Hot News अभी - अभी

रतनपुर में गाय पर हमला करने वाले युवक गिरफ्तार, रानीवाडा उपखंड की ताजा खबरों के आपका स्वागत।।

Saturday, 6 February 2010

ग्रेवल सड़क बनवाने की मांग

रानीवाड़ा !निकटवर्ती तावीदर के ग्रामीणों ने कलेक्टर को पत्र प्रेषित कर ऐतिहासिक प्रागवड़ के शिव मंदिर तक जाने के लिए ग्रेवल सड़क का निर्माण करने की मांग की है। मंदिर के पुजारी खेमाराम भील ने बताया कि यह मंदिर पहाड़ की चोटी पर आया हुआ है, जहां अकाल के वक्त भी एक कुंड में पानी का प्रवाह होता है। इसके दर्शन के लिए हमेशा श्रद्धालुओं को रेला लगा रहता है। मंदिर तक जाने के लिए राजस्व रास्ता नहीं होने से श्रद्धालुओं को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

विद्यार्थी मित्र मानदेय को तरसे


रानीवाड़ा! पंचायत समिति के तहत सरकारी विद्यालयों में अध्यापन में लगे हुए विद्यार्थी मित्रों ने आठ माह से मानदेय नहीं मिलने पर कड़ा रोष जताया है। विद्यार्थी मित्रों ने आगामी सात फरवरी तक मानदेय नहीं मिलने पर आठ फरवरी को पंचायत समिति के सामने धरना देने की चेतावनी दी है। ब्लॉक अध्यक्ष रामलाल ने बताया कि समस्या को लेकर उन्होंने कई बार जिला स्तरीय अधिकारियों से निवेदन भी किया, परंतु कोई समाधान नही हो पाया है। उन्होंने मानदेय का शीघ्र भुगतान करने का निवेदन किया है।





Friday, 5 February 2010

पार्टी प्रत्याशियों की हुई बाड़ाबंदी

रानीवाड़ा।
पंचायत संस्थाओं के चुनाव के तहत जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान सम्पन्न होने के साथ ही जिला प्रमुख व प्रधान पद के दावेदार सक्रिय हो गए है। दावेदारों में अब आठ फरवरी को होने वाली मतगणना को लेकर उत्सुकता है। जीत के प्रति आश्वस्त उम्मीदवारों ने प्रमुख व प्रधान पद के लिए दौड़ धूप तेज कर दी है। दावेदारों ने आंकलन के अनुरूप जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्य उम्मीदवारों से सम्पर्क साधना शुरूकर दिया है।
इसी तरह, पंचायत समिति रानीवाड़ा, जसवंतपुरा व सांचोर में प्रधान के चुनाव को लेकर दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपने-अपने उम्मीदवारों की बाड़ेबंदी शुरू कर दी है। रानीवाड़ा विधानसभा में ३० पंचायत रानीवाड़ा, ११ पंचायत जसवंतपुरा व ८ पंचायत सांचोर पंचायत समिति की आती है। अत: दोनो दलों के नेतृत्व को तीनों क्षेत्र में ध्यान देना पड़ रहा है। दोनों दलों में पार्टी प्रत्याशियों की जमकर तरफदारी की जा रही है। विधायक रतन देवासी व जिलाध्यक्ष अमीचंद जैन जैसे शीर्ष नेता आगामी रणनीति के तहत योजना को अंजाम देने में जुट गए है। गत बीस जनवरी को संपन्न हुए पंचायतीराज चुनावों के तहत जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों के लिए वोट डाले गए। चुनाव के बाद दोनों दल अपनी-अपनी पार्टी की जीत का दावा कर रहे है, लेकिन चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद दोनों दलों के नेताओं को गणित गड़बड़ाने की चिंता है।
ऐसे में सर्वप्रथम भाजपा ने बुधवार रात से चुनाव लड़ चुके पार्टी प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी शुरू कर दी है। भाजपा के सदस्यों को पहाड़पुरा व जालोर की ओर अज्ञात जगह पर रखा गया है। पूर्व जिला प्रमुख नारायणसिंह देवल व जिलाध्यक्ष अमीचंद जैन स्थिति पर नजर रखे हुए है। कांग्रेस के कुछ उम्मीदवारों को एकत्रकर क्षेत्र से बाहर की ओर भेजा गया है। विधायक रतनदेवासी भी हालात पर नजर रखे है।

तीर्थ यात्रा की ओर:- बाड़ाबंदी के दौरान सदस्यों की सेवा में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जा रही है। महिला प्रत्याशियों के साथ उनके परिजनों को भी ले जाया गया है। जहां उन्हें हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध है। सदस्य भी खेमे में विभिन्न पकवानों और सुविधाओं का लाभ ठाठ बाठ से उठा रहे है। कुछ सदस्यों को कार्यकर्ताओं के साथ तीर्थयात्रा पर भेजा जा रहा है।

नजरें हुई चौकस:- बाड़ाबंदी के दौरान सुरक्षा व निगरानी के पुख्ता प्रबंध के लिए दोनो दलों के नेताओं ने अपने विश्वासपात्र बाहुबली क्षत्रपों को इस काम के लिए लगाया है। सभी प्रत्याशियों की मोबाईल सुविधा हटा दी गई है। सदस्यों व उनके परिजनों को बाहर जाने और किसी से मिलने की इजाजत नहीं दी जा रही है। बात करने के लिए ग्रुप लीडऱ के मोबाईल से स्पीकर खोलकर बात करवाई जा रही है। सदस्यों की हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है। मतगणना के बाद प्रमुख व प्रधान के चुनावों तक इन पर कड़ी नजर बरकरार रहेगी।

नेताओं की प्रैस्टिज इश्यू:- रानीवाड़ा पंचायत समिति में प्रधान पद पर कब्जा करने के लिए दोनों मुख्य दलों के नेताओं के अलावा पूर्व मंत्री अर्जुनसिंह देवड़ा व पूर्व विधायक रतनाराम चौधरी की इज्जत भी दांव पर लगी है। चौधरी का प्रयास यह है कि देवासी सर्मथक व देवड़ा का प्रयास है कि देवल सर्मथक प्रधान पंचायत समिति में जीत न सके। इस तरह चतुष्कोणीय मुकाबलों में कौन बाजी मार सकेगा, यह तो ८ फरवरी को ही चुनावी नतीजों के बाद ही मालूम पडेगा।

विद्युत उपकेंद्र स्वीकृत करवाने की मांग


रानीवाड़ा! निकटवर्ती खारा गांव के ग्रामीणों ने विधायक रतन देवासी को पत्र भेजकर पंचायत मुख्यालय पर 33 केवी विद्युत सब ग्रिड स्वीकृत करवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में विद्युत वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। ऐसी स्थिति में खारा में 33केवी का विद्युत उपकेंद्र होने पर विद्युत संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान हो सकेगा। इस समय खारा में सरनाऊ 33 केवी से विद्युत आपूर्ति की जा रही है, जो खारा से 15 किलोमीटर दूर है।

Thursday, 4 February 2010

फर्जीवाड़े का मामला दर्ज


रानीवाड़ा! जालोर-सिरोही जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ द्वारा संचालित रानीवाड़ा की जसमूल डेयरी में एक व्यक्ति द्वारा फर्जी बिल बनाकर १३ टिन घी के चुराने का मामला सामने आया है। मामला २२ जनवरी का है। जिसके संबंध में डेयरी की ओर से पुलिस थाना रानीवाड़ा में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।


सहायक थानाधिकारी शिवाराम ने बताया कि सांकड निवासी मोहनलाल पुत्र पोकरराम विश्नोई रानीवाड़ा डेयरी में बजरंगबली पथ में दूध का परिवहन करता है। २२ जनवरी को उसने १३ टिन घी का फर्जी बिल बनाकर डेयरी के गोदाम से 13 डिब्बे उठा लिए। इस बीच वह डेयरी के गेट पर कार्यरत सुरक्षा गार्डों की पकड़ में आ गया। जांच के दौरान ये बिल फर्जी पाए गए। सुरक्षा गार्डों द्वारा घी को जब्त करने के दौरान आरोपी मौका देखकर वहां से भाग खड़ा हुआ। बाद में प्रबंध संचालक ने पूरे घटनाक्रम की डेयरी अधिकारियों से जांच करवाई। जिसके बाद बुधवार को रानीवाड़ा थाने में धारा ४२० व ४७१ के तहत मामला दर्ज करवाया गया।

आत्मा योजना के तहत कार्यशाला

रानीवाड़ा

कृषि विभाग की आत्मा योजना के तहत बुधवार को जाखड़ी में देवड़ा कृषि फार्म पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के दौरान कृषि फार्म पर कृषि विभाग व कनाड़ा की मैकन्स कंपनी के सहयोग से तैयार की गई उत्तम किस्म की आलु की फसल का प्रदर्शन किया गया। कंपनी अधिकारियों के अनुसार यहां आलु की किस्म बाहर से मंगवाई गई है तथा प्रत्येक आलु का वजन आधा किलो से ज्यादा माना जाता है। कार्यशाला में कृषि विभाग के सहायक निदेशक बी.के. द्विवेदी, सहायक कृषि अधिकारी कन्हैयाला विश्नोई ने जल प्रबंधन, जैविक खेती व राज्य सरकार के द्वारा अनुदानित योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पशुपालन विभाग के प्रवीणकुमार जोशी ने कृत्रिम गर्भाधान के बारे में बताया। कार्यशाला में सौ से ज्यादा किसानों ने भाग लिया।

Wednesday, 3 February 2010

लापरवाही से हुई परेशानी

रानीवाड़ा

कस्बे की इंदिरा कॉलोनी से मस्जिद जाने वाले मार्ग पर लम्बे समय से जमा कीचड़ राहगीरों व नागरिकों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। सदर बाजार, पंचायत समिति, बेलदार कॉलोनी व इंदिरा कॉलोनी के घरों से बहकर आने वाला गंदा पानी मिस्त्री फार्म में जमा होने से यहां कीचड़ जमा हो गया है, जिससे यहां निवास करने वाले लोगों का दुर्गन्धयुक्त वातावरण में बुरा हाल हो रहा है।

मकानों को खतरा : यहां जमा कीचड़ के कारण आसपास के घरों की दीवारें भी कमजोर होने लगी है। ऐसे में मकानों के ध्वस्त होने का खतरा बढ़ता जा रहा है। यह समस्या लम्बे समय से चल रही है, लेकिन ग्राम पंचायत की ओर से गंदे पानी की निकासी के लिए स्थाई समाधान नहीं किए जाने से यहां आवागमन करने में आमजन को परेशानी होती हंै।

-विधायक रतन देवासी की अनुशंसा पर इस वर्ष बीआरजीएफ योजना में यहां भूमिगत नाले के निर्माण को लेकर तकमीना बनाने के निर्देश मिल गए है। पीडब्ल्यूडी को इस कार्य के लिए अधिकृत किया गया है। स्वीकृति मिलते ही शीघ्र कार्य शुरू कर इसका स्थाई समाधान किया जाएगा।

भाणाराम बोहरा, ग्राम सेवक, रानीवाड़ा

राशन को तरसते हकदार


बडग़ांव (रानीवाड़ा)

नियमित रूप से प्रभावी निरीक्षण नहीं होने के कारण रानीवाड़ा उपखंड के बडग़ांव सहित कई गांवों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली से उपभोक्ताओं को कोई लाभ नहीं हो रहा है। बीपीएल के कई परिवारों को तो लंबे समय से केरोसीन और गेहूं तक नहीं मिल पाया है। राज्य सरकार ने इन गांवों में भले ही राशन की उचित मुल्य की दुकानों के लिए अनुज्ञापत्र जारी किए हों, लेकिन इन अनुज्ञापत्र धारियों द्वारा भारी अनियमितता की जा रही है। खास बात तो यह है कि सब कुछ सामने होने के बादजूद इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। पद खाली होने के कारण इन गांवों में लंबे समय से दुकानों का निरीक्षण ही नहीं हुआ है। जिसका खामियाजा लोगों को उठाना पड़ रहा है। कहीं केरोसिन की कालाबाजारी की जा रही है तो कहीं गेहंू के लिए उपभोक्ता भटक रहे हैं।

किसी की दुकान, किसी का काम

क्षेत्र के कई गांवों में तो हालात यह है कि दुकान किसी ओर के नाम से आवंटित है और उसे कोई ओर चला रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसा होना आम बात है जहां सरकार की ओर से दुकान का लाईसेंस तो किसी ओर के नाम है और उसे चला कोई और रहा है। शेष & पेज ९

इतना ही नहीं किसी भी दुकान पर उपलब्ध सामग्री व भावों की कोई सूचना तक नहीं लिखी होती। इन दुकानों का ना तो खुलने का समय तय है और ना ही कोई वार। ऐसे में लोग बार बार चक्कर काट कर चले जाते हैं और उन्हें कोई सामग्री नहीं मिल पाती।

-इस क्षेत्र में निरीक्षक के पद खाली हैं। जिसके कारण लम्बे समय से निरीक्षण नहीं हो पा रहा है। व्यवस्था सुधारने का प्रयास किया जाएगा।

पुष्पराज पालीवाल, प्रर्वतन अधिकारी

चरम पर पहुंचा चुनावी रंग

रानीवाड़ा

क्षेत्र के विभिन्न गांवों में प्रथम चरण में होने वाले मतदान को लेकर जोरदार उत्साह है। गांवों में देर रात तक चौपालों पर चुनावी चर्चाएं चल रही हैं। गांव की सरकार चुनने का यह मौका हर ग्रामीण को भा रहा है। विशेषकर युवा इस बार इसमें ज्यादा रूचि ले रहे हैं।

मालवाड़ा क्षेत्र के गांव आखराड़ में चुनावी रंग पूरे शबाव है। गांव के सभी खंभे व दीवारें चुनावी पोस्टरों से अटे पड़े हैं। ग्रामीण बातचीत में बताते हैं कि वे अपने मताधिकार को लेकर सचेत हैं और वोट अवश्य डालेंगे। वोट किसे और क्यों दिया जाएगा के मुद्दे पर ये ग्रामीण चुप्पी साध लेते हैं। ऐसे में परिणाम क्या होगा कुछ कहा नहीं जा सकता, लेकिन यह अवश्य है कि अब इनके आस पास की समस्याएं इन्हें ज्यादा प्रभावित करती हैं। गांव में सरपंच पद को लेकर खासा उत्साह है। दावेदार अभी से सैंकड़ों समर्थकों के साथ हाथ जोड़ घर-घर वोट की गुहार कर रहें हैं।

क्षेत्र के मेड़ा गांव में भी कमोबेश यही हाल है। गांव में लोग समूहों में बैठे चुनावों पर चर्चा करते देखे जा सकते हैं। यहां से कुछ दूरी पर गोलवाड़ा सिलासन, चरपटिया, दूदवट सहित रानीवाड़ा खुर्द में भी चुनाव पूरे रंग पर हैं। यहां कहीं कहीं मतदाताओं के लिए भोजन की व्यवस्था प्रत्याशियों की ओर से की गई है। सुणतर क्षेत्र के गांवों में भी चुनावी पूरे रंग में दिखा। ग्राम पंचायत बडग़ांव में प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ रात को भी चुनाव प्रचार में जुटे हुए थे। गांव की गलियों में जमा कीचड़ व कंपकंपी छुड़ा देने वाली ठंड के बावजूद उनके जोश में कोई कमी नहीं थी। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में रोजाना अलग-अलग पदों के दावेदार दस्तक दे रहे हंै। गांव धामसीन में भी रात्रि में ग्रामीण घरों के बाहर चबूतरों पर बैठे चुनावी चर्चा करते दिखे।

घंूघट की ओट में मांगे वोट

कंधे तक घूंघट, बड़े-बूढ़ों के मिलने पर तुरन्त पैर छूना। कुछ ऐसा ही नजारा गांव मालवाड़ा, सेवाड़ा, रानीवाड़ा आदि में देखने को मिल रहा है। इन गांवों मेंं कुछ महिला प्रत्याशी घंूघट की ओट में वोट की गुहार करती नजर आई। महिलाओं के साथ महिला कार्यकर्ताओं के साथ-साथ पुरूष कार्यकर्ता भी चल रहे थे। वह विकास का दावा कर लोगों से अपने चहेते प्रत्याशी को वोट देने की अपील कर रहे थे।

Sunday, 31 January 2010

अफ्रीकन चिकोरी अब सुणतर में

रानीवाड़ा

दक्षिण अफ्रीका व ईजराईल में प्रचुर मात्रा में पैदा होने वाली प्रोटिनयुक्त चिकोरी औषधी सुणतर क्षेत्र के धामसीन गांव में पहुंच गई है। इस गांव में इस औषधीय पौधे की खेती की जा रही है और अगर यह सफल होती है तो यकीनन किसानों के लिए काफी फायदेमंद होगी। औषधी निर्माण के अलावा इस पौधे का उपयोग कॉफी पाउडर में भी किया जाता है। पालनपुर निवासी अरविंद पटेल ने धामसीन के भीमसिंह देवड़ा के कृषि फार्म पर प्रथम बार प्रयोग कर औषधीय खेती में क्रांतिकारी बदलाव लाए हैं।

क्या है चिकोरी : चिकोरी एक प्रकार का पौधा है। जिसकों जड़ों में प्रोटिन प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। कसैला स्वाद होने के कारण इस औषधि को काफी में मिक्स किया जाता है। पटेल के अनुसार इस पौधे की जड़ों को आयुर्वेदिक औषधि बनाने में किया जाता है। इसका बीज ईजराईल से मंगवाया जाता है। पौधा सूखने के बाद स्वादिष्ट होने से इसको दुधारू पशुओं को खिलाने पर दूध की मात्रा में इजाफा होता है।

अनुकूल है जलवायु

चिकोरी के लिए उष्णीय जलवायु अनुकूल मानी जाती है। जिसके लिए पश्चिमी राजस्थान अच्छा माना गया है। रानीवाड़ा क्षेत्र में अभी इसका प्रयोग किया जा रहा है अगर यह सफल होती है तो अन्य किसान भी इसे अपना सकेंगे। जिससे उन्हें अतिरिक्त आया हो सकेगी।

किसानों के लिए फायदेमंद

रा नीवाड़ा में इसे अभी प्रायोगिक तौर पर किया जा रहा है, लेकिन अगर यह सफल होती है तो इसका किसानों को फायदा होगा। खेती की सार संभाल कर रहे सोमाराम मेघवाल ने बताया कि चिकोरी की बुवाई सितम्बर में की जाती है तथा फरवरी में पौधा परिपक्व हो जाता है। जड़ों को थ्रेसर में छोटे-छोटे टुकड़ों में बदलने के बाद सुखाया जाता है। बाद में यह कॉफी में मिश्रण के लिए तैयार हो जाती है। उन्होंने बताया कि एक बीघा खेती में एक हजार रूपए का खर्चा होता है तथा इससे पन्द्रह हजार रूपए की आय अर्जित की जा सकती है। चिकोरी के हरे पौधे को पालतु व जंगली जानवर नष्ट नहीं करते हंै।

Monday, 18 January 2010

विधायक ने किया चुनावी दौरा


रानीवाड़ा

पंचायती राज चुनावों को लेकर विधायक रतन देवासी ने शुक्रवार को कई गांवों का चुनावी दौरा कर लोगों को कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने का आह्वïान किया। देवासी ने वणधर गांव में आयोजित चुनावी सभा में कहा कि कांग्रेस पार्टी गरीबों की पार्टी है। इसी तरह चाटवाड़ा करड़ा, कोड़का, करवाड़ा, दांतवाड़ा, हर्षवाड़ा में भी चुनावी सभा को संबोधित कर कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने का आह्वïान किया।

करड़ा& कस्बे समेत क्षैत्र के करवाड़ा, दांतवाड़ा, कोड़का, सामरानी, मौखातरा, डीगांव समेत दर्जनभर गांवों में गुरूवार को विधायक रतन देवासी ने चुनावी दौरा किया। इस दौरान देवासी ने विकास के लिए काग्रेस पार्टी के उम्म्ीदवार को मत व समर्थन देने की अपील की।

विधायक ने किया प्रसार


रानीवाड़ा. विधायक रतन देवासी ने आज पंचायतीराज चुनावों के तहत कांग्रेस प्रत्याशियों के प्रचार प्रसार को लेकर कई गांवों का दौरा किया। उन्होंने कोड़ी, चितरोड़ी, कागमाला, मालवाड़ा, डूंगरी, बामनवाड़ा, धामसीन, धानोल, जोड़वास, जाखड़ी, दहीपुर, मैत्रीवाड़ा, रतनपुर, मारूवाड़ा व रानीवाड़ा खुर्द गांवों में चुनावी सभा को संबोधित कांग्रेस के उम्मीदवारों को वोट देने आह्वïान किया। देवासी के साथ जिला परिषदï उम्मीदवार मुलाराम भील, ललीता बोहरा, दिवालीदेवी काबा, ताराराम भील, रूपदान चारण ने भी सभी मतदाताओं को वोट देने की अपील की।


जिलाध्यक्ष ने किया चुनाव प्रसार

रानीवाड़ा. पंचायतीराज चुनावों को लेकर जिलाध्यक्ष अमीचंद जैन ने शनिवार को मेड़क कलां, चरपटिया, सिलासन, तावीदर, लाखावास सहित कई गांवों का दौरा कर लोगों को भाजपा के पक्ष में मतदान करने का आह्वïान किया। इस दौरान उनके साथ पूर्व जिला प्रमुख नारायणसिंह देवल जिला परिषद भाजपा प्रत्याशी जोईताराम भील व मफाराम पुरोहित को मत देने की अपील की।

Monday, 11 January 2010

चतुष्कोणीय मुकाबले से रोचक बना रणक्षेत्र


रानीवाड़ा

जिले में रानीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक संघर्ष चतुष्कोणीय बनता जा रहा है। क्षेत्र में 2 पूर्व विधायक, एक वर्तमान विधायक व भाजपा के विधानसभा प्रत्याशी रहे नारायणसिंह देवल के लिए ये चुनाव प्रतिष्ठïा का सवाल बन गए हैं। जिसके बाद चारों नेता अपने-अपने समर्थकों की जीत के लिए राजनीतिक समीकरण बिठा रहे हैं। चुनावी परिदृश्य पर नजर डालें तो पूर्व विधायक रतनाराम चौधरी का टिकट काटकर कांग्रेसी विधायक बने रतन देवासी को अब चौधरी चुनौती दे रहे है, वहीं पूर्व मंत्री अर्जुनसिंह देवड़ा का गत विधानसभा चुनावों में टिकिट काटकर लड़े, पूर्व जिला प्रमुख नारायणसिंह देवल जिलाध्यक्ष अमीचंद के सहयोग से भाजपा संगठन पर अभी तक कब्जा जमाएं हुए बैठे हंै। चौधरी का प्रयास है कि रतन देवासी समर्थक प्रत्याशी प्रधान व प्रमुख नही बन पाए, वहीं देवड़ा भी यह चाह रहे है कि इस चुनाव में देवल द्वारा बनाए गए सभी प्रत्याशियों को करारी शिकस्त दी जाए। बहरहाल, पंचायती राज चुनावों का बिगुल बज उठा है। राजनैतिक दलों के प्रत्याशी एक बार फिर रणक्षेत्र में उतर रहे हैं। धीरे-धीरे चुनावी मौसम में बहार आती नजर आ रही है। जगह-जगह अफीम की महफिलें, हल्दी की सब्जियां सहित सामूहिक व सामाजिक भोज होते नजर आ रहे है। इस बीच दोनों दलों के समीकरण बिगाडऩे के लिए खडे हुए निर्दलय प्रत्याशियों की मान-मनुहार भी बढ़ गई है। इधर, चुनावों की कमान संभाले भाजपा के नारायणसिंह देवल व कांग्रेस विधायक रतन देवासी चुनावों के प्रचार की रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं।

Thursday, 7 January 2010

न पोस्टर लग सकेंगे, न बैनर

रानीवाड़ा
पंचायत संस्थाओं के चुनाव के तहत मतदान केन्द्र भवन की 200 मीटर की परिधि में किसी भी निर्वाचन क्षेत्र में सार्वजनिक या निजी स्थान पर किसी अभ्यर्थी या राजनीतिक दल के नेता की तस्वीर, अथवा चुनाव चिह्न या नारे दर्शाते हुए पोस्टर व बैनर नहीं लगाए जाएंगे। तहसील निर्वाचन अधिकारी व एसडीएम कैलाशचंद्र शर्मा ने क्षेत्र के सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार मतदान के दिन अभ्यर्थियों द्वारा लगाए जाने वाले निर्वाचन बूथों पर एक बैनर लगाया जा सकता है। इसका आकार पांच गुणा दो फीट से अधिक नहीं होगा। शेष & पेज 9
अभ्यर्थियों द्वारा स्थापित किए जाने वाले निर्वाचन बूथों में अधिकतम एक मेज व दो कुर्सी लगाई जा सकेगी। उन्होंने पंचायत संस्थाओं के चुनाव में निर्भय व स्वतंत्रता पूर्वक मतदान तथा मतदाताओं की हर सूरत में सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हंै। उन्होंने कहा कि आपराधिक-असामाजिक तत्वों, हिस्ट्रीशीटर्स, समाज कंटकों तथा शराब माफियाओं की पहचान कर उन्हें सूचीबद्ध किया जाए तथा उनके विरूद्ध अभियान चलाकर कानूनी प्रावधानों के तहत कार्यवाही की जाए।

Wednesday, 6 January 2010

बैठक में दिनभर रहा दावेदारों का जमावड़ा

रानीवाड़ा
ब्लॉक कांग्रेस की बैठक में मंगलवार को कांग्रेस भवन में दिनभर दावेदारों की भीड़ रही। पंचायतीराज चुनावों में टिकट के लिए दावेदारी जताने सुदूर गांवों से कार्यकर्ता रानीवाड़ा पहुंचे। बैठक में विधायक रतन देवासी ने पंचायत समिति सदस्य एवं जिला परिषद सदस्य के पदों पर चुनाव लडऩे के इच्छुक दावेदारों सेे आवेदन लेकर मशवरा किया। कमेटी द्वारा आवेदकों से सीटवार आवेदन मांगे गए। एक सीट के लिए कई उम्मीदवारों के नाम आने के कारण पैनल बनाए गए। पैनल के आधार पर टिकट वितरण किया जाएगा। जिला उपप्रमुख हड़मतसिंह भोमिया ने कहा कि कार्यकर्ताओं की भावनाओं को ध्यान में रखकर पंचायतीराज चुनाव में टिकट बांटे जाएंगे। ब्लॉक अध्यक्ष नागजीराम भील ने आवेदकों से मिलजुलकर आवेदन देने व टिकट नहीं मिलने वालों से नाराज नहीं होने की बात कही। इस मौके कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष गणेश देवासी भी मौजूद थे।

भाजपाई भी उमड़े : भाजपा जिलाध्यक्ष अमीचंद जैन के निवास पर मंगलवार को भाजपा से पंचायतीराज चुनाव में दावेदारी जताने के लोगों की भीड़ रही। इस अवसर पर पूर्व जिला प्रमुख नारायणसिंह देवल ने भी संभावित प्रत्याशियों के बायो-डाटा लेकर चर्चा की।

अभाविप की बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा

रानीवाड़ा
अखिल भारतीय विद्या परिषद की मासिक बैठक मंगलवार को कस्बे के रामदेव मंदिर में नगर प्रमुख लक्ष्मणसिंह देवड़ा की अध्यक्षता में हुई। बैठक को संबोधित करते हुए देवड़ा ने कहा कि छात्रहितों की रक्षा के लिए सभी को एकजुट होना होगा। इस मौके पर नगर मंत्री लक्ष्मणाराम चौधरी ने कहा कि 12 जनवरी के अवसर पर समस्त भारत में विद्यार्थी परिषद द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक तथा राष्ट्र भक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, वैसा ही कोई कार्यक्रम विद्यार्थी परिषद रानीवाड़ा के कार्यकर्ताओं द्वारा युवा दिवस के अवसर पर किया जाएगा। इस अवसर पर नवनिर्वाचित नगर अध्यक्ष चंदनसिंह डाभी ने कार्यकर्ताओं को संगठित होकर राष्ट्र हित में कार्य करने की अपील की। इस मौके पर छैलसिंह बुट्डी, जयंतिलाल चौधरी, नीलेश राणा, सुरेश खत्री, दिलीप सोनी, मनोज विश्रोई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Tuesday, 5 January 2010

स्वयंसेवकों ने किया श्रमदान

रानीवाड़ा! निकटवर्ती मालवाड़ा में उमाजी ओखाजी उच्च माध्यमिक विद्यालय में चल रहे एनएसएस शिविर के तीसरे दिन स्वयंसेवकों ने विद्यालय से एमजीबी बैंक तक श्रमदान कर साफ-सफाई की। कार्यक्रम अधिकारी चौखाराम पूनिया के नेतृत्व में गोद ली गई बस्ती में घर-घर जाकर नशा मुक्ति सर्वे किया गया तथा नशे के आदी लोगों को नशा मुक्ति का संदेश दिया। अपराह्न में प्रधानाचार्य पुखराज जीनगर के निर्देशन में शंकरलाल, बाबूलाल जीनगर व गणपतसिंह राव ने स्वच्छता एवं स्वास्थ्य पर वार्ता दी। वार्ता के बाद समूह चर्चा का कार्यक्रम रखा गया। शिविर में मंगलवार को योग शिक्षक शैतानसिंह राव द्वारा योग क्रियाओं का प्रदर्शन किया जाएगा।

विश्नोई अध्यक्ष मनोनीत

रानीवाड़ा राजस्थान शिक्षक संघ प्रगतिशील उपशाखा रानीवाड़ा के चुनाव रविवार को राउप्रावि में जिलाध्यक्ष पूनमाराम सारण की देखरेख में हुए। उपशाखा अध्यक्ष रघुनाथ विश्नोई ने बताया कि वीराराम वाघेला को सभाध्यक्ष, रघुनाथ विश्नोई को अध्यक्ष, बगदाराम चौधरी व कैलाश विश्नोई को उपाध्यक्ष, ओखाराम देवासी को मंत्री, चमनाराम देवासी को कोषाध्यक्ष, रामकिशन ढाका को उच्च माध्यमिक प्रतिनिधि, गणेशाराम को माध्यमिक प्रतिनिधि, पारसाराम को उच्च प्राथमिक प्रतिनिधि, भंवरलाल व नैनाराम को प्राथमिक प्रतिनिधि, भंवरलाल कांवा को प्रबोधक प्रतिनिधि, गणपतसिंह को शिक्षाकर्मी प्रतिनिधि, सोमाराम को निजी शिक्षा प्रतिनिधि निर्वाचित घोषित किया गया। चुनाव अधिकारी जोगाराम सुथार व पूनमाराम सारण ने संगठन के संघर्षों एवं भावी रणनीति पर विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर लाधूराम खिलेरी, देवाराम चौधरी, केसाराम गोदारा, लखमाराम, भागीरथराम करवासड़ा आदि उपस्थित थे।

Monday, 4 January 2010

जनजाति में शामिल करने की मांग

रानीवाड़ा जिले के ग्रामीण क्षेत्र में पाऊआ जाति के लोगों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर अनुसूचित जनजाति में शामिल करवाने की मांग की है। पाऊआ समाज के अध्यक्ष दाड़माराम ने बताया कि पाऊआ जाति गरीबी की रेखा से नीचे जीवन यापन कर रही है। समाज के लोग रावण हत्था बजाकर अपना पेट पालते हंै। घुमक्कड़ होने के कारण इस जाति के लोगों के पास मकान, कृषि, कुएं सहित अन्य संसाधनों की कमी है। घुमक्कड़ होने से इस जाति के लोग जनजाति वर्ग में शामिल अन्य जातियों की तरह ही मापदंड पूरे करते हैं।

मौसम की ठंडक में चुनावों की गर्माहट

रानीवाड़ा
कभी सूनी रहने वाली गांवो की चौपाल पंचायत चुनाव की घोषणा के बाद आबाद हो गई हैं। सुबह से शाम तक यहां अब चुनावी चर्चा का आलम है। ठंडी हवा के बीच चुनावी चर्चा का पारा चढ़ गया है। संभावित उम्मीदवारों व उनकी हार-जीत के कयास लगाए जा रहे हैं। ग्रामीणों के तर्क-वितर्क मे अपने-अपने दावे हैं तो कहीं विकास की उम्मीदें भी हैं। चुनावी वैतरणी में उतरने के इच्छुक उम्मीदवार तारनहार मतदाताओं की नब्ज टटोलने मे लगे हैं, तो कहीं मान-मनौव्वल का दौर शुरू हो गया है। इन चुनावों में खड़ा होने वाला प्रत्याशी अपने क्षेत्र का होता है। इसीलिए हर नाम को हार-जीत की कसौटी पर कसा जा रहा है।

नामों की चर्चा शुरू : लॉटरी प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही जिला प्रमुख पद के दावेदारों के बारे में भी चर्चा शुरू हो गई है। सामान्य महिला वर्ग का पता चलने के बाद लोग यह चर्चा करने लगे है कि इस बार कांटे की टक्कर होना तय है। जिला परिषद सदस्य में सामान्य वर्ग के वार्डों को लेकर भी चर्चा आम है। विधानसभा क्षेत्र में जिला परिषद में कुल ६ क्षेत्र हंै। जिन में से ५ सीट सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित होने से जिला प्रमुख रानीवाड़ा से चुनने की पूरी संभावना जताई जा रही है। सामान्य महिला वर्ग के आरक्षण घोषित होने के बाद कई दावेदारों ने भी अपने लिए सुरक्षित सीट ढूंढऩा शुरू कर दिया है।

होगा चतुष्कोणीय संघर्ष

कांग्रेस विधायक रतन देवासी व पूर्व कांग्रेसी विधायक रतनाराम चौधरी एवं भाजपा के पूर्व विधायक अर्जुनसिंह देवड़ा व विधानसभा चुनावों में रहे भाजपा प्रत्याशी नारायणसिंह देवल के बीच वर्चस्व की लड़ाई है। कांग्रेस में टिकट वितरण देवासी के माध्यम से तथा भाजपा में देवल द्वारा किया जाएगा। इस सूरत में देवड़ा, देवल को एवं चौधरी, देवासी को पटकनी देने की तैयारी कर रहे है। ऐसे में पंचायत चुनावों का मामला रोचक होता जा रहा है।

कहीं खुशी-कहीं गम

पंचायत चुनाव के लिए निकली आरक्षण की लॉटरी ने कइयों के अरमानो पर पानी फेर दिया तो कइयों के लिए जैसे घर बैठे ही लॉटरी खुल गई। ऐसे मे कहीं किंग मेकर की भूमिका को तलाशा जा रहा है तो कहीं पत्नी को सरपंच बनाने की जोड़-तोड़ शुरू हो गई है। उधर आगामी पंचायतराज चुनावों के तहत जिला प्रमुख पद के आरक्षण के लिए लॉटरी निकाले जाने के साथ ही क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई है। जिला परिषद व पंचायत समिति चुनाव के लिए भाजपा-कांग्रेस दोनो ही प्रमुख दलों ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। टिकट बंटवारे में पर्दे के पीछे के मापदंड भले ही कुछ भी रहे, लेकिन दोनों ही पार्टियों मे जिताऊ प्रत्याशी की तलाश शुरू हो गई है।