्स से शेयर कीजिए।

एसपी को दिया ज्ञापन

रानीवाड़ा! संदीप लोढ़ा की संदिग्धावस्था में हुई मौत में लिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पंचायत समिति सदस्य पूरणसिंह देवड़ा ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन प्रेषित किया है। उन्होंने बताया कि मौत हुए 10 दिन बित जाने के बाद अभी तक पुलिस के द्वारा कार्रवाई नहीं करने से लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि अतिशीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर धरना प्रदर्शन कर विरोध किया जाएगा।

रायका ने ली बैठक

रानीवाड़ा ! पशु पालन कल्याण बोर्ड के सदस्य व संयुक्त आरक्षण संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष मेहराराम रायका ने मारूवाड़ा में रेबारी समाज को संबोधित कर कहा कि समाज में संगठन आवश्यक है। मेहराराम ने कहा कि आरक्षण मिलने के बाद रेबारी समाज के लोग भी उच्च पदस्थ अधिकारी बन सकेंगे। इस अवसर पर उनके साथ रेबारी समाज के काफी लोग भी उपस्थित थे।

निरोगधाम का हुआ उद्घाटन

रानीवाड़ा ! मालवाड़ा में रविवार को निरोगधाम का उद्घाटन एसडीएम कैलाशचंद्र शर्मा ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि नियमित जीवन जीने के लिए स्वस्थ होना जरूरी है। कस्बे के दानदाताओं के सौजन्य से शुरू हुए निरोगधाम से मानव सेवा का प्रतिफल मिल सकेगा। इस अवसर पर डॉ. जी.सी. डागा, प्रागाराम पुरोहित, शांतिलाल जैन, डॉ. मनोज सक्सेना, डॉ. जीवराज शाह, मुकेश खंडेलवाल सहित कई जने उपस्थित थे।

Sunday, 4 July 2010

पेयजल को लेकर अनैक कार्य स्वीकृत

4July! रानीवाड़ा।
क्षैत्र में पेयजल की समस्या के स्थाई समाधान को लेकर एसएफसी योजना के तहत विधायक की अनुशंषा पर कई कार्य स्वीकृत हुए है। विकास अधिकारी ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि वणधर ग्राम पंचायत में १७२५०० रूपए की लागत से हिमता भील की ढाणी के पास जीएलआर व पाईप लाईन, गांग गांव में १६५००० रूपए की लागत से धुखाराम समरथाजी की ढाणी पर हैडपंप मय सिंगलफैस मोटर कार्य, डूंगरी में ९७००० की लागत से रामदेव मंदिर के पास हैडपंप कार्य व ८५५०० रूपए की लागत से मामाजी की भील भाखरी स्कूल को पाईप लाईन से जोडने का कार्य, ११७००० रूपए की लागत से जोडवास गांव में रेबारियों का वास में हैडपंप निर्माण कार्य, जाखडी में १०७००० रूपए की लागत से बाधनाड़ा कोलियों की ढाणी पर हैडपंप निर्माण एवं १२३००० की लागत से रेबारियों का गोलियों में जीएलआर निर्माण व पाईप लाईन, रानीवाड़ा कलां में 101000 की लागत से पोमाभील की ढाणी तक पाईप, 10000 की लागत से बडगांव पडवा तक पाईप लाईन, 30000 की लागत से सुजाणादेवासी की ढाणी में पाईप लाईन कार्य, 123000 की लागत से लसाराम सरूपाजी देवासी की ढाणी के पास जीएलआर व पाईप लाईन व 117000 की लागत से गोगाजी मंदिर के पास हैडपंप, चाटवाड़ा में 111000 की लागत से खाटोणा की ढाणी में पाईप लाईन व 121000 की लागत से सुथारों की ढाणी में पाईप लाईन, कोडका में 80000 की लागत से पीएचईडी बुस्टर के पास जीएलआर, 106000 की लागत से बाबरा ओखा की ढाणी में पाईप फिटिंग, रतनपुर में 117000 की लागत से माताजी मंदिर के पास हैडपंप व 117000 की लागत से रातडों की ढाणी मैत्रीवाड़ा में हैडपंप, आखराड़ में ९७००० की लागत से रेबारियों की ढाणी में हैडपंप व भील बस्ति दौलपुरा में हैडपंप, दांतवाड़ा में 1४३००० की लागत से उदा महाराज भील की समाधी तक पाईप लाईन, सिलासन में 1५१००० की लागत से पाड़ावी में हैडपंप व सिंगल फैस मोटर, करवाड़ा में १०७००० की लागत से वरिंगाराम की ढाणी में जीएलआर व पाईप लाईन एवं रानीवाड़ा खुर्द में जलाराम धाम के पास हैडपंप निर्माण कार्य स्वीकृत हुआ है। ग्रामीणों ने विधायक का आभार जताया है।

अब बालिकाए भी विज्ञान पढ सकेगी

4July! रानीवाड़ा।
कस्बे की रामावि बालिका विद्यालय में इस वर्ष से विज्ञान संकाय शुरू होने से ग्रामीणों ने विधायक का आभार प्रकट किया है। ग्रामीणों ने बताया कि अब तक दसवीं के बाद बालिकाओं को विज्ञान संकाय में प्रवेश दिलाने के लिए निजी स्कूलों की ओर जाना पडता था। विधायक देवासी के प्रयासों से विज्ञान संकाय शुरू होने से अब सरकारी विद्यालय की बालिकाए भी विज्ञान विषय का अध्ययन कर सकेगी। प्रधानाचार्य श्रीमति सोहनी विश्रोई ने बताया कि इस शैक्षणिक वर्ष में बालिका विद्यालय में विज्ञान संकाय में प्रवेश शुरू कर दिया गया है। इस वर्ष जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान व भौतिक विज्ञान की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

सीटीएस को लेकर कार्यशाला शुरू

4July! रानीवाड़ा।
अनिवार्य शिक्षा अधिकार के तहत सर्वेयर तथा सुपरवाईजर का प्रशिक्षण आज पंचायत समिति सभा भवन में एसडीएम कैलाशचंद्र शर्मा व प्रधान राधादेवी देवासी के सानिध्य में शुरू हुआ। राजस्थान प्रारंभिक शिक्षा परिसर जयपुर के उप निदेशक डॉ. गोविंदसिंह ने सीटीएस की प्रस्तावना एवं उद्देश्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक श्यामसुदंर सोलंकी ने ० से १८ वर्ष तक के बालक बालिकाओं के सर्वें में बालकों की वर्तमान स्थिति, ड्रॉप आउट व अनामांकित बालकों को सूचीबद्ध कर शिक्षा से जोडने पर जोर दिया। एसडीएम शर्मा ने सीटीएस सर्वें को लेकर प्रशिक्षण पूर्ण मनोयोग से करने की बात कही। संदर्भ व्यक्ति धर्मदान चारण व चुन्नीलाल ने प्रशिक्षण मॉडल के आधार पर निर्धारित प्रपत्र की पूर्ति, सर्वेयर, सुपरवाईजर के दायित्व, समयबद्ध कार्यक्रम के बारे में प्रशिक्षण दिया। इस अवसर पर बीईईओं तोलाराम राणा, आरपी भंवरसिंह राव, गोरखाराम सुथार, चमनाराम देवासी, सीआरसीएफ लाधुराम, भगवतसिंह, दिनेश पुरोहित, झालाराम परिहार, बाबूलाल, नरेश पातलिया, मानाराम सहित कई जने उपस्थित थे।

मेहबाबा जमी पर उतरे, लोगों को मिली राहत

4July 2010. रानीवाड़ा।
उपखंड़ के कई हिस्सों में शक्रवार को दिनभर की तपिश व उमस के बाद रात्रि को आसमान से कहीं तेज बारिश तो कहीं बूंदाबांदी के रूप में राहत बरसी। परगना क्षेत्र के मेड़ा व गोलवाड़ा में कई बरसाती नालों में पानी चला। बारिश के बाद मौसम खुशगवार होने से दिनभर की गर्मी व उमस से त्रस्त लोगों ने राहत का अहसास किया। हालांकि सुबह से ही आसमान में बादल छितराए रहने तथा उमस के कहर से बारिश के आसार तो कई बार बने, लेकिन बारिश का दौर रात्रि ११ बजे से शुरू हुआ। दिनभर से जी उकता देने वाली गर्मी व उमस से परेशान लोगों ने राहत महसूस की। रात्रि ११ बजे मौसम ने अचानक करवट बदली और आसमान में काली घटाएं मंडरानी शुरू हो गई। शीतल बयार चलने के साथ ही घनघोर घटाओं से चारों ओर अंधकार छा गया। अचानक शुरू हुआ रिमझिम बारिश का दौर करीब आधे घंटे तक चला। मानसून की बारिश होने की उम्मीदें हरी हो गई। करड़ा में बूंदाबांदी से सड़के गीली हो गई, लेकिन यह दौर कुछ मिनट ही चला। रानीवाड़ा तहसील के कई इलाकों, बडग़ांव, धानोल, जाखड़ी, रानीवाड़ा खुर्द, डुंगरी, धामसीन, आखराड़, मौखातरा, कोटड़ा, रतनपुर समेत कई जगह हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। कस्बे में तो देखते ही देखते सड़कों पर पानी चलना शुरू हो गया।

कस्बा बंद करने की चैतावनी, संदीप की मौत का राज गहराया

रानीवाड़ा।
गत दिनों कस्बे में संदिग्धावस्था में हुई संदीप लोढ़ा की मौत में लिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर आज शनिवार को कस्बावासियों ने पुलिसथाने में आकर थानाधिकारी दिनेशकुमार को ज्ञापन दिया। जिला परिषद सदस्य नरेंद्र विश्रोई ने बताया कि २४ जून को तड़के अज्ञात लोगों ने संदीप की गोली मारकर हत्या कर दी थी तथा बाद में उसके शव को उसके मकान के सामने खाली प्लॉट में डालकर चले गए थे। उन्होंने बताया कि १० दिनों के बाद भी पुलिस के द्वारा संतोषजनक कार्रवाई नही होने से लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। डा. किशन जोशी ने बताया कि पुलिस ने तीन दिन में मौत का राज नही खोला तो लोग सड़कों पर उतर कर कस्बा बंद करवाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस अवसर पर श्यामलाल जोशी, श्रवणकुमार सोनी, शिवलाल चौधरी, रविश्ंाकर, राहुल वैष्णव, कैलाश माहेश्वरी, तुलजाराम, बाबुलाल वैष्णव, महेंद्र भाटी, भावेश माहेश्वरी, रमेश गीगल, मोइनुद्दीन मिस्त्री, पवन माहेश्वरी सहित कई जनें उपस्थित थे।
दूसरी ओर थानाधिकारी दिनेशकुमार ने बताया कि पुलिस संदीप लोढा प्रकरण की जांच के लिए सबुत इकठ्ठे कर रही है। अतिशीघ्र लोढा की संदिग्ध मौत में लिप्त आरोपियों को टे्रस कर लिया जाएगा।
बहरहाल, कस्बे में दस दिन पूर्व की घटना को लेकर अभी भी सस्पेंश बरकरार है। मृतक के घर पर लोगों का अभी भी तांता लगा हुआ है। परिजनों ने पुलिस थाने में धारा ३०२ के तहत हत्या का मामला दर्ज करवाया हुआ है।

Saturday, 3 July 2010

शिक्षक संघ की जिला बैठक ४ को भीनमाल में

रानीवाड़ा।
राजस्थान प्रगतिशील शिक्षक संघ की नई कार्यकारिणी की प्रथम जिला बैठक भीनमाल में ४ जुलाई को जिलाध्यक्ष पुनमाराम विश्रोई की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी। जिला मंत्री लखमाराम चौधरी ने बताया कि बैठक में शिक्षक समानीकरण को लेकर शिक्षकों की समस्याओं पर विचार विमर्श किया जाएगा। साथ ही नए शिक्षा सत्र को लेकर सदस्यता अभियान शुरू करने को लेकर रसीद बुकों का वितरण किया जाएगा। डिजायर प्रणाली के तहत होने वाले अनियमित तबादलों का विरोध करने की कार्य योजना बनाई जाएगी। बैठक में जिला कार्यकारिणी, प्रदेश कार्यकारिणी, उपशाखाओं के अध्यक्ष सहित समस्त जिला कार्यकारिणी के सदस्य आवश्यक रूप से भाग लेंगे।

विधायक ने दाल बांटी

रानीवाड़ा।
राज्य सरकार की अन्न सुरक्षा योजना के तहत प्रत्येक तहसील मुख्यालय पर चावल व दाल की समुचित व्यवस्था को लेकर विधायक रतन देवासी ने कई राशन की दूकानों का निरीक्षण किया। बाद में उन्होंने प्रवर्तन निरीक्षक पुष्पराज पालीवाल के साथ भगवतीप्रसाद जोशी की दूकान पर उपभोक्ताओं को दाल व चावल का वितरण स्वयं अपने हाथों से किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को कहा कि सरकार अब प्रत्येक माह की १५ से २१ तारीख तक राशन की सामग्री एक साथ वितरित करेगी। देवासी ने सरकार की इस योजना के बारें में विस्तृत में जानकारी देकर किसी प्रकार की शिकायत होने पर बीडीओ या एसडीएम कार्यालय में सूचित करावें। शिकायत मिलने पर उक्त राशन विक्रेता के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। बाद में देवासी ने रिद्धी-सिद्धी योजना के तहत महिला समिति द्वारा संचालित राशन की दूकान का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर कमीबेशी को लेकर व्यवस्थापक को निर्देशित किया। इस अवसर पर हरजीराम मारूवाड़ा, अंबालाल जीनगर, राजू श्रीमाली, धूकाराम देवासी, गणेश एड़वोकेट, हेमाराम मेघवाल, करमीराम भील, ओखाराम भील, कृष्णन पुरोहित, प्रभुसिंह परिहार, मानसिंह काबा सहित कई जनों उपस्थित रहें।

विधवाएं हुई लाभांवित

रानीवाड़ा।
क्षेत्र की चार किसानों की कृषि कार्य करते हुई मौत से आहत उनके परिवार को  सरकार ने सहयोग राशि देकर राहत पहूंचाई है। कल गुरूवार को सभाभवन में विधायक रतन देवासी ने उनकी विधवाओं को ५०-५० हजार के चैक प्रदान किए। इस अवसर पर विधायक देवासी ने कहा कि राज्य सरकार उनके दुख में हमेशा भागीदारी का कार्य करेगी, उन्होंने विधवाओं को अपने स्कूली छात्र- छात्राओं को पालनहार योजना के तहत पेंशन का लाभ लेने की अपील की। भीनमाल कृषि मंडी के सचिव हरीराम जोशी ने बताया कि राज्य सरकार की राजीव गांधी कृषक साथी योजना के तहत ११ आवेदन प्राप्त हुए है, जिनमेंसे चार जनों को आज लाभांवित किया जा रहा है। लाभांवित होने वालो में पार्वती पत्नि कृष्णकुमार मेघवाल रामपुरा, लहरीदेवी पत्नि करणाराम देवासी रामपुरा, मंथरादेवी पत्नि बालकाराम देवासी बडग़ांव व मरेमादेवी पत्नि खेमाराम देवासी सांतरू है। इस अवसर पर मंडी के अध्यक्ष समरथाराम मेघवाल व व्यवस्थापक तगाराम जीनगर भी उपस्थित रहें।

Thursday, 1 July 2010

सरकार पेयजल की आपूर्ति को लेकर संवेदनशील

रानीवाड़ा।
पंचायत समिति सभा भवन में साधारण सभा की बैठक प्रधान राधादेवी देवासी एवं विधायक रतन देवासी की देख-रेख में सम्पन्न हुई। बैठक में विधायक देवासी ने ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में बरती जा रही ढिलाई को लेकर लताड खिलाई। उन्होंने विभाग वार विकास कार्यों के बारे में जानकारी लेकर कमी बेशी को लेकर निर्देश दिए।
इस अवसर पर देवासी ने कहा कि राज्य सरकार पेयजल की आपूर्ति को लेकर संवेदनशील है। उन्होंने कोटड़ा में तैयार किए गए नलकूप की लाईन पर पचास से ज्यादा अवैध कनेक्शन को पुलिस के सहयोग से अतिशीघ्र हटाने के निर्देश दिए। साथ ही टैंकर के द्वारा जलापूर्ति से वंचित ढाणियों को नए सिरे से चिन्हित करने का कहा। इस कार्य के लिए उन्होंने समस्त ग्रामसेवक, सरपंच व पटवारियों को राजनीति नही कर आम जनता की भलाई के लिए प्रस्ताव बनाने की बात कही। देवासी ने समस्त ग्राम पंचायत कार्यालयों को विद्युतिकृत करने को लेकर विकास अधिकारी को निर्देशित किया। इस कार्य को प्राथमिकता से करने की बात कही। कस्बे में क्षतिग्रस्त विद्युत पौलों को भी तुरंत बदलने की बात कही, ताकि वर्षा ऋतु में संभावित दुर्घटना की आशंका न हो सके।
देवासी ने कहा कि कस्बे की सीएचसी में सस्ती जैनेरिक दवांईयों की उपलब्धता को लेकर शीघ्र ही दवाई की दूकान शुरू करवाई जा रही है। दूकान का निर्माण विधायक कोष से करवाया जाएगा। उन्होंने सेवाड़ा स्वास्थ्य केंद्र पर कार्यरत ए.एन.एम. की शिकायत को देखते हुए उसे वहां से हटाने के निर्देश दिए। देवासी ने एसएसए के बीआरसीएफ के तबादला हुए तीन माह बितने के उपरांत चार्ज हैंडऑवर नही करने पर नाराजगी जताते हुए तुरंत चार्ज लेने के लिए बीईईओं को निर्देशित किया।
उन्होंने कहा कि भीनमाल कृषि मंडी को राज्य सरकार ने इसबगोल की विशिष्ट मंडी घोषित किया है। मंडी को आधुनिक सुविधा सम्पन्न बनाने के लिए 3 करोड़ की कार्य योजना बनाकर भेजी गई है। कार्य योजना स्वीकृत होने पर रानीवाड़ा गौणमंडी का भी विकास हो सकेगा।
इस अवसर पर विकास अधिकारी ओमप्रकाश शर्मा ने गत बैठक के दौरान दिए गए प्रस्तावों पर की गई कार्रवाई के बारे में सदन को बताया। जिला उपप्रमुख मूलाराम राणा ने विद्युत विभाग में डिमांड जमा करवाने के उपरांत सामान समय पर नही दिए जाने की शिकायत की। उन्होंने डूंगरी के झाबका में ढीले तार को कसने की मांग उठाई।
ग्रामसेवक मुकेशकुमार ने ग्राम पंचायत कार्यालय सूरजवाड़ा को विद्युतीकृत करने की मांग की, उन्होंने कहा कि समस्त ग्राम पंचायतों को राज्य सरकार ने कम्प्यूटर आवंटित किए है, परंतु विद्युत कनेक्शन नही होने के कारण कम्प्यूटर को संचालित करने में समस्याएं आ रही है।
विद्युत विभाग के सहायक अभियंता तरूण खत्री ने बताया कि विधायक रतन देवासी ने अपने कोष से चार लाख रूपए खर्च कर 22 विद्यालयों के उपर से गुजर रहे विद्युत तारों को हटवाने का सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि मारूवाड़ा व हर्षवाड़ा में नए 33केवी जीएसएस स्वीकृत हो चुके है। शेष कोटड़ा, दांतवाड़ा, आखराड़, डूंगरी व पांचला में नए जीएसएस के लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव बनाने के स्वीकृति के लिए भिजवा दिए है।
बीईईओ तोलाराम राणा ने एमडीएम के तहत गैस कनेक्शन के लिए चार लाख चार हजार रूपए सरकार के द्वारा स्वीकृत कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही २८४ विद्यालयों में मीड डे मील के लिए गैस कनेक्शन करवा दिए जाएंगे।
ब्लॉक सीएमओं डॉ. एआर चौहान ने जननी प्रसूति योजना के तहत लाभांवित महिला को एकाउंट पे चैक देने में आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी दी। एसएसए के आरपी भवंरसिंह राव ने सीटीएस सर्वें के बारे में जानकारी दी। राव ने कहा कि केजीबी का भवन तैयार हो चुका है। विद्यालय से डामर सड़क तक पांच सौ मीटर की दूरी तक ग्रेवल सड़क की जरूरत के बारे में उन्होंने सदन को अवगत करवाया। सीडीपीओ संतोष शर्मा ने स्वयं सहायता समूह के बारे में जानकारी दी। जसमूल डेयरी के प्रतिनिधि पूराराम चौधरी ने डेयरी के द्वारा पशुपालकों के हित में चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रानीवाड़ा क्षैत्र में डेयरी के ६४ क्रियाशील पशु पोषण केंद्र संचालित हो रहे है। जिनके सदस्य रियायती दर पर पशु आहार खरीद सकते है।
वन विभाग के रेंजर नाहरसिंह ने नर्सरी योजना के तहत तैयार पौधों के बारे में जानकारी देकर प्रत्येक ग्राम पंचायत में 200 पौधें लगाने के मॉडल के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि हरित राजस्थान के तहत मुख्य सड़कों पर पौधें लगाने व रिंग पीट के चार कार्य स्वीकृत होने की बात कही।
समाज कल्याण अधिकारी एल.आर. भाटी ने विभिन्न योजनाओं के तहत २९५ पैंशन प्रकरण स्वीकृत कर अग्रीम कार्रवाई के लिए जालोर भेजने की बात कही। भीनमाल कृषि मंडी के सचिव हरीराम जोशी ने रानीवाड़ा गौण मंडी के विकास को लेकर बनाई गई योजना के बारे में सदस्यों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को भीनमाल में इसबगोल की मंडी को विकसित करने के लिए प्रोसेंसिंग प्लान्ट लगाने के लिए लिखा गया है। प्रवर्तन अधिकारी पुष्पराज पालीवाल ने राशन की दूकानों पर नई योजना के तहत वितरित हो रही सामग्री के बारे में विस्तृत से सदन को बताया।
इस अवसर पर प्रधान राधादेवी, उपप्रधान रावताराम, विकास अधिकारी ओमप्रकाश शर्मा, कृषि मंडी के अध्यक्ष समरथाराम मेघवाल, पंचायत समिति सदस्य दीवालीदेवी काबा, जिला परिषद सदस्य ललिता बोहरा, चाटवाड़ा सरपंच गुमान कंवर ने भी अपने क्षेत्र की समस्याओं के बारे में सदन को जानकारी दी।
विधायक देवासी ने सभी समस्याओं को सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को तुरंत जनप्रतिनिधियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।
साधारण सभा में महिला जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधियों को प्रवेश नही करने से उनमें मायूसी देखी गई। कई जनों ने इसका विरोध भी किया, परंतु प्रधान राधादेवी ने प्रतिनिधियों को साधारण सभा की बैठक में भाग लेने के लिए मना कर दिया।
सभा की बैठक सभी महिला जनप्रतिनिधियों के चेहरे घूंघट के पीछे नजर आए। फिर भी कई महिला जनप्रतिनिधियों ने घूंघट के पीछे से ही अपने क्षेत्र की समस्याओं को सदन में प्रखरता से उठाकर समाधान कराने का निवेदन किया।

आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग

रानीवाड़ा 
कस्बे में गत दिनों दवा प्रतिनिधि संदीप लोढ़ा की गोली लगने से हुई मौत का मामले में विभिन्न सामाजिक संगठनों सहित कई जनप्रतिनिधियों ने कलक्टर व अन्य उच्चाधिकारियों को ज्ञापन प्रेषित कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। गत २४ जून को तड़के दवा प्रतिनिधि संदीप लोढ़ा की गोली लगने से संग्दिध मौत हो गई थी। परिजनों ने पुलिस थाने में अज्ञात लोगों के विरूद्ध धारा ३०२ के तहत हत्या का मामला दर्ज कराया था। बुधवार को माहेश्वरी समाज के दर्जनों लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की है। समाजसेवी कैलाश माहेश्वरी ने बताया कि संदीप की मौत को सात दिन होने आए हंै, परंतु पुलिस ने अभी तक किसी व्यक्ति को हिरासत में लेकर गहनता से पूछताछ ही नहीं की है। उन्होंने कहा कि अतिशीघ्र आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया तो थाने के सामने धरना विरोध प्रर्दशन किया जाएगा। जिला परिषद सदस्या ललिता बोहरा ने भी महिला कार्यकर्ताओं के साथ एसडीएम कैलाशचंद्र शर्मा को ज्ञापन देकर संदिग्ध मौत में लिप्त आरोपियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने का निवेदन किया है। इधर, थानाधिकारी दिनेशकुमार ने बताया कि मामले की जांच गहनता से की जा रही है। कुछ संग्दिध लोगों को थाने में बुलाकर पूछताछ भी की जा रही है।

साधारण सभा आज

रानीवाड़ा! पंचायत समिति साधारण सभा की बैठक गुरूवार को सभाभवन में प्रधान राधादेवी देवासी की अध्यक्षता एवं विधायक रतन देवासी की देखरेख में होगी। विकास अधिकारी ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि बैठक में सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, सरपंच, ग्राम सेवक, पंचायत समिति सदस्य व जिला परिषद सदस्य आवश्यक रूप से भाग लेंगे।

Wednesday, 30 June 2010

रानीवाड़ा में टर्की की भेड़ पर प्रयोग


रानीवाड़ा
खेती किसानी में नए सफल शोध व प्रयोग के बाद अब पशुपालन में भी सुणतर क्षेत्र नए मुकाम तय करने में जुटा है। मैत्रीवाड़ा गांव के एक किसान ने देशी भेड़ की जगह अब सुदूर टर्की देश से भेड़ें मंगवा कर पशुपालन क्षेत्र में नई क्रांति लाने का प्रयास किया है। काफी महंगी माने जाने वाली इस ब्रीड की चर्चा क्षेत्र में जोरों पर है। उपख्ंाड क्षेत्र के मैत्रीवाड़ा गांव के रणजीतसिंह देवड़ा ने यहां यह प्रयोग करने का प्रयास किया है। इसके अलावा भी यहां अन्य कई पशुओं की विदेशी नस्ल का प्रयोग किया जा रहा है। देवड़ा ने बताया कि उनके पास देशी भेड़ों की काफी तादाद थी। इस बीच टर्की की उन्नत नस्ल की भेड़ की जानकारी मिली तो इस नस्ल की भेड़ों को भी यहां लाकर प्रयोग किया जा रहा है। पशुपालन विभाग के डॉ. मुकेश पटेल की देखरेख में वहां से मंगवाए गए टर्की के भेड़ के जोड़े की देखभाल की जा रही है। अगर यहां यह प्रयोग सफल होता है तो यकीनन इससे भविष्य में पशुपालकों की हालत में सुधार आएगा।

क्या हैं विशेषताएं

टर्की की इस नस्ल में मांस व दूध की तादाद ज्यादा होती है। देशी भाषा में इसे थुंबा कहा जाता है। इसकी पूंछ बहुत ही छोटी व मांसल होती है। पूंछ की जगह मांसल भाग पीछे की ओर लटकता है। डॉ. पटेल के अनुसार भेड़ों में ऊन की मात्रा कम ही होती है। इस कारण से मारवाड़ में इसका प्रचलन कम ही होता है। देशी नस्ल की तुलना में इसकी ऊंचाई ज्यादा होती है। एक व्यस्क भेड़ का वजन ८० किलो अनुमानित होता है, जो कि देशी भेड़ की तुलना में काफी ज्यादा होता है। हालांकि यह नस्ल बहुत ज्यादा महंगी होने से आम लोगों के लिए सपने जैसी होती है। एक नर भेड़ की कीमत अनुमानित ७० से ८० हजार मानी जाती है। मतलब यह देशी भेड़ की तुलना में १० गुना ज्यादा होती है। महंगी होने के बावजूद अपनी कुछ विशेषताओं के कारण ये भेड़ पशुपालकों के लिए मुनाफे का सौदा माना जाती है।

Monday, 28 June 2010

सेल टैक्स की चोरी

रानीवाड़ा। पड़ोसी राज्य गुजरात से चावल की भूसी के बहाने हर रोज हजारों की टैक्स चोरी हो रही है, लेकिन वाणिज्य कर विभाग खामोश है। दरअसल, रानीवाड़ा सहित जिलेभर के व्यापारी रायड़ा, अरण्डी और जीरा गुजरात के धानेरा व पांथावाड़ा आदि जगहों पर बेचने के लिए जाते हैं। वहां से लौटते वक्त किराणे का सामान भरकर आते हैं। 

उनकी बिल्टी में चावल का भूसा और अन्य वस्तु बताई जाती है, जबकि उसमे विद्युत उपकरण, गुड़, डेयरी घी, तेल व शक्कर आदि सामान होता है। इस प्रकार के सामान की हर रोज 20-25 ट्रक आती है। जिससे वाणिज्य कर विभाग को टैक्स के रूप में हजारों की चपत लग रही है। इसी तरह निजी और रोडवेज की बसों में भी बिना बिल्टी का सामान आ रही है। जिससे टैक्स चोरी हो रही है।

करेंगे कार्रवाई
रानीवाड़ा सहित सीमावर्ती क्षेत्रों से विभाग की चौकियां हटा दी हैं तथा उड़न दस्ता भी नहीं है। इस वजह से दिक्कत आ रही है। इसके बावजूद हम बिना बिल्टी के सामान लाने वालों के विरूद्ध कार्रवाई करेंगे।
- प्रेमसिंह आढ़ा, सहायक वाणिज्यिक कर अधिकारी, भीनमाल

विद्यालयों से विद्युत लाईने हटेगी

रानीवाड़ा।
उपखंड की समस्त सरकारी स्कूलों के उपर से गुजर रहे विद्युत तारों से होने वाली संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए अब स्थानीय विधायक रतन देवासी ने पहल कर उनकों हटाने के लिए विधायक मद से राशि खर्च करने के आदेश दिए है। विधायक की इस पहल का ग्रामीणों सहित 22 विद्यालयों में अध्यनरत विद्यार्थियों के अभिभावकों ने आभार प्रकट किया है। सहायक अभियंता तरूण खत्री ने बताया कि रानीवाड़ा विधानसभा क्षैत्र की राप्रावि वगतापुरा, राउप्रावि सूरजवाड़ा, राउप्रावि आजोदर, राउप्रावि कोडी, राउप्रावि जेतपुरा, राप्रावि मामाजी की ढाणी दहीपुर, राप्रावि धनवाड़ा, राउप्रावि चाटवाड़ा, राप्रावि पीपलिया नाड़ी, राप्रावि जीतपुरा, राउप्रावि कोटड़ा, राउप्रावि सावीधर, राउप्रावि चेकला, राशिप्रावि इंडवैय्या पावली, राउप्रावि वाडा भवजी, राउप्रावि जसवंतपुरा, राप्रावि हुकमा की ढाणी सरनाऊ, राउप्रावि लाछीवाड़ा गोलिया, राउप्रावि दुगावा व राउप्रावि सूरावा में स्थित इन विद्यालयों के ऊपर से विद्युत तार गुजर रहे है। ग्रामीणों की बार-बार निवेदन पर विद्युत विभाग इस कार्य को करने के लिए सक्षम नही था, विधायक रतन देवासी की पहल पर जोधपुर डिस्काम ने एक योजना बनाकर आधी राशि विधायक कोष से देने पर आधी राशि निगम के द्वारा वहन करने पर सहमति हुई। रानीवाड़ा क्षेत्र की 22 विद्यालयों का सर्वें कर तकमिना बनाया गया। तकमिना राशि ८.१४ लाख में से ४.०७ लाख रूपए विधायक कोष से जमा होते हुए विद्युत विभाग इस कार्य को अतिशीघ्र शुरू कर देगा।
इनका कहना :-
विद्यालयों के ऊपर से विद्युत तार गुजरना गंभीर बात है। देश की भावी पीढि़ पर यह संभावित खतरा है। ग्रामीणों की मांग पर विधायक कोष से राशि देने का पत्र कलेक्टर को भेज दिया गया है। अतिशीघ्र 22 विद्यालय इस समस्या से छुटकारा पा लेेंगे।
-रतन देवासी विधायक, रानीवाड़ा।
विधायक का प्रयास सराहनीय है। विद्युत तारों के हटने से अब विद्यार्थी बिना भय के शिक्षा मंदिर में शिक्षा ले सकेंगे।
-मूलाराम राणा जिला उपप्रमुख, जालोर।

भाजपा 30 को देगी धरणा

रानीवाड़ा।
पेट्रोलियम उत्पादों के भावों में बढोतरी करने के विरोध में भाजपा जिले में धरणा प्रदर्शन करके विरोध करेगी। जिला प्रवक्ता मुकेश खंडेलवाल ने बताया कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल, डीजल, केरोसीन व रसोई गैस के भावों में भारी बढ़ोतरी कर गरीब पर आर्थिक बोढ डाला है। इसके विरोध में भाजपा 30 जुन बुधवार को जिला मुख्यालय पर ११.३० बजे पूराना बस स्टेण्ड पर धरणा प्रदर्शन करेगी। बाद में जिलाध्यक्ष अमीचंद जैन, सांसद देवजीभाई पटेल सहित जिले के जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में रैली का आयोजन कर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन कलेक्टर को देंगे।