Hot News अभी - अभी

रतनपुर में गाय पर हमला करने वाले युवक गिरफ्तार, रानीवाडा उपखंड की ताजा खबरों के आपका स्वागत।।

Sunday, 22 August 2010

खरपतवार के खिलाफ मित्र बैल


रानीवाड़ा
क्षेत्र में खरीफ की फसल में खरपतवारों की रोकथाम को लेकर किसानों ने परम्परागत तरीके अपनाने शुरू कर दिए है। इस वर्ष अच्छी बरसात होने से किसानों के खेत सोना उगल रहे है, परंतु फसल में खरपतवार की अधिकता के चलते भूमि में पोषक तत्वों की कमी होने की संभावना जताई जा रही है। इन दिनों गांव-गांव ढाणी-ढाणीं में किसान अपने खेतों में खरपतवार की रोकथाम के कई तरीके प्रयोग में लेते दिखाई दे रहे हंै। 
जानकारी के मुताबिक, फसलों के पौधे अपनी प्रारंभिक अवस्था में खरपतवारों से मुकाबला नही कर पाते हैं। किसान खरपतवारों को तब तक बढऩे देते ह़ै जब तक की वह हाथ से पकड़कर उखाडऩे योग्य नहीं हो जाए, लेकिन उस समय तक खतपतवार फसलों को काफी नुकसान कर चुकी होती है। ऐसे में किसान इस खरपतवार को निकालने के लिए कई पारंपरिक और रोचक तरीके अपनाते हैं। इनमें से ही एक है बैलों की मदद से इसे निकालना।खेतों में खड़ी फसल को बैल नुकसान नही पहुंचाए व सीधी लाईन में चाल बनी रहे। उसके लिए किसान बैलों के मुंह पर खरणीया या खीपड़ा का पौधा बांध देते है, जिससे बैल सही दिशा में सही समय पर चलता रहता है। वह किसान के दिए गए निर्देशों की पालना करता है। यह तरीका परम्परागत रूप से कई वर्षों से क्षेत्र में प्रचलित है।

क्या है तरीके : किसान फसलों में खरपतवार की रोकथाम को लेकर कई तरीके अपनाते है। जिसमें मुख्यत: हाथ से निराई गुड़ाई है। इस तरीके के तहत बुवाई के 15 से ४५ दिनों के मध्य खुरपी से खरपतवार को निकाला जाता है। बैलों द्वारा गहरी जुताई करने से भी खरपतवार पर रोकथाम लगती है। हाथ से चलने वाले गुड़ाई यंत्र से भी खरपतवार को काफी सीमा तक नियंत्रित किया जा सकता है। इसके अलावा रसायनों के प्रयोग से भी खरपतवार को समाप्त किया जा सकता है।

इनका कहना

खरपतवार की रोकथाम में परम्परागत तरीके किसानों के लिए अभी भी लाभदायी है। थोड़ी मेहनत की जरूरत पड़ती है, परंतु परिणाम किसान के पक्ष में रहता है।

- गोदाराम देवासी, किसान एवं सरपंच, रानीवाड़ा

खरपतवार की रोकथाम को लेकर किसानों को समय-समय पर विभाग द्वारा जानकारी दी जाती है। इस बार भी किसानों को पर्याप्त मात्रा में खरपतवार की रोकथाम को लेकर रसायनिक दवाओं की जानकारी दे दी गई है। 

-कन्हैयालाल विश्रोई, सहायक कृषि अधिकारी, रानीवाड़ा

हाड़ेचा. कस्बे सहित आस-पास के इलाकों में इस बार अच्छी बारिश के बाद किसानों ने बंपर बुवाई की है। खरीफ की अच्छी फसल होने के कारण किसानों ने अपनी अलग-अलग तकनीकों द्वारा खेतो में खरपतवार शुरू कर दी है। इसको लेकर किसान अपने खेतो में बैल, ऊंट एवं टै्रक्टरों से बाजरे की फसल में खरपतवार करने में जुट गए हैं।

नुकसान

कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार खरपतवार से 25 से 70 प्रतिशत तक उत्पादन घट सकता है। इनके द्वारा भूमि की उर्वरा शक्ति को प्रभावित किया जाता है। भूमि में उर्वरक, नाईट्रोजन, फास्फोरस तथा पोटाश की मात्रा घटने से फसलें प्रभावित होती हैं। इन दिनों खेतों में निराई गुडाई का काम भी जोरो पर हंै। किसान द्वारा सही समय पर खरपतवार नही निकालने पर काफी नुकसान होने की संभावना होती है।

नजर आने लगे कपड़े के थैले

रानीवाड़ा 
प्रदेश में पॉलीथिन कैरी बैग पर प्रतिबंध लगाने के बाद अब कई उपभोक्ताओं ने कपड़े के थैले लेकर बाजार जाना शुरू कर दिया है। रानीवाड़ा क्षेत्र की दुकानों पर कागज की थैलियां भी मिलनी शुरू हो गई है। कुछ कपड़ों के व्यापारियों ने भी अपनी ओर से बनवाए गए थैले देना शुरू किया है।इनके अलावा कस्बे के कई व्यवसायियों ने गत्ते, मोटे कागज व अन्य सस्ते थैलों के लिए आर्डर किया हुआ है। प्रशासन का कहना है कि उपभोक्ता व व्यवसायी सेल्युलोज से निर्मित थैले, कागज के थैले, केनवास बैग, जुट बैग अथवा कॉयर मेटेरियल से बने थैले व कपड़े के थैलों आदि को कैरी बैग के विकल्प के रूप में उपयोग में ले सकते हंै।

हो रहा इस्तेमाल : एक अगस्त से पॉलीथिन कैरी बैग पर सख्ती के प्रतिबंध लगाए जाने से अधिकांश व्यवसायियों के पास पूर्व से खरीदे हुए पॉलीथिन कैरी बैग रखे हुए है। ऐसे कुछ दुकानदारों का कहना है कि जितने कैरी बैग रखे हुए है उनको तो निकालेंगे ही सही। वही आज भी कई जगहों पर प्लास्टिक कैरी बैग का धडल्लें से इस्तेमाल होता दिखाई दे रहा है।

ग्रामसेवकों के समर्थन में आए सरपंच

रानीवाड़ा. 
पंचायत समिति के तहत समस्त ग्रामसेवकों के सामूहिक उपार्जित अवकाश पर चले जाने व नरेगा कार्यों का बहिष्कार करने के निर्णय में सरपंच संघ ने भी सहमति जताई है। राजस्थान सरपंच संघ उपशाखा रानीवाड़ा के अध्यक्ष गणेशाराम देवासी ने बताया कि ग्रामसेवकों की मांगों को जब तक राज्य सरकार नहीं मान लेती तब तक सरपंच भी उनके साथ पंचायतीराज कार्यों का बहिष्कार करेंगे। उपाध्यक्ष बलवंत पुरोहित व झमका कंवर ने भी सरकार की हठधर्मिता की आलोचना कर अतिशीघ्र ग्रामसेवकों की मांगों को मानने की बात कही है। उन्होंने बताया कि विभिन्न मांगों को लेकर 25 अगस्त से पंचायत समिति कार्यालय के सामने धरना शुरू किया जाएगा। इधर, पंचायत समिति क्षेत्र की समस्त ग्राम पंचायतों के ग्राम सेवकों के सामूहिक उपार्जित अवकाश पर चले जाने से पंचायतों में सभी कार्य ठप हो गए है। लोगों को रोजाना के कार्य करवाने में असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। अब सरपंचों ने भी ग्रामसेवकों की मांगों में सहमति जता देने से समस्याएं बढ़ती जा रही है।

Friday, 20 August 2010

पांच डायरेक्टर निर्विरोध निर्वाचित

रानीवाड़ा
जालोर-सिरोही जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लि. द्वारा संचालित जसमूल डेयरी में चल रही चुनावी प्रक्रिया के तहत गुरुवार को कई उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र वापस लेकर चुनावी तस्वीर को स्पष्ट कर दिया है। निर्वाचन अधिकारी सोहनलाल लखानी ने बताया कि बुधवार शाम तक 11 निदेशक पद के चुनाव को लेकर २५ नामांकन पत्र दाखिल हुए। नामांकन के अंतिम दिन वार्ड संख्या 1 से जोगसिंह बालोत, वार्ड संख्या 3 से केसाराम विश्रोइ, वार्ड संख्या 5 से मुकनाराम चौधरी, वार्ड संख्या 6 से रणजीतसिंह देवड़ा व पिछड़ा वर्ग से वगताराम देवासी पाल निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। 

इस तरह कुल ५ प्रत्याक्षी निर्विरोध निर्वाचित हुए हंै। उन्होंने बताया कि वार्ड संख्या 2 में जलालखां व ईश्वरसिंह, वार्ड संख्या 4 में जेठाराम व तगसिंह, वार्ड संख्या 7 से महेंद्रसिंह व करणसिंह, महिला आरक्षित वार्ड में नैनुदेवी रूपावटी व ऐलसीदेवी, अनुसूचित जाति आरक्षित वार्ड से लखमाराम व समंदरदेवी एवं अनुसूचित जनजाति आरक्षित वार्ड से जुआराराम व शंकरलाल चुनावी मैदान में है। निदेशक पद के लिए २६ अगस्त को चुनाव करवाए जाएंगे तथा चेयरमैन पद का चुनाव २७ अगस्त को होगा।

मजदूरी से वंचित

रानीवाड़ा !
धानोल गांव में महानरेगा के श्रमिकों को दो माह से मजदूरी का भुगतान नहीं होने से उन्होंने कलेक्टर को पत्र लिखकर अतिशीघ्र मजदूरी दिलाने की मांग की है। कांग्रेस के ब्लॉक उपाध्यक्ष बगदाराम घांची ने बताया कि ग्राम पंचायत के खाते में श्रमिकों की मजदूरी जमा होने के उपरांत श्रमिकों को पंचायत की निष्क्रियता के चलते समय पर मजदूरी का भूगतान नही हो रहा है। जिससे मजदूरों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।

Thursday, 19 August 2010

जसमूल डेयरी में चुनावी चहल पहल

रानीवाड़ा
जसमूल डेयरी में अध्यक्ष व निदेशक पद के लिए नाम निर्वाचन प्रक्रिया बुधवार को शुरू हुई। नाम निर्देशन पत्रों की जांच के बाद २५ उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिया गया है। नाम वापसी गुरुवार को होगी। चुनाव में कई दिग्गज महारथी चेयरमैन बनने की जुगाड़ में लगे हुए है। इस बीच पूर्व चेयरमैन जोगसिंह बालोत डायरेक्टर पद पर निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हंै।

राजस्थान राज्य सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार जालोर सिरोही जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ द्वारा संचालित जसमूल डेयरी के संचालक मंडल एवं उनके पदाधिकारियों के निर्वाचन के लिए निर्वाचन अधिकारी सोहनलाल लखानी ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया के तहत दोपहर 12 बजे तक नामांकन जमा किए गए। इसके बाद प्राप्त नाम निर्देशन पत्रों की जांच की गई जिसमें २५ नाम निर्देशन पत्र सही पाए गए।

उन्होंने बताया कि नाम वापसी गुरूवार दोपहर 2 बजे तक हो सकेगी। इसके बाद चुनाव में भाग लेेने वाले उम्मीदवारों की सूची का प्रकाशन शाम 5 बजे तक कर दिया जाएगा। अगर आवश्यक हुआ तो मतदान 26 अगस्त को सवेरे 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। इसके तुरंत बाद मतगणना कर निर्वाचित संचालक मंडल पदाधिकारियों के नाम घोषित कर दिए जाएंगे। निर्वाचित संचालक मंडल सदस्यों द्वारा डेयरी के अध्यक्ष का निर्वाचन 27 अगस्त को किया जाएगा।

महारथियों का भविष्य दांव पर : जसमूल डेयरी जालोर-सिरोही जिले में कार्यरत है। डेयरी के इस बार के चुनावों में कई दिग्गज अपना भाग्य आजमा रहे हैं। पूर्व चैयरमेन जोगसिंह बालोत डायरेक्टर पद पर निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हंै। अब उनकी नजर अध्यक्ष पद पर है। इधर, पूर्व मंत्री अर्जुनसिंह देवड़ा के भाई रणजीतसिंह भी वार्ड संख्या ६ से उम्मीदवारी दर्ज कराकर बालोत के समीकरण गडबड़ा दिए है। कई बार डायरेक्टर रह चुके वगताराम पाल भी अध्यक्ष पद के लिए चुनौती दे रहे हैं। सिरोही जिले से महेंद्रसिंह राड़बर भी चैयरमेन की दौड़ में शामिल हैं।


चार दशक पुरानी है डेयरी

सन् १९७० में पंजाबी उद्योगपति सिक्का द्वारा स्थापित एवं जोधपुर के पूर्व महाराजा गजसिंह द्वारा उद्घाटित इस डेयरी का प्रारम्भिक दौर सघर्ष में गुजरा। कुछ समय तक टाटा ग्रुप ने भी संभाला, बाद में १९७५ में सरकार ने इसको अधिग्रहित कर जसमूल संघ बनाया। डेयरी से जालोर सिरोही जिलों के लाखों दुग्ध उत्पादक सीधे रूप से जुडे हुए हैं। वर्तमान में चार सौ से ज्यादा समितियां पंजिकृत हंै। रानीवाड़ा डेयरी का घी दक्षिण भारत के प्रवासी लोगों में लोकप्रिय माना जाता है। कभी देश में प्रथम स्थान पर रहने वाले इस संस्थान के बारे में आरएएस परीक्षा में भी सवाल पूछे जाते हैं। इस समय यहां से ३५ हजार लीटर दूध का संग्रहण कर २५ हजार लीटर दूध विभिन्न शहरों में वितरित किया जा रहा है।

-जसमूल डेयरी में चुनाव पारदर्शिता से शांतिपूर्वक करवाए जा रहे हंै। निर्देशन पत्रों की जांच के बाद नाम वापसी गुरूवार को होगी। आवश्यक हुआ तो चुनाव करवाऐंगे।

- एम.एल. गरवा, प्रबंध संचालक जसमूल डेयरी

Wednesday, 18 August 2010

गांवों में मलेरिया की आशंका

रानीवाड़ा
कस्बे व ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह हुई भारी बारिश के कारण अब क्षेत्र में मलेरिया फैलने की आशंका बढ़ गई है। क्षेत्र में जब-जब भी भारी बारिश हुई है, तब-तब मलेरिया ने अपने पांव पसारे हैं। इस वर्ष भी क्षेत्र के सभी गांवों में भारी बारिश होने से जगह-जगह पानी जमा पड़ा है। कस्बे में मिस्त्री कॉलोनी में सर्वाधिक दूषित पानी का भराव हुआ है। इसके अलावा सरकारी अस्पताल, सांचौर रोड़, मेघवालों का वास, भील कॉलोनी, इंदिरा कॉलोनी, आखरिया क्षेत्र एवं कस्बे के आसपास स्थित कई बड़े तालाबों, खड़ीनों व खेतों में लम्बे चौड़े भू-भाग में पानी भरा हुआ पड़ा है। ऐसे में इन जगहों पर मलेरिया के मच्छर पनपने की प्रबल आशंका है।

संवेदनशील क्षेत्र

मलेरिया को लेकर यदि गत वर्षो की स्थिति पर नजर डालें तो क्षेत्र के ऐसे कई गांव हैं, जिसके आसपास क्षेत्र मे लम्बे चौड़े भू-भाग पर पानी का भराव स्थल है। उन गांवों में सर्वाधिक मलेरिया के रोगी पाए गए हैं। सूरजवाड़ा, रोड़ा, डूंगरी, कैर, धूलिया ग्राम पंचायतों के गांवों मे मलेरिया का सर्वाधिक प्रकोप देखने को मिला था। ये क्षेत्र मलेरिया के लिहाज से अतिसंवेदनशील क्षेत्र माने जाते हंै, लेकिन इन गांवों में कहीं पर भी मलेरिया के बचाव नियंत्रण को लेकर अब तक कोई पहल चिकित्सा विभाग की ओर से शुरू नहीं की गई है। रानीवाड़ा सरपंच गोदाराम देवासी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन को ज्ञापन प्रेषित कर क्षेत्र में डीडीटी छिड़काव करने, पानी भराव स्थल में टेमोफोस व अन्य कीट नाशक दवाईयां डालकर मलेरिया को फैलने से रोकने के उपाय करने की मांग की है। इस बीच ब्लॉक सीएमओ डॉ.चौहान ने बताया कि डीडीटी का छिड़काव पर्याप्त मात्रा में करवा दिया गया है।

शिक्षकों के रिक्त पद को लेकर दिया ज्ञापन

रानीवाड़ा
निकटवर्ती सिलासन के रामावि में शिक्षक की समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। 
समाजसेवी उकसिंह परमार ने बताया कि नव क्रमोन्नत रामावि में वर्तमान में 3 अध्यापक कार्यरत हंैं, जिसमें दसवीं तक की कक्षाएं संचालित की जा रही हंै। लगभग 300 से ज्यादा छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हंै। मात्र 3 शिक्षक होने की वजह से शैक्षणिक कार्य प्रभावित हो रहा है। इसमें से एक शिक्षक को तो भारत साक्षरता कार्यक्रम में लगा रखा है। ऐसी स्थिति में विद्यार्थियों का भविष्य अंधकार में लग रहा है। ग्रामीणों ने अतिशीघ्र शिक्षकों के रिक्त पद भरने का निवेदन किया है। इस अवसर पर वरदाराम माली, बगदाराम, हीरसिंह, सादूलाराम, नागजी, भोमाराम भील, कांतिलाल, सांवलाराम संत, शंकराराम, सोनाजी, करणाराम लुहार, मूलाजी मेघवाल, मानसिंह सहित कई जने उपस्थित थे।

शिक्षक संघ की बैठक कल

रानीवाड़ा! राजस्थान प्रगतिशील शिक्षक संघ उपशाखा रानीवाड़ा की बैठक गुरुवार को ब्लॉक अध्यक्ष रघुनाथ जांगु की देख-रेख में कस्बे की राउप्रावि में होगी। ब्लॉक मंत्री ओखाराम देवासी ने बताया कि 30 अप्रेल को संघ के प्रतिनिधियों के साथ बीईईओ की हुई समझौता वार्ता के दौरान हुई वार्ता में संवादहिनता व लंबित कार्यों के प्रति उदासीनता को लेकर चर्चा की जाएगी। बैठक में प्रदेश कोषाध्यक्ष महादेवाराम देवासी, प्रदेश संयुक्त मंत्री भागीरथ करवाड़सरा, जिलाध्यक्ष पूनमाराम सारण, जिला मंत्री लखमाराम चौधरी, वरिष्ठ शिक्षक नैता जोगाराम सुथार समेत कई जने भाग लेंगे।

३४ अतिरिक्त कक्षा-कक्षों की स्वीकृति जारी

रानीवाड़ा! सर्व शिक्षा अभियान के तहत कक्षा-कक्षों के निर्माण की स्वीकृतियां जारी हुई हैं। बीआरपी भंवरसिंह राव ने बताया कि विधायक रतन देवासी की अनुशंषा एवं सर्व शिक्षा की ब्लॉक शिक्षा समिति की अध्यक्षा राधादेवी के अनुमोदन से क्षेत्र में ३४ अतिरिक्त कक्षा-कक्षों के निर्माण की स्वीकृति जारी हुई है। प्रतिकक्ष पर २.३० लाख खर्च किए जाएंगेे। इसके अलावा 60 हजार रूपए की लागत से चार वर्षा संग्रहण टांके बनाए जाएंगे। केजीबी में पेयजल की व्यवस्था को लेकर एक लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

ढीले पड़े मानसून के तेवर

रानीवाड़ा ! उपखंड में कुछ समय से सक्रिय मानूसन के तेवर ढीले पडऩे लगे हंै। अब तक उपखंड के विभिन्न ग्रामीणांचलों में सक्रिय मानसून मंगलवार को एकदम कमजोर पड़ गया। क्षेत्र में भी दिन भर उमस रहने से गर्मी का असर अधिक नजर आया। उमस के कारण लोगों के पसीने छूटते रहे। क्षेत्र में सुबह के समय मौसम साफ रहने के साथ ही तेज धूप खिली और उमस के कारण गर्मी का असर बढ़ गया। सुणतरनगरी में सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। तापमान में कोई खास बदलाव नहीं आया। पूरे दिन उमस रहने से लोगों की परेशानियां बढ़ गईं। दोपहर के समय तीखी धूप लोगों को चुभने लगी और गर्मी का असर अधिक नजर आया। जिले में सर्वाधिक बरसात रानीवाड़ा में ही ९०४ मिमी रिकॉर्ड की गई है। किसानों ने खरपतवार निकालनी शुरू कर दी है।

Saturday, 14 August 2010

पक्के निर्माण स्थगित करने का लिया प्रस्ताव

रानीवाड़ा
बीएसआर दरों में संशोधन को लेकर गुरुवार को पंचायत समिति के सरपंचों व ग्रामसेवकों की बैठक जलारामधाम में गणेशाराम देवासी की अध्यक्षता में हुई। संघ के जिला मंत्री भाणाराम श्रीमाली ने बताया कि ग्रामीण कार्य निर्देशिक २००७ की दर से जिले में समस्त कार्यों का तकमीना तैयार करवाया जा रहा है, जबकि वर्तमान में बढ़ती महंगाई के चलते ग्राम पंचायत निर्माण कार्य पुरानी दरों से करवाने में असक्षम है। ग्रामसेवक अनिलकुमार ने प्रस्ताव पेश कर बताया कि रानीवाड़ा पंचायत समिति में सर्वाधिक बरसात होने से नरेगा के तहत निर्मित ग्रेवल सड़के, एनीकट व बांध क्षतिग्रस्त हुए हंै। उनके मरम्मत को लेकर अतिरिक्त बजट आवंटन करने की मांग उठाई गई। सिलासन सरपंच झमका कंवर ने नए राशन कार्ड बनवाने को लेकर राज्य सरकार पत्र लिखने का प्रस्ताव पेश किया। सेवाड़ा सरपंच हिम्मतसिंह सोलंकी ने बीपीएल सर्वे को पुन: करवाने की बात कही। उन्होंने बताया कि पूर्व में हुए बीपीएल सर्वें में कई पात्र व्यक्ति वंचित रहे हंै। बडग़ांव सरपंच बाबूराम चौधरी ने बीएसआर दरों में संशोधन नही होने तक पक्के निर्माण कार्य बंद करने का प्रस्ताव बैठक में रखा। जिसका ध्वनिमत से सभी सरपंचों व ग्रामसेवकों ने समर्थन किया। बैठक में सरपंच व ग्रामसेवकों की संयुक्त बैठक निर्धारित तिथि पर आयोजित करने का निर्णय लिया गया। रानीवाड़ा सरंपच गोदाराम देवासी ने निर्माण सामग्री की दूरी के हिसाब से ही कार्य का तकमीना ...शेष पेज 13 पर

बनाया जाने की बात कही, क्योंकि सामग्री की उपलब्धता दूरी अनुसार तय होने पर ग्राम पंचायत में आपूर्ति को लेकर समस्याओं का समाधान स्वत: ही जाएगा। ग्राम पंचायतों व पंचायत समिति स्तर पर समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन से वार्तालाप करने को लेकर एक बारह सदस्य की कोर कमेटी का गठन किया गया। जिसमें गोदाराम देवासीं, गणेशाराम देवासी, हिम्मतसिंह सोलंकी, बाबूराम चौधरी, बलवंत पुरोहित, भूराराम मेघवाल, भाणाराम ग्रामसेवक, ओमप्रकाश माली, ललीत कुमार दवे, किशनलाल प्रजापत, मांगाराम देवासी व रेवाराम भील को सम्मलित किया गया है। बाद में स्नेह मिलन समारोह को लेकर १६ अगस्त खोडेश्वर महादेव मंदिर में कार्यक्रम रखने को लेकर सहमति हुई।

आवंटन रद्द करने की मांग

रानीवाड़ा ! मालवाड़ा चार रास्ते के पास की पड़त जमीन को कलेक्टर द्वारा खेल विभाग के नाम आवंटित करने का विरोध शुरू हो गया है। पूर्व जिला परिषद सदस्य किरणकुमार माली के नेतृत्व में कई गांव के लोगों ने इस आवंटन को रद्द करवाने को लेकर एसडीएम को ज्ञापन दिया है। माली ने बताया कि फतापुरा, दौलपुरा, आखराड़, वाड़ा, कोटड़ा, डेरडी, तेजावास सहित कई गांवों के मवेशी इस भूमि पर चरते हंै। भूमि का आंवटन हो जाने से पशु पालकों के सामने चारे का संकट हो जाएगा। इस अवसर पर दीपाराम, लीलाराम, जैसाराम, जोईताराम सुथार, राणाराम माली, मसराराम गहलोत, भोमाराम हिरागर, त्रिकमगिरी गोस्वामी समेत कई लोग उपस्थित थे।

Wednesday, 11 August 2010

सिंचाई विभाग ने चेकला बांध का तकमीना बनाया

रानीवाड़ा।
गत सप्ताह विधानसभा क्षेत्र के चेकला बांध का अतिवृष्ट्रि से हुए नुकसान का आंकलन लेने के लिए आज विधायक रतन देवासी के साथ सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता सहित वन विभाग के जिला उपवन सरंक्षक मौके पर पहुंचे। निरीक्षण की टीम ने बांध के चारों तरफ अवलोकन कर बांध को पूर्णतया मरम्मत कर पानी के सरंक्षण को लेकर तकमीना बनाया। सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता मेघराज ने बताया कि चेकला बांध की मरम्मत को लेकर ४.७७ लाख का तकमीना बनाकर विभाग के अधिशाषी अभीयंता जालोर को भेज दिया गया है। जिला कलेक्टर इस कार्य को स्वीकृत कर अतिशीघ्र कार्य शुरू करने का आदेश देंगे। अधिशाषी अभियंता राजकुमार चौधरी ने बताया कि चेकला बांध के मरम्मत का कार्य को लेकर बनाया गया तकमीना जिला कलेक्टर को प्रेषित कर दिया गया है। अतिशीघ्र स्वीकृति मिलने पर कार्य शुरू किया जाएगा।
गौरतलब यह है कि इस बांध के क्षतिग्रस्त होने से आस-पास के दर्जनों गांवों के किसान रबी की फसल से वंचित रहेंगे। बांध में पानी के भण्ड़ारण ने कृषि कुंए पानी से लबालब भरे रहते है। अब ऐसी स्थिति नही रहने से किसान चिंतित नजर आ रहे है।
इस अवसर पर निरीक्षण के दौरान प्रधान दीपाराम भील, उपप्रधान दरगाराम देवासी, सहायक अभियंता रमेश शर्मा, डीएफओ आर.एन. मीणा सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

खोडेश्वर पर पहुंचे पर्यटक




 रानीवाड़ा
सावन में रिमझिम-रिमझिम फुहारों के बीच चारों ओर हरीतिमा से आच्छादित पहाडिय़ों पर इन दिनों पर्यटर आने लगे हैं। रविवार को छुट्टि का दिन होने से क्षेत्र के पहाड़ों और झरनों पर लोगों की अच्छी भीड़ उमड़ी।

पर्यटकों की यह जोरदार आवजाही सुंधांचल के खोडेश्वर महादेव तीर्थ पर देखी गई। जहां दिन भर मेला सा लगा रहा। इतना ही नहीं यहां प्रकृति को नजदीक से देखने के लिए विदेशी पर्यटक भी पहुंचे। इस मंदिर के चारों और पहाड़ों पर इन दिनों प्राकृतिक छटा की जितनी तारीफ करें उतनी कम है। कई नयनाभिराम झरने बारिश की फुहारों के साथ ही परवान चढऩे लगे हंै। 

जाविया ब्लाक के लगायत सुंधा पर्वत के झरने तक सभी जीवंत हो उठे है। इकोप्वाइंट से खोडेश्वर घाटी का विहंगम नजारा और बादलों की ओट में छुपे पहाड़ों को देखना बेहद नयनाभिराम है। ये सभी स्थल घने वृक्षों से 
घिरे है और जंगल में है। पर्वतीय घाट की चट्टानों से सर्पीले आकार में बहते पानी से निकलने वाली संगीतमय ध्वनि तो अच्छी लगती ही है साथ ही दृश्य भी मनोरम हो चला है। सुंधामाताजी के झरने की तरह खोडेश्वर घाट का जल प्रपात दूर से ही आकर्षित करने लगा है।

चारों ओर खुशनुमा माहौल

रिमझिम फुहारों का मनभावन मौसम शुरू हो चुका है। ऐसे खुशनुमा माहौल में ऐसा कौन शख्स होगा जो अपने घर में कैद होकर बैठना चाहेगा। बारिश की झड़ी जहां हर व्यक्ति को पानी में भीगने का आनंद लेने के लिए उकसा रही है, वहीं मन-मयूर भी प्रकृति के निकट पहुंचकर उसकी सुंदर छटा में खो जाने को अधीर व लालायित है। भीगे मौसम में जब प्रकृति ने हरियाली की मोहक चूनर ओढ़ ली है तब आसपास के प्राकृतिक, धार्मिक और पुरा-महत्व के रमणीय स्थल सैर-सपाटे की दावत देकर अपनी तरफ आकर्षित कर रहे है।

बैठक कल

 रानीवाड़ा
पंचायतीराज विभाग के तहत विभिन्न योजनाओं द्वारा करवाए जा रहे निर्माण कार्यों की बीएसआर दर में संशोधित कराने की मांग को लेकर 12 अगस्त को पंचायत समिति के समस्त सरपंच व ग्रामसेवकों की बैठक का आयोजन जलाराम धाम में रखा गया है। ग्रामसेवक संघ के सचिव मांगाराम देवासी ने बताया कि जालोर जिले के अलावा अन्य जिलों में बीएसआर दरों में सरकार ने बदलाव कर सरपंचों को राहत प्रदान की है, परंतु जिले में अभी तक 4 साल पुरानी बीएसआर दरंे लागू हैं।

बिजली गिरने से भैंस की मौत

रानीवाड़ा!
निकटवर्ती धानोल में मंगलवार दोपहर एक कृषि कुएं पर बिजली गिरने से एक भैंस की मौत हो गई। बगदाराम घांची ने बताया कि दोपहर 12 बजे बारिश के साथ अचानक मफाराम हिंदूजी कलबी के खेत पर बिजली गिर पड़ी। इससे उसकी भैंस की मौत हो गई।

युवा कांग्रेस का स्थापना दिवस मनाया

रानीवाड़ा !कस्बे के ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय में सोमवार शाम को युवक कांग्रेस का स्थापना दिवस विधायक रतन देवासी की अध्यक्षता में मनाया गया। इस मौके पर देवासी ने संगठन के बारे में बताया। कार्यक्रम को महासचिव गंगाराम खींचड, पूर्व युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष परसराम ढाका ने भी संबोधित किया। बैठक में युवा अध्यक्ष कृष्णकुमार पुरोहित, भूराराम, बलदेव राणा, देवाराम विश्नोई, हरचंद, लाखाराम मेघवाल, करमीराम, ईश्वरसिंह, अंबालाल चितारा सहित कई लोग उपस्थित थे।

इंद्रा कॉलोनी में पेयजल संकट गहराया

रानीवाड़ा! कस्बे की इंद्रा कॉलोनी में कई दिनों से पेयजल संकट है। समाजसेवी केवलचंद जीनगर ने बताया कि कॉलोनी में चार दिन से एक बार पेयजल की आपूर्ति होने से लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस समस्या को लेकर उन्होंने विभाग को कई बार मांग की, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।

Sunday, 8 August 2010

राम रसोड़े का शुभारंभ कल

रानीवाड़ा।
उपखंड मुख्यालय पर स्थित जलाराम धाम में रामदेवरा समेत अनेक धार्मिक स्थलों पर जाने वाले पेदल जातरूओं के लिए रामरसोडे का शुभारंभ कल सोमवार 9 अगस्त को विधायक रतन देवासी के हाथो से किया जाएगा। जय जलाराम सेवा समिति के अध्यक्ष सज्जनसिंह राव ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बाबा रामदेवरा, सुंधामाता, माता राणी भटियाणी जसोल, शिकारपुरा आश्रम, आशापुरीमाता मोदरान, क्षेमकरी माता बगस्थलीमाता भीनमाल, खेतेश्वर धाम आसोतरा आदि धार्मिक स्थलों पर पैदल जाने वाले जातरूओं के लिए समिति द्वारा नि:शुल्क भोजन की व्यवस्था, नाश्ता, चाय, प्राथमिक उपचार के साथ ही रात्री विश्राम की सुविधा उपलब्ध की जाएगी। इस दौरान कई तरह की धार्मिक गतिविधिया, भजन, सुदंरकांड के पाठ के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाऐंगे। राम रसोड़े के सफल संचालन को लेकर धाम से जुड़े अनेक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियों सौंपी गई है।

विद्यालय में हुआ वृक्षा रोपण

रानीवाड़ा।
कस्बे की राउमावि में हरित राजस्थान अभियान के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वाधान में प्रधानार्चाय किशनलाल कोली ने वृक्षा रोपण के इस अभियान की शुरूआत आज पर्यावरण सरंक्षण संदेश के साथ की। पौधारोपण के बाद आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि वर्तमान में बढ़ते हुए ग्लोबल वार्मिंग से वृक्षा रोपण का महत्व बढ गया है। वृक्ष हमारे जीवन के आधार है। इनके बिना मानव जीवन की कल्पना व्यर्थ है। उन्होंने अमृतादेवी विश्रोई के बताए हुए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। प्रत्येक स्वंय सेवक को घर पर एक-एक वृक्ष लगाने की अपील है। इस अभियान के तहत विद्यालय परिसर में आज विभिन्न प्रजातियों के 60 पौधे लगाए गए। इस अवसर पर राजेंद्रसिंह देवड़ा, दानाराम चौधरी, अशोककुमार, किशनाराम विश्रोई, रतनाराम, दिनेशकुमार, शेरसिंह, लालाराम सहित कई जनों से सहयोग प्रदान किया।

एबीवीपी सदस्यता अभियान जोरो पर

रानीवाड़ा।
तहसील क्षेत्र में एबीवीपी का सदस्यता अभियान जोरो पर चल रहा है। तहसील प्रमुख नरपत सोनी ने बताया कि इस बार सदस्यता अभियान को कस्बे सहित समूचे तहसील क्षेत्र में विस्तारित किया गया है। जिसके तहत बडग़ांव, मालवाड़ा, जाखड़ी, रतनपुर सहित दर्जनों गांवों में सैकड़ों सदस्य बनाए गए है। सदस्यता अभियान में नगरध्यक्ष लक्ष्मणसिंह देवड़ा, नगर मंत्री लक्ष्मणाराम चौधरी सहित पदाधिकारी सक्रिय सहयोग दे रहे है।

अध्यापकों की कमी

रानीवाड़ा।
निकटवर्ती मेड़ा ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमति रामकंवर ने जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र प्रेषित कर रामावि मेड़ा में स्टाफ की कमी की ओर ध्यान आकृषित किया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष मेड़ा के सरकारी विद्यालयों के क्रमोंन्नत कर माध्यमिक विद्यालय का दर्जा दिया है, परंतु स्टाफ की व्यवस्था नही होने से विद्यार्थिओं का अध्ययन चोपट हो रहा है। इस विद्यालय में मात्र दो शिक्षक कार्यरत है। नोडल केंद्र होने के कारण सूचनाओं के संकलन का कार्य भी इन अध्यापकों के ऊपर होने के कारण अध्ययन व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंंने स्टाफ लगाने को लेकर विधायक रतन देवासी को भी पत्र प्रेषित किया है।

छात्र संघ चुनाव की हलचल हुई शुरू

रानीवाड़ा।
छात्र संघ चुनावों की हलचल रानीवाड़ा कस्बे में भी शुरू हो गई है। चुनाव मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रोफेसर एम.एल. मेघवाल ने बताया कि स्थानीय श्री रघुनाथ विश्रोई मैमोरियल कॉलेज के छात्र संघ चुनाव में मतदान करने के लिए 14 अगस्त से पूर्व महाविद्यालय की फीस अनिवार्य रूप से जमा करवानी होगी। उन्होंने सभी संकायों के छात्र संघ चुनावों के लिए मतदाता बनने के लिए सम्पूर्ण फिस जमा होना जरूरी बताया। मतदाता सूची को अंतिम रूप १६ अगस्त को दिया जाएगा।

बोर्ड फार्म उपलब्ध

रानीवाड़ा।
कस्बे की राउमावि के प्रधानाचार्य व नॉडल अधिकारी किशनलाल कोली ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के दसवी व बारहवी कक्षा के बोर्ड फार्म विद्यालय में उपलब्ध हो गए है। क्षेत्र की समस्त रामावि व राउमावि के संस्था प्रधान स्थानीय नॉडल केंद्र से फार्म प्राप्त कर सकते है।

पेयजल संकट गहराया

रानीवाड़ा।
निकटवर्ती राउप्रावि डूंगरी भाखरी में पन्द्रह दिनों से पेयजल संकट गहराया हुआ है। प्रधानाध्यापक प्रेमसिंह ने बताया कि विद्यालय में स्थित हैडपंप तकनिकी खराबी से खराब होने की वजह से पेयजल संकट पैदा हुआ है। साथ ही जलदाय विभाग के द्वारा जीएलआर में भी जलापूर्ति नही हो रही है। जिससे विद्यार्थिओं के साथ ग्रामीणों को भी पीने के पानी की समस्या का सामना करना पड रहा है। उन्होंने एसडीएम को पत्र लिखकर समस्या का समाधान करने का निवेदन किया है।

मॉ-बेटी सम्मेलन 11 को

रानीवाड़ा।
सर्व शिक्षा अभियान के द्वारा मॉडल क्लस्टर विद्यालयों में आयोजित होने वाले मॉ-बेटी सम्मेलन अब 11 व 12 अगस्त को आयोजित किए जाऐंगे। बीईईओं तोलाराम राणा ने बताया कि पूर्व निर्धारित 10 अगस्त के दिन अवकाश होने की वजह से यह बदलाव किया गया है। बीआरपी भंवरसिंह राव ने बताया कि समस्त सरकारी स्कूलों में 15 अगस्त को साधारण सभा की बैठक कर एसएमसी का गठन अनिवार्य रूप से किया जाना है। आरपी गोरखाराम सुथार ने बताया कि शिक्षा मित्र केंद्रों के लिए जिन विद्यालयों के प्रस्ताव नही भेेजे गए है, वे अविलंब रूप से विस्तृत जानकारी के साथ सर्व शिक्षा कार्यालय में  जमा करावे।

Saturday, 7 August 2010

एजीएके की जगह अब नई योजना

रानीवाड़ा
ग्रामीण क्षेत्र में विकास एवं रोजगार सृजन तथा सामुदायिक परिसम्पतियों के निर्माण में अब जन सहभागिता को लेकर राज्य सरकार ने नई योजना शुरू की है। पूर्ववर्ती सरकार द्वारा संचालित अपना गांव, अपना काम की योजना के आधार पर बनी इस योजना का नाम ग्रामीण जन भागीदारी विकास योजना दिया गया है।

विकास अधिकारी ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में स्थानीय समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री बजट भाषण में घोषणा के बाद यह योजना शुरू की गई है। इसके तहत विकास कार्यों का चयन जनसमुदाय की आवश्यकता के अनुसार किया जाएगा।

क्या है उद्देश्य

योजना का उद्देश्य गांव में विकास के कार्यों को आवश्यकतानुसार पूरा करवाने और जनता को भी उसमें शामिल करना है। योजना के तहत गांव के विकास के लिए आवश्यक सामुदायिक परिसम्पतियों का निर्माण, रोजगार के अतिरिक्त अवसरों का सजृन करना, स्थानीय समुदाय में स्वालंबन एवं आत्म निर्भरता को प्रोत्साहन करना है।

योजना की विशेषताएं

राज्य वित पोषित योजना प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्र में लागू होगी। श्मशान एवं कब्रिस्तान भूमि की चार दीवारी के निर्माण में ९० प्रतिशत राज्यांश एवं 10 प्रतिशत जन सहयोग, सामान्य क्षेत्र में अन्य कार्य में 70 प्रतिशत राज्यांश एवं 30 प्रतिशत जन सहयोग एवं एसटी व एससी बहुल्य क्षेत्र में ८० प्रतिशत राज्यांश एवं २० प्रतिशत जन सहयोग रहेगा। जन सहयोग की राशि का वहन स्थानीय समुदाय, सामाजिक संगठन, एनजीओ, संस्थान, ट्रस्ट, पंजीकृत संस्था, व्यक्तिगत दानदाता कर सकता है। इस योजना के तहत निजी संस्था, व्यक्तिलाभ के लिए परिसम्पतियों का निर्माण, धार्मिक पूजा स्थल, जातिगत व धार्मिक आधार पर सामुदायिक भवन के निर्माण नही करवाए जा सकते हंै।

पॉलिथीन को लेकर चेताया

रानीवाड़ा
राज्य सरकार द्वारा केरीबैग पर प्रतिबंध लगाने के बाद आम जनता में इन आदेशों की पालना को लेकर गुरूवार को नायब तहसीलदार गोपालसिंह राजपुरोहित, पटवारी रतनाराम देवासी, ग्रामसेवक भाणाराम श्रीमाली, पंचायत प्रसार अधिकारी नारणाराम मेघवाल ने पूरे कस्बे दौरा कर लोगों को पॉलिथीन का प्रयोग नहीं करने की समझाईश की।

डीडीटी के छिडकाव की मांग

रानीवाड़ा. 
क्षेत्र में अच्छी बारिश होने के बाद अब मौसमी बीमारियों के फैलने की आशंका के चलते प्रधान राधादेवी देवासी ने कलेक्टर को पत्र प्रेषित कर ग्रामीण क्षेत्र में डीडीटी का छिड़काव कराने का निवेदन किया है। देवासी ने बताया कि कस्बे सहित ग्रामीण क्षेत्रों में तालाबों व गड्डों में पानी के जमा होने के चलते काफी तादाद में मच्छर पैदा हो गए हैं। जिससे क्षेत्र में मलेरिया रोग फैलने की संभावना है। ब्लॉक सीएमओं डॉ. एआर चौहान के अनुसार डीडीटी का छिड़काव हाई रिस्क क्षेत्रों में करवाया जा चुका है और कहीं से भी इस बीमारी की जानकारी मिलने पर डीडीटी का छिडकाव करवाया जाएगा।

जश्ने आजादी की तैयारी

रानीवाड़ा
उपखंड कार्यालय में मंगलवार को स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर प्रबुद्ध नागरिकों एवं समस्त विभागों के अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में तहसीलदार खेताराम सारण, नायब तहसीलदार गोपालसिंह राजपुरोहित, सरपंच गोदाराम देवासी सहित कई जनों ने भाग लिया। 
स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन राउमावि खेल मैदान में ही आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में गोदाराम देवासी ने उपखंड मुख्यालय पर होने वाले इस सार्वजनिक स्वतंत्रता समारोह में सभी निजी विद्यालयों को आवश्यक रूप से भाग लेने की बात कही। बैठक में कई लोगों ने सीडी व केसेट पर नृत्य करने पर रोक लगाने की मांग की तथा कार्यक्रम को लघु रूप देने की बात कही। इस अवसर पर सहायक अभियंता तरूण खत्री, रामनिवास यादव, अमृतलाल वर्मा, पंचायत प्रसार अधिकारी नारणाराम मेघवाल, मंछाराम परिहार, चमनाराम देवासी, टीकमचंद माहेश्वरी सहित कई लोगों ने भाग लिया।

वैद्य तिवारी एपीओ

रानीवाड़ा! सीएचसी में कार्यरत वैद्य लोकेश तिवारी को एपीओ किया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने उन्हें एपीओ करने के आदेश दिए है। ब्लॉक सीएमओ डॉ. एआर चौहान ने बताया कि अगामी आदेश तक तिवारी को जालोर मुख्यालय में ड्यूटी करने के आदेश जारी किए है। गौरतलब, यह है कि तीन दिन पूर्व सीएचसी में रात को ड्यूटी के दौरान उन पर लापरवाही बरतने और महिला का प्रसव नहीं करने देने की शिकायत है।

Thursday, 5 August 2010

मालवाड़ा में बनेगा जिला स्तरीय स्टेडियम

रानीवाड़ा
तहसील क्षेत्र में जिला स्तरीय खेल स्टेडियम बनाने की कवायद शुरू हो गई है। विधायक रतन देवासी की अनुशंसा पर जिला प्रशासन ने मालवाड़ा ग्राम पंचायत के फतापुरा गांव में ४५ बीघा जमीन खेल मैदान के लिए आरक्षित कर दी है। संभवतया शीघ्र ही इस पर काम शुरू हो सकेगा।
जानकारी के मुताबिक, रानीवाड़ा तहसील के ग्रामीण क्षेत्र में जिला स्तरीय स्टेडियम के निर्माण की लंबे समय से मांग होने की मांग चली आ रही है। इसके बाद विधायक देवासी की अनुशंसा पर जिला प्रशासन ने मालवाड़ा पटवार हल्के के फतापुरा ग्राम में खसरा नंबर ५७/५१८, ५७ कुल रकबा ७.२० हैक्टेयर भूमि को राजस्थान भू राजस्व नियम १९६३ के तहत युवा मामले एवं खेल विभाग राज्य सरकार को निशुल्क भूमि आवंटन कर दी गई है। एसडीएम कैलाशचंद्र शर्मा ने बताया कि इन आदेशों के तहत अब ७.२० हैक्टेयर जमीन का नामांतरण युवा मामले एवं खेल विभाग के नाम किया जाएगा। जमीन में जनप्रतिनिधि की अनुशंसा पर केंद्र व राज्य खेल मंत्रालय ग्रामीण स्टेडियम का कार्य स्वीकृत करेंगे।


यह रहेंगी शर्ते

जिला प्रशासन ने यह भूमि 99 वर्ष के लिए आवंटित की है। भूमि का हस्तानांतरण या बेचान नहीं किया जा सकेगा। भवन का निर्माण कब्जा सौंपने के छह माह के भीतर प्रारंभ करवाना व दो वर्ष की अवधि में पूर्ण करवाना आवश्यक है। भूमि व भवन का अधिकार राज्य सरकार का रहेगा।


-ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान देने को लेकर कार्य को हाथ में लिया गया है। खेल मंत्री मांगीलाल गरासिया ने भी स्टेडियम की स्वीकृति को लेकर सकारात्मक रवैया अपनाया है। अनुमानत एक करोड़ की लागत का यह कार्य अतिशीघ्र स्वीकृत हो सकेगा।

Sunday, 1 August 2010

अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद प्रसव

रानीवाड़ा!(1.08.2010)
कस्बे की सीएचसी पर शुक्रवार रात को एक वैद्य द्वारा एक महिला के प्रसव में आनाकानी के बाद विधायक और सीएमएचओ के हस्तक्षेप से प्रसव हो पाया। इस बीच लोगों ने ड्यूटी पर मौजूद वैद्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार रात करीब 8 बजे कस्बे की सीएचसी में गायत्रीदेवी हरिजन को दर्द होने पर उसकी सासू भंवरीदेवी प्रसव के लिए लेकर आई। इस बीच सीएचसी में ड्यूटी पर तैनात वैद्य लोकेश तिवारी ने उसका परीक्षण किया। ज्यादा दर्द होने पर भंवरीदेवी ने वैद्य से एएनएम अन्नमॉ को बुलाने का निवेदन किया। इस बीच वैद्य ने आनाकानी की और वहां मौजूद एएनएम व सूचना पाकर आए ब्लॉक सीएमओ डॉ. आत्माराम चौहान को भी प्रसव कक्ष में घुसने नहीं दिया। इसके बाद विधायक रतनदेवासी और सीएमएचओ किशनसिंह राठौड़ को सूचना दी गई। इनके हस्तक्षेप के बाद महिला का प्रसव करवाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर एएसआई शिवाराम मेघवाल व हेड कांस्टेबल जाकिर अली भी सीएचसी पहुंचे। 

मुझे सीएचसी इंचार्ज ने ड्यूटी पर लगाया था, जिसका मैं निर्वहन कर रहा था। कुछ लोग मेरे प्रति द्वेषता रखते हैं और मुझे यहां से हटाना चाहते हैं।

लोकेश तिवारी, वैद्य

शुक्रवार रात की यह घटना गंभीर प्रवृत्ति की है। प्रसव कराने का काम एलोपैथिक चिकित्सक का होता है, न कि वैद्य का। इसमें लिप्त चिकित्सकों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए कलेक्टर को सूचित कर दिया गया है।

- रतन देवासी, 
स्थानीय विधायक, रानीवाड़ा

मेरी पुत्रवधू तीन घंटे तक दर्द से तड़पती रही। बार-बार निवेदन के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई।

- भंवरीदेवी, पीडि़ता 

विभाग के नियमानुसार वैद्य को सीएचसी में रात्रिकालीन ड्यूटी पर नहीं लगाया जा सकता है। घटना की जांच करवाकर उचित कार्रवाई की जाएगी।

- डॉ. किशनसिंह राठौड़, सीएमएचओ, जालोर

मैं ब्लॉक सीएमओ हूं, लेकिन वैद्य ने मुझे भी प्रसव कक्ष में नहीं आने दिया। बाद में पुलिस के सहयोग से हम लोगों ने इलाज किया।

- डॉ. आत्माराम चौहान, ब्लॉक सीएमओ, रानीवाड़ा

भंडारा कल

रानीवाड़ा ! निकटवर्ती जेतपुरा गांव की धरणीधर गोशाला में ब्रह्मलीन संत विश्वश्वरानंद ब्रह्मचारी महाराज का भंडारा रविवार को आयोजित होने जा रहा है। मंहत रेवानंद ब्रह्मचारी ने बताया कि भंडारा कार्यक्रम के तहत शनिवार रात भजन संध्या व रविवार को ब्रह्म भंडारे का आयोजन होगा। इस अवसर पर रामकृष्णानंद ब्रह्मचारी अमरकंठक, गोपालानंद ब्रह्मचारी बैलखा, मोरारी चैतन्य ब्रह्मचारी नाभा पंजाब, गोविंदनंद ब्रह्मचारी मुंबई, अचुत्यानंद ब्रह्मचारी जुनागढ़, आनंद चैतन्य ब्रह्मचारी बागडिय़ा पंजाब, कैलाशानंद ब्रह्मचारी हरिद्वार, जयदेव स्वयरूप ब्रह्मचारी नायका, दिव्य स्वरूप ब्रह्मचारी गुजरात व संतोषानंद ब्रह्मचारी चंडीखोड़ उड़ीसा सहित कई संत महात्मा भाग लेंगे

विद्यालयों का निरीक्षण किया

रानीवाड़ा ! भारत साक्षर सर्वे अभियान के तहत शुक्रवार को प्रधान राधादेवी देवासी व बीईईओ तोलाराम राणा ने कई विद्यालयों को निरीक्षण किया। जानकारी के मुताबिक, प्रधान ने शुक्रवार को राजकीय प्राथमिक विद्यालय आमपुरा, आजोदर, बडग़ांव व राबाउमावि बडग़ांव का निरीक्षण किया। इस दौरान पोषाहार कार्यक्रम व शिक्षण व्यवस्था सहित विभिन्न गतिविधियों के दौरान कमी पाई जाने पर संस्था प्रधानों को निर्देशित किया। राजकीय प्राथमिक विद्यालय मामा कॉलोनी बडग़ाव के अध्यापक पारसमल पुरोहित के बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। आंगनवाडी केंद्र आमपुरा व आजोदर का भी निरीक्षण किया। वहीं सर्वेयर्स को समय पर सर्वे पूरा करने के निर्देश दिए गए।

आदेश वापस लेने की मांग

रानीवाड़ा ! स्थानीय राजस्थान शिक्षक संघ प्रगतिशील उपशाखा के सदस्यों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर शुक्रवार को मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उपशाखा अध्यक्ष रघुनाथ विश्नोई ने ज्ञापन में सरकारी विद्यालयों में एसडीएमसी के स्थान पर एसएमसी के गठन के आदेश का विरोध दर्ज करवाया है तथा इन आदेशों को वापस लेने की मांग की है। विश्रोई ने बताया कि हाल राज्य सरकार ने ऐसे आदेश जारी किए है। इसके अलावा शिक्षक स्थानांतरण जनप्रतिनिधियों की अनुशंसा से न करके अनिल बोर्दिया समिति की सिफारिश के अनुसार करने का ज्ञापन उपखंड अधिकारी के मार्फत मुख्यमंत्री को भेज गया। इस अवसर पर महादेवाराम देवासी, भागीरथराम कड़वासरा, ओखाराम देवासी, रूगनाथ जांगू, राजेंद्र साहृ व भेराराम गोदारा सहित कई शिक्षक 
उपस्थित थे।

ई-मस्टररोल व्यवस्था का शुभारंभ

रानीवाड़ा! महानरेगा योजना के तहत पंचायत समिति के कागमाला ग्राम पंचायत कार्यालय में ई-मस्टररोल व्यवस्था का शुक्रवार को कार्यवाहक विकास अधिकारी रमेश कुमार शर्मा ने शुभारंभ किया। शर्मा ने बताया कि ई-मस्टररोल शुरू होने से महानरेगा योजना अब पूर्ण रूप से कम्प्यूटराइज हो गई है। इससे श्रमिकों को समय पर भुगतान करने में सुविधा रहेगी। 
वहीं मेट द्वारा नाम में कांट-छांट करने पर भी अंकुश लग पाएगा। इस अवसर पर जिला एमएसआई मैनेजर दिनेशकुमार चौधरी, जिला परिषद के सहायक अभियंता सुंदरलाल गोदारा व गणपत विश्नोई सहित कई जने उपस्थित थे।

Friday, 30 July 2010

विद्यालय के खेल मैदान का अपग्रेडेशन शुरू

रानीवाड़ा(30.07.2010)
कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान का कायाकल्प शुरू हो गया है। विधायक रतन देवासी की अनुशंसा पर स्वीकृत यह कार्य महानरेगा योजना के तहत करवाया जा रहा है। सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अमृत वर्मा ने बताया कि लगभग २४ लाख रूपए की लागत से बनने वाले इस आधुनिक स्टेडियम से कस्बे के खेल प्रेमियों को अपनी प्रतिभा तराशने में आसानी होगी। उन्होंने बताया कि स्टेडियम में पांच फुट तक रेत डालकर इसका समतलीकरण करवाया जा रहा है। मैदान के चारों तरफ की दीवार को ऊंचा उठाकर मैदान को सुरक्षित किया जाएगा। राजकीय चिकित्सालय के सामने मैदान के लिए नया, सुंदर व भव्य प्रवेश द्वार बनाया जाएगा। वर्मा ने बताया कि मैदान के समतलीकरण के बाद में वॉकिंग के लिए फुट ट्रेक का निर्माण किया जाएगा। साथ ही चारों कोर्नर पर घास लगाकर मैदान को सुंदर बनाया जाएगा। मैदान का काम शुरू होने से क्षेत्र के खेल प्रेमियों में खुशी देखी जा रही है। इसको लेकर क्रिकेट खेल प्रेमियों ने मैदान के बीच पिच बनाने का भी निवेदन किया है। खेल प्रेमी सुविधा संपन्न मैदान बनने के बाद ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं के आगे आने व उनमें निखार आने का कयास लगा रहे हैं। 

-क्षेत्र के लोगों की मांग पर खेल मैदान का अपग्रेडेशन का कार्य स्वीकृत करवाया गया है। मैदान में विधायक कोष से पेवेलियन सहित अन्य खेल सामग्रीया उपलब्ध करवाकर प्रतिभाओं को तरासने में कोई कमी नही रखी जाएगी।
- रतन देवासी, विधायक, रानीवाड़ा

-खेल मैदान बनने से खिलाडिय़ों को अपना कौशल दिखाने का अवसर मिलेगा। सुविधा संपन्न खेल मैदान की आवश्यकता लंबे समय से थी, जो अब जल्द ही पूरी हो जाएगी।

- राहुल वैष्णव, क्रिकेट खिलाड़ी, रानीवाड़ा

देवासी का चयन

रानीवाड़ा! ग्रामीण विकास की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने को लेकर नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधिओं की जयपुर में 31 जुलाई को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला में पंचायत समिति से स्थानीय सरपंच गोदाराम देवासी का चयन हुआ है। विकास अधिकारी ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि इंस्टीट्यूट ऑफ सोशियल साइंस नई दिल्ली द्वारा नव निर्वाचित पंचायती राज जनप्रतिनिधिओं की कांफ्रेंस शनिवार को इंद्रा गांधी पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास संस्थान भवन जयपुर में रखी गई है। शर्मा ने बताया कि एक दिवसीय कांफ्रेंस में पंचायत समिति से रानीवाड़ा कलां के सरपंच गोदाराम देवासी, जिला प्रमुख जसवंत कंवर, सांचौर प्रधान शमशेर अली, चितलवाना प्रधान मनीषा मेघवाल एवं नरता सरपंच नीरू कंवर भाग लेंगे। सभी जनप्रतिनिधिओं को 31 जुलाई सवेरे ९.३० बजे आवश्यक रूप से भाग लेने के लिए निर्देशित किया गया है।

एएमसी का हुआ गठन

रानीवाड़ा! सिंगावास स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार को प्रधानाध्यापक अर्जुनलाल सोलंकी की अध्यक्षता में एसएमसी का गठन किया गया। जिसके तहत परबतसिंह देवड़ा को अध्यक्ष, जोराराम चौधरी को उपाध्यक्ष, अर्जुनलाल सोलंकी को सचिव के रूप में मनोनित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों के अभिभावकों सहित जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।

Thursday, 29 July 2010

जोड़ बांध की दीवारों में दरार

रानीवाड़ा !(29.07.2010)
मालवाड़ा स्थित जोड़ बांध की दीवारों में दरार आने को लेकर ग्रामीणों ने बुधवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि चार दिन पूर्व हुई बरसात से बांध लबालब हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि लगभग ७० दशक पूर्व इस बांध का निर्माण हुआ था। ऐसे में इसकी दीवारों में दरार आने से क्षतिग्रस्त होने की आंशका बनी हुई है। बांध के निरीक्षण को लेकर बुधवार को सरपंच दिवालीदेवी व लक्ष्मण गुलसर सहित कई वार्डपंचों ने मौका मुआयना किया। बांध की एक तरफ की दीवार में दरारें आने से बांध के फूटने की आंशका जताई गई। सरपंच ने बताया कि पांच दिन पूर्व उन्होंने प्रशासन को इस बांध की दीवार की मरम्मत को लेकर सूचना दी थी, परंतु कोई कार्रवाई नही हो पाई है। इसको लेकर ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामसेवकों ने भेजा सीएम को ज्ञापन

रानीवाड़ा
पंचायत समिति के ग्रामसेवकों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर समस्याओं से अवगत करवाया है। जिला मंत्री भाणाराम श्रीमाली ने बताया कि इस समय ग्रामसेवक अत्यधिक कार्यभार, उत्पीडऩ व शोषण सहित कई प्रकार की समस्याओं का सामना कर रहे हंै। ग्रामसेवक संघ ने निर्णय लेकर १६ अगस्त से सामूहिक उपार्जित अवकाश को लेकर मुख्यमंत्री से समस्या समाधान का निवेदन किया है। उन्होंने बताया कि नरेगा योजना में संसाधन युक्त दक्ष मानव संसाधन के अभाव की चलते ग्रामसेवकों पर कार्यभार निरंतर बढ़ता जा रहा है। पूर्व में भी उन्होंने ग्यारह सूत्री मांग पत्र राज्य सरकार को भेजकर समाधान का निवेदन किया था, परंतु कोई कार्रवाई नहीं हो पाई थी। जिसको लेकर १६ अगस्त से सामूहिक उपार्जित अवकाश पर जाने का निर्णय लिया है। इस समय सभी ग्रामसेवक १९ जुलाई से सरकारी कार्य को लेकर अपना निजी मोबाईल बंद कर रखे हुए हैं। उन्होंने राज्य सरकार से निवेदन कर ग्रामसेवकों की ग्यारह सूत्रीय मांगों पर विचार कर उचित फैसला लेने का निवेदन किया है।

बीईईओ ने किया निरीक्षण

रानीवाड़ा!(29.07.2010)
साक्षर भारत 2012 अंतर्गत क्षेत्र भर में सर्वेयर्स द्वारा किया जा रहा सर्वे प्रगति पर है। साक्षरता सर्वे के अवलोकन के दौरान बीईईओ तोलाराम राणा ने ग्राम पंचायत बडग़ांव, धामसीन, धानोल व रतनपुर के विभिन्न वार्डों में चल रहे साक्षरता सर्वे का निरीक्षण किया तथा सर्वे की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सर्वे कार्य नियत समय में पूरा करने के निर्देश दिए। क्षेत्र में कार्य कर रहे ज्यादातर सर्वेयर्स ने वर्षा के कारण बाधित हो रहे सर्वे कार्य की अवधि बढ़ाने की मांग की। इस दौरान सर्वेयर्स को मौके पर ही अतिरिक्त सीटें भी दी गईं। बीईईओ के साथ साक्षरता खंड समन्वयक ताराचंद भारद्वाज एवं चतनाराम देवासी भी थे। जिन्होंने क्षेत्र में सर्वेयर्स के समक्ष आ रही बाधाओं को दूर करने का प्रयास किया। बीईईओ राणा ने राबाउप्रावि धामसीन, राबाउप्रावि खाखरीया का निरीक्षण भी किया। जहां पर पोषाहार, नवीन प्रवेश, निशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण व विद्यालय भवन के रख-रखाव संबंधित जांच की तथा अपेक्षित निर्देश दिए।

Wednesday, 28 July 2010

आवागमन गत तीन दिनों से बंद

रानीवाड़ा।
गुजरात के रामसन व धानेरा के बीच रेल पटरियों के नीचे से रेती खिसक जाने से भीलड़ी-समदड़ी रेल मार्ग पर मालगाडिय़ों का आवागमन गत तीन दिनों से बंद है। मरम्मत का कार्य जोरों पर चल रहा है। रेल सूत्रों के अनुसार वहां पर अतिरिक्त श्रमिक लगाकर काम को तेजी प्रदान की गई है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार को हुई तेज बारिश के कारण रामसन व धानेरा के बीच सामरवाड़ा गांव के पास एक पूल के पास बालू रेती का चार मीटर गड्डा हो जाने से टे्रक को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। रेल मार्ग पर परसों से ही मालगाडियों का आवागमन बंद कर दिया गया है। रानीवाड़ा रेलवे स्टेशन पर तीन दिनों से मालगाड़ी टे्रक सुधरने के इंतजार में खड़ी है। स्टेशन मास्टर सुबोध कुमार ने बताया कि टे्रक की मरम्मत के लिए आज मंगलवार सुबह जोधपुर से चार टीमें  रेलवे के उच्चाधिकारियों के साथ घटना स्थल पर पहुंच गई है। काफी तादाद में मशीनरी लगाई गई है। वहां पर दस मीटर लंबा, तीन मीटर चौड़ा व चार मीटर गहरा गड्डा हो जाने से आवागमन बाधित हुआ है। रामसन रेलवे स्टेशन पर भी बालू रेत के आ जाने से मीट्टी हटाने का कार्य जोरो पर चल रहा है। अधिकारियों के अनुसार इस ट्रेक पर गुरूवार दोपहर तक मालगाडिय़ों का आवागमन शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। इस टे्रक पर रोजाना की बीस मालगाडिय़ा माल का परिवहन कर रही है। उक्त मालगाडियों को को दूसरे टे्रक पर डाइवर्ट कर दिया गया है।

प्रेरक संघ की बैठक आयोजित

रानीवाड़ा ! राजस्थान प्रेरक संघ उपशाखा रानीवाड़ा की बैठक आज वाल्मीकि आश्रम में रेशम गिरी गोस्वामी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में प्रेरकों ने अपनी समस्याओं के बारे में चर्चा कर राजस्थान सरकार को पत्र लिखने का सर्व सम्मति से निर्णय लिया। प्रेरकों ने साक्षर भारत योजना में सम्मिलित करने की मांग भी उठाई। उन्होंनें कहा कि साक्षर भारत सर्वें में राज्य सरकार सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अवहेलना कर रही है। इस अवसर पर फुलसिंह देवड़ा, सेामाराम, नेहरूराम, कांतिलाल, हितेष कुमार, ओमप्रकाश, हमीराराम सहित कई लोग उपस्थित थे।

चोरी का आरोपी गिरफ्तार

रानीवाड़ा! पुलिस ने मंगलवार को चार साल से चोरी के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि मैत्रीवाड़ा निवासी चकाराम पुत्र हरजीजी भील २००६ में घटित एक चोरी की घटना में वांछित था। आरोपी को एएसआई शिवाराम ने गिरफ्तार कर सांचोर न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

Tuesday, 27 July 2010

बीएसएनएल सेवाएं लडखडाई

रानीवाड़ा।
आज मंगलवार को उपखंड क्षेत्र में बीएसएनएल की सेवाएं ठप हो जाने से उपभोक्ताओं को काफी परेशानी उठानी पड रही है। बडग़ांव कस्बे में गत तीन दिनों से मोबाईल फोन एवं बैसिक सेवाएं भी बंद पड़ी है। काफी उपभोक्ताओं ने सिरोही व स्थानीय दूर संचार अधिकारियों को लिखित में संचार सेवाएं बहाल करने को लेकर निवेदन किया, परंतु मंगलवार शाम तक कोई समाधान नही होने से उपभोक्ता परेशान है। तहसील मुख्यालय पर भी आज बैसिक सेवाएं बंद हो जाने से सरकारी कामकाज व एसटीडी पीसीओ धारकों की सेवाएं प्रभावित हुई है। दूर संचार अधिकारियों के अनुसार यह समस्या विद्युत की कटौति से हो रही है। विद्युत आपूर्ति सही हो जाने पर सेवाएं स्वत: ही सही हो जाएगी।

बरसे इंद्र, झूमे धरती और झरने

पेड़ पौधा झील झरना गुलसितां बाकी रहे
इन परिंदों के लिए यह आसमां बाकी रहे

कवि राजेंद्र पासवान की यह पंक्तियां इन दिनों क्षेत्र में धरती के शृंगार पर सटीक बैठती हैं। इंद्र देव की मेहरबानी से इन दिनों धरती का सौंदर्य मन को भा रहा है और लोग खुश नजर आ रहे हैं। पिछले तीन दिन की बरसात के बाद क्षेत्र में कई जगहों पर झरनों का बहना शुरू हो गया है। जिसके कारण आस पास के कई स्थानों पर अब लोग पिकनिक मनाने पहुंच रहे हैं। सोमवार को हालांकि बारिश का दौर थम तो गया, लेकिन मौसम काफी सुहाना रहा। उपख्ंाड के सौमरा माताजी के पहाड़ से निकल रहे झरने अब कल कल करते हुए बह रहे हैं। मात्र एक सप्ताह पहले तक ही यहां तेज धूप के कारण आने का मन नहीं करता था और अब यह मनोरम स्थल बन गया है। 

रविवार की सुबह शुरू हुए झरनों से आस पास का माहौल भी खुशनुमा हो गया है। कोयल की कूंक, मेंढ़क की टर्र-टर्र व मोर की पीहू की मधुर आवाज यहां कुछ समय के लिए ठहरने को मजबूर करती है। चार साल के बाद शुरू हुए झरनों को देखने के लिए ग्रामीण जुट रहे हंै। पक्षियों का कलरव मन को आनंदित कर देता है। पहाड़ की शीर्ष पर स्थित प्राचीन जलाशय भी लबालब हो गया है। छोटे झीलनुमा इस जलाशय की धार्मिक महत्ता है। इसके दर्शन के लिए भी काफी श्रद्धालु उमड़ रहे है। पहाड़ की तलहटी पर स्थित एनिकट भी रविवार की बरसात से ओवरफ्लो हो गया है। इसी तरह सिलासन गांव के सिलेश्वर मंदिर में भी श्रद्धालु दशनार्थ उमड़ रहे है। इसके अलावा सुंधामाता, खोडेश्वर मंदिर, उचमत, झरड़ाजी के स्थान से भी झरनें बहने से लोगों का जमावड़ा होने लगा है।

Sunday, 25 July 2010

इंद्र देव मुस्कुराएं, जमकर बरसी बदरा











रानीवाड़ा।(25.07.2010 -5PM)
तहसील क्षेत्र में पिछले 24 घंटे के दौरान इंद्र देव की मेहरबानी से लगभग सभी एनिकट व बांध के लबालब हो जाने की खबर मिली है। अच्छी बरसात होने से किसानों के चेहरे खिल उठे है। तहसील क्षेत्र में बारहमासी बहने वाली जेतपुरा व बडगांव नदियां जो कुछ माह से सुखी पड़ी थी, उनमे भी काफी तादाद में पानी आने से तटीय क्षेत्रों के कृषि कुंओं में भू-जल स्तर सुधरने की संभावना के चलते किसान काफी खुश नजर आ रहे है।
जानकारी के मुताबिक गत दो दिनों से तहसील क्षेत्र में लगातार हो रही तेज व मध्यम दर्जें की बरसात के कारण समग्र ग्रामीण क्षेत्र में पानी ही पानी नजर आ रहा है। आज जेतपुरा व बडगांव क्षेत्र के लोगों ने दोनों बारहमासी नदियों में पानी आने पर उनका ढोल व थाली बजाकर विधिवत पूजन कर जल स्वागत किया।  काफी तादाद में उमड़े लोगों ने आज नदियों में स्नान करने का भरपूर आनंद लिया। आज रविवार सवेरे हुई तेज बरसात के चलते जालेरा नालें के एनिकट में तीन फूट का ऑवरफ्लों चलने से दो घंटे तक सांचोर-रानीवाड़ा मार्ग का आवागमन ठप रहा। इसी तरह मालवाड़ा व कोड़ी नदी में रपट से चार फूट ऊपर तक पानी चलने से वहां भी काफी समय तक आवागमन बाधित रहा। जानकारी के अनुसार चिमनगढ़, तावीदर, लाखावास, सिलासन, रानीवाड़ा खुर्द, के बरसाती नालों में पानी के बहाव को लेकर लोगों को आवागमन में भारी समस्या का सामना करना पड़ा है। मौसम विभाग के अनुसार जेतपुरा बांध में पानी की अच्छी आवक होने से बांध का पांच फूंट का डेढ स्टोरेज भर चुका है। इसी तरह सिलासन बांध में भी साढे चार फूट पानी आने की खबर मिली है। सुंधामाता पर्वत के पास स्थित राजपुरा बांध में भी पानी की अच्छी आवक हुई है। सूरजवाड़ा, रोड़ा गांव के पास से बहने वाली सुकुल नदी दोनों किनारों को पार करते हुए गुजर रही है। वणधर बांध में भी अच्छे पानी आने से नहरी क्षेत्र के लोगों को काफी सुकुन मिला है। सौमेरा पहाड़ पर झरने बहना शुरू हो गए है। वहीं सौमेरा पहाड की तलहटी में नवनिर्मित एनिकट में पानी अत्यधिक आवक होने से उसकों काफी नुकसान होने का समाचार मिला है। सौमेरा पर्वत के ऊपर स्थित प्राचीन धार्मिक महत्व के तालाब के लबालब भरने की जानकारी मिली है। वहीं सुंधामाता पर्वतीय तिर्थ स्थल के झरने भी शुरू हो गए है। पर्वत के पिछवाड़े में स्थित अभिनव ब्रजमंडल में गौधाम पथमेड़ा के द्वारा निर्मित बांध में भी पानी के ऑवरफ्लों होने की जानकारी सुमन सुलभ ब्रह्मचारी के द्वारा दी गई है। आजोदर से मेड़क खुर्द जाने वाली डामर सड़क बरसाती पानी के चलते क्षतिग्रस्त हो जाने से रानीवाड़ा से मेड़क खुर्द का सम्पर्क कट गया है। मेड़क खुर्द जाने के लिए लोगों को अब मेड़क कलां होते हुए जाना पड़ रहा है।
जेतपुरा व बडग़ांव नदियों में पानी की तेज आवक के चलते प्रशासन सर्तक हो गया है। प्रशासन ने संभावित बाढ़ बचाव को लेकर अभी से उपाय शुरू कर दिए है। प्रशासन मिट्टी के कट्टों की व्यवस्था करवा रहा है, ताकि संभावित दुघर्टना से बचाव किया जा सके। जालेरा के सांपलाई बांध में भी बरसाती पानी की चादर चलने के समाचार मिले है। सांतरू का सोनारवाला एनिकट भी दूसरी बार ऑवरफ्लों होने से किसानों को काफी राहत मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटे के दौरान ३५ मिमी बरसात दर्ज की गई है। इस तरह इस मानसुन के दौरान ४२४ मिमी बारिश दर्ज हुई है। अनाधिकृत सूत्रों के अनुसार आज रविवार सुबह आठ बजे से शाम छ: बजे तक ८० मिमी बरसात दर्ज की गई है। जिससे किसान लोगों को काफी राहत महसुस हो रही है।

गुरू पूर्णिमा का कार्यक्रम पथमेड़ा में

रानीवाड़ा।
गोधाम पथमेड़ा के संस्थापक परम पूजनीय स्वामी श्री दत्तशरणानंद महाराज गुरू पूर्णिमा के दिन पथमेड़ा गोशाला के कार्यक्रम में भाग लेंगे। राष्ट्रीय प्रवक्ता पुनम राजपुरोहित ने बताया कि गुरू पूर्णिमा को लेकर गोधाम पथमेड़ा में भव्य कार्यक्रम रखा गया है। समग्र देश से गोभक्त इस अवसर पर धार्मिक कार्यक्रम में भाग लेंगे। स्वामीजी इस अवसर पर गोभक्तों को गुरू महिमा को लेकर प्रवचन देंगे।
उन्होंने बताया कि गोधाम पथमेड़ा का मुख्यालय ब्रजअभिनव मंडल में स्थानांतरण करने की प्रक्रिया जारी है। स्थानांतरण के बाद गोधाम पथमेड़ा की समस्त गतिविधियां केसुआ से ही संचालित की जाएगी।

गुरू की महिमा अपरंपार - राजभारती

रानीवाड़ा।
कस्बे के समीपवर्ती कालिका मंदिर में गुरू पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर प्रवचन देते हुए राजभारती महाराज ने कहा कि प्राचीन काल में जब विद्यार्थी गुरु के आश्रम में नि:शुल्क शिक्षा ग्रहण करता था तो इसी दिन श्रद्धा भाव से प्रेरित होकर अपने गुरु का पूजन करके उन्हें अपनी शक्ति सामर्थ्यानुसार दक्षिणा देकर कृतकृत्य होता था। आज भी इसका महत्व कम नहीं हुआ है। पारंपरिक रूप से शिक्षा देने वाले विद्यालयों में, संगीत और कला के विद्यार्थियों में आज भी यह दिन गुरू को सम्मानित करने का होता है। मंदिरों में पूजा होती है, पवित्र नदियों में स्नान होते हैं, जगह जगह भंडारे होते हैं और मेले लगते है।
उन्होंने कहा कि शास्त्रों में गु का अर्थ अंधकार या मूल अज्ञान और रु का अर्थ उसका निरोधक कहा गया है। अंधकार को हटाकर प्रकाश की ओर ले जाने वाले को गुरु कहा जाता है। गुरु तथा देवता में समानता के लिए एक श्लोक में कहा गया है कि जैसी भक्ति की आवश्यकता देवता के लिए है वैसी ही गुरु के लिए भी है। इस अवसर पर हरिसिंह केसुआ, मंछाराम परिहार, अंबालाल जीनगर, पारसमल जीनगर, राहुल वैष्णव, छेलाराम, अर्जुन राठौड़ सहित कई संत महात्माओं ने भाग लिया। राजभारती महाराज आज गुरू पूर्णिमा केसुआ आश्रम में मनाएंगे।

आंजणा समाज की बैठक सम्पन्न

रानीवाड़ा।
कस्बे के चौधरी समाज छात्रावास में आज रविवार को आंजणा युवा मंडल की बैठक का आयोजन रखा गया है। मंडल अध्यक्ष रमेश चौधरी ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज सुधार, बालिका शिक्षा, सामाजिक कुरितियों को मिटाने रखा गया है। बैठक में नवीन कार्यकारिणी के गठन को लेकर विचार विमर्श किया जाएगा।

पतंजली बैठक सम्पन्न

रानीवाड़ा।
पतजंली योग समिति एवं भारत स्वाभिमान अभियान तहसील उपसमिति की बैठक डॉ. घेवरचंद डागा की अध्यक्षता एवं लेहरचंद जैन के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुई। जिलाध्यक्ष शैतानसिंह बोरली ने बताया कि आगामी 19 सितम्बर को योग ऋषि स्वामी रामदेव के प्रस्तावित जालोर मुख्यालय पर कार्यक्रम के बाद रानीवाड़ा मुख्यालय पर लघु कार्यक्रम रखने को लेकर सदस्यों ने विचार विमर्श किया। उन्होंने योग एवं भारत स्वाभिमान आंदोलन के बारे में भी जानकारी दी। बैठक में भंवरलाल जोशी, छगन माहेश्वरी, पारस जीनगर, मंगलसिंह, अशोककुमार, अमृत जोशी को संयोजक एवं राजेंद्रसिंह देवड़ा, नेथीराम चौधरी, राजुराम, हनुमान चौधरी, विजयराज व हुकमाराम को सहसंयोजक मनोनीत किया गया। कार्यक्रम को लेकर अगली बैठक 7 अगस्त को आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर स्थानीय सरपंच गोदाराम देवासी, महिला पतांजली अध्यक्षा कमला विश्रोई सहित कई लोग उपस्थित थे।

Wednesday, 21 July 2010

ग्रामसेवकों ने किए मोबाइल बंद

रानीवाड़ा(21.07.2010)
अपनी ग्यारह सूत्री मांगों को लेकर ग्राम सेवकों ने सोमवार से राजकीय कार्य के लिए अपने मोबाइल अनिश्चितकाल के लिए स्विच ऑफ कर दिए। ग्रामसेवकों द्वारा इस प्रकार से विरोध के बाद अधिकारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्राम सेवकों का मोबाइल ग्राम पंचायत क्षेत्र में महानरेगा कार्य की प्रतिदिन जानकारी लेेने, पंचायत क्षेत्र के किसी अधिकारी या कर्मचारी को निर्देश देने सहित अन्य गतिविधियों की सूचना के लिए उच्चाधिकारी काम में लेते हंै। इसके अलावा आवश्यक सूचना मंगवाने, बैठक की सूचना देने व पंचायत की डाक देने के लिए ग्राम सेवकों को मोबाइल कर कार्यालय पर बुला लिया जाता था। संघ का कहना है कि जब तक राज्य सरकार ग्राम सेवकों की ११ सूत्री मांग पूरी नही करेंगी तब तक यह विरोध जारी रहेगा।

-ग्रामसेवक राजकीय कार्यो के लिए नहीं, अपने लिए मोबाइल रखते हंै। अधिकारी इन मोबाइल को राजकीय कार्यों में ले रहे हंै। कई बार मोबाइल रिसीव नहीं करने पर नोटिस थमा देते हैं, जबकि जिला परिषद में सभी ग्राम सेवकों को सरकारी मोबाइल व रिचार्ज देने के आदेश आए हुए हंै। अधिकारी पंचायत की डाक भी मोबाइल से बुलाकर देते हैं। इससे अन्य कार्य बाधित होता हैं। क्षेत्र की सभी सूचनाएं अधिकारी हमारे मोबाइल से प्राप्त करते हंै।
- भाणाराम श्रीमाली, जिलामंत्री, ग्रामसेवक संघ जालोर

बूंदों ने बढ़ाई उमस

रानीवाड़ा ! जोरदार बारिश में तर होने को बेकरार सुणतर क्षेत्र के लोगों को इन दिनों मौसम की बेरुखी अखरने लगी है। मंगलवार को दिन का तापमान लोगों का बदन झुलसाने वाला था। आसमान से आग बरस रही थी। इससे पूर्व तड़के करीब पौने तीन बजे के आसपास मामूली बरसात हुई जिससे थोड़ी देर के लिए राहत तो मिली, लेकिन उमस और चिपचिपाहट ने परेशान कर दिया। लोगों को अच्छी बरसात का बेसब्री से इंतजार है। तापमान बढऩे और उमस से भले ही क्षेत्रवासी परेशान हो रहे है मगर मौसम विभाग की मानें तो यह अच्छी बारिश का संकेत भी है। इन दिनों वातावरण नम रहने से उमस का जोर है। उमस पसीने नहीं सूखने देती है।

Tuesday, 20 July 2010

अब जिलाध्यक्ष पद पर नजर

रानीवाड़ा(20.07.2010)
कांग्रेस संगठन चुनावों के तहत बूथ व ब्लॉक स्तर की चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब जिलाध्यक्ष पद पर नेताओं की नजर है। दावेदारों ने पद पर कब्जा करने के लिए कसरत भी तेज कर दी है। सत्ताधारी दल होने के कारण इस पद का वजन भारी माना जा रहा है। चुनाव 20 जुलाई तक होने हंै। एक-दो दिन में जिला निर्वाचन अधिकारी केवलचंद गुलेच्छा चुनाव को लेकर जिला मुख्यालय पर बैठक भी लेंगे।

जिलाध्यक्ष पद का चुनाव प्रत्येक ब्लाक से चुने जा रहे छह डीसीसी सदस्य करेंगे। जिले के दस ब्लॉक से कुल साठ सदस्य निर्वाचित होगे। इन्हीं में से अध्यक्ष पद के दावेदार होंगे तथा ये ही सब सदस्य मतदाता होंगे। हालांकि चुनाव मतदान से होने की संभावना कम ही है, सर्वसम्मति या आलाकमान के फैसले पर निर्भर होने की संभावना ज्यादा है।

जिलाध्यक्ष पद की दौड़ में जिले के आधा दर्जन से अधिक प्रमुख नेता हैं। इनमें विधायक रतन देवासी, रामलाल मेघवाल, सुखराम विश्नोई, श्रवणसिंह बोरली, पूर्व सांसद पारसाराम मेघवाल आदि नेताओं के नाम चर्चा में है। वर्तमान जिलाध्यक्ष डॉ. समरजीतसिंह राठौड़ अपने पत्ते नही खोल रहे हंै। पूर्व सांसद पारसाराम मेघवाल मजबूत दावेदार थे, लेकिन बीस सूत्री कार्यक्रम जिला उपाध्यक्ष पद मिलना उनका कमजोर पक्ष बन गया है। वैसे भीनमाल क्षेत्र से जिला प्रमुख होने के कारण यहां के किसी नेता को भी जिलाध्यक्ष पद मिलता नजर नहीं आ रहा।

हालांकि जिले में कांग्रेस पार्टी के भीतर सबसे मजबूत खेमा पुखराज पाराशर व रतन देवासी का नाम उभर रहा है। ऐसे में पाराशर की राय व समर्थन किसी भी दावेदार के लिए अहम है। पार्टी सूत्रों के अनुसार विवाद होने व महिला को पद देने की स्थिति में पूर्व जिला प्रमुख मंजू मेघवाल को भी जिम्मेदारी दी जा सकती है।

सर्वेयर्स का प्रशिक्षण कल

रानीवाड़ा.(20.07.2010) भारत साक्षर २०१२ अंतर्गत डोर टू डोर सर्वे करने के लिए नियुक्त सर्वेयर्स का एक दिवसीय प्रशिक्षण बुधवार से समिति सभाभवन में होगा। बीईईओ तोलाराम राणा ने बताया कि सर्वेयर्स की नियुक्ति एसडीएम के निर्देशानुसार की गई है। बुधवार सुबह १० बजे रानीवाड़ा कलां, रानीवाड़ा खुर्द, आजोदर, जोड़वास, धानोल, बडग़ांव, जाखडी, दहीपुर, गांग, जालेरा खुर्द, मालवाड़ा, आखराड़, सूरजवाड़ा, सिलासन, कागमाला, चितरोडी एवं दोपहर २ बजे से सेवाड़ा, कोटड़ा, करवाड़ा, दांतवाड़ा, मेड़ा, रतनपुर, धामसीन, रोपसी, वणधर, कूड़ा, चाटवाड़ा, कोड़का, करड़ा के सर्वेयर्स का प्रशिक्षण रखा गया है।

योग शिविर शुरू

रानीवाड़ा. निकटवर्ती सांकड़ गांव में सोमवार से पतंजलि योग समिति एवं भारत स्वाभिमान इकाई जालोर के तत्वावधान में योग शिविर का शुभारंभ किया गया। जिला संयोजक भागीरथ कुमार ने योग व प्राणायाम के अभ्यास करवाए। जिलाध्यक्ष शैतानसिंह ने बताया कि इस दौरान आगामी १९ सितंबर को जालोर में प्रस्तावित बाबा रामदेव के कार्यक्रम पर चर्चा की जाएगी।

Sunday, 18 July 2010

कार्यशाला में पौधरोपण पर बल

रानीवाड़ा. पंचायत समिति सभा भवन में आज छह दिवसीय आमुखीकरण कार्र्यशाला का समापन हुआ। इस कार्यशाला में सरपंच, उपसरपंच, ग्रामसेवक व सहायक ग्रामसेवकों ने पंचायतीराज पर प्रशिक्षण प्राप्त किया। बीडीओ ओमप्रकाश शर्मा ने जल की महत्ता पर जानकारी दी। पंचायत प्रचार अधिकारी नारणाराम मेघवाल ने पर्यावरण संकट के बारे में बताया। उन्होंने हरित राजस्थान कार्यक्रम के तहत ज्यादा से ज्यादा पौधरोपण करने की अपील की। स्वयंसेवी संस्था शिव सांई सेवा समिति के अध्यक्ष मुकेश खंडेलवाल ने जनसंख्या वृद्धि रोकने के तरीके बताए। इस अवसर पर सीडीपीओ संतोष शर्मा, सरपंच गोदाराम देवासी, नेथीराम मेघवाल और भीखाराम चौधरी सहित कई जनों ने अपने अनुभवों के बारे में जानकारी दी।